बेघर इंसान को गोली मारना पुलिस को पड़ा भारी

न्यू मैक्सिको में बेघर इंसान को पुलिस ने मारी गोली
प्रकाशित

यूट्यूब पर अपलोड किए गए एक वीडियो ने कई लोगों को चौंकाया है. ऐसा इसलिए है क्योंकि इसमें न्यू मैक्सिको में पुलिस को एक बेघर व्यक्ति को गोली मारते हुए दिखाया गया है.

यूट्यूब पर इस वीडियो को सात लाख से अधिक बार देखा जा चुका है.

खास बात ये है कि इस वीडियो को आम जनता ने नहीं बल्कि खुद पुलिस ने ही अपनी वर्दी पर लगे कैमरे का इस्तेमाल करके शूट किया.

एक सार्वजनिक सूचना अनुरोध के बाद इस वीडियो को शुक्रवार को ऑनलाइन अपलोड किया गया.

इस वीडियो को देखकर कई लोगों ने अपने गुस्से का इजहार किया है क्योंकि उन्हें लगता है कि ये पूरी तरह से ताकत का गलत इस्तेमाल है.

स्थानीय खबरों के मुताबिक मार्च के मध्य में 38 वर्षीय जेम्स ब्वायड अल्बुकर्क की तलहटी में सो रहा था. इस पर पुलिस अधिकारियों ने उसे इस इलाके में गैरकानूनी रूप से कैंपिंग करने के आरोप में पकड़ लिया.

आलोचना

ऐसा माना जाता है कि ब्वायड को कई मानसिक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां थीं और खबरों के मुताबिक उसका आपराधिक रिकार्ड भी रहा है.

उसने पुलिस से करीब तीन घंटे तक बहस की और उसके बाद पुलिस ने उसे गोली मार दी.

गोली लगने के अगले दिन ब्वायड की मौत हो गई.

अल्बुकर्क पुलिस विभाग के पुलिस अधिकारियों के लिए कैमरे वाली वर्दी पहनना अनिवार्य है.

इस वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की काफी आलोचना हो रही है.

यूट्यूब पर अपलोड किए गए वीडियो पर एक व्यक्ति ने कमेंट किया, "इंसानों की जान के प्रति कितनी लापरवाही भरी उपेक्षा है ये."

एक दूसरे व्यक्ति ने लिखा, "मैं आमतौर पर पुलिस का साथ देता हूं, लेकिन ये तो क्रूरता है."

हाल के दिनों में अल्बुकर्क पुलिस विभाग का नाम कई विवादों में रहा है और उनकी जांच चल रही है.

नए पुलिस प्रमुख गार्डेन ईडन ने एक बयान जारी कर कहा कि गोली मारना उचित था क्योंकि उनके अधिकारी की जान खतरे में थी.

हालांकि शहर के मेयर रिचर्ड बैरी ने कहा है कि ईडन का बयान जल्दबाजी में आया है और गलत है. घटना की जांच की जा रही है.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>