अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
लाइव, ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप ने डेनमार्क के साथ किया समझौता
ग्रीनलैंड एक स्वायत्त क्षेत्र है, लेकिन यह डेनमार्क के साम्राज्य का हिस्सा है. विदेश नीति से जुड़े मामलों को मुख्य रूप से डेनमार्क संभालता है.
सारांश
लाइव कवरेज
रौनक भैड़ा, दीपक मंडल
ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप ने डेनमार्क के साथ किया समझौता

इमेज स्रोत, Ritzau Scanpix / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन और ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री जेन्स-फ्रेडरिक नील्सन 22 सितंबर, 2026 को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान तीनों पक्षों के बीच सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद तस्वीर खिंचवाते हुए. संयुक्त राष्ट्र में अपने भाषण के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ग्रीनलैंड और डेनमार्क के नेताओं से मुलाकात की और एक महत्वपूर्ण सुरक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए.
ट्रंप ने कहा कि इस समझौते की लंबे समय से तैयार हो रही थी. उन्होंने कहा कि समझौते पर हस्ताक्षर करने वाले तीनों पक्षों के बीच "लंबे समय तक शानदार संबंध" बनेंगे.
ग्रीनलैंड एक स्वायत्त क्षेत्र है, लेकिन यह डेनमार्क के साम्राज्य का हिस्सा है. विदेश नीति से जुड़े मामलों को मुख्य रूप से डेनमार्क संभालता है.
समझौते की बहुत कम जानकारी सामने आई है. हालांकि, ट्रंप ने अपने भाषण में कहा था कि अमेरिका ग्रीनलैंड में "दो बहुत बड़े सैन्य अड्डे" बनाएगा.
डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने कहा कि नया समझौता इस बात को सुनिश्चित करता है कि अमेरिका की सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समाधान हो, खासकर इस चिंता का कि कोई बाहरी दुश्मन द्वीप पर अपनी मौजूदगी बना सकता है.
साथ ही, यह डेनमार्क और ग्रीनलैंड के घरेलू अधिकारों का सम्मान करता है. ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री जेन्स-फ्रेडरिक नील्सन ने भी सुरक्षा समझौते पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है.
नील्सन ने कहा, "हम एक ऐसे समझौते पर हस्ताक्षर कर रहे हैं, जो 1951 के रक्षा समझौते को 2026 में लागू करता है. हम अमेरिका के पक्के दोस्त हैं, रहे हैं और आगे भी रहेंगे. हम पश्चिमी गठबंधन का हिस्सा हैं. आपकी सुरक्षा हमारी सुरक्षा है और हमारी सुरक्षा आपकी सुरक्षा है... यह सभी तीनों पक्षों के लिए फायदेमंद समझौता है."
पत्रकारों ने बार-बार सवाल किया कि क्या यह समझौता ग्रीनलैंड को अमेरिका के स्वामित्व में लेने के ट्रंप के पहले प्रस्ताव से कम है. इस पर ट्रंप ने कोई जवाब नहीं दिया. डेनमार्क और ग्रीनलैंड दोनों ने ट्रंप के उस प्रस्ताव को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया था.
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को दी चेतावनी, यूएन की स्पीच में और क्या कहा?

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अंतरराष्ट्रीय आपराधिक अदालत को ट्रंप ने "बेलगाम संस्था" बताया है अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए भाषण में ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिका की कार्रवाई का बचाव किया है.
ईरान को "51 साल से ख़तरा" बताते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ही एकमात्र ऐसा देश रहा है जो, उनके शब्दों में, "इससे निपटने" के लिए तैयार था.
ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि नवंबर में होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के तुरंत बाद ईरान के साथ समझौता हो जाएगा.
दुनिया के सबसे गंभीर अपराधों के आरोपियों पर मुक़दमा चलाने वाली अंतरराष्ट्रीय आपराधिक अदालत को उन्होंने "बेलगाम संस्था" बताया. उन्होंने कहा कि यह संस्था "अमेरिका की संप्रभुता के लिए असहनीय ख़तरा" है.
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ग्रीनलैंड और डेनमार्क के साथ होने वाले एक समझौते के तहत ग्रीनलैंड में दो बड़े सैन्य अड्डे बनाएगा. यह समझौता बाद में किया जाना है.
ईरान पर और क्या कहा?
ट्रंप ने कहा कि उन्हें यह तय करना है कि ईरान के साथ ऐसा समझौता किया जाए या नहीं, जिससे ईरान "फिर से निर्माण कर सके और पहले से कहीं अधिक मज़बूत देश बन सके."
दूसरी ओर, ट्रंप ने कहा कि वह "इस्लामिक रिपब्लिक को पूरी तरह तबाह कर सकते हैं."
ट्रंप ने कहा, "मेरा मानना है कि चुनाव के तुरंत बाद हम समझौता कर लेंगे, क्योंकि उनके लिए ऐसा न करना समझदारी नहीं होगी."
ट्रंप ने आगे कहा कि अमेरिका रूस और यूक्रेन के नेताओं के साथ मिलकर काम कर रहा है.
उन्होंने कहा, "हम यह काम कर लेंगे, जितनी जल्दी लोग समझ रहे हैं, उससे भी जल्दी."
संयुक्त राष्ट्र महासभा में ट्रंप बोले- 'ईरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं होगा'

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका अपने भंडार को अब तक की सबसे तेज़ रफ्तार से बढ़ा रहे हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा कि अमेरिका के पास गोला-बारूद की कोई कमी नहीं है.
उन्होंने कहा कि वो ईरान को ख़त्म कर सकते हैं लेकिन उन्हें उम्मीद है कि वो जल्द एक समझौता कर लेंगे.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान के पास कभी परमाणु हथियार नहीं होगा.
उन्होंने कहा, "कायर और ग़द्दार यह कहना पसंद करेंगे कि अमेरिका के पास गोला-बारूद की कमी है, लेकिन ऐसा नहीं है. हमारे पास इतना गोला-बारूद है कि हम सोच भी नहीं सकते कि उसे कभी पूरा इस्तेमाल कर पाएंगे.''
''हम अपने भंडार को अब तक की सबसे तेज़ रफ्तार से बढ़ा रहे हैं. हमारे पास सबसे आधुनिक हथियार हैं.''
उन्होंने कहा, "मैं सभी देशों से अपील करता हूं कि वे ईरान को पूरी तरह आर्थिक रूप से अलग-थलग करने के हमारी कोशिश में शामिल हों.''
ट्रंप ने कहा, ''क्या ईरान के साथ ऐसा समझौता किया जाए, जिससे उन्हें पुनर्निर्माण करने और पहले से कहीं अधिक महान राष्ट्र बनाने का मौका मिले? क्या मैं इस्लामी गणराज्य का पूरी तरह से सफ़ाया कर दूं और ये काम जल्दी कर दूं. ताकि उन्हें फिर कभी लोगों और देशों को मारने और नष्ट करने का मौका न मिले? क्या मैं उन्हें नरक में धकेल दूं जहां उनके बचने की कोई संभावना न हो और भविष्य में महानता या पीढ़ियों की कोई उम्मीद न हो? लेकिन मुझे विश्वास है कि हम एक समझौता कर लेंगे.''
ट्रंप ने कहा, ''ईरान के मामले में मैं मध्यावधि चुनाव को बिल्कुल महत्व नहीं दे रहा हूं. यह मेरे दिमाग में आता ही नहीं है. मेरे दिमाग में बस यही बात है कि ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं होंगे.''
ट्रंप पर भारी पड़ने लगा है मीडिया बैन का फ़ैसला, सीएनएन, पोलिटिको और एमएस नाउ पर प्रतिबंध से बढ़ा संकट, हेनरी एस्टियर

इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, प्रेस पूल में शामिल टीवी नेटवर्क बारी-बारी से व्हाइट हाउस के कार्यक्रमों की कवरेज करते हैं सोमवार को जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बने हेलीपैड का उद्घाटन किया, तो कार्यक्रम के लाइव फुटेज में उनकी आवाज़ बमुश्किल से सुनाई दे रही थी.
ऐसा एक ऐसी संस्था को लेकर विवाद की वजह से हुआ, जो आमतौर पर ख़बरों में नहीं रहती. ये संस्था है व्हाइट हाउस प्रेस पूल.
अमेरिकी राष्ट्रपति और मीडिया के बीच संबंधों में इसकी अहम भूमिका है और इस विवाद के संवैधानिक असर भी हो सकते हैं.
इससे राष्ट्रपति के अगले कार्यक्रमों की कवरेज पर भी असर पड़ सकता है. इनमें न्यूयॉर्क में होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक भी शामिल है.
व्हाइट हाउस प्रेस पूल क्या है?
यह समाचार संगठनों का एक ग्रुप है. राष्ट्रपति जहां भी जाते हैं, वहां ये ग्रुप उनकी गतिविधियों की कवरेज के लिए अपने संसाधनों को साझा करता है.
इनमें ओवल ऑफिस, राजकीय भोज, एयर फ़ोर्स वन या राष्ट्रपति की छुट्टियों के दौरान के कार्यक्रम शामिल हैं.
टीवी, फोटोग्राफ़रों और प्रिंट और रेडियो संस्थानों के लिए अलग-अलग प्रेस पूल हैं. इसके अलावा "न्यू मीडिया" के लिए भी एक कैटेगरी है.
दशकों पहले इसकी शुरुआत इस विचार के साथ हुई थी कि प्रेस पूल से ख़र्च और जगह दोनों की बचत होगी.
सैकड़ों मीडिया संस्थानों के लिए राष्ट्रपति के हर कार्यक्रम में उनके साथ जाना संभव नहीं है.
प्रेस पूल के सदस्य राष्ट्रपति की गतिविधियों की तस्वीरें और उनके ब्योरे समेत अपना कंटेंट दूसरे मीडिया संस्थानों के साथ साझा करते हैं.
जब भी राष्ट्रपति को देश को संबोधित करने की जरूरत हो, प्रेस पूल हमेशा तैयार रहता है.
इस ताजा विवाद के केंद्र में टीवी प्रेस पूल है, जिसमें पांच सदस्य हैं–सीएनएन, एबीसी, सीबीएस, फॉक्स न्यूज़ और एनबीसी.
विवाद शुक्रवार को शुरू हुआ, जब ट्रंप ने तीन मीडिया संस्थानों–सीएनएन, पोलिटिको और एमएस नाउ को व्हाइट हाउस से प्रतिबंधित करने की बात कही.
उन्होंने इन संस्थानों पर अपनी टीम के बारे में "फेक न्यूज़" और "मनगढ़ंत बातें और झूठ" फैलाने का आरोप लगाया.
इसके एक दिन बाद इन संस्थानों के पत्रकारों ने पाया कि व्हाइट हाउस में प्रवेश के लिए उनके बैज डी-एक्टिवेट कर दिए गए थे.
सोमवार को अमेरिका के सभी प्रमुख टीवी नेटवर्क ने व्हाइट हाउस प्रेस पूल की जिम्मेदारियों से हटने का फ़ैसला किया.
इसका मतलब था कि उन्होंने प्रभावी तौर पर राष्ट्रपति के कार्यक्रमों का बहिष्कार कर दिया.
सोमवार को प्रेस पूल के बिना नए दौर की पहली परीक्षा हुई. व्हाइट हाउस में नए हेलीपैड के उद्घाटन में इसका नतीज़ा दिख गया.
प्रेस पूल के कैमरे मौजूद नहीं होने की वजह से ज्यादातर मीडिया संस्थानों ने कार्यक्रम की कोई तस्वीर प्रसारित नहीं की.
जिन संस्थानों ने तस्वीरें प्रसारित कीं, उनके पास राष्ट्रपति की बात को साफ़ तरीके से रिकॉर्ड करने के लिए माइक्रोफ़ोन नहीं था.
हालांकि, उसी दिन बाद में ट्रंप की न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी के साथ हुई बैठक में ऐसी कोई दिक्कत नहीं आई.
इसकी वजह यह थी कि उस बैठक की कवरेज प्रेस पूल के कैमरों पर निर्भर नहीं थी और वहां बड़ी संख्या में मीडिया मौजूद था.
दो युद्ध के दौर में हो रही यूएन आम सभा, वीटो पावर पर क्यों उठे सवाल?| 22 सितंबर, 2026 | दिनभर (बीबीसी हिन्दी)
छोड़िए YouTube पोस्टGoogle YouTube सामग्री की इजाज़त?चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त
राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार: ममूटी, कार्तिक आर्यन और यामी गौतम समेत इन कलाकारों को मिला अवॉर्ड

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ममूटी और कार्तिक आर्यन को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला है गुजरात में केवड़िया के एकता नगर में आयोजित एक समारोह में मंगलवार को 72वें राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार दिए गए.
पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ममूटी को फिल्म 'ब्रह्मयुगम' में शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया.
कार्तिक आर्यन को भी हिन्दी फिल्म 'चंदू चैंपियन' में शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया. दोनों को संयुक्त रूप से ये पुरस्कार मिला है.
यामी गौतम को फ़िल्म आर्टिकल 370 में शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया.
'अमरन' के लिए राजकुमार पेरियासामी को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया गया.
सुमिरा रॉय को भंगार (मराठी और अंग्रेज़ी) के लिए सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला जबकि शहनाद जलाल को ब्रह्मयुगम (मलयालम) के लिए सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संजय मिश्रा को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया.
राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब पुरस्कार समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित किया गया.
कार्टून: भूल गया था

इमेज कैप्शन, बिहार में नाबालिग छात्रा के यौन उत्पीड़न की घटना पर आज का कार्टून. ब्रेकिंग न्यूज़, श्रीलंका में 2019 के ईस्टर बम धमाकों पर अदालत का बड़ा फैसला, 15 दोषी करार, इशारा दानासेकरा, बीबीसी सिंहला और कुमुदु जयवर्द्धना, बीबीसी

इमेज स्रोत, y Ishara S. KODIKARA / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, श्रीलंका में ईस्टर बम धमाकों में अदालत ने 15 लोगों को दोषी ठहराया श्रीलंका के हाई कोर्ट ने 2019 के ईस्टर संडे बम धमाकों की साजिश रचने के आरोप में मुक़दमे का सामना कर रहे 15 लोगों को दोषी ठहराया है.
इन हमलों में 270 लोगों की मौत हुई थी और 500 से ज्यादा लोग घायल हुए थे.
दोषी ठहराए गए लोगों में नौफ़र मौलवी भी शामिल हैं. अभियोजकों के मुताबिक़, उन्होंने आत्मघाती बम धमाकों की साजिश रची थी. नौ अन्य अभियुक्तों को बरी कर दिया गया है.
तीन चर्चों और तीन लग्ज़री होटलों में किए गए इन सिलसिलेवार धमाकों में 45 विदेशी नागरिकों समेत 270 लोगों की मौत हुई थी.
2009 में गृहयुद्ध खत्म होने के बाद से ये श्रीलंका में सबसे घातक हमले थे. हमले को अंजाम देने वाले सभी आत्मघाती हमलावर धमाकों में मारे गए थे.
जांच करने वालों ने पहले इन धमाकों के लिए इस्लामी चरमपंथियों को जिम्मेदार ठहराया था. मामले में अभियुक्त 25 लोग श्रीलंका के मुस्लिम अल्पसंख्यक समुदाय से थे. इनमें से एक की हिरासत में मौत हो गई.
अभियुक्तों पर हत्या, चरमपंथी हमले की साजिश और हथियार रखने समेत 23,000 से ज्यादा अपराधों के आरोप लगाए गए थे.
अभियोजन पक्ष की ओर से 2,300 से ज्यादा लोगों ने गवाही दी. इसके अलावा 2,076 सबूत पेश किए गए, जिनमें विस्फोटक, तलवारें और आग्नेयास्त्र शामिल थे.
हमलों के बाद श्रीलंकाई अधिकारियों ने इसे "खुफ़िया तंत्र की बड़ी नाकामी" बताया था.
श्रीलंका की संसद को बताया गया था कि भारत की ओर से हमलों को लेकर मिली चेतावनी को अधिकारियों के साथ सही तरीके से साझा नहीं किया गया था.
सऊदी अरब ने फिर शुरू की ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन से तेल सप्लाई

इमेज स्रोत, Getty Images
सऊदी अरब ने अपनी 'ईस्ट-वेस्ट' पाइपलाइन फिर से शुरू कर दी है. इसके साथ ही वह मंगलवार को रेड सी तट पर स्थित यानबू बंदरगाह से कच्चे तेल का निर्यात दोबारा शुरू कर सकता है.
बीबीसी की फ़ारसी सेवा ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स के हवाले से ये ख़बर दी है. उसने लिखा है कि रॉयटर्स ने तीन सूत्रों से पुष्टि के बाद यह जानकारी दी है.
ड्रोन हमलों के बाद सऊदी अरब ने 13 सितंबर को 'ईस्ट-वेस्ट' पाइपलाइन को बंद कर दिया था, जिसके चलते यानबू बंदरगाह से कच्चे तेल की लोडिंग रोक दी गई थी.
मंगलवार को तेल की सप्लाई फिर शुरू होने से वैश्विक तेल मार्केट में तेल की बिक्री बढ़ी.
ब्रेंट क्रूड के फ्यूचर रेट में 2 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा की गिरावट आई और यह 8 सितंबर के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया.
समाचार एजेंसी ब्लूमबर्ग ने भी लिखा है कि सऊदी अरब ने इस पाइपलाइन खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
अमेरिका-इसराइल के ईरान के साथ युद्ध के बाद होर्मुज़ स्ट्रेट से तेल की आवाजाही बाधित हो गई थी.
दुनिया के प्रमुख तेल निर्यातकों में शामिल सऊदी अरब अपनी पाइपलाइन के जरिए करीब 40 लाख बैरल प्रतिदिन तेल यानबू पहुंचा रहा था.
जापान में दुजुआन तूफ़ान आने के बाद चार लोगों की हुई मौत, जैमी व्हाइटहेड और कुरुमी मोरी, टोक्यो संवाददाता

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जापान में दुजुआन तूफ़ान की वजह से चिबार में भारी बारिश से बचते लोग जापान में दुजुआन तूफ़ान से टोक्यो और आसपास के इलाक़ों में हुई मूसलाधार बारिश और तेज़ हवाओं की वजह से चार लोगों की मौत हुई है.
स्थानीय मीडिया के मुताबिक़, तूफ़ान की वजह से 50,000 लोगों की बिजली सप्लाई बंद हो गई. देश में सैकड़ों उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं.
मंगलवार को तूफ़ान के जापान के पूर्वी तट से टकराने के बाद ज़्यादातर इलाकों में लोगों को निकालने के आदेश हटा लिए गए हैं.
सोमवार को तूफ़ान के सबसे ज़्यादा प्रभाव के दौरान अधिकारियों ने "लोगों की जान को तत्काल ख़तरा" होने की चेतावनी दी थी और 19 लाख लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की थी.
कानागावा और चिबा में भूस्खलन की घटनाओं में चार लोगों की मौत हुई.
पब्लिक ब्रॉडकास्टर एनएचके के मुताबिक़, छह अन्य लोग लापता हैं.
दुजुआन में 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलीं, जबकि हवा के झोंकों की रफ़्तार 194 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई.
प्रशांत क्षेत्र में आए तूफ़ानों की कड़ी में दुजुआन सबसे नया तूफ़ान है.
समुद्र के तापमान में बढ़ोतरी करने वाले "सुपर अल नीनो" की वजह से इन तूफ़ानों के और ज़्यादा शक्तिशाली होने की बात कही जा रही है.
अधिकारियों ने लोगों से मौसम संबंधी जानकारी पर नज़र बनाए रखने की अपील की थी.
बिहार: जमुई यौन उत्पीड़न मामले में तेजस्वी यादव ने क्या कहा

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि जमुई में छात्रा के यौन उत्पीड़न मामले से राज्य के पूरे देश में बदनामी हो रही है (फ़ाइल फ़ोटो) बिहार में विपक्ष के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने जमुई में छात्रा के यौन उत्पीड़न के मामले में कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इससे पूरे देश में राज्य की बदनामी हो रही है.
उन्होंने कहा, ''यह एक शर्मनाक घटना है और सरकार को पूरे देश में शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है. देखिए, सरकार में बैठे लोग किस तरह इसका बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं.भगवान न करे, अगर उनके अपने परिवार की कोई महिला इसमें शामिल होती, तो क्या वह तब भी यही बयान देते?''
उन्होंने कहा,''वह लड़की बिहार की बेटी है. वह हम सभी की बहन या बेटी जैसी है.एसपी ने कहा है कि इस मामले में सात से आठ लोग शामिल हैं. तो उन सभी को फांसी पर लटका दीजिए, उन्हें फांसी की सजा दीजिए. इसके बजाय आप हमें नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे हैं?''
उन्होंने कहा, ''कुछ ही दिन पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दावा किया था कि पटना से मुंगेर तक बेखौफ़ यात्रा की जा सकती है और अगर किसी ने किसी महिला को छूने की भी हिम्मत की, तो वह इस्तीफा दे देंगे. अगर उनमें हिम्मत है और वह अपनी बात के पक्के हैं, तो इस्तीफ़ा दें.''
एशियन गेम्स 2026: मेन्स बैडमिंटन में जापान को हराकर भारत सेमीफ़ाइनल में

इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पहले सिंगल मुक़ाबले में भारत के लक्ष्य सेन ने कोदाई नाराओका को 11-21, 21-5, 21-19 से हराया भारत ने मंगलवार को एशियन गेम्स में जापान को 3-0 से हराकर मेन्स बैडमिंटन टीम इवेंट के सेमीफ़ाइनल में जगह बना ली. इस तरह भारत ने बैडमिंटन इवेंट में एक मेडल पक्का कर लिया है.
पहले सिंगल मुक़ाबले में लक्ष्य सेन ने कोदाई नाराओका को 11-21, 21-5, 21-19 से हराया.
निर्णायक मैच में वो पांच अंकों से पीछे चल रहे थे, लेकिन वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया.
इसके बाद सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी को सीधे गेम्स में 21-18, 24-22 से हराकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी.
आयुष शेट्टी ने कोकी वातानाबे को 21-10, 21-19 से हराकर भारत को 3-0 की निर्णायक बढ़त दिलाई.
बिहार यौन उत्पीड़न मामले में बोले मनोज झा- 'पीएम एक बार संदेश दें'

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आरजेडी सांसद मनोज झा ने बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के यौन उत्पीड़न मामले में पीएम नरेंद्र मोदी से प्रतिक्रिया देने को कहा है बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के यौन उत्पीड़न मामले में आरजेडी सांसद मनोज झा ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा,"मैं खुद पटना में था और मैं आपको बताना चाहता हूं कि कोई भी व्यक्ति उन तस्वीरों को नहीं देख सकता. वे इतनी भयावह हैं. और वहां के केंद्रीय मंत्रियों, मंत्रियों और मुख्यमंत्री की टिप्पणियां सुनने के बाद मैं सोचने पर मजबूर हूं कि क्या उनमें संवेदनशीलता का ज़रा भी अंश बचा है?''
उन्होंने कहा, ''समस्या यह है कि जब आपको चुनाव जीतने का फॉर्मूला पता हो और यह पता हो कि चुनाव कैसे जीते जा सकते हैं, तो आपके अंदर संवेदनशीलता है या नहीं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता. जब तक इस रवैये और सोच को ख़त्म नहीं किया जाता, तब तक आपके बाकी सभी बयान बेकार हैं.''
मनोज झा ने कहा, ''मुझे इस बात से दुख होता है कि मेरे प्रधानमंत्री किसी खिलाड़ी की उंगली में लगी चोट तक को लेकर चिंतित हो जाते हैं, लेकिन आज उन्हें बिल्कुल चिंता नहीं है. वे तस्वीरें उन तक भी ज़रूर पहुंची होंगी. कम से कम एक संदेश तो भेजिए. बिहार के हित में और देशभर की महिलाओं और बच्चों के हित में यह बेहद ज़रूरी है."
बिहार के जमुई का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें दिख रहा है कि नाबालिग छात्र-छात्रा एक स्कूटर पर बैठे हुए हैं और युवकों की भीड़ ने उन्हें घेर रखा है.
इसी दौरान छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न किया जा रहा है. वहीं छात्र युवकों के समूह से छात्रा को बचाने की कोशिश कर रहा है.
इस मामले में मुख्य अभियुक्त की गिरफ़्तारी हो चुकी है.
ईरानी एयरलाइंस पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों पर चीन ने क्या कहा

इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन (फ़ाइल फ़ोटो) चीन ने ईरानी एयरलाइंस पर अमेरिका की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों को 'अवैध' बताया है.
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "चीन हमेशा ऐसे एकतरफ़ा प्रतिबंधों का विरोध करता रहा है, जिनके लिए अंतरराष्ट्रीय क़ानून का आधार या संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की मंज़ूरी नहीं है."
यह बयान ऐसे समय आया है जब इसी हफ़्ते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच बैठक होने वाली है.
दरअसल, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि 23 सितंबर से ईरानी एयरलाइंस के लिए दुनिया का हवाई क्षेत्र बंद हो जाएगा.
उन्होंने यह भी कहा कि इन कंपनियों के साथ किसी भी तरह का सहयोग करने पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं.
बेसेंट ने हाल के दिनों में चीन के उप प्रधानमंत्री के साथ ईरान पर प्रतिबंधों को लेकर बातचीत की है.
उनके मुताबिक़, ट्रंप और शी जिनपिंग की आगामी बैठक में ईरान पर लगाए गए प्रतिबंध पर चर्चा हो सकती है.
अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
एशियन गेम्स: भारत को मिला पहला गोल्ड मेडल, महिला क्रिकेट टीम ने फ़ाइनल जीता

इमेज स्रोत, Francois Nel/Getty Images
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स के फ़ाइनल मुक़ाबले में श्रीलंका को 147 रनों के विशाल अंतर से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है.
एशियन गेम्स 2026 में यह भारत का पहला स्वर्ण पदक है.
भारत की टीम टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी और 20 ओवरों में सिर्फ़ 3 विकेट खोकर 216 रनों का स्कोर खड़ा किया.
स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 79 रनों की पारी खेली. शेफ़ाली वर्मा ने 48 रन बनाकर टीम को मज़बूत शुरुआत दी. ऋचा घोष ने 49 रन बनाकर नाबाद रहीं.
श्रीलंकाई टीम 217 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी. लेकिन टीम भारतीय गेंदबाज़ों के आगे नहीं टिक पाई.
श्रीलंकाई टीम 15.4 ओवर में महज़ 69 रनों पर ऑलआउट हो गई. भारत की ओर से स्पिनर दीप्ति शर्मा ने सबसे ज़्यादा 3 विकेट लिए. उनके अलावा श्रेयंका पाटिल, शेफ़ाली वर्मा और श्री चरणी ने 2-2 विकेट लिए.
इस एकतरफ़ा जीत के साथ ही भारतीय महिला टीम ने गोल्ड मेडल जीत लिया.
जमुई यौन उत्पीड़न मामला: मुख्य अभियुक्त पुलिस से मुठभेड़ के दौरान घायल, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता

इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Image
इमेज कैप्शन, पुलिस ने इस मामले में एक अन्य अभियुक्त हरिराम यादव को भी गिरफ़्तार किया है (सांकेतिक तस्वीर) बिहार के जमुई में नाबालिग़ छात्रा के यौन उत्पीड़न के मामले में मंगलवार को मुख्य अभियुक्त नंदन यादव पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया है.
मुंगेर रेंज के डीआईजी राकेश कुमार ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से इसकी पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान नंदन यादव के पैर में गोली लगी.
पुलिस ने इस मामले में एक अन्य अभियुक्त हरिराम यादव को भी गिरफ़्तार किया है.
इस मामले में कुल पांच अभियुक्त बताए जा रहे हैं. इनमें से तीन नाबालिग हैं, जिन्हें पुलिस पहले ही गिरफ़्तार कर चुकी है.
क्या है मामला
दरअसल, बिहार के जमुई का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें दिख रहा है कि नाबालिग़ छात्र-छात्रा एक स्कूटर पर बैठे हुए हैं और युवकों की भीड़ ने उन्हें घेर रखा है.
इसी दौरान छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न किया जा रहा है. वहीं छात्र युवकों के समूह से छात्रा को बचाने की कोशिश कर रहा है.
इस वायरल वीडियो को लेकर जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने मीडिया से बात की है.
उन्होंने कहा, "आज सुबह (21 सितंबर) को एक वीडियो संज्ञान में आया था जिसमें दो नाबालिग स्टूडेंट के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है. वीडियो के आधार पर ही हमने विक्टिम की पहचान की, उनका बयान रिकॉर्ड किया गया और उसी से पता चला कि ये घटना 19 सितंबर को शाम सात बजे के आसपास की है. जिसमें ये लड़का और लड़की कोचिंग के लिए गए हुए थे."
"उसी दौरान वो उस क्षेत्र में फ़ोटोशूट करने गए थे जहां पर ये घटना हुई है. ये जमुई थानाक्षेत्र की घटना है. अभियुक्तों की पहचान हो गई है और क़ानूनी कार्रवाई कर रहे हैं. जल्द ही इस मामले में गिरफ़्तारी हो जाएगी. पीड़ितों ने कोई भी आधिकारिक शिकायत नहीं दी थी लेकिन जब आज उनसे संपर्क किया गया तो उन्होंने आवेदन दिया जिस पर एफ़आईआर दर्ज की है."
"छह-सात लोग वायरल वीडियो के फ्रेम में दिख रहे हैं. एफ़आईआर में किसी का नाम नहीं है और जांच से ही अभियुक्तों की पहचान की गई है."
जी-7 देशों ने ईरान को क्यों दी कड़ी चेतावनी, टैबी विल्सन

इमेज स्रोत, Evelyn Hockstein - Pool/Getty Images
इमेज कैप्शन, जी-7 देशों के विदेश मंत्रियों ने एक संयुक्त बयान जारी किया है (फ़ाइल फ़ोटो) दुनिया के प्रमुख विकसित देशों के समूह 'जी-7' ने मंगलवार को हूती विद्रोहियों का समर्थन कर रहे ईरान को कड़ी चेतावनी दी है.
जी-7 देशों के विदेश मंत्रियों ने एक संयुक्त बयान जारी कर ईरान से कहा है कि वह यमन के हूती विद्रोहियों को हथियार देना और उनका समर्थन करना तुरंत बंद करे.
संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) की बैठक से इतर हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में जी-7 देशों (ब्रिटेन, कनाडा, फ़्रांस, जर्मनी, इटली, जापान और अमेरिका) ने सऊदी अरब पर हो रहे हूती हमलों की भी कड़े शब्दों में निंदा की है.
आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सऊदी के ख़िलाफ़ हाल में बढ़ी लड़ाई क्षेत्र और दुनिया की ऊर्जा सुरक्षा के लिए ख़तरा है.
जी-7 ने हूती विद्रोहियों से तुरंत सभी सैन्य गतिविधियां, हमले और धमकियां बंद करने की अपील की है.
बयान में आगे कहा गया है, "इन विद्रोही समूहों की निंदनीय हरकतें ख़तरनाक रूप से बढ़ते तनाव का संकेत देती हैं, जिससे संघर्ष के और अधिक भड़कने, अंतरराष्ट्रीय व्यापार के बाधित होने और वैश्विक आर्थिक अस्थिरता पैदा होने का गंभीर ख़तरा है."
जी-7 देशों ने स्पष्ट किया है, "हम आगे भी यमन की वैध सरकार का समर्थन जारी रखेंगे और यमन की एकता, संप्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपनी मज़बूत प्रतिबद्धता को दोहराते हैं."
गौरतलब है कि यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाग लेने के लिए वरिष्ठ ईरानी नेता और अधिकारी भी पहुंचे हुए हैं.
एशियन गेम्स 2026: महिला क्रिकेट फ़ाइनल में भारत ने श्रीलंका को दिया 217 रन का टारगेट

इमेज स्रोत, Philip Brown/Getty Images
इमेज कैप्शन, स्मृति मंधाना ने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 11 हज़ार रन भी पूरे कर लिए हैं (फ़ाइल फ़ोटो) भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल मैच में श्रीलंका को 217 रन का टारगेट दिया है.
भारत ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 रन बनाए.
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया. वो 19 रन बनाकर आउट हो गईं. उन्होंने 17 गेंदों में 3 चौके लगाए.
जबकि स्मृति मंधाना ने 45 गेंदों पर 7 छक्कों और 5 चौकों के साथ 79 रन बनाए.
उन्होंने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 11 हज़ार रन भी पूरे कर लिए हैं.
शेफ़ाली वर्मा ने 48 रन बनाए. शेफ़ाली और मंधाना के बीच पहले विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी हुई.
श्रीलंका की ओर से सुगंधिका कुमारी, कविशा दिलहारी और चामुडी प्रभोदा ने एक-एक विकेट झटके.
