लाइव, सोनम वांगचुक की पत्नी ने कहा विपक्ष अगर ये शर्त मान ले तो वो कल अनशन तोड़ देंगे

डॉ. गीतांजलि जे अंगमो ने अपने पति सोनम वांगचुक के हवाले से अनशन ख़त्म करने की एक शर्त विपक्ष के सामने रखी है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • भूख हड़ताल पर बैठे अभिजीत दीपके
  • सोनम वांगचुक को पुलिस ने जंतर-मंतर से हटाया
  • सर गारफ़ील्ड सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में निधन
  • नारंगी होंठ वाले बंदर की नई प्रजाति
  • एक कबूतर को ऑक्सीजन देकर बचाया गया
  • सोनम वांगचुक के अनशन का 20वां दिन
  • भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, शिवांगी जायसवाल

  1. सोनम वांगचुक की पत्नी ने कहा विपक्ष अगर ये शर्त मान ले तो वो कल अनशन तोड़ देंगे

    सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने जंतर मंतर पर अपने पति के भूख हड़ताल तोड़ने की शर्त रखी है

    डॉ. गीतांजलि जे अंगमो ने अपने पति सोनम वांगचुक के हवाले से अनशन ख़त्म करने की एक शर्त विपक्ष के सामने रखी है.

    उन्होंने रविवार की शाम को जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन मंच से कहा कि अगर विपक्षी दल उन्हें आश्वासन दें कि वे शिक्षा और जवाबदेही के मुद्दे को ज़ोरदार तरीके़ से संसद सत्र में उठाने का आश्वासन सोनम को मिलकर देते हैं तो ही वो अनशन तोड़ेंगे.

    ग़ौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी और उनके समर्थन में 21 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े की रही है.

    डॉ. गीतांजलि ने मंच पर सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके की मौजूदगी में कहा, "बहुत से नेता यहां आए तो सोनम का यह कहना है कि कल अगर सांसद और नेता उनसे सफ़दरजंग अस्पताल में मिलकर यह आश्वासन दें कि वो जवाबदेही की बात इस संसद सत्र में उठाएं या संसदीय सत्र का मुख्य मुद्दा शिक्षा और जवाबदेही रखें तो ही वे कल अपना अनशन तोड़ेंगे."

    रविवार दोपहर दिल्ली हाईकोर्ट ने वांगचुक को अस्पताल से छुट्टी देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद डॉ. गीतांजलि ने कहा कि वे सोमवार को संसद तक की यात्रा में अपने पति वांगचुक की ओर से शामिल रहेंगी.

    फिर कुछ घंटों के बाद अब उनका यह बयान आया है कि कल अनशन तोड़ने की शर्त से जुड़ा है. हालांकि मंच से उन्होंने अपने पति सोनम वांगचुक का यह संदेश भी अपने समर्थकों को दिया है कि सोमवार को सभी शांतिपूर्ण ढंग से संसद मार्च में शामिल हों.

    अपने बयान में डॉ. गीतांजलि ने कई नेताओं के रविवार को प्रदर्शन में आने की बात कही. बता दें कि रविवार को कुछ बड़ी हस्तियों ने प्रदर्शन में भाग लिया जिनमें बॉलीवुड की वरिष्ठ अभिनेत्री शबाना आज़मी और तमिल फ़िल्मों के जाने-माने अभिनेता प्रकाश राज शामिल हैं.

    दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया मंच पर आए.

    इसके अलावा, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना दल ने दादर के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया जिसमें आदित्य ठाकरे शामिल रहे.

  2. सीजेपी के संसद मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस ने जारी किया बयान, कार्रवाई की बात कही

    शनिवार को जंतर-मंतर पर अनशन के दौरान सोनम वांगचुक को एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाती दिल्ली पुलिस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शनिवार को जंतर-मंतर पर अनशन के दौरान सोनम वांगचुक को एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाती दिल्ली पुलिस

    दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से संसद तक प्रस्तावित मार्च की ख़बरों के बीच स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी विरोध मार्च या जुलूस के लिए न तो अनुमति मांगी गई है और न ही कोई अनुमति दी गई है.

    प्रेस रिलीज़ जारी करके दिल्ली पुलिस ने चेतावनी दी है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 और अन्य संबंधित क़ानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी.

    पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे क़ानून का पालन करें, किसी भी अनाधिकृत मार्च या सभा में हिस्सा न लें और शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करें.

    दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा कि नई दिल्ली ज़िले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू है. इसके तहत जंतर-मंतर को छोड़कर, पूर्व अनुमति के बिना विरोध मार्च, जुलूस, प्रदर्शन और पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक है.

    पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई से संसद का सत्र शुरू हो रहा है. इसे देखते हुए आम लोगों की सुरक्षा, संरक्षित व्यक्तियों की सुरक्षा और महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों की हिफ़ाज़त के लिए व्यापक और कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं.

  3. इमरान ख़ान की बहन को मोदी-ट्रंप से जुड़े बयान के बाद पाकिस्तान की साइबर एजेंसी ने किया तलब

    नौरीन नियाज़ी और इमरान ख़ान

    इमेज स्रोत, Social Media/Getty Images

    इमेज कैप्शन, पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की बहन नौरीन नियाज़ी अपने भाई की रिहाई की पैरवी के लिए मुखर रही हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की बहन को भारत-पाकिस्तान के बीच बीते साल हुए सैन्य संघर्ष पर दिए एक बयान के बाद पाकिस्तान की साइबर अपराध एजेंसी ने तलब किया है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, राष्ट्रीय साइबर अपराध जांच एजेंसी ने शनिवार को पाकिस्तान तहरीक़-ए-इंसाफ़ के संस्थापक और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की बहन नौरीन नियाज़ी को नोटिस जारी किया है.

    यह नोटिस सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक इंटरव्यू की क्लिप के बाद जारी किया गया. इस क्लिप में उन्होंने कथित तौर पर पाकिस्तानी सेना, 'हक़ की जंग', भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अब्राहम समझौते से जुड़े विवादित बयान दिए थे.

    नोटिस में उन पर सोशल मीडिया पर राज्य संस्थाओं की छवि ख़राब करने और झूठी, मानहानि वाला भड़काऊ कंटेंट फैलाने का आरोप लगाया गया है.

    उन्हें 20 जुलाई को जांच अधिकारी के सामने व्यक्तिगत रूप से पेश होकर अपना बयान दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है.

    गृह मंत्रालय के राज्य मंत्री तलाल चौधरी ने नौरीन नियाज़ी की टिप्पणियों की निंदा की है. उन्होंने पीटीआई नेतृत्व पर राज्य-विरोधी नैरेटिव अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि इस मामले में क़ानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

    बीबीसी उर्दू ने इस संबंध में नौरीन नियाज़ी और पीटीआई नेतृत्व का पक्ष जानने के लिए कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन यह रिपोर्ट लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली थी.

    ग़ौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की बहन नौरीन नियाज़ी अपने भाई की रिहाई की पैरवी के लिए मुखर रही हैं.

  4. इंग्लैंड ने तीसरे वनडे में भारत को दिया 388 रनों का लक्ष्य

    बेन डकेट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बेन डकेट ने 135 गेंदों में 18 चौके और एक छक्के की मदद से 141 रन बनाए

    भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे वनडे मैच में इंग्लैंड ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए मात्र तीन विकेट गंवाकर 387 रन बनाए और भारत को 388 रनों का लक्ष्य दिया.

    इंग्लैंड की ओर से इस दौरान बेन डकेट ने 141 रनों की शानदार पारी खेली. उनके अलावा जेकब बेथेल ने 91 रन और जो रूट ने 61 रनों की पारी खेली.

    भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने दो विकेट और प्रिंस यादव ने एक विकेट लिया.

    तीन मैचों की सिरीज़ 1-1 से बराबर है और ये निर्णायक मैच है. इससे पहले हुई पांच मैचों की टी-20 सिरीज़ भारत 0-4 से हारा था.

    टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने शुरूआत से ही मैच में पकड़ बनाकर रखी. भारतीय गेंदबाज़ी नहीं चली और इंग्लैंड का पहला विकेट 192 रनों पर गिरा.

    अब देखना होगा कि भारतीय बल्लेबाज़ी टीम इस चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को पाने के लिए कैसा प्रदर्शन करती है. इस निर्णायक मैच में सभी की निगाहें रोहित शर्मा पर रहने वाली हैं. रोहित शर्मा ने तीन वनडे मैचों की सिरीज़ के पहले दो मैचों में कोई ख़ास प्रदर्शन नहीं किया था.

    बीते दिनों उनको लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि लॉर्ड्स का मैच उनके वनडे करियर का आख़िरी मैच हो सकता है. मगर बीबीसी सचिव देवजीत सैकिया ने एक्स पर पोस्ट करके इन कयासों को ख़ारिज कर दिया था.

    इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज़ बेन डकेट

    इमेज स्रोत, Alex Davidson/Getty Images

    इमेज कैप्शन, तीन मैचों की सिरीज़ 1-1 से बराबरी पर है और लॉर्ड्स में हो रहा यह मैच निर्णायक है, जहां इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज़ बेन डकेट ने शतकीय पारी खेली
  5. फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप फ़ाइनल देखने के लिए इन तीन राज्यों ने सोमवार को छुट्टी की घोषणा की

    मुंबई में फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप फ़ाइनल से पहले लियोनेल मेसी और लामिन यामाल के पोस्टर बनाता एक कलाकार

    इमेज स्रोत, Indranil Aditya/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मुंबई में फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप फ़ाइनल से पहले लियोनेल मेसी और लामिन यामाल के पोस्टर बनाता एक कलाकार

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 के फ़ाइनल मुकाबले को देखते हुए केरल, मणिपुर और मेघालय की राज्य सरकारों ने सोमवार को स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित की है.

    इस फ़ाइनल मुक़ाबले में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा. यह फ़ीफ़ा की ओर से आयोजित होने वाला पुरुषों का सबसे बड़ा और सबसे प्रतिष्ठित फ़ुटबॉल टूर्नामेंट है, जो हर चार साल में खेला जाता है.

    रविवार को मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने एक्स पर पोस्ट करके स्कूलों और कॉलेजों समेत सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की है.

    उन्होंने कहा कि मेघालय में फ़ुटबॉल के प्रति लोगों का गहरा लगाव है और यह फ़ैसला युवाओं को बहुप्रतीक्षित फ़ाइनल का पूरा आनंद लेने का अवसर देने के लिए किया गया है.

    इससे पहले केरल में राज्य सरकार ने सभी स्कूलों, कॉलेजों और व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों में अवकाश की घोषणा की है.

    उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन ने कहा कि "अवकाश का मक़सद स्टूडेंट्स को मैच का आनंद लेने का अवसर देना और देर रात होने वाले फ़ाइनल के बाद यात्रा संबंधी परेशानियों से बचाना है."

    यहां, सीपीआई(एम) नेता और पूर्व शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी समेत कई यूडीएफ नेताओं ने भी सरकार से शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित करने की मांग की थी.

    उधर, मणिपुर में शिक्षा विभाग ने घोषणा की है कि कई शिक्षा बोर्डों से संबद्ध सभी स्कूल, सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी कॉलेज, उच्च शिक्षण संस्थान तथा विश्वविद्यालय सोमवार को बंद रहेंगे.

  6. सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि बोलीं- 'सेहत पर सरकार के तर्क महज़ दिखावा'

    डॉ. गीतांजलि जे अंगमो

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, डॉ. गीतांजलि जे अंगमो ने अपने पति सोनम वांगचुक की अस्पताल से छुट्टी को लेकर एक याचिका दिल्ली हाईकोर्ट में दायर की जिस पर तुरंत सुनवाई हुई

    सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि जे अंगमो ने दिल्ली हाईकोर्ट में रविवार दोपहर हुई सुनवाई के बाद प्रतिक्रिया देते हुए सरकार की स्वास्थ्य संबंधी दलीलों को 'दिखावा' बताया.

    दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान सोनम वांगचुक की सफ़दरजंग अस्पताल से छुट्टी को लेकर अंतरिम आदेश नहीं दिया और तीन दिन में उनकी सेहत पर मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट मांगी है.

    इस पर गीतांजलि अंगमो ने कहा, "अगर आपको सचमुच उनकी सेहत की इतनी चिंता थी, तो पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में क्यों भेजा गया? उन्हें इतनी बेरहमी से उठाकर स्ट्रेचर पर क्यों ले जाया गया और वहां से क्यों हटाया गया. मैं यह बात स्पष्ट तौर पर कहना चाहती हूं कि उनकी सेहत ठीक थी और उस पर पेश किया गया पूरा तर्क महज़ एक दिखावा है."

    उन्होंने सवाल किया कि भारत में क्या अब नागरिक को यह अधिकार नहीं है कि वो अपनी चिकित्सा को लेकर फ़ैसला खुद करे? क्या उसे अपनी सेहत को लेकर किसी दूसरे डॉक्टर की सलाह लेने का अधिकार नहीं है, जिस पर वो भरोसा करता हो?

    डॉ. अंगमो ने कहा कि उन्हें लगता है कि अगर वांगचुक पदयात्रा पर रहते तो और लोग जुट सकते थे. मगर उन्हें अंदाज़ा नहीं है कि अब और भी ज़्यादा लोग इस आंदोलन से जुड़ेंगे.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, अदालत ने यह नोट किया कि वांगचुक के शरीर में पोटैशियम का स्तर ख़तरनाक रूप से कम है.

    इस पर उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि "शनिवार शाम को वांगचुक के शरीर में पोटैशियम का स्तर ख़तरनाक स्तर पर नहीं था. लेकिन अस्पताल प्रशासन ने शनिवार सुबह अपनी रिपोर्ट में इसे कम दिखाया. उन्होंने जब निजी लैब में टेस्ट कराने के लिए वांगचुक के ख़ून का सैंपल मांगा तो वह उन्हें रात दस बजे सैंपल मिला. जिससे वे काफ़ी परेशानी के बाद टेस्ट करा सकीं. इस टेस्ट में वांगचुक का पोटैशियम स्तर गंभीर स्तर पर नहीं था."

    ग़ौरतलब है कि सोनम वांगचुक ने 20 जुलाई, सोमवार से शुरू हो रहे संसद से मानसून सत्र के दौरान संसद तक पदयात्रा की कॉल दी थी.

    इससे दो दिन पहले शनिवार को दिल्ली पुलिस के जवान उन्हें सादी वर्दी में आकर सफ़ेद चादर से ढंककर ले गए और सफ़दरजंग में भर्ती कराया.

  7. होर्मुज़ स्ट्रेट पर निर्भरता घटाने के लिए इराक़ तेल निर्यात के नए रास्ते बनाएगा

    इराक़ तेल पाइप लाइन

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इराक़ सरकार बसरा से तुर्की और सीरिया तक नई तेल पाइपलाइन बिछाने की योजना पर विचार कर रही है (फ़ाइल फ़ोटो)

    खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और होर्मुज़ स्ट्रेट पर निर्भरता कम करने की कोशिशों के बीच इराक़ भी अपने तेल निर्यात के लिए वैकल्पिक रास्ते तलाश रहा है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, इसी क्रम में इराक़ सरकार बसरा से तुर्की और सीरिया तक नई तेल पाइपलाइन बिछाने की योजना पर विचार कर रही है.

    इराक़ के तेल मंत्री बासिम मोहम्मद ख़ुज़ैर ने बताया है कि सरकार एक रणनीतिक पाइपलाइन परियोजना की समीक्षा कर रही है. प्रस्तावित योजना के तहत पाइपलाइन दक्षिणी शहर बसरा से किरकुक तक जाएगी और वहां से तुर्की के जेहान बंदरगाह तक पहुंचेगी.

    इसके अलावा पाइपलाइन को सीरिया के भूमध्यसागरीय तट पर स्थित बनियास बंदरगाह तक बढ़ाने की संभावना भी जांची जा रही है.

    शनिवार को वॉशिंगटन में इराक़ी सरकारी समाचार एजेंसी से इराक़ी तेल मंत्री बासिम मोहम्मद ख़ुज़ैर ने बात की. उन्होंने कहा कि तेल मंत्रालय की स्पष्ट रणनीति तेल निर्यात के रास्तों में विविधता लाने की है, ताकि देश केवल होर्मुज़ स्ट्रेट पर निर्भर न रहे.

    यह कदम ऐसे समय में सामने आया है जब खाड़ी के कई तेल उत्पादक देश भी होर्मुज़ को दरकिनार करने वाले वैकल्पिक निर्यात मार्ग विकसित कर रहे हैं.

    क्षेत्रीय तनाव या समुद्री मार्गों में किसी बाधा की स्थिति में तेल आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और अन्य देश भी पाइपलाइन तथा वैकल्पिक बंदरगाहों के ज़रिये निर्यात क्षमता बढ़ाने पर काम कर रहे हैं.

  8. यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस का बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला, ज़ेलेंस्की ने ये कहा

    कीव में हमले के बाद इमारत में आग

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, पूरी रात कीव और उसके आसपास के कई इलाक़ों को निशाना बनाया गया

    रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से बड़ा हमला किया है. इस हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हुए हैं.

    यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक़, बीती पूरी रात कीव और उसके आसपास के कई इलाक़ों को निशाना बनाया गया. राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने इसे रूस के आक्रमण की शुरुआत के बाद से कीव पर हुए सबसे बड़े बैलिस्टिक हमलों में से एक बताया.

    यूक्रेनी सेना ने हालिया हमलों को लेकर कहा है कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने दागी गईं 41 मिसाइलों में से 18 को मार गिराया. इसके अलावा 108 ड्रोन भी नष्ट किए गए.

    दूसरी ओर, यूक्रेन ने भी रूसी ठिकानों पर हमले जारी रखे हैं. यूक्रेनी सेना के अनुसार, ड्रोन हमलों में काला सागर में मौजूद रूस के दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया गया.

    यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार, हालिया हमलों में रूस ने कई तरह के हथियारों का इस्तेमाल किया, जिनमें इस्कंदर और हाइपरसोनिक ज़िरकॉन मिसाइलें शामिल हैं. इन हमलों में कुल 125 ड्रोन भी इस्तेमाल किए गए.

    कीव पर हमले

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने दावा किया कि पिछले एक सप्ताह में रूस ने कई तरह की 99 मिसाइलें दागी हैं

    टेलीग्राम पर जारी एक बयान में राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने दावा किया कि पिछले एक सप्ताह में रूस ने यूक्रेन पर क़रीब 1,450 हमलावर ड्रोन, 1,640 से अधिक गाइडेड बम और कई तरह की 99 मिसाइलें दागी हैं.

    कीव में हमला

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, यूक्रेनी वायु सेना ने कहा कि हालिया हमलों में रूस ने कई तरह के हथियारों का इस्तेमाल किया, जिनमें इस्कंदर और हाइपरसोनिक ज़िरकॉन मिसाइलें शामिल हैं
  9. जम्मू-कश्मीर के पुंछ में बाढ़ से छह लोगों की मौत, कई लापता, जहांगीर अली, श्रीनगर से बीबीसी संवाददाता

    बुफ़लियाज़ के लोअर मुर्राह इलाक़े में बाढ़

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात बुफ़लियाज़ के लोअर मुर्राह इलाक़े में अचानक बाढ़ आ गई

    जम्मू-कश्मीर के पुंछ ज़िले में भारी बारिश के बाद आई अचानक बाढ़ (फ़्लैश फ़्लड) में छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग लापता बताए जा रहे हैं.

    अधिकारियों ने रविवार को बताया कि मृतकों में दो बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं.

    उधर, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि वह स्थिति पर लगातार नज़र रख रहे हैं. वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह अपनी दिल्ली यात्रा बीच में छोड़कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा के लिए जम्मू-कश्मीर लौट आए हैं.

    दोनों ने इस आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.

    पिछले सप्ताह प्रशासन ने पूरे जम्मू-कश्मीर में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर मौसम संबंधी चेतावनी जारी की थी. साथ ही पहाड़ी इलाक़ों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और हालात पर नज़र बनाए रखने की अपील की गई थी.

    सुरनकोट सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल के ब्लॉक मेडिकल ऑफ़िसर डॉ. मोहम्मद यूसुफ़ ने बताया कि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात बुफ़लियाज़ के लोअर मुर्राह इलाक़े में अचानक बाढ़ आ गई. बाढ़ की चपेट में आए घरों के मलबे से रविवार को छह लोगों को बाहर निकाला गया.

    डॉ. मोहम्मद ने बीबीसी से कहा, "जब उन्हें अस्पताल लाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. मृतकों में शामिल कुछ लोगों के परिवार के सदस्य अब भी लापता हैं और उनके भी मारे जाने की आशंका है."

    एक अधिकारी के अनुसार, सुरनकोट क्षेत्र से कम से कम छह अन्य लोग भी लापता हैं. हालांकि, लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बचाव दलों को उनकी तलाश में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. रविवार को भी पुंछ समेत जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश जारी रही.

    25 वर्ग किलोमीटर का पहाड़ी इलाका सबसे ज़्यादा प्रभावित

    तेज़ बारिश के बीच नदियों में मटमैला पानी बहता नज़र आ रहा है

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, तेज़ बारिश के बीच नदियों में मटमैला पानी बहता नज़र आ रहा है

    एक अधिकारी ने मीडिया से बात करने के लिए अधिकृत न होने के चलते बीबीसी से पहचान छिपाने की शर्त पर बात की. उन्होंने बताया कि पुंछ ज़िले की सुरनकोट तहसील का लगभग 25 वर्ग किलोमीटर का पहाड़ी इलाक़ा अचानक आई बाढ़ से सबसे ज़्यादा प्रभावित हुआ है.

    सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की भयावह तस्वीरें दिखाई दे रही हैं. इनमें तेज़ बारिश के बीच नदियों में मटमैला पानी उफ़ान पर बहता नज़र आ रहा है. कई घर ढह गए हैं, सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और वाहन कीचड़ में फंसे या पलटे हुए दिखाई दे रहे हैं.

    बाढ़ की वजह से सुरनकोट के बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स को भी नुकसान पहुंचा है.

    पिछले सप्ताह प्रशासन ने पूरे जम्मू-कश्मीर में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर मौसम संबंधी चेतावनी जारी की थी. साथ ही पहाड़ी इलाक़ों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और हालात पर नज़र बनाए रखने की अपील की गई थी.

    इसी बीच, जम्मू-कश्मीर की शिक्षा मंत्री सकीना इत्तू ने स्कूलों को बुधवार तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं. गौरतलब है कि गर्मी की छुट्टियों के बाद रविवार को स्कूल खुलने वाले थे.

  10. सोनम वांगचुक को अस्पताल से डिस्चार्ज करने को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में हुई सुनवाई, दिए ये निर्देश

    सोनम वांगचुक

    इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, सोनम वांगचुक लगातार भूख हड़ताल पर हैं और दिल्ली पुलिस उन्हें शनिवार तड़के जंतर-मंतर से उठाकर सफ़दरजंग अस्पताल ले गई थी

    दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा है कि सोनम वांगचुक की सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी के मामले में फैसला मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा. उच्च न्यायालय ने तीन दिन में स्टेट्स रिपोर्ट दाख़िल करने को कहा है.

    इस याचिका में अगली सुनवाई 24 जुलाई को होनी है यानी साफ़ है कि वांगचुक को अगले तीन दिनों तक सफ़दरजंग अस्पताल में ही रहना होगा. कोर्ट ने कोई अंतरिम आदेश देने से इनकार कर दिया.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, अदालत ने याचिका पर सुनवाई के दौरान कहा- "यह ध्यान रखा जाए कि किसी भी चिकित्सीय स्थिति से जुड़ा अंतिम फ़ैसला मेडिकल टीम ही करेगी, जो निर्धारित चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुसार निर्णय लेगी."

    अदालत ने यह भी नोट किया कि वांगचुक के शरीर में पोटैशियम का स्तर ख़तरनाक रूप से कम है. अदालत के समक्ष यह भी बताया गया कि उन्हें आईवी फ्लूइड्स (नसों के ज़रिए तरल पदार्थ) नहीं दिए गए, क्योंकि उन्होंने इसके लिए सहमति नहीं दी थी.

    हाईकोर्ट ने इस कारण से अंतरिम आदेश नहीं दिया

    लाइव लॉ के मुताबिक़, अदालत ने यह भी कहा कि "हर जीवन मूल्यवान है." अदालत ने अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल और डॉक्टरों की इस दलील को भी रिकॉर्ड पर लिया कि वांगचुक की पत्नी और उनके भाई को 24 घंटे अस्पताल में आने-जाने की अनुमति दी गई है. साथ ही अलग से कमरा दिया गया है ताकि वे परिवार संग समय बिता सके.

    कोर्ट ने कहा, "इन परिस्थितियों को देखते हुए अदालत ने कहा कि फ़िलहाल किसी अंतरिम आदेश की आवश्यकता नहीं है."

    इसके साथ ही अदालत ने मामले में नोटिस जारी कर दिया.

    सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमो की ओर से यह याचिका रविवार सुबह चार बजे दाख़िल की गई थी जिसे रविवार होने के बावजूद हाईकोर्ट ने तुरंत सुनवाई के लिए स्वीकार कर लिया.

    गीतांजलि की याचिका पर वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने जिरह की.

    सुनवाई के दौरान जस्टिस मिनी पुष्करणा की अदालत ने भारत के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के इस आश्वासन को दर्ज किया कि मेडिकल रिपोर्ट वांगचुक के परिवार के साथ साझा की जाएगी.

  11. ईरान का दावा- कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन हमले किए

    कुवैत के अली अल-सलेम एयर बेस

    इमेज स्रोत, YASSER AL-ZAYYAT/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कुवैत के अली अल-सलेम एयर बेस के अमेरिकी हथियार डिपो को कथित तौर पर फिर से निशाना बनाया गया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरानी सेना ने दावा किया है कि उसने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन हमलों की एक नई शुरुआत की है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक, ईरानी सेना के जनसंपर्क विभाग ने एक बयान में कहा कि अमेरिकी हमलों के जवाब में 'ऑपरेशन लाइटनिंग' का 17वां चरण शुरू किया गया है.

    ईरान का कहना है कि अमेरिका ने उसके नागरिक इलाक़ों को निशाना बनाया था.

    बयान के अनुसार, इस अभियान में कुवैत के कैंप अल-अदीरी स्थित अमेरिकी हथियार डिपो को फिर से निशाना बनाया गया.

    इसके अलावा अली अल-सलेम एयर बेस में मौजूद उपकरणों और कर्मियों के केंद्रों पर भी हमला किया गया.

    हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के बाद से कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकाने ईरानी हमलों का प्रमुख निशाना रहे हैं.

  12. लॉर्ड्स में खेले जा रहे तीसरे वनडे मैच में इंग्लैंड को मिली मजबूत शुरूआत

    रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, Ranjith Kumar/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा ने तीन वनडे मैचों की सिरीज़ के पहले दो मैचों में कोई ख़ास प्रदर्शन नहीं किया था, इस मैच में सबकी निग़ाहें उनके ऊपर हैं

    भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा वनडे मुकाबला लॉर्ड्स में हो रहा है. इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया और 14 ओवरों में बिना विकेट गंवाए 96 रन बना लिए हैं.

    इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज़ बेन डकेट और जैकब बेथेल खेल रहे हैं, बेथेल अर्धशतक के क़रीब पहुंच चुके हैं.

    तीन मैचों की सिरीज़ में भारत ने पहले मैच में और इंग्लैंड ने दूसरे मैच को जीतकर सिरीज़ में बराबरी कर ली थी.

    इस निर्णायक मैच में सभी की निगाहें रोहित शर्मा पर रहने वाली हैं. रोहित शर्मा ने तीन वनडे मैचों की सिरीज़ के पहले दो मैचों में कोई ख़ास प्रदर्शन नहीं किया था.

    बीते दिनों उनको लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि लॉर्ड्स का मैच उनके वनडे करियर का आख़िरी मैच हो सकता है. मगर बीबीसी सचिव देवजीत सैकिया ने एक्स पर पोस्ट करके इन कयासों को ख़ारिज़ कर दिया था.

    भारतीय टीम के प्लेइंग इलेवन में ये खिलाड़ी शामिल हैं-

    रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, गुरनूर बराड़, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, केएल राहुल, कुलदीप यादव, हर्ष दुबे, प्रिंस यादव.

  13. मध्य प्रदेश के मानसून सत्र में पेश होगा समान नागरिक संहिता से जुड़ा विधेयक

    डॉ. मोहन यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यूसीसी विधेयक-2026 के मसौदे (ड्राफ्ट) को सर्वसम्मति से मंज़ूरी दे दी गई

    मध्य प्रदेश में अगले सप्ताह शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के दौरान समान नागरिक संहिता (यूसीसी) से जुड़ा विधेयक पेश किया जाएगा.

    रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यूसीसी विधेयक-2026 के मसौदे (ड्राफ्ट) को सर्वसम्मति से मंज़ूरी दे दी गई.

    मुख्यमंत्री ने कहा, "आज मध्य प्रदेश की कैबिनेट ने समान नागरिक संहिता विधेयक-2026 को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी है. इस विधेयक को 20 जुलाई से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में रखने के लिए आवश्यक कैबिनेट स्वीकृति मिल गई है."

    उन्होंने यह भी बताया कि "हमने सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के ज़रिए यूसीसी पर प्रस्ताव मांगे थे और हमें 10 लाख प्रतिक्रियाएं मिलीं."

    बता दें कि मध्य प्रदेश सरकार ने कॉमन सिविल कोड या समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया था. जिसने अपना मसौदा राज्य सरकार को सौंपा.

    देश में उत्तराखंड यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य है, जबकि गुजरात और असम में भी यूसीसी से संबंधित विधेयक पारित हो चुके हैं. मध्य प्रदेश का यह कदम इस दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है.

    हाल में महाराष्ट्र की राज्य सरकार ने भी यूसीसी लागू करने के लिए ड्राफ्ट कमेटी गठित की है.

  14. दिल्ली हाईकोर्ट सोनम वांगचुक की अस्पताल से छुट्टी की याचिका पर करेगी सुनवाई

    गीतांजलि जे अंगमो

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने से एक दिन पहले उनकी पत्नी जंतर मंतर पर उनसे मिली थीं

    सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को सफ़दरजंग अस्पताल से छुट्टी देने से जुड़ी याचिका पर नई दिल्ली हाईकोर्ट रविवार दोपहर ढाई बजे से सुनवाई करेगा.

    सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमो ने त्वरित सुनवाई के लिए याचिका दायर की थी जिसे स्वीकार कर लिया गया है. इस बारे में ख़ुद गीतांजलि ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी है. इस याचिका की सुनवाई जस्टिस मिनी पुष्करणा करेंगी.

    उन्होंने अदालत से सोनम वांगचुक की तबियत के और ख़राब होने से पहले किसी दूसरे अस्पताल में शिफ़्ट करने की अनुमति देने की मांग की है.

    इससे पहले रविवार सुबह गीतांजलि ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए सफ़दरजंग सरकारी अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए थे.

    साथ ही उन्होंने कहा था कि उनके फ्लोर पर क़रीब 30 पुलिसकर्मी और पूरे अस्पताल में 100 से ज़्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं, जिससे उनकी आवाजाही बहुत सीमित हो गई है. उन्होंने आरोप लगाया था कि "यह इलाज नहीं, बल्कि ग़ैरकानूनी हिरासत है."

    गौरतलब है कि भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक को पुलिस शनिवार को दिल्ली स्थित जंतर-मंतर से उठाकर सफ़दरजंग अस्पताल लेकर गई थी. इसके बाद रविवार को एक संदेश में वांगचुक ने दावा किया कि वो अवैध हिरासत में हैं.

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता शिवांगी जायसवाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. पीवी सिंधु ने रचा इतिहास, जापान ओपन जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

    पीवी सिंधु

    इमेज स्रोत, Yuichi YAMAZAKI / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीवी सिंधु इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं

    भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट का ख़िताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया है.

    वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं.

    31 वर्षीय सिंधु ने रविवार को खेले गए महिला एकल फ़ाइनल मुक़ाबले में मेज़बान जापान की स्टार खिलाड़ी अकाने यामागुची को 21-17, 21-17 से हराया. टोक्यो मेट्रोपॉलिटन जिम्नेज़ियम में खेला गया यह मुक़ाबला 50 मिनट तक चला.

    पीवी सिंधु ने विश्व चैंपियन रह चुकीं यामागुची के ख़िलाफ़ शानदार खेल दिखाया.

    इस जीत के साथ उन्होंने अपने करियर का पहला बीडब्ल्यूएफ़ सुपर-750 ख़िताब भी हासिल कर लिया.

    सिंधु ने क़रीब चार साल बाद यामागुची को किसी पूरे मुक़ाबले में हराया है. इससे पहले उन्होंने जापानी खिलाड़ी को 2022 थाईलैंड ओपन में मात दी थी.

    वहीं, इस साल मलेशिया ओपन में दोनों के बीच हुए मुक़ाबले में यामागुची पहला गेम ख़त्म होने के बाद चोट के कारण हट गई थीं.

    भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को वोटिंग के ज़रिए बीबीसी इंडियन स्पोर्ट्सवुमन ऑफ़ द इयर 2019 चुना गया था. साल 2019 में पीवी सिंधु (पुसरला वेंकट सिंधु) ने स्विट्ज़रलैंड में बैडमिंटन की विश्व चैंपियनशिप जीती थी. ऐसा करने वाली वो पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी थीं.

  17. ईरान का दावा: कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर फिर किए ड्रोन हमले

    कुवैत

    इमेज स्रोत, Stringer/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने कुवैत में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला करने का दावा किया है (सांकेतिक तस्वीर)

    ईरान ने दावा किया है कि उसने मध्य-पूर्व में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन हमलों का नया अभियान शुरू कर दिया है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ईरानी सेना के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि शहरी इलाक़ों पर अमेरिकी हमलों के जवाब में 'ऑपरेशन लाइटनिंग' के 17वें चरण की शुरुआत की गई है.

    ईरानी सेना के अनुसार, इस अभियान के तहत कुवैत स्थित कैंप अल-अदीरी में अमेरिकी हथियार भंडार को निशाना बनाया. इसके अलावा, अली अल-सलेम एयर बेस पर मौजूद सैन्य उपकरणों और सैन्यकर्मियों के केंद्रों को एक बार फिर निशाना बनाया गया.

    ईरान का दावा है कि अमेरिका के साथ हाल के दिनों में बढ़े तनाव के बाद से वह लगातार कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले कर रहा है. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.

    वहीं, कुवैत की सेना ने दावा किया है कि वह ईरान की ओर से किए गए हवाई हमलों का जवाब दे रही है. इससे पहले भी ईरान ने कहा था कि उसने ड्रोन हमलों के ज़रिए कुवैत में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया था.

    BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें.

    BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह.

    (कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.)

  18. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: राहुल-खड़गे ने पीएम मोदी को लिखे पत्र में क्या कहा?

    मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने जांच पूरी होने के बाद उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखी है.

    राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने जांच पूरी होने के बाद उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है. साथ ही ट्रस्ट के खातों और दान के ख़र्च की जानकारी भी लोगों के सामने रखी जाए.

    राहुल और खड़गे ने पत्र में लिखा, "आपको पता है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में हज़ारों करोड़ की चोरी हुई है. लाखों भक्तों ने अपनी मेहनत की कमाई आस्था और विश्वास से दान की थी, लेकिन इस चोरी से वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं."

    "आपने संसद में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर ट्रस्ट बनाने की घोषणा की थी, लेकिन इसके सदस्य सिर्फ़ आपकी सरकार ने ही नियुक्त किए. यह सबको पता है कि ट्रस्ट के सदस्य आरएसएस, वीएचपी और इनके संगठनों से जुड़े हैं. इसका बदनाम पूर्व महासचिव भी आपका क़रीबी था. अब इतनी बड़ी चोरी पर आपकी चुप्पी स्वीकार्य नहीं है. जवाबदेही तय करना और नुकसान की भरपाई करना आपका कर्तव्य है."

    पत्र में आगे लिखा, "हम आपसे आग्रह करते हैं कि तुरंत एक स्वतंत्र और पूरी जांच का आदेश दें. इसमें ट्रस्ट के सभी आर्थिक मामलों की जांच होनी चाहिए, जिसमें नकद, सोना, चांदी समेत सभी चढ़ावे शामिल हों. जांच की रिपोर्ट और ट्रस्ट के खाते सार्वजनिक किए जाएं ताकि हर भक्त को पता चले कि उनके चढ़ावे का इस्तेमाल कैसे हुआ. जो भी दोषी पाए जाएं, उन्हें पद या प्रभाव की परवाह किए बिना सज़ा मिले."

    गौरतलब है कि अयोध्या के राम मंदिर में चंदे की चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की जांच जारी है. राज्य सरकार की गठित एसआईटी इस क्रम में अलग-अलग लोगों से पूछताछ कर रही है.

    BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें.

    BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह.

    (कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.)

  19. सर्वदलीय बैठक से विपक्ष का वॉकआउट, टीएमसी के बाग़ी सांसदों को बुलाने पर विवाद

    टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विपक्षी सांसदों का तर्क है कि सरकार ने टीएमसी के बाग़ी 20 सांसदों के गुट को बैठक में बुलाया, जबकि स्पीकर ओम बिरला ने अभी इनके गुट को मान्यता नहीं दी है

    संसद के मॉनसून सत्र से एक दिन पहले सरकार ने रविवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई. इस बैठक में विपक्षी सांसदों ने वॉकआउट किया.

    दरअसल, यह बैठक संसद भवन में सुबह 11 बजे एनेक्सी के मुख्य समिति कक्ष में शुरू हुई. इसमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और डीएमके सहित कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए. लेकिन कुछ देर बाद ही विपक्षी सांसदों ने वॉकआउट कर दिया.

    विपक्षी सांसदों का तर्क है कि सरकार ने टीएमसी के बाग़ी 20 सांसदों के गुट को बैठक में बुलाया, जबकि स्पीकर ओम बिरला ने अभी इनके गुट को मान्यता नहीं दी है.

    टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा, "आज पूरे विपक्ष ने ऑल पार्टी मीटिंग से वॉकआउट किया है. यह विरोध इसलिए किया गया क्योंकि तथाकथित एनसीपीआई, जो कि एक मान्यता प्राप्त पार्टी नहीं है. टेबल ऑफिस की ओर से दी गई सूची में टीएमसी की सांसद संख्या 28 दिखाई गई है."

    महुआ मोइत्रा ने कहा कि 20 बाग़ी सांसदों के विलय को अभी तक स्पीकर ने मंज़ूरी नहीं दी है. इन 20 सांसदों के खिलाफ़ अयोग्यता की याचिकाएं भी अभी लंबित हैं.

    उन्होंने कहा कि 91वें संशोधन के बाद अलग समूह बनाने की कोई जगह नहीं है. ऐसे में संसदीय कार्य मंत्री ने इन 20 बाग़ी सांसदों को किस आधार पर बैठक का निमंत्रण दिया और वे इस बैठक में कैसे शामिल हुए.

    महुआ मोइत्रा ने कहा कि विपक्ष ने इस पर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया और विरोध के तौर पर सर्वदलीय बैठक से बाहर निकल गया.

    उन्होंने सभी विपक्षी दलों का धन्यवाद भी किया.

    कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि हमने विपक्षी दलों के समर्थन में बैठक से वॉकआउट किया.

    उन्होंने बताया, "संविधान की अवहेलना करके टीएमसी, आम आदमी पार्टी और शिवसेना के साथ जो कुछ हुआ है... उनके समर्थन में संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस ने बैठक से वॉकआउट किया है."

    गौरतलब है कि 18वीं लोकसभा का 9वां संसदीय सत्र यानी मॉनसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक चलेगा.

  20. सोनम वांगचुक के इलाज को लेकर पत्नी गीतांजलि ने खटखटाया हाई कोर्ट का दरवाजा

    गीतांजलि

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमों

    सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे अंगमों ने कहा है कि उन्होंने अपने पति के इलाज से जुड़े मामले में हाई कोर्ट का रुख़ किया है.

    उन्होंने अदालत से सोनम वांगचुक की तबीयत और ख़राब होने से पहले किसी दूसरे अस्पताल में शिफ़्ट करने की अनुमति देने की मांग की है.

    गीतांजलि ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए सफ़दरजंग सरकारी अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए.

    गीतांजलि ने एक्स पर पोस्ट किया, "मेरा सफ़दरजंग सरकारी अस्पताल से भरोसा उठ गया है. अस्पताल ने हमें बताया कि वांगचुक का पोटैशियम लेवल गिरकर 2.9 हो गया है. उन्होंने इसे चिंता वाली और जान के लिए ख़तरा बताने वाली स्थिति बताया. लेकिन अपने पब्लिक हेल्थ बुलेटिन में उन्होंने असल लेवल नहीं बताया."

    उन्होंने आगे लिखा, "10 घंटे बाद और बार-बार मांग करने के बाद, उन्होंने रात 10.30 बजे हमें उनके ब्लड सैंपल लेने की अनुमति दी. एक स्वतंत्र लैब की जांच में पोटैशियम का स्तर 3.5 आया, जो नॉर्मल लेवल के अंदर है."

    "बार-बार अनुरोध करने के बावजूद, अस्पताल ने उन्हें छुट्टी देने या हमारी पसंद के निजी अस्पताल में ले जाने की अनुमति देने से मना कर दिया है. हमारे फ्लोर पर करीब 30 पुलिसकर्मी और पूरे अस्पताल में 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं, जिससे हमारी आवाजाही बहुत सीमित हो गई है. यह इलाज नहीं है. यह ग़ैरकानूनी हिरासत है."

    गीतांजलि ने लिखा, "अगर सोनम को कुछ भी होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी अस्पताल प्रशासन और सरकार की होगी. इसलिए मैंने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और आज तुरंत सुनवाई की मांग की है. मैंने अपील की है कि सोनम की तबीयत और ख़राब होने से पहले उन्हें कहीं और ले जाने की अनुमति दी जाए. किसी भी परिवार को सिर्फ इस बात के लिए सिस्टम से लड़ाई नहीं लड़नी चाहिए कि उनके अपने व्यक्ति का इलाज कहां हो."

    गौरतलब है कि सोनम वांगचुक को पुलिस शनिवार को दिल्ली स्थित जंतर-मंतर से उठाकर सफ़दरजंग अस्पताल लेकर गई थी. इसके बाद रविवार को एक संदेश में वांगचुक ने दावा किया कि वो अवैध हिरासत में हैं.

    BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें.

    BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह.

    (कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.)