You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, वेनेज़ुएला भूकंप: पांच दिन बाद मलबे से ज़िंदा निकाला गया शख़्स

वेनेज़ुएला में भूकंप आने के पांच दिन बाद ला गुआइरा राज्य में 21 साल के एक युवक को मलबे से ज़िंदा निकाला गया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा

  1. वेनेज़ुएला भूकंप: पांच दिन बाद मलबे से ज़िंदा निकाला गया शख़्स

    वेनेज़ुएला में भूकंप आने के पांच दिनबाद ला गुआइरा राज्य में 21 साल के एक युवक को मलबे से ज़िंदा निकाला गया है.

    शख़्स को वेनेज़ुएला, मेक्सिको और अल साल्वाडोर की बचाव टीमों ने ज़िंदा बाहर निकाला है. यह जानकारी एल साल्वाडोर के राष्ट्रपति नायिब बुकेले ने दी.

    बचाए गए शख़्स का नाम आरोन लेवी कैंटिलो वर्गास है, जो काराबायेदा शहर में मलबे के नीचे ज़िंदा पाया गया. आरोन अब विशेष मेडिकल देखभाल में हैं.

    वेनेज़ुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिगेज़ ने बताया कि बचाव अभियान 43 घंटे चला, जबकि आरोन 106 घंटे तक फंसा रहा.

    बुकेले ने पहले बताया था कि बचाव टीम और आरोन के बीच एक मृत व्यक्ति का शव था, जिससे बचाव अभियान में मुश्किल हुई.

    अल साल्वाडोर के राष्ट्रपति ने कहा कि बचावकर्मी अभी और ज़िंदगियां बचाने की उम्मीद में अपना काम जारी रखेंगे.

  2. डोनाल्ड ट्रंप का दावा- ईरान के साथ कल दोहा में होगी मीटिंग

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ कल यानी मंगलवार को क़तर की राजधानी दोहा में बैठक होगी.

    ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर यह जानकारी दी है. ट्रंप ने लिखा, "ईरान ने मीटिंग की मांग की है, यह बैठक कल दोहा में होगी."

    इससे पहले एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा है कि ईरान और अमेरिका ने एक-दूसरे पर हमले रोकने और समझौते पर बातचीत जारी रखने पर सहमति बनाई है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, एक अमेरिकी अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को भेजे ईमेल में लिखा, "समझौते के सभी पहलुओं पर तकनीकी चर्चा जारी रहेगी. दोनों पक्ष फ़िलहाल तनाव नहीं बढ़ाएंगे और जहाज़ों को स्वतंत्र रूप से आने-जाने दिया जाएगा."

    गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य हमलों की वजह से तनाव बढ़ गया था. इन घटनाओं से यह चिंता बढ़ गई थी कि युद्धविराम टिकेगा या नहीं.

  3. जर्मनी के स्टेड शहर में गोलीबारी में पांच लोगों की मौत, दो गिरफ़्तार

    जर्मनी के उत्तरी शहर स्टेड में सोमवार को हुई गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई.

    पुलिस के एक प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि मामले में दो लोगों को गिरफ़्तार किया गया है, जिनमें से एक को संदिग्ध माना जा रहा है.

    पुलिस का कहना है कि फ़िलहाल आम जनता के लिए किसी तरह का ख़तरा नहीं है. घटना के बाद इलाक़े में बड़ी संख्या में पुलिस और आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारी तैनात हैं.

    प्रशासन ने सोशल मीडिया के ज़रिए लोगों से अपील की है कि वे एहतियात के तौर पर घटना स्थल और उसके आसपास के क्षेत्र से दूर रहें.

    स्टेड की आबादी क़रीब 50 हज़ार है. यह शहर जर्मनी के हैम्बर्ग के पश्चिम में स्थित है.

  4. ओलंपिक में क्रिकेट टीमों के क्वालिफिकेशन सिस्टम को मंजूरी, भारतीय महिला टीम की जगह पक्की

    इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी (आईओसी) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने 2028 में लॉस एंजेलिस में होने वाले ओलंपिक गेम्स में क्रिकेट टूर्नामेंट्स के लिए क्वालिफ़िकेशन सिस्टम को मंज़ूरी दे दी है.

    इस नई प्रणाली में महिला और पुरुष टीमों के लिए अलग-अलग क्वालिफिकेशन तरीके निर्धारित किए गए हैं. इसमें पहली बार आईसीसी ओलंपिक क्वालिफ़ायर भी शामिल किया गया है.

    आईसीसी ने बताया कि पुरुष और महिला दोनों टी-20 टूर्नामेंट में छह-छह टीमें खेलेंगी. अफ़्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया से कम से कम एक-एक टीम को जगह मिलेगी.

    छह में से पांच स्थानों का फैसला मौजूदा आईसीसी टूर्नामेंटों और टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग के आधार पर होगा, जबकि छठा और अंतिम स्थान 2027 में होने वाले नए आईसीसी ओलंपिक क्वालिफ़ायर से तय होगा.

    भारतीय महिला टीम क्वालिफ़ाई कर चुकी है. उन्होंने आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के ज़रिए अपनी सीट पक्की कर ली है. ऑस्ट्रेलिया, ग्रेट ब्रिटेन (इंग्लैंड के जरिए), और दक्षिण अफ़्रीका की महिला टीमों की भी एंट्री तय है.

    हालांकि, भारत महिला वर्ल्ड कप 2026 में सेमीफ़ाइनल तक नहीं पहुंच पाया और अपने ग्रुप में तीसरे नंबर पर रहा, लेकिन क्वालिफ़िकेशन सिस्टम की वजह से उन्हें ओलंपिक टिकट मिल गया.

  5. अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामलाः सभी आठ अभियुक्तों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

    अयोध्या राम मंदिर में चंदे और चढ़ावे की कथित चोरी और गड़बड़ी मामले में सभी आठ अभियुक्तों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अभियुक्तों को पहले की न्यायिक हिरासत ख़त्म होने के बाद वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए भ्रष्टाचार विरोधी अदालत के विशेष न्यायाधीश रजत वर्मा के सामने पेश किया गया.

    इससे पहले आठों अभियुक्तों को एक विशेष मजिस्ट्रेट ने सोमवार तक तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा था.

    सोमवार को ही फ़ैज़ाबाद बार एसोसिएशन ने आम सभा की बैठक में राम मंदिर मामले के अभियुक्तों की पैरवी नहीं करने का फ़ैसला लिया.

    बार एसोसिएशन ने यह भी तय किया कि अगर उसका कोई सदस्य इन अभियुक्तों की ओर से पैरवी करता है, तो उस पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और उसकी सदस्यता समाप्त कर दी जाएगी.

  6. हरियाणा और राजस्थान के बीच इस अहम समझौते पर हुए दस्तख़त

    हरियाणा और राजस्थान के बीच जल बंटवारे के मुद्दे पर सोमवार को एक बड़ा फ़ैसला हुआ. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में दोनों राज्यों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यह समझौता 1994 में बने अपर यमुना रिवर बोर्ड समझौते को लागू करने के लिए है.

    इसके अनुसार, राजस्थान को उसके हिस्से का पानी उपलब्ध कराया जाएगा. राजस्थान को मानसून वाले महीनों में हथिनी कुंड बैराज से अंडरग्राउंड पाइपलाइन के ज़रिए पानी मिलेगा.

    समझौते पर हस्ताक्षर के दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी मौजूद रहे.

    गौरतलब है कि यह समझौता 32 साल पहले 1994 में हुआ था, लेकिन अब तक लागू नहीं हो पाया क्योंकि राजस्थान तक पानी पहुंचाने के लिए नहर प्रणाली नहीं थी.

  7. कार्टून: इसमें हंसने की क्या बात है?

  8. 'ईरान-अमेरिका के बीच हमले रोकने पर सहमति बनी', अमेरिकी अधिकारी ने और क्या बताया

    एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा है कि ईरान और अमेरिका ने एक-दूसरे पर हमले रोकने और समझौते पर बातचीत जारी रखने पर सहमति बनाई है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, एक अमेरिकी अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को भेजे ईमेल में लिखा, "समझौते के सभी पहलुओं पर तकनीकी चर्चा जारी रहेगी. दोनों पक्ष फ़िलहाल तनाव नहीं बढ़ाएंगे और जहाज़ों को स्वतंत्र रूप से आने-जाने दिया जाएगा."

    दो अमेरिकी अधिकारियों और मामले से जुड़े एक सूत्र ने एक्सियोस वेबसाइट को बताया कि दोनों पक्षों के बीच मंगलवार को क़तर में फिर से बातचीत शुरू होगी.

    सीएनएन ने भी एक अधिकारी के हवाले से रिपोर्ट दी कि अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधि मंगलवार को दोहा में बातचीत जारी रखने के लिए मिलेंगे.

    हालांकि, ईरानी अधिकारियों ने अभी तक इस रिपोर्ट की पुष्टि नहीं की है.

    गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में होर्मुज़ स्ट्रेट के प्रबंधन को लेकर विवाद बढ़ गया था. इसके अलावा, ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य हमले भी हुए. इन घटनाओं से यह चिंता बढ़ गई थी कि युद्धविराम टिकेगा या नहीं.

  9. ईरान और अमेरिका होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर दोबारा मिलेंगे, अब क्या होगा?

  10. अकाल तख़्त का पंजाब सरकार को आदेश- एक महीने में बेअदबी क़ानून संशोधित करो

    अकाल तख़्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गरगज ने सोमवार को पंजाब सरकार को बेअदबी क़ानून से जुड़ी आपत्तियां एक महीने के भीतर दूर करने का निर्देश दिया.

    यह निर्देश अमृतसर में अकाल तख़्त की ओर से बुलाए गए कार्यक्रम में पंजाब के सभी सिख विधायक और कैबिनेट मंत्रियों की मौजूदगी में दिया गया.

    बीबीसी पंजाबी के मुताबिक़, जत्थेदार कुलदीप सिंह गरगज ने कहा कि क़ानून को लेकर जो भी आपत्तियां थीं, उन्हें दूर करने के लिए एक महीने का समय दिया गया है.

    उन्होंने कहा, "उम्मीद है कि सरकार एक महीने के भीतर विधानसभा का सत्र बुलाकर इस क़ानून में संशोधन करेगी."

    अकाल तख़्त पर विधायकों को संबोधित करते हुए गरगज ने कहा, "सरकार धार्मिक मामलों में दख़ल न दे."

    पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां, अकाल तख़्त सचिवालय में पेश होने के बाद बाहर आए और कहा कि जो भी चर्चा हुई है, उसे सरकार के सामने विचार के लिए रखा जाएगा.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, अकाल तख़्त ने पहले ही राज्य सरकार से कहा था कि इस क़ानून की कुछ धाराएं 'गुरु ग्रंथ साहिब, खालसा पंथ और संगत की भावनाओं के ख़िलाफ़' हैं, इन्हें हटाया जाए.

    क्या है मामला

    दरअसल, 13 अप्रैल को पंजाब विधानसभा ने "जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) विधेयक-2026" सर्वसम्मति से पास किया.

    इसमें गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने वालों के लिए सख़्त सज़ा का प्रावधान है, जिसमें उम्रक़ैद भी शामिल है.

    जत्थेदार गरगज ने इस मीटिंग से ठीक पहले आप सरकार पर धार्मिक मामलों और अकाल तख़्त की सत्ता में दख़ल देने का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा कि पार्टी इस क़ानून के ज़रिए गुरु और सिखों के बीच आने की कोशिश कर रही है.

    गरगज ने कहा, "हमें गुरु पंथ और गुरु ग्रंथ साहिब के ख़िलाफ़ नहीं जाना चाहिए. हमें सिख पंथ की भावनाओं के अनुसार चलना चाहिए."

  11. गांधी परिवार पर नितिन नबीन के बयान को लेकर कांग्रेस की तीख़ी प्रतिक्रिया

    गांधी परिवार पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की टिप्पणी पर कांग्रेस ने तीख़ी प्रतिक्रिया दी है.

    महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता नाना पटोले ने कहा, "नितिन नबीन और उनके जैसे लोग इस देश के लिए नेहरू-गांधी परिवार के बलिदानों को नहीं समझते. उन्हें इतिहास की जानकारी नहीं है. उनकी सोच वही है, जो नरेंद्र मोदी, बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सोच है."

    "यही वे लोग हैं, जो बार-बार हमारे देश का अपमान करते हैं. इनमें डोनाल्ड ट्रंप के ख़िलाफ़ बोलने की भी हिम्मत नहीं है. इससे पता चलता है कि इन्होंने किस हद तक आत्मसमर्पण कर दिया है.”

    उन्होंने कहा, “यहां तक कि राम मंदिर के लिए लोगों ने भगवान राम के प्रति श्रद्धा से जो चंदा दिया था, उसे भी कथित तौर पर इन लोगों ने हड़प लिया. वे इस बारे में बात क्यों नहीं करते? इन्होंने भगवान श्रीराम और उस मंदिर को भी नहीं छोड़ा, जो हम सभी के लिए पवित्र और पूजनीय है."

    "ऐसे बीजेपी नेता, जो ख़ुद को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बताते हैं और लगातार अपनी ही तारीफ़ करते रहते हैं, उन्हें गांधी परिवार के ख़िलाफ़ बोलने का कोई अधिकार नहीं है."

    नितिन नबीन ने क्या कहा था

    नितिन नबीन ने रविवार को हैदराबाद में एक भाषण के दौरान कहा था, "घोटालों का पर्याय बन चुका यह परिवार कोई और नहीं, बल्कि कांग्रेस परिवार है."

    "यह ऐसा परिवार है, जिसकी सोच भारतीय से ज़्यादा इतालवी है. उस इतालवी सोच से संचालित सरकार को भारत में कोई अवसर नज़र नहीं आएगा."

  12. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  13. चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव को 3 दिन में अयोध्या छोड़ने की बार एसोसिएशन की चेतावनी, अरशद अफ़ज़ाल ख़ान, अयोध्या से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    फ़ैज़ाबाद बार एसोसिएशन ने सोमवार को हुई आम सभा की बैठक में राम मंदिर मामले के अभियुक्तों की पैरवी नहीं करने का फ़ैसला लिया.

    बार एसोसिएशन ने यह भी तय किया कि अगर उसका कोई सदस्य इन अभियुक्तों की ओर से पैरवी करता है, तो उस पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और उसकी सदस्यता समाप्त कर दी जाएगी.

    बार एसोसिएशन की बैठक में वकीलों ने ज़ोरदार ढंग से मांग की कि चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव अयोध्या छोड़ दें.

    उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ये तीनों शख़्स तीन दिन के भीतर अयोध्या नहीं छोड़ते हैं, तो पूरे शहर की नाकाबंदी कर दी जाएगी और किसी को भी शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा.

    बार एसोसिएशन चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के ख़िलाफ़ आपराधिक मामला दर्ज कराने की मांग को लेकर अदालत में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 156(3) के तहत आवेदन भी दायर करेगा. बार एसोसिएशन इस मामले की सीबीआई जांच की मांग भी कर रहा है.

    अयोध्या के वकीलों ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में गिरफ़्तार अभियुक्तों की पैरवी नहीं करने के अपने पुराने फ़ैसले को दोहराया है.

    फ़ैज़ाबाद बार एसोसिएशन ने साल 2005 में भी ऐसा ही फ़ैसला लिया था, जब राम मंदिर पर हुए चरमपंथी हमले के मामले के अभियुक्तों को फ़ैज़ाबाद अदालत में पेश किया गया था.

    बार एसोसिएशन के सचिव शैलेंद्र जायसवाल ने कहा, "मंदिर में चढ़ावे की चोरी से हम सभी की भावनाएं आहत हुई हैं. फ़ैज़ाबाद के वकीलों ने गिरफ़्तार अभियुक्तों की ओर से पैरवी नहीं करने पर सहमति जताई है."

  14. महिला टी-20 विश्व कपः कोच अमोल मजूमदार ने बताया भारतीय टीम क्यों हारी

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम के कोच अमोल मजूमदार ने कहा है कि उनकी टीम को टी20 फ़ॉर्मेट में अपनी रणनीति में बदलाव करने की ज़रूरत है.

    आईसीसी के मुताबिक़, यह टिप्पणी उन्होंने आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट स्टेज में भारतीय टीम जगह बनाने में नाकाम रहने के बाद की.

    महिला टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में भारत ने आख़िरी बार 2023 में जगह बनाई थी. रविवार को लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ छह विकेट की हार के साथ भारत लगातार दूसरी बार इस टूर्नामेंट के नॉकआउट स्टेज में पहुंचने से चूक गया.

    अमोल मजूमदार का मानना है कि अगर भारत को ऑस्ट्रेलिया जैसी शीर्ष टी20 टीमों की बराबरी करनी है तो उसे अपनी रणनीति में कुछ बदलाव करने होंगे.

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमें अपने टी20 खेल की रणनीति पर फिर से विचार करना होगा. हमें इस बात पर गंभीरता से काम करना होगा कि हम किन कॉम्बिनेशंस के साथ खेलेंगे."

    जब उनसे पूछा गया कि टी20 क्रिकेट में भारत को किन बदलावों की ज़रूरत है, तो अमोल मजूमदार ने गेंदबाज़ी और फ़ील्डिंग में तुरंत सुधार की ज़रूरत पर ज़ोर दिया.

    उन्होंने कहा, "बल्लेबाज़ी की बात करें तो मुझे लगता है कि हम काफ़ी इंटेंट के साथ बल्लेबाज़ी कर रहे हैं. हमारी सोच पॉज़िटिव रही है. हम चौके और छक्के लगाने के बारे में सोच रहे हैं. मॉर्डर्न क्रिकेट में यही अहम है और मेरा मानना है कि टी20 क्रिकेट पूरी तरह चौकों और छक्कों का खेल है. इसलिए हमारी सोच और हमारा खेलने का तरीक़ा वैसा ही रहा है."

    उन्होंने आगे कहा, "लेकिन मुझे लगता है कि हमारी गेंदबाज़ी को भी अपना स्तर थोड़ा और ऊंचा करना होगा. सच कहूं तो गेंदबाज़ी और फ़ील्डिंग ने हमारी मदद नहीं की. इसलिए हमें पीछे जाकर यह सोचना होगा कि टी20 क्रिकेट में हमारा अप्रोच क्या होगा और हम सकारात्मक मानसिकता के साथ कैसे आगे बढ़ेंगे."

    मजूमदार ने कहा कि भारत का बॉलिंग अटैक अभी युवा और कम अनुभवी है. टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में नंबर एक गेंदबाज़ श्री चरणी और तेज़ गेंदबाज़ क्रांति गौड़, दोनों की उम्र अभी 23 वर्ष से कम है.

    कोच ने स्पिनर श्रेयंका पाटिल की ग़ैर-मौजूदगी को भी अहम बताया. टूर्नामेंट के दौरान चोट लगने के कारण वह ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ महत्वपूर्ण मैच नहीं खेल सकीं.

    उन्होंने कहा, "अगर आप हमारी बॉलिंग अटैक को देखें, तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अनुभव के लिहाज़ से यह काफ़ी अनुभवहीन रहा है. मैं पहले भी प्रेस कॉन्फ़्रेंस में यह बात कह चुका हूं कि हमें 18 महीने का समय दीजिए, यह बॉलिंग अटैक पूरी तरह अलग नज़र आएगा."

  15. व्लादिमीर पुतिन बोले- यूक्रेन मुद्दे पर रूस अमेरिकी शर्तों के तहत समझौते के लिए तैयार

    रूस के समाचारी संस्थान आरटी के मुताबिक़, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन मुद्दे पर एंकरेज में अमेरिका के साथ हुई बातचीत में रूस ने उन शर्तों को स्वीकार किया है, जिनके लिए समझौते (कंप्रोमाइज़) करने पड़ेंगे.

    आरटी ने पुतिन के इंटरव्यू की एक क्लिप साझा की है. इसमें पुतिन से यूक्रेन मसले और अमेरिका के साथ बातचीत पर सवाल पूछा गया.

    क्लिप के ट्रांसक्रिप्ट के मुताबिक़, पुतिन कहते हैं, "एंकरेज में कोई एग्रीमेंट नहीं हुआ था. आपने कहा कि यूरोपीय नेताओं ने यूक्रेन में हो रही घटनाओं को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति को मना लिया है. मुझे इस बारे में कुछ भी नहीं पता है और मुझे नहीं लगता कि यह मुमकिन है. क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति एक मेच्योर पॉलिटिशियन हैं."

    उन्होंने कहा, "एंकरेज में जो बातचीत हुई वह किसी दस्तावेज में दर्ज नहीं है. किसी ने भी हस्ताक्षर नहीं किए, लेकिन हमने यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने की संभावनाओं पर चर्चा की."

    "हमें कंप्रोमाइज़ करने के लिए कहा गया. हमने इस पर विचार किया, तुरंत नहीं. लेकिन एंकरेज पहुंचने के बाद हमने कहा, 'हां, हम सहमत हैं'. हमें अमेरिकी प्रशासन का दूसरा कोई पक्ष सुनने को नहीं मिला है."

    वहीं, रूस की सरकारी न्यूज़ एजेंसी तास के मुताबिक़, राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन मामले के समाधान के लिए रूस उससे जुड़े सभी मुद्दों और तौर-तरीक़ों पर अमेरिका के साथ बातचीत जारी रखने के लिए तैयार है.

    तास के मुताबिक़, पुतिन ने कहा, "हम आगे भी बातचीत और चर्चा जारी रखने के लिए तैयार हैं, जिसमें सभी बारीक़ियों पर बात होगी. अगर पूरी तरह सहमति नहीं भी बनती, तब भी उन मुद्दों पर चर्चा की जाएगी जो पहले एंकरेज में बातचीत के दौरान उठाए गए थे."

  16. वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू पर भारत के असिस्टेंट कोच बोले, 'उन्हें उसी प्रोसेस से गुज़रना होगा, जिससे...'

    भारत के असिस्टेंट कोच रायन टेन दोशहाते ने कहा है कि वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन उन्हें डेब्यू से पहले उसी प्रक्रिया से गुज़रना होगा, जिससे टीम के अन्य खिलाड़ी गुज़रे हैं.

    दोशहाते ने यह भी कहा कि संजू सैमसन जैसे खिलाड़ी को बाहर रखना टीम के लिए सही मैसेज नहीं होगा, जिन्होंने टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है.

    आयरलैंड के ख़िलाफ़ टी-20 सिरीज़ में सूर्यवंशी को शामिल नहीं किए जाने को लेकर काफ़ी चर्चा हो रही है. टी-20 वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम यह सिरीज़ 0-2 से हार गई.

    मैच के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में सूर्यवंशी को लेकर पूछे गए सवाल पर दोशहाते ने कहा, "वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, इसमें कोई संदेह नहीं है. लेकिन मेरा मानना है कि यह कह देना सही नहीं होगा कि आप संजू सैमसन को टीम से बाहर कर सकते हैं."

    "वह ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने तीन महीने पहले भारत को विश्व कप जिताने में बड़ी भूमिका निभाई थी. उनका आईपीएल सीज़न भी काफ़ी अच्छा रहा है. खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बनाए रखने और उन्हें सही मैसेज देने के लिहाज़ से यह बेहद महत्वपूर्ण है. हम खिलाड़ियों को टीम में लंबे समय तक खेलने का मौक़ा देना चाहते हैं."

    उन्होंने आगे कहा, "वैभव को खेलते देखने के लिए सभी एक्साइटेड हैं, फिर भी उन्हें उसी प्रक्रिया से गुज़रना होगा जिससे बाकी सभी खिलाड़ी गुज़रे हैं. उन्हें अपनी बारी का इंतज़ार करना होगा और धैर्य रखना होगा. लेकिन उनकी प्रतिभा और उनकी तैयारी को लेकर कोई सवाल नहीं है."

  17. अमेरिका और ईरान तनाव कम करने और 'पीछे हटने' पर सहमत हुए - मीडिया रिपोर्ट, योलांडे नेल, मध्य-पूर्व संवाददाता, और टैबी विल्सन

    मीडिया रिपोर्ट्स में एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों में ईरान और अमेरिका के बीच हमलों के बाद दोनों देश तनाव कम करने और 'पीछे हटने' पर सहमत हुए हैं.

    यह सहमति होर्मुज़ स्ट्रेट और उसके आसपास हुए कई हमलों के बाद बनी है. इन घटनाओं के बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे पर युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था.

    अधिकारी ने बीबीसी के अमेरिकी पार्टनर सीबीएस न्यूज़ से पुष्टि करते हुए कहा कि अब जहाज़ इस समुद्री रास्ते से 'स्वतंत्र रूप से' आवाजाही कर सकेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध समाप्त करने के उद्देश्य से नई वार्ताएं जारी रहेंगी.

    होर्मुज़ स्ट्रेट में हमले रोकने पर सहमति की रिपोर्ट्स पर ईरान ने अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है.

    17 जून को अमेरिका और ईरान ने 14 बिंदुओं वाले एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें "सभी मोर्चों पर सैन्य अभियानों को तत्काल और स्थायी रूप से समाप्त करने" का प्रावधान शामिल था.

  18. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेशेल्स से हुए समझौतों पर क्या कहा

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेशेल्स यात्रा में भारत के साथ कई समझौतों पर हस्ताक्षर हुए. इन समझौतों पर अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिक्रिया आई है.

    पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "सेशेल्स की इस यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण नतीजे सामने आए हैं. कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं. इनमें सेशेल्स में यूपीआई को लागू करने से जुड़ा समझौता, जन औषधि पर समझौता और अन्य समझौते शामिल हैं."

    उन्होंने कहा, "हम क्लाइमेट एक्शन, ग्रीन हाइड्रोजन, एनर्जी, ब्लू इकोनॉमी और भविष्य से जुड़े अन्य क्षेत्रों में मिलकर काम करना जारी रखेंगे."

    भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, पीएम मोदी की सेशेल्स यात्रा के दौरान भारत और सेशेल्स के बीच कुल 19 मुद्दों पर सहमति बनी.

    इनमें फ़ास्ट पैट्रोल जहाज़, एंबुलेंस, यूटिलिटी व्हीकल, चावल, सीमेंट जैसी चीज़ें सेशेल्स को देने जैसे मुद्दों पर सहमति बनी. इसके अलावा यूपीआई को लागू करने से जुड़ा समझौता भी हुआ.

  19. अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को लेकर अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस पर लगाया ये आरोप

    दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षाविद् और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक अनशन पर बैठे हैं.

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया है कि दिल्ली पुलिस उन्हें ज़रूरी सुविधाएं तक मुहैया नहीं करा रही.

    रविवार देर रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट में दीपके ने कहा, "हम पुलिस से निवेदन कर रहे हैं कि सोनम वांगचुक जी अनशन पर बैठे हैं और यहां पर जो दो पब्लिक वॉशरूम हैं वो बहुत ही ज़्यादा गंदे हैं. ये लोग साफ-सफाई भी नहीं करवा रहे हैं, ऊपर से पानी भी रोक रखा है."

    उन्होंने सवाल किया, "सोनम वांगचुक जी को एक पोर्टेबल टॉयलेट तो मिल ही सकता है न? लेकिन इसमें भी पुलिस कह रही है कि अनुमति नहीं है. मोबाइल टॉयलेट की अनुमति क्यों नहीं है? यह किसलिए होता है?"

    इससे पहले भी रविवार को अभिजीत दीपके ने एक्स पर पोस्ट कर दिल्ली पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया था.

    कॉकरोच जनता पार्टी नीट-यूजी पेपर लीक मामले पर देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफ़े की मांग कर रही है. सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल भी इसी प्रदर्शन का हिस्सा है.

    सीजेपी का कहना है कि ये भूख हड़ताल तब तक चलेगी जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा नहीं दे देते.

  20. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: दक्षिण अफ़्रीका को हराकर कनाडा पहली बार अंतिम 16 में पहुंचा

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप के एक नॉकआउट मुक़ाबले में कनाडा ने दक्षिण अफ़्रीका को 1-0 से हरा दिया है. इस जीत की बदौलत कनाडा इस वर्ल्ड कप में अंतिम 16 में जगह बनाने वाली पहली टीम बनी.

    कनाडा के स्टीफ़न यूस्ताकियो ने इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में बड़े ही नाटकीय ढंग से मैच जिताऊ गोल दागा.

    कनाडा, अमेरिका और मेक्सिको के साथ इस बार के वर्ल्ड कप की मेज़बानी भी कर रहा है. वह पहली बार वर्ल्ड कप के अंतिम 16 में पहुंचा है.

    इस टूर्नामेंट से पहले कनाडा वर्ल्ड कप में अपने सभी छह मैच हार चुका था, लेकिन इस बार उसकी टीम का शानदार अभियान जारी है.

    अंतिम 16 में कनाडा अपना मैच मोरक्को या नीदरलैंड्स के ख़िलाफ़ खेलेगा.