ओमान के पास कमर्शियल जहाज़ पर हमला, भारतीयों को लेकर आया ये अपडेट

इमेज स्रोत, MEHDI MARIZAD/FARS NEWS/AFP via Getty Images
ओमान के तट के पास रविवार को कमर्शियल जहाज़ एमटी एल गाइया पर हमला हुआ. जहाज़ पर 14 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें से 13 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय अब भी लापता है.
विदेश मंत्रालय ने जहाज़ पर हुए हमले की निंदा की है. मंत्रालय ने बताया कि ओमान में भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर नज़र रख रहा है और लापता भारतीय की तलाश और बचाव अभियान में ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है.
विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम पहले ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज़ एमटी एल गाइया पर हुए हमले की निंदा करते हैं. जहाज़ पर सवार 14 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से अब तक 13 भारतीयों को बचा लिया गया है. लापता भारतीय नागरिक की तलाश और बचाव का काम जारी है. ओमान में हमारा दूतावास स्थिति पर लगातार नज़र रख रहा है."
"तलाश और बचाव अभियान में ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है. हमारे नागरिकों को बचाने में मदद करने के लिए हम ओमान के अधिकारियों का धन्यवाद करते हैं."
मंत्रालय ने कहा, "हम तनाव को तुरंत कम करने और क्षेत्र में शांति लाने के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपनी अपील दोहराते हैं. क्षेत्र में कमर्शियल जहाज़ों, नाविकों और आम लोगों को निशाना बनाना स्वीकार नहीं किया जा सकता."
विदेश मंत्रालय की ओर से क्षेत्र में तनाव कम करने, शांति बहाल करने और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की अपील की गई है.












