रुबियो ने जयशंकर से कहा- नाकेबंदी का उल्लंघन और ईरानी तेल की अवैध ढुलाई बर्दाश्त नहीं

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से शुक्रवार को बातचीत की थी जिसका ब्यौरा अब अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने जारी किया है.
अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बयान जारी कर बताया, "विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कल भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बात की. दोनों नेताओं ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में हाल की घटनाओं पर चर्चा की."
बयान के मुताबिक, "अमेरिका के विदेश मंत्री ने ज़ोर दिया कि सभी कमर्शियल जहाज़ों को अमेरिकी सेना के आदेशों का तुरंत पालन करना चाहिए, क्योंकि वो इस स्ट्रेट में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन और ईरानी तेल की अवैध ढुलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी."
वहीं भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी इस बातचीत के बारे में एक्स पर बताया था.
एस. जयशंकर ने कहा कि उन्होंने गल्फ़ में 'अमेरिकी नौसेना के हमलों के ख़िलाफ़ कड़ा विरोध जताया.'
फ़ोन पर हुई इस बातचीत के बारे में भारतीय विदेश मंत्री ने एक्स पर बताया, "आज (शुक्रवार) शाम अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात हुई. मैंने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना के हमलों के ख़िलाफ़ भारत का कड़ा विरोध दोहराया, जिनमें तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई."
उन्होंने कहा, "कमर्शियल शिपिंग को निशाना बनाने वाली ऐसी घातक कार्रवाई किसी भी तरह से उचित नहीं है."
इसी हफ़्ते बुधवार को ओमान के पास ईरान के ख़िलाफ़ अमेरिकी नाकाबंदी अभियान के दौरान तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी.



























