एफ़िल टावर का संचालन करने वाली कंपनी के चीफ़ देंगे इस्तीफ़ा, महिला कर्मचारियों को हटाने पर हुआ था विवाद, जॉर्ज राइट

इमेज स्रोत, Getty Images
एफिल टावर का संचालन करने वाली कंपनी एसईटीई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (चीफ़ एग्जीक्यूटिव) पैट्रिक ब्रांको रुवो इस साल के अंत में अपने पद से इस्तीफ़ा देंगे.
उनका यह फ़ैसला उस वाक़ये के बाद आया है, जब एक हिंदू संगठन के प्रतिनिधिमंडल के दौरे पर रहने के दौरान महिला कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल से हटाकर पुरुष कर्मचारियों से काम कराया गया. इस मामले में काफ़ी विवाद हुआ था.
एसईटीई ने एक बयान में बताया कि रुइवो 2018 से एफिल टावर के डायरेक्टर जनरल के पद पर कार्यरत हैं, वो साल के अंत में अपनी ज़िम्मेदारी छोड़ देंगे.
कंपनी ने बताया कि आंतरिक जांच में पाया गया कि प्रतिनिधिमंडल के दौरे की व्यवस्था में 'परिचालन संबंधी ख़ामियां और कमियां' थीं. जांच के मुताबिक, इन्हीं के चलते महिला कर्मचारियों को हटाने जैसी 'अस्वीकार्य स्थिति' पैदा हुई.
गौरतलब है कि कंपनी के कर्मचारियों का आरोप था कि एक हिंदू धार्मिक समूह के आने पर महिला कर्मचारियों को वहां से हट जाने के लिए कहा गया था.
इस घटना से कर्मचारियों में नाराज़गी फैल गई. फ़्रांस के राजनेताओं ने इसकी आलोचना की और शहर के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी थी.










