'सऊदी अरब मरने वालों की संख्या कम बता रहा'

हज भगदड़
प्रकाशित

कई देश के अधिकारियों का कहना है कि पिछले हफ़्ते हज के दौरान सऊदी अरब के धार्मिक शहर मक्का से सटे मीना के पास मची भगदड़ में 1,000 से ज़्यादा लोग मारे गए थे.

सऊदी अधिकारियों ने अनुसार यह संख्या 769 थी.

एक नाइजीरियाई अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि जेद्दा के नज़दीक मुर्दाघर में हादसे के बाद 1,000 से ज़्यादा शव लाए गए थे.

भारतीय, पाकिस्तानी और इंडोनेशियाई अधिकारियों को भी यह कहते हुए सुना गया है कि उनके मुताबिक़ 1,000 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.

'14 ट्रक लाशें'

हज भगदड़, लाशें

एक नाइजीरियाई अधिकारी यूसुफ़ इब्राहिम याकासाइ ने बीबीसी को बताया कि वह जेद्दा गए थे जहां लाशों से भरे 14 ट्रक शहर में लाए गए थे.

उन्होंने कहा कि अब तक 10 ट्रकों से मुर्दाघरों में 1,075 शव उतारे जा चुके हैं. चार ट्रकों को अब भी ख़ाली करना है.

कई देशों ने हादसे के बाद स्थिति से निपटने की सऊदी अधिकारियों के तरीक़े की कड़ी आलोचना की थी, ख़ासतौर पर सऊदी अरब के स्थानीय प्रतिद्वंद्वी ईरान ने, जिसके 140 नागरिक इस हादसे में मारे गए थे.

हज भगदड़, राहत कार्य

भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया था कि सऊदी सरकार ने मारे गए 1,090 श्रद्धालुओं की तस्वीरें जारी की थीं.

पाकिस्तानी और इंडोनेशियाई अधिकारी ने भी संकेत दिए हैं कि उन्हें 1,000 से ज़्यादा ऐसी तस्वीरें भेजी गई थीं.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> आप यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>