सुन्नी विद्रोहियों के ख़िलाफ़ क्षेत्रीय एकजुटता की ज़रूरत: केरी

जॉन केरी
प्रकाशित

अमरीकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने कहा है कि सुन्नी चरमपंथियों को इस्लामिक स्टेट इन इराक ऐंड अल-शाम (आईएसआईएस) समूह से बाहर निकालने के लिए क्षेत्रीय एकजुटता की ज़रूरत है.

बीबीसी को दिए साक्षात्कार में जॉन केरी ने कहा, ''यह बर्दाश्त से बाहर है कि एक चरमपंथी संगठन किसी इलाक़े पर क़ब्ज़ा कर ले और सरकार की वैधानिकता को चुनौती दे. इस क्षेत्र के हर देश को विद्रोहियों से लोहा लेना होगा.''

केरी ने कहा कि इराक़ संकट का कोई सैन्य समाधान नहीं है. उन्होंने इराक़ में एक नई सरकार की ज़रूरत पर बल दिया जो उन इलाक़ों में लोगों को सशक्त बना सके जिन्हें आईएसआईएस ने अपने नियंत्रण में कर लिया है.

आईएसआईएस समूह ने इराक़ के उत्तरी और पश्चिमी इलाक़े में एक बड़े हिस्से पर क़ब्ज़ा कर रखा है.

केरी ने इराक़ के उत्तरी शहर इर्बिल में कुर्द नेताओं से भी बातचीत की है.

सैन्य कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर केरी ने कहा कि कुर्द नेता ऐसी कोई कार्रवाई नहीं करने पर सहमत हैं.

उन्होंने कहा, ''सैन्य कार्रवाई की तो जा सकती है लेकिन इसके राजनीतिक समाधान की ज़रूरत है. सिर्फ़ हमले करने से बात नहीं बनेगी. इसके लिए बाक़ायदा एक पूरी रणनीति की ज़रूरत है.''

इराक़ में सुन्नी लड़ाके

वहीं विद्रोहियों का आगे बढ़ना जारी है और वह एक प्रमुख तेल रिफ़ाइनरी पर क़ब्ज़े के लिए लड़ रहे हैं.

इस बीच इराक़ में संयुक्त राष्ट्र के एक मानवाधिकार दल ने ख़बर दी है कि देश में जून से अभी तक कम से कम 1,075 लोग मारे जा चुके हैं जिनमें अधिकतर आम नागरिक हैं.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>