ब्राज़ील: लूला दा सिल्वा की जीत पर दुनिया के नेताओं ने दी बधाई

इमेज स्रोत, Rodrigo Paiva/Getty Images
ब्राज़ील के नेता लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की है.
उन्होंने देश के राष्ट्रपति चुनाव में कट्टर दक्षिणपंथी प्रतिद्वंद्वी और लिबरल पार्टी के नेता फ्लावियो बोल्सोनारो को मामूली अंतर से हराया.
इस जीत के साथ वर्कर्स पार्टी के 80 वर्षीय लीडर लूला को चौथी बार राष्ट्रपति बनने का मौक़ा मिला है.
लूला की जीत पर दुनिया के नेता लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. अब तक सामने आई प्रतिक्रियाएं इस तरह हैं.
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह लूला के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं. उन्होंने कहा कि दोनों नेता ग्लोबल साउथ की साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएंगे और एक अधिक समावेशी, समानतापूर्ण और टिकाऊ दुनिया बनाने की दिशा में काम करेंगे.
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली जरदारी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें भरोसा है कि पाकिस्तान और ब्राज़ील के बीच लंबे समय से चले आ रहे दोस्ताना संबंध और मज़बूत होंगे.
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि उनके देश और ब्राज़ील के बीच साझेदारी के तहत संबंध पहले ही मज़बूत हुए हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देश व्यापार के नए अवसर पैदा करेंगे और पर्यावरण की रक्षा के लिए मिलकर काम करेंगे.
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने कहा कि लूला की जीत ग्लोबल साउथ और दुनिया भर की प्रगतिशील ताकतों की जीत है.
इक्वाडोर के राष्ट्रपति डैनियल नोबोआ अज़िन ने भी लूला को बधाई दी. उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के देशों के दुश्मन और चुनौतियां साझा हैं और मिलकर काम करने से उन्हें बहुत कुछ हासिल हो सकता है.
































