लाइव, जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले बोले अभिजीत दीपके- मेरी गिरफ़्तारी हो जाती है तो...

कॉकरोच जनता पार्टी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा है कि यदि उनकी गिरफ़्तारी हो जाती है, तो भी निष्पक्ष चुनाव के लिए लड़ाई जारी रहेगी.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • बेंगलुरु में सीजेपी का प्रदर्शन
  • saurav das
  • राहुल गांधी
  • राहुल गांधी
  • rahul gandhi
  • राहुल गांधी
  • रात में थाने के बाहर बैठे पत्रकार

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. प्रदर्शन से पहले बोले अभिजीत दीपके- मेरी गिरफ़्तारी हो जाती है तो...

    अभिजीत दीपके
    इमेज कैप्शन, अभिजीत दीपके ने मीडिया से बातचीत की और कहा कि विरोध प्रदर्शन उनका मौलिक अधिकार है

    कॉकरोच जनता पार्टी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा है कि यदि उनकी गिरफ़्तारी हो जाती है, तो भी निष्पक्ष चुनाव के लिए लड़ाई जारी रहेगी.

    अभिजीत दीपके शनिवार सुबह मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं. इससे पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत की और कहा कि विरोध प्रदर्शन उनका मौलिक अधिकार है.

    अभिजीत दीपके ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, “मुझे हैरानी होती है कि प्रधानमंत्री इस देश के युवाओं और जनता से इतने डरे हुए क्यों हैं. सभी रेलवे सेवाएं और मेट्रो स्टेशन बंद करने की क्या ज़रूरत थी? उन्होंने इंटरनेट बंद कर दिया और सड़कें रोक दी हैं."

    "उन्होंने जम्मू-कश्मीर से सेना लाकर दिल्ली में तैनात कर दी है. नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से सीआरपीएफ बल बुलाकर दिल्ली में तैनात कर दिए हैं. क्या नरेंद्र मोदी और अमित शाह अपने ही देश की जनता के ख़िलाफ़ युद्ध छेड़ना चाहते हैं? क्या ज्ञानेश कुमार उनके लिए इतने प्यारे हैं कि वे अपनी ही जनता पर पुलिस और आर्मी देंगे?"

    उन्होंने कहा, “पीएम मोदी डर गए हैं. उन्हें डर है कि इस घटना के बाद इस देश की जनता उन्हें वोट नहीं देगी. इसलिए, बस सत्ता में बने रहने के लिए, वे ट्रेनों से लोगों को उठा रहे हैं. सोसाइटियों में एलान किए जा रहे हैं कि लोग प्रदर्शनों में शामिल न हों."

    "दिल्ली पुलिस घर-घर जाकर लोगों से कह रही है कि प्रदर्शनों में भाग न लें. लेकिन हम क्यों न करें? विरोध प्रदर्शन हमारा मौलिक अधिकार है. अनुच्छेद 19 हमें लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीक़े से विरोध करने का मौलिक अधिकार देता है, और हम ठीक वैसा ही करने वाले हैं."

    दीपके से पूछा गया कि दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर क्या उनकी गिरफ़्तारी हो सकती है?

    इस पर उन्होंने जवाब दिया, “अगर वे मुझे हिरासत में लेना या गिरफ़्तार करना चाहते हैं, करें. मैं इसके लिए तैयार हूं. इससे मुझे कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता. यूएपीए लगा दें, एनएसए लगा दें. लेकिन हम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों तथा इस देश की लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ते रहेंगे.”

    दूसरी ओर, जंतर-मंतर और उसके आसपास के इलाक़ों में दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ गई है. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है.

  2. कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में कौन-कौन से दल होंगे शामिल

    सीजेपी
    इमेज कैप्शन, कॉकरोच जनता पार्टी ने सभी विपक्षी दलों को प्रदर्शन में शामिल होने का न्योता दिया है. ये तस्वीर गुरुवार को बेंगलुरू में हुए एक प्रदर्शन की है

    कॉकरोच जनता पार्टी ने शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया है. पार्टी ने सभी विपक्षी दलों को इसमें शामिल होने का न्योता दिया था.

    लेफ़्ट (सीपीएम, सीपीआई, सीपीआई-एमएल, आरएसपी और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक), आम आदमी पार्टी और ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस इसमें शामिल होगी. हालांकि, कांग्रेस इस प्रदर्शन से दूरी बनाए हुए है. राहुल गांधी शनिवार को ‘छात्रों की गूंज’ के अगले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए चेन्नई में रहेंगे.

    वहीं, अखिलेश यादव ने शुक्रवार को ही कह दिया था कि सीजेपी के साथ उनका नैतिक समर्थन है. उन्होंने शनिवार सुबह भी प्रदर्शनकारियों के पक्ष में एक्स पर पोस्ट किया.

    अखिलेश यादव ने लिखा, "हम देश की युवा ऊर्जा के साथ हैं. बीजेपी सरकार अगर समझ रही है कि वो ताक़त के बल पर जनता को रोक लेगी तो ये उसकी और भी बड़ी भूल साबित होगी. ‘जंतर-मंतर’ अब एक जगह का नाम नहीं, एक नई चेतना और जागरण का प्रतीक बन गया है."

    उन्होंने कहा, "अगर सरकार ने आंदोलनकारियों को रोका तो देश में हर जगह जंतर-मंतर बन जाएगा."

  3. राष्ट्रपति पर राहुल गांधी की टिप्पणी: बीजेपी बोली- उन्होंने सारी हदें पार कर दीं

    द्रौपदी मुर्मू
    इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने शुक्रवार देर शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाक़ात के बाद उनका धन्यवाद किया था (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर दिया गया बयान 'सियासत से प्रेरित' है.

    दरअसल, राहुल गांधी ने शुक्रवार देर शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाक़ात के बाद उनका धन्यवाद किया था.

    राहुल गांधी ने मुलाक़ात के बाद मीडिया से कहा, "मुझे लग रहा था कि राष्ट्रपति कहेंगी कि चुनाव चोरी नहीं होता है. लेकिन राष्ट्रपति ने हमारी बातें सुनीं. उन्होंने हमारी बातों को नकारा नहीं. हम हैरान रह गए. उन्होंने ऐसा नहीं कहा कि भारत में चुनाव चोरी नहीं हो रहे हैं."

    इस पर बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी ने सारी सीमाएं पार कर दी हैं.

    उन्होंने कहा, "महामहिम राष्ट्रपति महोदया ने इंडिया गठबंधन को मिलने का समय दिया था. राहुल गांधी और उनके नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के नेता, जो पिछले कई दिनों से अनर्गल, निराधार प्रदर्शन कर रहे हैं, उन्होंने देश के सर्वोच्च संस्थान को लेकर ऐसा बयान दिया है, जो न सिर्फ़ विचित्र लगता है, बल्कि उसमें सच से ज़्यादा सियासत की गंध आ रही है."

    सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "राहुल गांधी का कहना कि महामहिम राष्ट्रपति महोदया ने उनके आरोपों को स्वीकार कर लिया है, ये दर्शाता है कि राहुल गांधी देश की हर संवैधानिक संस्था को अपनी राजनीति का शिकार बनाने का दुष्चक्र रच रहे हैं. उन्होंने आज सारी सीमाएं पार कर दी हैं."

    "राहुल गांधी का पिछला ट्रैक रिकॉर्ड भी ये रहा है. वो देश के सर्वोच्च न्यायालय के बारे में झूठ बोलने के लिए बिना शर्त माफ़ी मांग चुके हैं. इसके बाद, देश के मुख्य चुनाव आयोग पर वो निरंतर बिना किसी आधार के आरोप लगाते जा रहे हैं."

    सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी आज राष्ट्रपति के साथ हुई वार्ता को इस रूप में प्रस्तुत किया, जैसा उनकी सियासत को सूट करता है.

    गौरतलब है कि शुक्रवार शाम को विपक्षी दलों के सांसदों ने राहुल के नेतृत्व में मार्च निकालकर राष्ट्रपति मुर्मू से मुलाक़ात की थी.

  4. प्रदर्शन से ठीक पहले कैसा है जंतर-मंतर का हाल, तस्वीरों में देखें

    दिल्ली
    इमेज कैप्शन, कई तस्वीरों में बैरिकेडिंग, भारी पुलिस बल और पुलिस की वैन भी दिखाई दे रही हैं

    कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और इसके आसपास के इलाक़ों में तैनाती और पाबंदियां बढ़ा दी हैं.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने कुछ तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें भारी पुलिस बल, सुरक्षा बल और पुलिस वैन दिखाई दे रही हैं.

    दरअसल, सीजेपी के नेतृत्व में हो रहे इस प्रदर्शन के लिए इजाज़त नहीं मिली थी. हालांकि, सीजेपी नेताओं का कहना है कि वो जंतर-मंतर पहुंचेंगे.

    पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने शुक्रवार रात को कहा था कि वो इतिहास बनाएंगे.

    आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा था, "डियर कॉकरोचेज! मुझे गर्व है कि हम सबने अब तक कितना लंबा सफ़र तय किया है. चाहे कुछ भी हो जाए, हम इतिहास ज़रूर रचेंगे!"

    उन्होंने लिखा, "बस एक बात याद रखना - हाथ में संविधान और दिल में गांधी. कुछ भी हो जाये, हाथ हमारा नहीं उठेगा. भारत माता की जय."

    उनके अलावा, सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण, सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव, आइसा की अध्यक्ष नेहा बोरा और जाने-माने यूट्यूबर ध्रुव राठी ने भी लोगों से जुटने की अपील की है.

    जंतर मंतर
    जंतर मंतर
    जंतर मंतरजंतर मंतर
    जंतर मंतर
  5. कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से पहले 250 से अधिक ट्रेनें रद्द

    ट्रेन
    इमेज कैप्शन, बड़े पैमाने पर ट्रेनों को रद्द किए जाने से हज़ारों यात्रियों को होने वाली असुविधा को लेकर रेलवे के फ़ैसले पर सवाल उठ रहे हैं (सांकेतिक तस्वीर)

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन से पहले नई दिल्ली और हज़रत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशनों से आने-जाने वाली 250 से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, रेलवे बोर्ड के फ़ैसले के तहत 9 अक्तूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशनों से रवाना होने वाली यात्री ट्रेनों को रद्द किया गया है.

    इसके अलावा, 10 अक्तूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हज़रत निज़ामुद्दीन स्टेशन पहुंचने वाली ट्रेनें भी रद्द रहेंगी.

    बड़े पैमाने पर ट्रेनों को रद्द किए जाने से हज़ारों यात्रियों को होने वाली असुविधा को लेकर रेलवे के फ़ैसले पर सवाल उठ रहे हैं. रेलवे के पूर्व अधिकारियों, यात्री संगठनों और कर्मचारी महासंघों ने इस क़दम की आलोचना की है.

    रेलवे बोर्ड के पूर्व सदस्य (इंजीनियरिंग) सुबोध जैन ने कहा, "इतनी बड़ी संख्या में ट्रेनों को रद्द करना प्रदर्शनकारियों के सामने समर्पण करने जैसा है."

    ऑल इंडिया रेलवेमेंस फ़ेडरेशन के महासचिव शिव गोपाल मिश्रा ने भी रेलवे के इस फ़ैसले की आलोचना की. उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "देश के किसी हिस्से में विरोध प्रदर्शन या आंदोलन के कारण एक साथ इतनी बड़ी संख्या में ट्रेनों को रद्द किए जाने का उन्हें कोई पिछला उदाहरण याद नहीं है."

    उन्होंने कहा कि अचानक ट्रेनों के रद्द होने से हज़ारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

    दूसरी ओर, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने भी 45 मेट्रो स्टेशनों का एंट्री और एग्ज़िट पॉइंट बंद कर दिए हैं.