बीयर पर गांधी की तस्वीर के ख़िलाफ़ अभियान

गांधी-बॉट बीयर की बोतल
प्रकाशित

अमरीका की एक शराब कंपनी महात्मा गांधी की तस्वीर वाली बीयर बेच रही है. इसके ख़िलाफ़ मैरीलैंड की रहने वाली विक्टोरिया मिआनी ने एक ऑनलाइन अभियान शुरू किया है.

इस बीयर का नाम कंपनी ने 'गांधी-बॉट' रखा है.

गांधी बॉट बीयर

विक्टोरिया ने अपनी ऑनलाइन याचिका में कहा है, "बीयर कंपनी की इस हरकत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काफ़ी आलोचना हो रही है. दुर्भाग्य से जिन्हें सच्चाई का अंदाज़ा नहीं वे अपनी इस करतूत पर अड़े हुए हैं और इसकी वकालत कर रहे हैं. बहुत ही ग़ैर-ज़िम्मेदाराना और व्यंग्यात्मक प्रतिक्रिया में उनका कहना है कि अगर भारत के लोगों को गांधी की तस्वीर वाली बीयर की बोतल आपत्तिजनक लगती है तो फिर वे माफ़ी मांग लेंगे."

उनके अनुसार उन्होंने ख़बर में देखा कि न्यू इंग्लैंड कंपनी महात्मा गांधी की छवि को धूमिल करते हुए उनकी तस्वीर वाली बीयर बेच रही है.

उन्होंने आगे कहा, ''जो गांधी को नहीं जानते हैं मैं उनको बता दूं कि गांधी बिल्कुल भी शराब नहीं पीते थे. यह बिल्कुल भी ऐसा होगा जैसा कि मार्टिन लूथर किंग के चेहरे का इस्तेमाल बंदूक़ के प्रचार अभियान में किया जाए.''

उम्मीद

गांधी बॉट बीयर

उन्होंने अपनी ऑनलाइन याचिका में गुहार लगाई है कि न्यू इंग्लैंड शराब कंपनी गांधी की तस्वीर वाली बीयर की बोतल बेचना रोक दे और कंपनी बीयर का कोई दूसरा नाम रख ले.

उन्होंने अपनी ऑनलाइन याचिका में इस बात का उल्लेख किया है कि इस हरकत को सिर्फ़ भारत के अच्छे लोग आपत्तिजनक मानें ऐसा नहीं है. उनके अनुसार इस तरह की बात करना ही अपने आप में एक आपत्तिजनक बात है.

उन्होंने याचिका के आख़िरी में उम्मीद जताई है कि उन्हें लगता है कि न्यू इंग्लैंड शराब कंपनी सिर्फ़ बुरे लोगों से नहीं भरी हुई है.

याचिकाकर्ता के अनुसार उन्हें पूरा यक़ीन है कि वे इस पर ज़रूर क़दम उठाएंगे और इसका आश्वासन भी देंगे कि भविष्य में गांधी या भारतीय संस्कृति का वो इस तरह से ग़लत इस्तेमाल नहीं करेंगे.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>