सोनम वांगचुक की पत्नी ने कहा विपक्ष अगर ये शर्त मान ले तो वो कल अनशन तोड़ देंगे

इमेज स्रोत, ANI
डॉ. गीतांजलि जे अंगमो ने अपने पति सोनम वांगचुक के हवाले से अनशन ख़त्म करने की एक शर्त विपक्ष के सामने रखी है.
उन्होंने रविवार की शाम को जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन मंच से कहा कि अगर विपक्षी दल उन्हें आश्वासन दें कि वे शिक्षा और जवाबदेही के मुद्दे को ज़ोरदार तरीके़ से संसद सत्र में उठाने का आश्वासन सोनम को मिलकर देते हैं तो ही वो अनशन तोड़ेंगे.
ग़ौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी और उनके समर्थन में 21 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े की रही है.
डॉ. गीतांजलि ने मंच पर सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके की मौजूदगी में कहा, "बहुत से नेता यहां आए तो सोनम का यह कहना है कि कल अगर सांसद और नेता उनसे सफ़दरजंग अस्पताल में मिलकर यह आश्वासन दें कि वो जवाबदेही की बात इस संसद सत्र में उठाएं या संसदीय सत्र का मुख्य मुद्दा शिक्षा और जवाबदेही रखें तो ही वे कल अपना अनशन तोड़ेंगे."
रविवार दोपहर दिल्ली हाईकोर्ट ने वांगचुक को अस्पताल से छुट्टी देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद डॉ. गीतांजलि ने कहा कि वे सोमवार को संसद तक की यात्रा में अपने पति वांगचुक की ओर से शामिल रहेंगी.
फिर कुछ घंटों के बाद अब उनका यह बयान आया है कि कल अनशन तोड़ने की शर्त से जुड़ा है. हालांकि मंच से उन्होंने अपने पति सोनम वांगचुक का यह संदेश भी अपने समर्थकों को दिया है कि सोमवार को सभी शांतिपूर्ण ढंग से संसद मार्च में शामिल हों.
अपने बयान में डॉ. गीतांजलि ने कई नेताओं के रविवार को प्रदर्शन में आने की बात कही. बता दें कि रविवार को कुछ बड़ी हस्तियों ने प्रदर्शन में भाग लिया जिनमें बॉलीवुड की वरिष्ठ अभिनेत्री शबाना आज़मी और तमिल फ़िल्मों के जाने-माने अभिनेता प्रकाश राज शामिल हैं.
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया मंच पर आए.
इसके अलावा, सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले शिवसेना दल ने दादर के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन किया जिसमें आदित्य ठाकरे शामिल रहे.





























