न्यूज़ अलर्ट: मर्केल और पुतिन की मुलाक़ात

एंगेला मर्केल
प्रकाशित

जिन ख़बरों पर रविवार को मीडिया की नज़रें रहेंगी उनमें जर्मन चांसलर की मॉस्को यात्रा और यमन में सऊदी हमले शामिल हैं.

मॉस्को में मर्केल

जर्मनी की चांसलर एंगेला मर्केल आज रूस की राजधानी मॉस्को के दौरे पर होंगी जहां वो दूसरे विश्व युद्ध में नाज़ी जर्मनी की हार के 70 साल पूरे होने पर मनाए जा रहे समारोह में शामिल होंगी.

मर्केल शनिवार को मॉस्को में हुई विशाल सैन्य परेड में शामिल नहीं हुई थीं. वो रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन संकट पर वार्ता भी करेंगी.

यमन में सऊदी हमले

यमन में हवाई हमले

सऊदी अरब के नेतृत्व में यमन में हूती विद्रोहियों के ख़िलाफ़ हो रहे हवाई हमलों में तेज़ी आई है.

संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि सऊदी अरब के हवाई हमले अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का उल्लंघन हैं और इनमें अधिकतर आम नागरिक निशाना बन रहे हैं.

हूती चरमपंथियों के नियंत्रण में राजधानी सना और सीमावर्ती सादा प्रांत में हो रहे इन हमलों पर भी विश्व मीडिया की नज़रें बनी रहेंगी.

दक्षिण अफ़्रीका में काला नेता

दक्षिण अफ्रीका में मुख्य विपक्षी गठबंधन डेमोक्रैटिक अलाएंस आज अपने पहले 'काले नेता' का चुनाव कर सकता है.

इससे पार्टी की सिर्फ़ गोरों वाली छवि भी समाप्त हो सकती है और अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस के ख़िलाफ़ उसकी चुनौती मज़बूत हो सकती है.

फ़िलिपींस में तूफ़ान नूल

फ़िलीपींस हेयान तूफ़ान
इमेज कैप्शन, फ़िलीपींस में पिछले साल आए हेयान तूफ़ान के मद्देनज़र भी लाखों लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुँचाया गया था.

समुद्री तूफ़ान नूल के कारण फ़िलीपींस में तटीय इलाक़ों से हज़ारों लोगों को सुरक्षित इलाक़ों में पहुँचाया गया है.

इस तूफ़ान के कारण फिलीपींस में भारी बारिश की संभावना है.

पोप से मिलेंगे राउल कास्त्रो

राउल कास्त्रो बराक ओबामा
इमेज कैप्शन, राउल कास्त्रो ने हाल ही में अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से भी मुलाक़ात की है.

मॉस्को में विजय परेड में शामिल होकर वापस लौट रहे क्यूबा के राष्ट्रपति राउल कास्त्रो रास्ते में इटली में रुक गए हैं.

वो आज पोप फ़्रांसिस से मुलाक़ात करेंगे और इटली के प्रधानमंत्री मातेओ रेंजी से भी मिलेंगे.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>