लाइव, छत्तीसगढ़ के स्कूलों में हिंदू धर्म से जुड़े छह मंत्रों के पाठ का आदेश, कांग्रेस ने जताई आपत्ति

राज्य सरकार के इस आदेश को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार अपने सांप्रदायिक एजेंडे को थोपने की कोशिश कर रही है.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • ट्रंप
  • एस जयशंकर
  • ट्रंप
  • यूक्रेनी स्टूडेंट
  • rollercoaster
  • pat cumins
  • बांग्लादेश में एक टका लेकर पढ़ात हैं रहमान

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, अरशद मिसाल

  1. छत्तीसगढ़ के स्कूलों में हिंदू धर्म से जुड़े छह मंत्रों के पाठ का आदेश, कांग्रेस ने जताई आपत्ति, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए

    शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव

    इमेज स्रोत, https://x.com/GajendraYdvBJ

    इमेज कैप्शन, छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव (फ़ाइल फ़ोटो)

    छत्तीसगढ़ के स्कूलों में अब राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और राज्यगीत के अलावा हिंदू धर्म से जुड़े छह मंत्रों का पाठ और प्रार्थनाएं कराई जाएंगी.

    राज्य के शिक्षा विभाग ने इसे नए सत्र से लागू करने के निर्देश जारी किए हैं.

    राज्य सरकार के इस आदेश को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने आपत्ति जताई है और आरोप लगाया है कि सरकार अपने सांप्रदायिक एजेंडे को स्कूली बच्चों पर थोपने की कोशिश कर रही है.

    स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि हर दिन सुबह स्कूल शुरू होने से पहले प्रार्थना में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र और महापुरुषों की जीवनी को बोलकर पढ़ा जाएगा.

    आदेश के मुताबिक़, दोपहर में भोजन से पहले भोजन मंत्र का पाठ किया जाएगा. शाम को छुट्टी होने से पहले राज्यगीत, गायत्री मंत्र और शांति मंत्र का पाठ किया जाएगा.

    राज्य सरकार के इस आदेश को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला का आरोप है कि भाजपा सरकार अपने सांप्रदायिक एजेंडे को थोपने की कोशिश कर रही है.

    उन्होंने कहा, “स्कूलों में सभी धर्मों, समुदायों और वर्गों के बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं. ऐसे में किसी विशेष धार्मिक परंपरा से जुड़े मंत्रों को अनिवार्य करना सही नहीं है. सरकार को इस पर फिर से विचार करना चाहिए.”

    राज्य सरकार का आदेश

    इमेज स्रोत, Chhattisgarh Government

    इमेज कैप्शन, राज्य सरकार का आदेश
  2. भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच पहला वनडे शुरू, बारिश की वजह से 25 ओवर का होगा मैच

    कप्तान शुभमन गिल और अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल और अफ़ग़ानिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी

    भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच शनिवार को पहला वनडे खेला जा रहा है. ये मैच हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में हो रहा है.

    बारिश की वजह से मैच देरी से शुरू हो रहा है. अब 50 के बजाए 25 ओवर का मैच खेला जाएगा.

    भारत ने टॉस जीतकर, पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    वहीं, हर्ष दुबे और गुरनूर बरार आज के मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए डेब्यू कर रहे हैं.

    भारतीय प्लेइंग 11-

    शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा

    अफ़ग़ानिस्तान प्लेइंग 11-

    इब्राहिम ज़दरान, रहमानुल्लाह गुरबाज़ (विकेटकीपर), सिदीकुल्लाह अतल, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अज़मतुल्लाह ओमरज़ई, मोहम्मद नबी, राशिद ख़ान, मोहम्मद सलीम सफ़ी, एएम ग़ज़नफ़र, ज़िया उर रहमान शरीफ़ी

  3. शहबाज़ शरीफ़ बोले- अमेरिका और ईरान के बीच 24 घंटों में डील फ़ाइनल होने की उम्मीद

    शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि वो बातचीत के दौरान लगातार सहयोग के लिए अमेरिका और ईरान का धन्यवाद करना चाहते हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने शनिवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता बहुत क़रीब है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, “हम शांति समझौते के पहले से कहीं ज़्यादा करीब हैं.”

    “अगले 24 घंटों में इसके फाइनल होने की उम्मीद है, जिसके फ़ौरन बाद पाकिस्तान शांति समझौते पर इलेक्ट्रॉनिक तरीके से हस्ताक्षर करने की तैयारी कर रहा है. उसके बाद अगले हफ़्ते तकनीकी स्तर की बातचीत होगी.”

    उन्होंने आगे कहा, "हम बातचीत के दौरान लगातार सहयोग के लिए अमेरिका और ईरान का धन्यवाद करना चाहते हैं, और इस क्षेत्र में मौजूद अपने भाइयों का भी उनके समर्थन के लिए दिल से आभार व्यक्त करते हैं."

    पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि यह ऐतिहासिक शांति समझौता स्थायी शांति के लिए एक मज़बूत आधार बनेगा.

  4. उपेन्द्र कुशवाहा एक बार फिर चुने गए आरएलएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष

    उपेन्द्र कुशवाहा
    इमेज कैप्शन, उपेन्द्र कुशवाहा को एक बार फिर आरएलएम का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है

    राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) नेता उपेन्द्र कुशवाहा को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है.

    शनिवार को दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया में पार्टी का राष्ट्रीय अधिवेशन हुआ.

    अधिवेशन में सर्वसम्मति से पार्टी के संस्थापक और सीनियर नेता उपेन्द्र कुशवाहा को कार्यकाल (2026-29) के लिए फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है.

    पार्टी ने प्रेस रिलीज़ जारी कर ये जानकारी दी है.

    प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने संकल्प लिया कि पार्टी सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोज़गार, किसानों के हित तथा बिहार के समग्र विकास के मुद्दों को मज़बूती से उठाती रहेगी.

    इस दौरान पार्टी के अन्य विधायक, बिहार सरकार में मंत्री और उनके बेटे दीपक प्रकाश भी मौजूद रहे.

  5. टीएमसी की पूर्व नेता सुष्मिता देव अब आगे क्या करेंगी, पार्टी छोड़ने की वजह बताई

    सुशमिता देव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुष्मिता देव टीएमसी से राज्यसभा सांसद थीं (फ़ाइल फ़ोटो)

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफ़ा देने वालीं सुष्मिता देव ने शनिवार को पार्टी छोड़ने की वजह बताई.

    उन्होंने एएनआई से बात करते हुए कहा, “इसके पीछे कुछ निजी और राजनीतिक कारण हैं. अगर कोई पार्टी छोड़ता है, तो उसे राज्यसभा की सीट भी छोड़ देनी चाहिए, क्योंकि वह सीट पार्टी ने ही दी थी. मुझे यही सही लगा.”

    उन्होंने किसी और राजनीतिक दल में शामिल होने को लेकर कहा, "प्लीज़ थोड़ा धैर्य रखें. आपको जल्द ही पता चल जाएगा कि मैं किस दिशा में आगे बढ़ूंगी. मेरे समर्थक मेरे साथ थे और मेरे साथ ही रहेंगे."

    सुष्मिता देव ने बीते बुधवार को राज्यसभा की सदस्यता और टीएमसी से इस्तीफ़ा दे दिया था.

    उन्होंने कहा, "मेरा मानना ​​है कि अगर मैं असम की राजनीति में आगे बढ़ना चाहती हूं, तो तृणमूल कांग्रेस में अभी ऐसा माहौल नहीं है जो राज्य में उस विकास में मदद कर सके, पार्टी छोड़ने का यही मुख्य कारण है."

  6. लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे भारतीय थल सेना के अगले प्रमुख

    लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ

    इमेज स्रोत, Photo: SpokespersonMoD

    इमेज कैप्शन, लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत सरकार ने मौजूदा उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को अगले थल सेना प्रमुख के तौर पर नियुक्त किया है.

    रक्षा मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट करके इसकी जानकारी दी है कि लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ30 जून 2026 की दोपहर से थल सेना प्रमुख का कार्यभार संभालेंगे.

    मौजूदा थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी उसी दिन सेवा से रिटायर होंगे.

    लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ, नेशनल डिफ़ेंस एकेडमी, खड़कवासला के पूर्व छात्र हैं. उन्होंने दिसंबर 1986 में आर्म्ड कोर जॉइन किया था.

  7. कल्याण बनर्जी बोले, 'बाग़ी सांसद बीजेपी की शरण में रहना चाहते हैं'

    टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी (फ़ाइल फोटो)

    तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी ने ने बाग़ी गुट के सांसदों की लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से प्रस्तावित मुलाक़ात पर प्रतिक्रिया दी है.

    दरअसल टीएमसी के बाग़ी सांसद जगदीश बर्मा बसुनिया ने शनिवार को एएनआई से बात करते हुए दावा किया था कि पार्टी के बाग़ी सांसदों का एक समूह 15 जून को लोकसभा स्पीकर से मुलाकात करेगा.

    उन्होंने यह भी कहा कि इस मुलाकात के दौरान सभी 19 बाग़ी सांसदों के मौजूद रहने की उम्मीद है.

    सांसद कल्याण बनर्जी ने एएनआई से बात करते हुए कहा, "देखिए, उन लोगों को जो करना है, करने दीजिए. उन लोगों को बीजेपी की शरण में रहना होगा, नहीं तो उनका कुछ नहीं चलेगा."

    उन्होंने टीएमसी के बाग़ी सांसदों के बारे में कहा, "यह सब एक चाल है. वे अपने चुनाव क्षेत्रों के विकास का हवाला देते हैं, लेकिन जो लोग अपने चुनाव क्षेत्रों का दौरा तक नहीं कर सकते, वे भला क्या काम करेंगे?"

    उन्होंने कहा, "उन्हें मुख्यमंत्री के साथ रहने की आदत हो गई है. वे मुख्यमंत्री का साथ नहीं छोड़ेंगे."

    "पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र खत्म हो गया है. वहां टीएमसी के लोगों को परेशान किया जा रहा है. कोई अपने घर में भी सुरक्षित नहीं है."

    "पिछले एक महीने में क्या विकास हुआ है? क्या इन सांसदों ने मुख्यमंत्री से बात की है? क्या मुख्यमंत्री ने कोई वादा किया है? आप बताइए. ये लोग बीजेपी की शरण में रहना चाहते हैं."

  8. अखिलेश यादव की बेटी पर ग़लत टिप्पणी करने वालों पर क्या कर्रवाई हुई, सीएम योगी ने बताया

    योगी आदित्यनाथ

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज़मगढ़ में एक जनसभा के दौरान ये बात कही है (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी यादित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी पर की गई ग़लत टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने आज़मगढ़ में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, "बेटी, बेटी होती है. बेटी का सम्मान होना चाहिए. मैं पिछले दिनों देख रहा था कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी के ख़िलाफ़ किसी ने ग़लत टिप्पणी की थी."

    "जैसे ही यह मेरे संज्ञान में आया, मैंने पुलिस से कहा कि इसमें तत्काल एफ़आईआर दर्ज कराई जाए. बेटी के ख़िलाफ़ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जानी चाहिए."

    उन्होंने आगे कहा, "बेटी, बेटी होती है. हम तो उन संस्कारों में पले-बढ़े हैं, जहां कहा जाता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी होती है और गांव की बहन सबकी बहन होती है. हमने तो कभी कोई भेदभाव नहीं किया."

    इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव को भी नसीहत दी.

    उन्होंने कहा, "अखिलेश जी, आप दूसरों को उपदेश देते हैं, तो अपने चेले-चपाटों को भी थोड़ा उपदेश दे दीजिए कि वे अपनी भाषा पर संयम रखें. दूसरों के प्रति टिप्पणी करने से पहले स्वयं भी सोचा करें. आपके लोग बहनों और बेटियों, बुज़ुर्गों, दिवंगत लोगों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति किस प्रकार की भाषा का प्रयोग करते हैं, इस पर भी उन्हें अपने लोगों को समझाना चाहिए."

    उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव ऐसा नहीं कर सकते हैं तो, "उन्हें हमारे हवाले कर दीजिए, हम उन्हें अच्छी तरह समझा देंगे."

  9. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  10. अमेरिका-ईरान समझौते की संभावना के बीच कच्चे तेल की क़ीमतों में गिरावट

    तेल टैंकर

    इमेज स्रोत, Yuichi YAMAZAKI / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ब्रेंट क्रूड ऑयल की क़ीमतें मार्च की शुरुआत के बाद से अपने सबसे निचले स्तर पर आ गई हैं (सांकेतिक तस्वीर)

    अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की चर्चाओं के बीच कच्चे तेल की क़ीमतों में गिरावट आई है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ब्रेंट क्रूड ऑयल की क़ीमतें मार्च की शुरुआत के बाद से अपने सबसे निचले स्तर पर आ गई हैं.

    ब्रेंट क्रूड ऑयल की क़ीमत 87.33 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है, जो पिछले दिन की तुलना में 3.05 डॉलर (3.4%) कम है.

    अमेरिकी वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट कच्चे तेल की क़ीमत भी गिरकर 84.88 डॉलर प्रति बैरल हो गई है. इसमें 2.83 डॉलर या 3.2 प्रतिशत की गिरावट आई है. यह अप्रैल के बाद से इसकी सबसे कम क़ीमत है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, निवेश फ़र्म 'अगेन कैपिटल' के पार्टनर जॉन किल्डफ़ ने कहा, "बाज़ार में गिरावट का मुख्य कारण ईरानियों का यह बयान है कि उनका अमेरिका के साथ समझौता होने वाला है."

    शुक्रवार को ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने एक टेलीविज़न कार्यक्रम में कहा, "हम पहले से कहीं अधिक समझौते के क़रीब हैं. यानी, यह अगले एक-दो दिनों में हो सकता है, या अगले कुछ दिनों के भीतर हो सकता है."

  11. '370 रुपये की बिरयानी' मामले में प्रणीत मोरे ने मांगी माफ़ी

    प्रणीत मोरे

    इमेज स्रोत, Insta/@rj_pranit

    इमेज कैप्शन, प्रणीत मोरे ने कहा कि वह भविष्य में अपने कॉन्टेंट पर काम करेंगे

    स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने '370 रुपये की बिरयानी' से जुड़े एक वीडियो के वायरल होने के बाद अब माफ़ी मांगी है.

    मोरे ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें वह माफ़ी मांगते और भविष्य में ख़ुद पर सुधार लाने की बात कहते दिख रहे हैं.

    उन्होंने कहा, "आप सब ने मेरा वीडियो देखा होगा, जिसके लिए मुझे काफ़ी हेट मिल रही है. मुझे लगता है कि मैं इस हेट के लायक हूँ भी. जब मैं उस लड़के से बात कर रहा था तो उसने काफ़ी भद्दी बातें बोलीं और सब लोग उस पर हँस रहे थे."

    मोरे ने कहा, "मैं भी उत्साह में आ गया और चीज़ों को सही तरीक़े से देख नहीं पाया. मैं चाहता तो उसको वहीं पर रोक सकता था, जो मैं नहीं कर पाया. इसकी वजह से जिस किसी को भी दुख पहुँचा है, मैं उन सभी से माफ़ी माँगना चाहता हूँ."

    इसके अलावा मोरे ने कहा कि उनके ख़िलाफ़ जो क़ानूनी कार्यवाही हो रही है, उसमें वह पूरा सहयोग कर रहे हैं.

    उन्होंने लोगों से ख़ुद के लिए मौक़ा भी माँगा. मोरे ने कहा, "मैं बस यही निवेदन करना चाहता हूँ कि आप सब मुझे एक मौक़ा दें. मैं बेहतर इंसान बनकर दिखाऊंगा."

    उन्होंने कहा, "ये मेरे लिए एक सीख थी. मैं ख़ुद के ऊपर काम कर रहा हूँ, मैं अपने कॉन्टेंट के ऊपर भी काम करूँगा."

    क्या है मामला?

    प्रणीत मोरे के शो में एक युवक हिमांशु जांगड़ा ने बताया कि वह एक लड़की के साथ डेट पर गए थे, जहां उन्होंने बिरयानी पर 370 रुपए खर्च किए थे.

    इसके बदले उन्होंने सेक्शुअल फेवर चाहा और लड़की की अनिच्छा के बावजूद मनमानी की. हिमांशु की इन बातों को सुन शो के होस्ट ने हँसते हुए इसे बढ़ावा दिया था.

    जल्द ही शो का यह क्लिप वायरल हो गया और सवाल उठने लगे.

  12. असम के जोरहाट में वायुसेना का कार्गो विमान लैंडिंग के दौरान क्रैश, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    एएन-32 विमान क्रैश

    इमेज स्रोत, Avik

    इमेज कैप्शन, क्रैश की प्रमुख वजह का अभी पता नहीं चल पाया है

    असम के जोरहाट एयर फ़ोर्स स्टेशन पर शनिवार को भारतीय वायु सेना का एक एएन-32 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ़्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया है.

    इस घटना को लेकर वायु सेना के प्रवक्ता विंग कमांडर जयदीप ने बीबीसी न्यूज हिंदी को बताया, "जोरहाट एयर फ़ोर्स स्टेशन में एएन-32 दुर्घटनाग्रस्त हुआ है लेकिन अभी इसकी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है."

    हादसे को लेकर भारतीय वायु सेना ने एक्स पर बताया, "भारतीय वायु सेना का एएन-32 एयरक्राफ़्ट आज जोरहाट में लैंडिंग के समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे के कारण का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ़ इन्क्वायरी बिठाई जा रही है."

    इस हादसे को लेकर शुरुआती जानकारी में कहा जा रहा है कि एएन-32 विमान एयर फ़ोर्स स्टेशन परिसर में लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ और क्रैश के बाद उसमें आग लग गई.

    फ़िलहाल बचाव दल ने एयर बेस परिसर में तुरंत इमरजेंसी कार्रवाई शुरू की है. हालांकि क्रैश की प्रमुख वजह का अभी पता नहीं चल पाया है और हताहतों या घायलों के बारे में अभी जानकारी सामने नहीं आई है.

    एएन-32 मूल रूप से सोवियत संघ (अब यूक्रेन के एंटोनोव डिज़ाइन ब्यूरो) की ओर से निर्मित दो-इंजन वाला टर्बोप्रॉप सैन्य परिवहन विमान है.

    यह मुख्य रूप से भारतीय वायु सेना के बेड़े का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उपयोग सैनिकों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने, राहत सामग्री पहुंचाने और पैराट्रूपर्स को आसमान से उतारने के लिए किया जाता है.

    एएन-32 विमान क्रैश

    इमेज स्रोत, Avik

    इमेज कैप्शन, एएन-32 भारतीय वायुसेना का ट्रांसपोर्ट विमान है
  13. महिला टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में इंग्लैंड की श्रीलंका के ख़िलाफ़ बड़ी जीत

    डैनी वायट-हॉज

    इमेज स्रोत, Philip Brown/Getty Images

    इमेज कैप्शन, डैनी वायट-हॉज ने पिछले महीने अपने पहले बच्चे को जन्म दिया

    आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 87 रन से हरा दिया है. इंग्लैंड की ओर से डैनी वायट-हॉज ने शतक जड़ा है.

    हॉज 62 गेंदों में 105 रन की पारी खेलकर नॉटआउट रहीं. मैच के बाद उन्होंने कहा, "जब मैं क़रीब 90 रन पर थी तो मैंने सोचा कि मुझे डेज़ी (उनकी बेटी) के लिए शतक बनाना है."

    हॉज ने कहा, "मैंने यह अपनी तीन हफ़्ते की बेटी के लिए किया."

    डैनी वायट-हॉज ने बीती 20 मई को अपने पहले बच्चे को जन्म दिया. 10 दिन बाद वह फिर से पैड पहनकर मैदान में उतर गईं और टूर्नामेंट के पहले मैच में शानदार शतक जड़ा.

    हॉज ने अपने शतक का जश्न बल्ले को गोद में बच्चे की तरह झुलाकर मनाया. उनकी इस पारी ने इंग्लैंड को टूर्नामेंट में दमदार शुरुआती जीत की राह दिखाई.

    श्रीलंका ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी. इंग्लैंड ने शानदार बल्लेबाज़ी कर महज़ एक विकेट खोकर 219 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया.

    टीम के लिए डैनी वायट-हॉज ने 105, एमी जोन्स ने 53 और कप्तान नैट सीवर-ब्रंट ने 22 गेंदों में 46 रन की पारी खेली.

    220 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत ख़राब रही. टीम ने पावरप्ले में अपने तीन विकेट गंवा दिए.

    श्रीलंकाई टीम संभल नहीं पाई और 132 रन पर ऑलआउट हो गई. श्रीलंका के लिए नीलाक्षी डी सिल्वा से सबसे अधिक 39 रन बनाए.

  14. अभिषेक बनर्जी के घर पर रेड, शनिवार तड़के क्या-क्या हुआ

    अभिषेक बनर्जी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने ताला तोड़कर पूरे घर की तलाशी ली

    पश्चिम बंगाल में शनिवार तड़के पुलिस की एक बड़ी टीम ने केंद्रीय बलों के साथ तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित घर पर छापेमारी की.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक वरिष्ठ अधिकारी के हवाले से बताया कि यह कार्रवाई पश्चिम मेदिनीपुर ज़िले के एक थाने में दर्ज मामले के सिलसिले में की गई.

    इससे दो दिन पहले ही पश्चिम बंगाल सीआईडी ने राज्य विधानसभा से जुड़े कथित फ़र्ज़ी हस्ताक्षर मामले में अभिषेक बनर्जी से पूछताछ की थी. इसके साथ ही विभिन्न जांच एजेंसियों ने उन्हें हाल में कई नए समन भी जारी किए हैं.

    पीटीआई को स्थानीय सूत्रों ने बताया कि पश्चिम मेदिनीपुर के सालबनी थाने और कोलकाता पुलिस के अधिकारियों समेत कई पुलिस टीमें सुबह क़रीब 3 बजे अभिषेक बनर्जी के पटुआपाड़ा स्थित घर के बाहर पहुँचीं.

    केंद्रीय बलों के जवानों ने घर के बाहर मोर्चा संभाल लिया, जबकि पुलिस अधिकारियों ने घर के भीतर घुसने की कोशिश की.

    तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पुलिस ने ताला तोड़कर घर में एंट्री की. इस मामले की जानकारी मिलने के बाद पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी भी अभिषेक बनर्जी के घर पहुँच गईं.

    पीटीआई के मुताबिक़, यह कार्रवाई चार घंटे से अधिक समय तक चली. सुबह भी पुलिसकर्मी घर के भीतर मौजूद रहे. कई अधिकारियों को सुबह घर से बाहर निकलकर चर्चा करते और फिर दोबारा घर में प्रवेश करते देखा गया.

    घर से बाहर आने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने ताला तोड़कर पूरे घर की तलाशी ली.

    उन्होंने दावा किया, "उन्होंने ताला तोड़ा, घर में घुसे और हर कमरे की तलाशी ली."

    हालांकि अधिकारियों ने तत्काल यह स्पष्ट नहीं किया कि यह कार्रवाई किस मामले के सिलसिले में की गई.

  15. ईरान ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित समझौते के बारे में क्या-क्या बताया

    अब्बास अराग़ची

    इमेज स्रोत, The India Today Group via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी विदेश मंत्री ने होर्मुज़ स्ट्रेट के भविष्य को लेकर भी बयान दिया (फ़ाइल फ़ोटो)

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने शुक्रवार शाम एक टेलीविजन कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका के साथ एक समझौता होने वाला है और होर्मुज स्ट्रेट का खुलना इसका हिस्सा होगा.

    उन्होंने कहा, "हम पहले से कहीं अधिक समझौते के क़रीब हैं. यानी, यह अगले एक-दो दिनों में हो सकता है, या अगले कुछ दिनों के भीतर हो सकता है."

    अराग़ची ने इस समझौते को लेकर मीडिया में चल रही अटकलों को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि मीडिया को ऐसी अटकलों से बचना चाहिए, ये 'माहौल को बिगाड़ सकती हैं'.

    ईरानी विदेश मंत्री के मुताबिक़, यह समझौता दो या डेढ़ पन्ने लंबा है और इसके बिंदुओं पर दो महीने से अधिक समय तक बातचीत हुई है.

    उनके अनुसार, समझौते के सभी बिंदुओं और वाक्यों की कई बार समीक्षा की गई है.

    अराग़ची ने कहा, "सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद और सुरक्षा संस्थानों के सामने समय पर रिपोर्टें पेश की गई हैं और सैन्य बलों ने होर्मुज़ स्ट्रेट और युद्ध की समाप्ति सहित महत्वपूर्ण मुद्दों की निगरानी भी की है."

    ईरानी विदेश मंत्री ने होर्मुज़ स्ट्रेट के भविष्य को लेकर भी बयान दिया.

    उन्होंने कहा कि अब तक होर्मुज़ स्ट्रेट में सेवाएं मुफ़्त थीं, लेकिन 'ईरान का अंतिम निर्णय यह है कि भविष्य में होर्मुज़ स्ट्रेट का प्रबंधन अतीत से अलग होगा.'

  16. अमेरिका ने कहा- ईरान की ओर से होर्मुज़ स्ट्रेट में छोड़े गए कई ड्रोन मार गिराए गए

    अमेरिकी सैनिक

    इमेज स्रोत, U.S. Navy via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सेना ईरान के बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रखे हुए है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया है कि उसने होर्मुज़ स्ट्रेट में कॉमर्शियल जहाज़ों पर हमले के लिए छोड़े गए ईरानी ड्रोन्स को मार गिराया है.

    सेंटकॉम ने एक्स पर बयान जारी कर कहा, "ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहे कॉमर्शियल जहाज़ों को निशाना बनाने की कोशिश में कई ड्रोन लॉन्च किए."

    "अमेरिकी सेना ने पिछले कुछ घंटों में इन सभी ड्रोन्स को मार गिराया है और स्ट्रेट से जहाज़ों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के जारी है."

    अप्रैल महीने में अमेरिका और ईरान के बीच सीज़फ़ायर के बाद से दोनों देश एक-दूसरे पर सीज़फ़ायर उल्लंघन का आरोप लगाते रहे हैं.

    बुधवार को फ़ारस की खाड़ी से गुज़र रहे एक कॉमर्शियल जहाज़ को अमेरिकी सेना ने निशाना बनाया था. इस हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हुई थी.

  17. डोनाल्ड ट्रंप का दावा, 'अमेरिका ने भारतीय जहाज़ों पर ईरान के ड्रोन हमले को नाकाम किया'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Image

    इमेज कैप्शन, इससे पहले बुधवार को पलाऊ के झंडे वाले तेल टैंकर पर हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत हुई थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि 'भारतीय जहाज़ों पर ईरान के ड्रोन हमले को अमेरिकी सेना ने नाकाम कर दिया.'

    शुक्रवार को ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पोस्ट में लिखा, "बीती रात होर्मुज़ स्ट्रेट से निकल रहे भारतीय जहाज़ों पर किया गया उनका (ईरान) ड्रोन हमला पूरी तरह नाकाम कर दिया गया. यह पूरी तरह अस्वीकार्य है. उन्हें तुरंत अपनी स्थिति तेज़ी से सुधारनी चाहिए."

    ग़ौरतलब है कि इस हफ़्ते ओमान की खाड़ी में भारतीय नाविकों वाले तीन जहाज़ों पर अमेरिकी नेवी ने हमला किया था, जिनमें तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई है.

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बुधवार को एक वीडियो जारी कर पलाऊ के झंडे वाले तेल टैंकर सेटेबेलो के इंजन को निशाना बनाने की बात कही थी.

    यह वही जहाज़ है, जिस पर हुए हमले में तीनों भारतीय नाविक मारे गए.

    इसे लेकर भारत ने नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के राजनयिक के साथ कड़ा विरोध दर्ज कराया.

    भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात कर इस घटना को लेकर विरोध दर्ज कराया है. उन्होंने शुक्रवार को बताया कि मार्को रुबियो से इस बारे में उनकी बात हुई है.

    उधर, ईरान ने भी भारतीय नाविकों की मौत के लिए अमेरिका की निंदा की है.

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने एक्स पर लिखा, "भारतीय कमर्शियल जहाज़ों पर अमेरिका के क्रूर हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हुई है. ये हमले अमेरिका की सशस्त्र लूट और राज्य प्रायोजित समुद्री डकैती की नीति के स्पष्ट प्रमाण हैं."

  18. कल्याण बनर्जी के हमले के बाद नरम पड़े अभिषेक बनर्जी, जानिए क्या कहा

    कल्याण बनर्जी और अभिषेक बनर्जी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार झेलने के बाद टीएमसी की मुश्किलें बढ़ी हैं

    पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के वफ़ादार माने जाने वाले नेता कल्याण बनर्जी ने दो दिन पहले ही अभिषेक बनर्जी को आड़े हाथों लिया था.

    अभिषेक ममता बनर्जी के भतीजे हैं और टीएमसी महासचिव.

    कल्याण बनर्जी ने यहाँ तक कह दिया था कि ममता को उनमें या अभिषेक में से किसी एक को चुनना होगा. उन्होंने अभिषेक को अहंकारी बताया था.

    शुक्रवार को अभिषेक बनर्जी ने इसका जवाब दिया लेकिन उनका लहजा बहुत ही उदार था.

    उन्होंने कहा, "जो टॉप लीडर्स मेरे ख़िलाफ़ बोल रहे हैं, पार्टी में इन मुद्दों पर चर्चा करने की पूरी गुंजाइश है. और आप ख़ास तौर पर कह सकते हैं कि कल्याण बनर्जी ने अपनी बात रखी है. कल्याण बनर्जी को मेरे बारे में बोलने का पूरा अधिकार है. उन्हें मेरे बारे में कुछ कड़े शब्द कहने का भी अधिकार है."

    अभिषेक ने कहा, "कल्याण बनर्जी ने मुझे बचपन से देखा है. उन्होंने मुझे बड़ा होते हुए देखा है. मैं उनकी इन बातों को नकारात्मक रूप में नहीं लेता. हो सकता है कोई ऐसी घटना हुई हो जिससे उन्हें बुरा लगा हो, इसलिए उन्होंने ऐसा कहा हो."

    "लेकिन कल्याण बनर्जी के प्रति मेरे मन में कोई व्यक्तिगत नाराज़गी या शिकायत नहीं है. मैं पहले भी उनका सम्मान करता था और आने वाले दिनों में भी करता रहूँगा."

  19. जयशंकर ने कहा- हमने मार्को रुबियो से बात कर कड़ा विरोध दर्ज कराया

    एस जयशंकर और मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, Kayla Bartkowski/Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी हमले में तीन भारतीय मरीन मारे गए थे

    भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ओमान के पास अमेरिकी हमले में मारे गए तीन भारतीय नाविकों के मामले में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात की है.

    जयशंकर ने कहा कि उन्होंने गल्फ़ में 'अमेरिकी नौसेना के हमलों के ख़िलाफ़ कड़ा विरोध जताया'.

    फ़ोन पर हुई इस बातचीत के बारे में भारतीय विदेश मंत्री ने एक्स पर बताया, "आज (शुक्रवार) शाम अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात हुई. मैंने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना के हमलों के ख़िलाफ़ भारत का कड़ा विरोध दोहराया, जिनमें तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई."

    उन्होंने कहा, "कॉमर्शियल शिपिंग को निशाना बनाने वाली ऐसी घातक कार्रवाई किसी भी तरह से उचित नहीं है."

    इसी हफ़्ते बुधवार को ओमान के पास ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिकी नाकाबंदी अभियान के दौरान तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी.

    इस हफ़्ते अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में भारतीय चालक दल वाले तीन तेल टैंकरों पर हमला किया है. भारत ने इस मुद्दे पर विरोध दर्ज कराते हुए एक वरिष्ठ अमेरिकी राजनयिक को तलब किया था.

    संबंधित ख़बरें:

  20. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.