लाइव, यमन के शबवा प्रांत में हमले में 50 लोगों की मौत, 200 घायल

यमन के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता माजिद नज़ीली ने भी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि हूती विद्रोहियों ने शबवा में कई ठिकानों पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • रात में थाने के बाहर बैठे पत्रकार
  • एकनाथ शिंदे टाइगर श्रॉफ़ से मिले
  • यहां की महिलाओं ने हाथों में तलवार लेकर किया डांस
  • एसएफ़आई एक्टिविस्ट शरण्या
  • सौरभ राजपूत मर्डर केस
  • 'जो भी हमारे बच्चों पर हाथ उठा रहे सबको सज़ा देंगे
  • पुलिस की भारी तैनाती पर क्या बोले स्टूडेंट
  • आशुतोष रांका और सौरव दास अचानक पहुंचे जंतर-मंतर

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. यमन के शबवा प्रांत में हमले में 50 लोगों की मौत, 200 घायल

    हूती विद्रोहियों

    फ़्रांस की समाचार एजेंसी एएफ़पी ने दो सैन्य सूत्रों के हवाले से बताया है कि यमन के शबवा प्रांत में हूती विद्रोहियों ने एक सैन्य शिविर पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दाग़ीं.

    इस हमले में 50 से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई और कम से कम 200 लोग घायल हुए हैं.

    इससे कुछ घंटे पहले समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने चार सरकारी और मेडिकल सूत्रों के हवाले से इस हमले में 18 लोगों की मौत की ख़बर दी थी.

    सूत्रों के मुताबिक, हूती विद्रोहियों ने शबवा प्रांत में स्थित अलम शिविर को निशाना बनाया.

    यमन के सशस्त्र बलों के प्रवक्ता माजिद नज़ीली ने भी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि हूती विद्रोहियों ने शबवा में कई ठिकानों पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया.

    उनके मुताबिक, हमले में सुरक्षा बलों और पुलिस के एक प्रशिक्षण केंद्र को निशाना बनाया गया.

    शबवा में सरकार के एक सैन्य सूत्र ने बताया कि हूती विद्रोहियों ने रविवार को शबवा प्रांत को हूतियों के नियंत्रण वाले अल-बैदा प्रांत से जोड़ने वाली सड़क बंद कर दी थी.

    इससे पहले हूती विद्रोहियों ने अल-मआशीक़ महल की ओर पांच बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं. हूतियों के मुताबिक, इस महल में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन का संचालन केंद्र था.

  3. इटली में महंगाई के ख़िलाफ़ प्रदर्शन के दौरान हिंसा, पीएम मेलोनी ने दी ये चेतावनी

    इटली
    इमेज कैप्शन, वीकेंड पर पांच हज़ार से ज़्यादा लोग प्रदर्शन के लिए जुटे, इस दौरान हिंसक झड़पें भी हुईं

    इटली के मिलान शहर में बढ़ती महंगाई के ख़िलाफ़ हुए प्रदर्शनों के दौरान हिंसक झड़पें हुई हैं.

    वीकेंड पर पांच हज़ार से ज़्यादा लोग प्रदर्शन के लिए जुटे. प्रदर्शनकारियों में से कई ने मास्क पहन रखे थे.

    उन्होंने पुलिसकर्मियों पर पत्थर, कूड़ेदान और कुर्सियां फेंकीं. इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारें कीं.

    इसके बाद प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी सोमवार को सुरक्षा के मुद्दे पर आपात बैठक कर रही हैं.

    मेलोनी ने शनिवार को कहा, "प्रदर्शन करना एक अधिकार है. लेकिन हमारे शहरों को बर्बाद करना नहीं."

    उन्होंने आरोप लगाया कि "उपद्रवियों" ने प्रदर्शनों का फ़ायदा उठाकर अराजकता फैलाने की कोशिश की.

    यूरोप के दूसरे देशों में भी युवाओं के नेतृत्व में हो रहे ज़्यादातर शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के दौरान हिंसा और दंगे हुए हैं. इनमें फ़्रांस, स्पेन और अल्बानिया शामिल हैं.

    मिलान के मेयर ग्यूसेपे साला ने कहा कि उन्हें चिंता है कि यह एक "नई घटना" है, जिसकी शुरुआत अंतरराष्ट्रीय हालात से हुई है और जो अब ख़ुद को आगे बढ़ा रही है.

    इटली की समाचार एजेंसी अंसा से बात करते हुए साला ने कहा कि उन्होंने "दुकानों के टूटे हुए शीशे, लूटी गई दुकानें और डरे हुए नागरिक" देखे.

    उन्होंने कहा, "यहां जो हुआ, वैसा ही हम दुनिया के कई शहरों में देख रहे हैं."

    मिलान में शनिवार को शुरू हुई झड़पें रविवार तक जारी रहीं. अंसा के मुताबिक़, इस दौरान 200 से ज़्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 80 फ़ीसदी नाबालिग थे.

  4. एशियन पैरा गेम्स 2026: पहले दिन भारत ने चार गोल्ड समेत जीते 11 मेडल

    निशाद कुमार
    इमेज कैप्शन, निशाद कुमार ने सोमवार को पुरुषों की टी47 लॉन्ग जंप में गोल्ड मेडल जीता

    जापान के आइची-नागोया में आयोजित 5वें एशियन पैरा गेम्स 2026 के पहले दिन भारत ने अच्छी शुरुआत की.

    प्रतियोगिता के पहले दिन भारत ने चार गोल्ड, पांच सिल्वर और दो ब्रॉन्ज़ समेत कुल 11 मेडल जीते.

    इसके साथ ही भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर है.

    दो बार के पैरालंपिक सिल्वर मेडल विजेता निशाद कुमार ने सोमवार को पुरुषों की टी47 लॉन्ग जंप में गोल्ड मेडल जीता. इस स्पर्धा में अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए निशाद ने 7.11 मीटर की छलांग लगाई.

    पैरा शूटिंग में मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 (आर2) स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने 250.0 अंक हासिल कर एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाया.

    भारत की अवनी लेखरा ने 249.6 अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता. इस तरह भारत ने इस स्पर्धा में पहले और दूसरे स्थान पर कब्ज़ा किया.

    पैरा तीरंदाज़ी में भी भारत ने अच्छा प्रदर्शन किया. शीतल देवी और तोमन कुमार की जोड़ी ने मिक्स्ड टीम कंपाउंड रैंकिंग राउंड में नया विश्व रिकॉर्ड बनाया.

  5. दिनभर: टाइगर श्रॉफ़ पर हमला, तार कहां तक?

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  6. बिहार: जेडी (यू) विधायक अनंत सिंह पर क्यों हुई एफ़आईआर दर्ज

    अनंत सिंह और अनुज सिंह
    इमेज कैप्शन, जेडीयू विधायक अनंत सिंह और जन सुराज के एमएलसी उम्मीदवार अनुज सिंह

    पटना के बाढ़ इलाके में रविवार को आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में पुलिस ने जनता दल (यूनाइटेड) विधायक अनंत सिंह, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी उम्मीदवार अनुज सिंह और उनके समर्थक कर्मवीर सिंह के ख़िलाफ़ मोकामा और बाढ़ थानों में कुल तीन एफ़आईआर दर्ज की हैं.

    यह सीट इस वजह से चर्चा में आई है, क्योंकि जेडीयू विधायक अनंत सिंह जन सुराज के एमएलसी उम्मीदवार अनुज सिंह के लिए प्रचार कर रहे हैं.

    अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राम कृष्ण ने बताया कि रविवार को बड़े पैमाने पर एमएलसी चुनाव का प्रचार किया गया. इस दौरान अनुमति से ज़्यादा दोपहिया और चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया गया.

    एसडीपीओ राम कृष्ण ने कहा कि कई वाहनों में सायरन और हूटर का इस्तेमाल किया जा रहा था. साथ ही, जेसीबी से फूल बरसाए गए.

    इस मामले में मोकामा और बाढ़ थानों में कुल तीन मुक़दमे दर्ज किए गए हैं. आगे की कार्रवाई की जा रही है.

  7. सीजेपी नेता आशुतोष रांका और सौरव दास की न्यायिक हिरासत दो दिन बढ़ी

    आशुतोष रांका और सौरव दास
    इमेज कैप्शन, सीजेपी नेता सौरव दास और आशुतोष रांका(फ़ाइल फ़ोटो)

    विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) नेता आशुतोष रांका और सौरव दास की न्यायिक हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी.

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को सुनवाई के लिए सोमवार दोपहर मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन लाया गया. उन्हें सुनवाई के लिए एसईएम कोर्ट के सामने पेश किया गया.

    इसके बाद विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने आशुतोष रांका और सौरव दास की न्यायिक हिरासत दो दिन बढ़ाने का आदेश दिया.

    दिल्ली पुलिस ने मंगलवार यानी 13 अक्तूबर को जंतर-मंतर में प्रवेश करने की कोशिश में इन लोगों के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज की थी. यह घटना जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में रद्द किए जाने के एक दिन बाद हुई थी.

    उसके अगले दिन यानी 14 अक्तूबर को सीजेपी के आशुतोष रांका और सौरव दास को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था.

  8. नेहा सिंह राठौर को लेकर फ़ेक न्यूज़ पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान, गायिका ने क्या कहा

    नेहा सिंह राठौर
    इमेज कैप्शन, लोक गायिका नेहा सिंह राठौर (फ़ाइल फ़ोटो)

    लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राष्ट्रीय महिला आयोग का शुक्रिया अदा किया.

    दरअसल, एक निजी न्यूज़ चैनल ने अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नेहा सिंह राठौर को लेकर ग़लत ख़बर प्रकाशित की थी.

    इस ख़बर में उन्हें कथित सेक्स रैकेट से जोड़ा गया था. सार्वजनिक आलोचना के बाद चैनल ने ख़बर को तथ्यात्मक रूप से ग़लत माना और नेहा सिंह राठौर से माफ़ी मांगी.

    इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है.

    आयोग ने एक्स पर लिखा कि लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को कथित सेक्स रैकेट से जोड़ने वाली ख़बरों के प्रकाशन को लेकर आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है.

    आयोग के मुताबिक, सार्वजनिक आलोचना के बाद संबंधित न्यूज़ नेटवर्क ने स्वीकार किया कि ख़बर तथ्यात्मक रूप से ग़लत थी और उसने माफ़ी भी मांगी.

    राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय से कहा है कि वह संबंधित नियामक संस्थाओं, प्रशासनिक निकायों और मीडिया उद्योग की स्व-नियामक संस्थाओं को इस मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दे.

  9. बम की धमकी के बाद इसराइल से ऑस्ट्रिया जा रहे विमान की आपात लैंडिंग

    ऑस्ट्रियन एयरलाइंस
    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    इसराइल से ऑस्ट्रिया जा रही ऑस्ट्रियन एयरलाइंस के एक विमान को कथित तौर पर बम की धमकी मिलने के बाद बुल्गारिया की राजधानी सोफिया की ओर मोड़ दिया गया.

    बुल्गारिया के परिवहन मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि एयरबस ए320 विमान रविवार रात तेल अवीव से वियना जा रहा था. धमकी की जानकारी मिलने के बाद विमान की सोफिया में आपात लैंडिंग कराई गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

    मंत्रालय के मुताबिक, यात्री विमान को सुरक्षा देने के लिए बुल्गारियाई वायुसेना ने एक मिग-29 लड़ाकू विमान भी भेजा था. घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

    बुल्गारियाई और इसराइली मीडिया ने बताया कि विमान को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. ऑस्ट्रियन एयरलाइंस ने भी धमकी मिलने की पुष्टि की है, हालांकि उसने इसके बारे में और जानकारी नहीं दी.

    एयरलाइंस के एक प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि विमान में 51 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे.

    अधिकारियों ने सोफिया में विमान की लैंडिंग के बाद उसकी सुरक्षा जांच की. पहली बार अलर्ट मिलने के करीब 30 मिनट बाद विमान सोफिया में उतरा था. बुल्गारिया की ओर मोड़े जाने से पहले विमान रोमानिया के हवाई क्षेत्र में था.

    ऑस्ट्रियन एयरलाइंस के मुताबिक, जांच के दौरान विमान में किसी तरह का खतरा नहीं मिला. इसके बाद विमान ने सभी यात्रियों के साथ दोबारा उड़ान भरी और वियना में सुरक्षित उतर गया.

    यह घटना पिछले महीने हुई एक अन्य घटना के बाद सामने आई है. उस वक्त तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान में एक पायलट ने कथित तौर पर कप्तान पर हमला कर विमान को हाईजैक करने की कोशिश की थी. हालांकि चालक दल और यात्रियों ने उसे काबू कर लिया और विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब में उतारा गया.

  10. ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े को लेकर देशभर में प्रदर्शन करेंगे किसान संगठन, प्रकाश राज बोले- वोट से हटाएंगे मोदी सरकार, इमरान कु़रैशी, बेंगलुरु से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    प्रकाश राज
    इमेज कैप्शन, किसान संगठनों, ट्रेड यूनियनों और दलित संगठनों के नेताओं ने अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की

    किसान संगठनों, ट्रेड यूनियनों और दलित संगठनों के नेताओं ने अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज के साथ सोमवार को बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की.

    इस दौरान उन्होंने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन अब ज़िला स्तर तक ले जाया जाएगा.

    यह एलान संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान के बाद किया गया है.

    प्रकाश राज ने कहा, "किसानों ने अपने बच्चों को पिटते हुए देखा है. यह सत्ताधारी सरकार के लिए साफ़ संदेश है कि पूरा देश एक साथ उठ खड़ा हो रहा है, क्योंकि यह सिर्फ़ राजनीतिक मुद्दा नहीं है. यह मतदाता के सम्मान और हमारे वोट देने के अधिकार का सवाल है."

    उन्होंने कहा कि 'हर घर तिरंगा' अभियान का आह्वान भी सत्ताधारी पार्टी ने ही किया था. लेकिन इससे जुड़े प्रदर्शन के लिए सरकार ने सौरभ दास और आशुतोष रांका को पांच दिनों तक जेल में रखा.

    प्रकाश राज ने कहा, "इतिहास बताता है कि दुनिया के सभी तानाशाहों ने न्यायिक प्रक्रिया का इस्तेमाल सज़ा देने के लिए किया है. गैलीलियो, सुकरात, चे ग्वेरा, भगत सिंह, महात्मा गांधी और उमर ख़ालिद के उदाहरण देखिए."

    उन्होंने सवाल किया, "अगर आपके पास उन लोगों के नंबर हैं, जिनसे कथित तौर पर जज को धमकी भरे फ़ोन आए थे, तो उन्हें जेल में डालिए. आप इन दोनों (सौरभ और आशुतोष) को रिहा क्यों नहीं कर रहे हैं?"

    बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल में हुए आंदोलनों की तरह भारत में भी विरोध प्रदर्शन होने की संभावना से जुड़े सवाल पर प्रकाश राज ने कहा, "वहां आंबेडकर या गांधी नहीं थे. हमारे देश में संविधान है. यह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन है. अगर वे बातचीत नहीं करेंगे, तो हम उन्हें वोट देकर सत्ता से बाहर कर देंगे."

    उन्होंने आगे कहा, "इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर से हो सकती है. आख़िरकार, हमारे देश के लोग मोदी को सत्ता से हटाएंगे. यही सत्ता परिवर्तन होगा."

    किसान संगठन की नेता चुक्की नंजुंडास्वामी ने कहा, "सभी विरोध प्रदर्शन ज़िला स्तर पर होंगे, क्योंकि आंदोलन को विकेंद्रीकृत करना बहुत ज़रूरी है, ताकि हम ग्रामीण इलाकों तक पहुंच सकें."

  11. प्रज्ञान ओझा बने चीफ़ सेलेक्टर, रमेश पोवार की चयन समिति में एंट्री

    प्रज्ञान ओझा
    इमेज कैप्शन, पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रज्ञान ओझा (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अजीत अगरकर की जगह प्रज्ञान ओझा को चीफ़ सेलेक्टर नियुक्त किया है.

    वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर रमेश पोवार को मेंस क्रिकेट टीम के नए सेलेक्टर के तौर पर नियुक्त किया गया है.

    बीसीसीआई की ओर से जारी बयान के मुताबिक, अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे की सदस्यता वाली क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने पुरुष चयन समिति के एक सदस्य की नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की.

    बीसीसीआई के मुताबिक, समिति ने बीसीसीआई मुख्यालय में आवेदकों के दस्तावेज़ों की जांच की और उनके इंटरव्यू लिए. इसके बाद सर्वसम्मति से रमेश पोवार के नाम की सिफ़ारिश की गई.

    रमेश पोवार
    इमेज कैप्शन, मेंस क्रिकेट टीम के नए सेलेक्टर रमेश पोवार (फ़ाइल फ़ोटो)

    बीसीसीआई ने पुरुष चयन समिति के अध्यक्ष के तौर पर अजित अगरकर के योगदान, प्रतिबद्धता और काम की सराहना की है.

    अगरकर को जुलाई 2023 में इस पद पर नियुक्त किया गया था.

    बीसीसीआई के मुताबिक, सबसे ज़्यादा टेस्ट मैच खेलने के आधार पर प्रज्ञान ओझा चयन समिति के अध्यक्ष होंगे.

    पोवार ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं. इसके बाद उन्होंने कई अहम कोचिंग भूमिकाएं निभाईं. वह भारतीय महिला क्रिकेट टीम, मुंबई और गुजरात के मुख्य कोच रह चुके हैं. इसके अलावा, उन्होंने बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में गेंदबाज़ी कोच के तौर पर भी काम किया है.

  12. ओआईसी की बैठक में भारत विरोधी बयानों को लेकर विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

    रणधीर जायसवाल

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने इराक़ की राजधानी बग़दाद में 17-18 अक्तूबर को हुई इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) के विदेश मंत्रियों की परिषद की बैठक के प्रस्तावों पर प्रतिक्रिया दी है.

    विदेश मंत्रालय ने बैठक में भारत के ख़िलाफ़ की गई टिप्पणियों को ख़ारिज किया है.

    मंत्रालय के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश भारत के अभिन्न और अविभाज्य हिस्से हैं. राजनीतिक मक़सद से किया गया दुष्प्रचार इस सच्चाई को नहीं बदल सकता.

    बयान में कहा गया कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में आर्थिक विकास हुआ है. बुनियादी ढांचे, पर्यटन और कनेक्टिविटी के विकास से वहां के लोगों को सीधे लाभ मिला है.

    मंत्रालय ने कहा, "हम बैठक के प्रस्तावों में भारत के ख़िलाफ़ की गई टिप्पणियों को पूरी तरह ख़ारिज करते हैं. भारत के बारे में की गई टिप्पणियां दुर्भावनापूर्ण, पक्षपातपूर्ण और झूठी हैं."

    "इन्हें पाकिस्तान ने सुनियोजित तरीके से करवाया है. हमें निराशा है कि ओआईसी ने एक बार फिर पाकिस्तान को अपने संकीर्ण एजेंडे के लिए संगठन का दुरुपयोग करने दिया."

    विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि ओआईसी को भारत के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है.

  13. नेहा बोरा ने दिल्ली पुलिस के नोटिस के ख़िलाफ़ हाई कोर्ट का रुख़ किया

    आइसा अध्यक्ष नेहा बोरा

    ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा ने दिल्ली पुलिस की ओर से जारी उस नोटिस के ख़िलाफ़ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख़ किया है, जिसमें उन्हें दस हज़ार रुपये का निजी मुचलका भरने और शांति बनाए रखने का निर्देश दिया गया है.

    शुक्रवार शाम कनॉट प्लेस में ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले दिल्ली पुलिस ने नेहा बोरा को हिरासत में लिया था. उन्हें अगले दिन सुबह रिहा कर दिया गया.

    दशहरे की छुट्टियों की वजह से दिल्ली हाई कोर्ट फिलहाल बंद है और 26 अक्तूबर को खुलेगा.

    बार एंड बेंच के मुताबिक, नेहा की कानूनी टीम ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने 18 अक्तूबर को नेहा बोरा को नोटिस जारी किया था. इसमें उन्हें 19 अक्तूबर को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (एसईएम) के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया था.

    नोटिस में नेहा बोरा को अपने ख़िलाफ़ चल रही जांच की अवधि के दौरान शांति बनाए रखने के लिए ज़मानती के साथ 10 हज़ार रुपये का निजी मुचलका भरने को कहा गया था.

    नेहा की कानूनी टीम के मुताबिक, वे आज एसईएम को सूचित करेंगे कि नेहा बोरा मुचलके पर हस्ताक्षर नहीं करेंगी. एसईएम के नए निर्देश के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

  14. कोटा की एसपी ने टाइगर श्रॉफ़ पर हमले में इस्तेमाल हथियार के बारे में क्या बताया?

    तेजस्वनी गौतम
    इमेज कैप्शन, कोटा की एसपी तेजस्वनी गौतम ने सोमवार को मीडिया को संबोधित किया

    बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में कोटा की एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि हथियार अभी तक बरामद नहीं हुए हैं.

    उन्होंने कहा, "पूछताछ की जाएगी कि उन्होंने हथियारों का क्या किया. इसके बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उनकी योजना नेपाल भागने की थी. कोटा सिटी पुलिस ने उन्हें रेलवे स्टेशन पर हिरासत में लिया."

    कोटा की एसपी के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में पता चला कि अनिल पंडित, रेहान के संपर्क में था. अनिल पंडित का संबंध लॉरेंस बिश्नोई से है.

    उन्होंने कहा, "वे पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल डिब्बे में सफर कर रहे थे. उनकी योजना दिल्ली पहुंचने और फिर नेपाल भागने की थी. मुंबई पुलिस अब यहां पहुंच गई है और हम उन्हें सौंपने की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहे हैं."

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

  16. पैरा एशियन गेम्स: भारत को एक ही इवेंट में मिले गोल्ड और सिल्वर मेडल

    अवनी लेखरा और मोना अग्रवाल
    इमेज कैप्शन, मोना ने 250 अंक हासिल कर गोल्ड जीता, जबकि अवनी 249.6 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं (तस्वीर 2024 की है, अवनी लेखरा और मोना अग्रवाल)

    जापान के नागोया में चल रहे पैरा एशियन गेम्स में भारतीय निशानेबाज़ मोना अग्रवाल ने गोल्ड, जबकि अवनी लेखरा ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया.

    दोनों ने आर2 विमेंस 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग की एसएच1 कैटेगरी में यह उपलब्धि हासिल की. फ़ाइनल में दोनों निशानेबाज़ों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला.

    मोना ने 250.0 अंक हासिल कर गोल्ड जीता, जबकि अवनी 249.6 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं.

    दक्षिण कोरिया की युनरी ली ने 227.9 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता.

    प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने दोनों भारतीय निशानेबाज़ों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी.

  17. लालकृष्ण आडवाणी को मिली अस्पताल से छुट्टी, हेल्थ को लेकर अपडेट आया सामने

    लालकृष्ण आडवाणी
    इमेज कैप्शन, लालकृष्ण आडवाणी को 16 अक्तूबर को चेस्ट इंफ़ेक्शन के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को सोमवार को अपोलो अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है.

    आडवाणी को 16 अक्तूबर को सीने में संक्रमण (चेस्ट इंफ़ेक्शन) के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    अपोलो अस्पताल की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, "श्री एल.के. आडवाणी को आज अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है. उनका इलाज़ न्यूरोलॉजी के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में चल रहा था और उनकी सेहत में सुधार हुआ है."

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी महीने सात अक्तूबर को केंद्र और राज्य में सरकार के प्रमुख के रूप में लगातार 25 साल पूरे करने के मौक़े पर लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर मुलाक़ात की थी.

    पीएम मोदी ने इस मुलाक़ात की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर साझा की थी.

    साथ ही उन्होंने एक्स पर लिखा, "आडवाणी जी से उनके आवास पर मुलाक़ात की और उनका आशीर्वाद लिया."

    आडवाणी ने लिखा, "दशकों की जनसेवा और राष्ट्र-निर्माण में उनके अभूतपूर्व योगदान ने देश पर एक अमिट छाप छोड़ी है. भारत की प्रगति को मज़बूत करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है."

  18. टाइगर श्रॉफ़ पर हमले के तीन अभियुक्त गिरफ़्तार, नेपाल भागने की फ़िराक़ में थे, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    टाइगर श्रॉफ़
    इमेज कैप्शन, टाइगर श्रॉफ़ की कार पर मुंबई में रविवार शाम को अज्ञात हमलावरों ने फ़ायरिंग की थी

    बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ़ पर हमले के तीन अभियुक्तों को राजस्थान के कोटा से पुलिस ने सोमवार को गिरफ़्तार किया है.

    कोटा पुलिस अधीक्षक (एसपी) तेजस्विनी गौतम ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से फ़ोन पर अभियुक्तों की गिरफ़्तारी की पुष्टि की है.

    एसपी तेजस्विनी गौतम ने बीबीसी को बताया, "सोमवार सुबह क़रीब साढ़े ग्यारह बजे कोटा सिटी पुलिस ने टाइगर श्रॉफ़ पर हमले के तीनों अभियुक्तों को रेलवे स्टेशन से गिरफ़्तार किया है."

    एसपी गौतम ने कहा है, "यह तीनों यहां से दिल्ली और फिर दिल्ली से नेपाल भागने की फ़िराक़ में थे. हम तीनों से पूछताछ कर रहे हैं."

    पुलिस को फ़िलहाल अभियुक्तों से हथियार बरामद नहीं हुए हैं.

    गौरतलब है कि टाइगर श्रॉफ़ की कार पर मुंबई में रविवार शाम को अज्ञात हमलावरों ने फ़ायरिंग की थी.

  19. इमरान ख़ान की याचिका पर 26 अक्तूबर को सुनवाई करेगा बॉम्बे हाई कोर्ट

    इमरान खान
    इमेज कैप्शन, इमरान खान की ओर से दलील दी गई है कि नोटिस जारी करने से पहले उन्हें अपना पक्ष रखने का मौक़ा नहीं दिया गया (फ़ाइल फ़ोटो)

    बॉम्बे हाईकोर्ट ने अभिनेता इमरान ख़ान की याचिका पर सुनवाई के लिए 26 अक्तूबर की तारीख़ तय की है. इमरान खान ने फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस की ओर से जारी ‘लीव इंडिया नोटिस’ को चुनौती दी है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, याचिका में इमरान ख़ान की ओर से दलील दी गई है कि नोटिस जारी करने से पहले उन्हें अपना पक्ष रखने का मौक़ा नहीं दिया गया. उन्होंने यह भी कहा है कि नोटिस ओवरसीज़ सिटिज़न ऑफ़ इंडिया कार्डधारकों को क़ानून के तहत मिले अधिकारों का उल्लंघन करता है.

    मुख्य न्यायाधीश महेश चंद्र त्रिपाठी और न्यायमूर्ति अद्वैत सेठना की खंडपीठ ने सोमवार को याचिका पर सुनवाई के लिए 26 अक्तूबर की तारीख़ तय की.

    सुनवाई से पहले याचिका का उल्लेख किए जाने के दौरान बेंच ने पूछा कि क्या इमरान ख़ान के ख़िलाफ़ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज है.

    इस पर इमरान के वकील वेंकेटेश धोंड ने कहा कि उनके ख़िलाफ़ ऐसा कोई पूर्व रिकॉर्ड नहीं है.

    इमरान ख़ान को 10 अक्तूबर को मुंबई पुलिस ने अगस्त क्रांति मैदान में हुए प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया था.

    इस प्रदर्शन में एसआईआर के तहत मतदाता सूची में संशोधन के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की गई थी.

    प्रदर्शन के बाद भाजपा नेता किरीट सोमैया ने मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.

    शिकायत में उन्होंने इमरान ख़ान के अमेरिकी नागरिक होने का हवाला देते हुए कथित क़ानूनी उल्लंघन के मामले में उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की थी.

    इसके बाद जारी ‘लीव इंडिया नोटिस’ को इमरान ख़ान ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है.

  20. टाइगर श्रॉफ़ को लेकर बोले शत्रुघ्न सिन्हा- उनकी किस्मत अच्छी रही

    शत्रुघ्न सिन्हा
    इमेज कैप्शन, अभिनेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि यह घटना चौंकाने वाली और चिंता बढ़ाने वाली है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अभिनेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने टाइगर श्रॉफ़ पर हुई गोलीबारी के मामले पर चिंता जाहिर की है.

    शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि टाइगर की क़िस्मत अच्छी रही कि उन्हें कोई चोट नहीं आई.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "एक बेहद काबिल पिता जैकी श्रॉफ़ के बेटे और सबसे चहेते स्टार टाइगर श्रॉफ़ पर कल हमला किया गया, उन्हें धमकियां दी गईं, निशाना बनाया गया और गोलियां चलाई गईं. यह घटना चौंकाने वाली और चिंता बढ़ाने वाली है."

    शत्रुघ्न ने लिखा, "टाइगर की क़िस्मत अच्छी थी कि उन्हें कोई चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर को बुरी तरह चोट लगी. महाराष्ट्र के माननीय मुख्यमंत्री फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इस गंभीर मामले को लेकर बहुत चिंतित नज़र आ रहे हैं."

    गौरतलब है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि हमलावरों की गिरफ़्तारी जल्द होगी.