डायन बताकर 5 महिलाओं की हत्या

    • Author, रवि प्रकाश
    • पदनाम, रांची से, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
  • प्रकाशित

पुलिस के अनुसार झारखंड के रांची में डायन होने के आरोप में पांच महिलाओं की हत्या कर दी गई है.

शुक्रवार आधी रात के बाद रांची से 37 किलोमीटर दूर मांडर थाने के कजिया गांव में कुछ लोगों ने घर का दरवाज़ा खोलकर महिलाओं को निकाला और फिर उनकी हत्या कर दी गई.

सभी पांचों औरतें अलग-अलग परिवार की थीं.

पुलिस ने इस सिलसिले में क़रीब दो दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है.

सूबे में डायन होने के आरोप में महिलाओं की हत्या की जाती रही हैं.

पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक़ राज्य बनने के बाद से अब तक क़रीब इस तरह की घटनाओं में 1200 महिलाओं की मौत हो चुकी है.

धारदार हथियार से हत्या

रांची एसपी (रूरल) राजकुमार लकड़ा ने बीबीसी को बताया कि ग्रामीणों के एक गुट ने बैठक कर महिलाओं की हत्या का निर्णय लिया था.

उन्हें शक था कि ये महिलाएं डायन हैं और इनके कारण गांव मे शांति नहीं रहती है.

एक मृतक की परिजन ने बताया कि ग्रामीणों ने दरवाज़ा खुलवाया और जब तक वो कुछ समझ पाते, उन लोगों ने एक-एक कर महिलाओं को बाहर निकाला.

इसके बाद उनकी धारदार हथियारों से उनकी हत्या कर दी. घटना के बाद हत्यारे वहीं जमे रहे और महिलाओं के शवों को अपने कब्ज़े में ले लिया.

पुलिस का विरोध

मौके पर पहुंची पुलिस का भी विरोध किया गया. काफी समझाने के बाद पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जा पाई. सभी शव नग्न अवस्था में मिले थे.

घटना के बाद गांव में सनसनी है और लोग मुख्यमंत्री को बुलाने की मांग कर रहे हैं. मांडर समेत आसपास के थानों की पुलिस भी घटनास्थल पर कैंप कर रही है.

ग्रामीणों ने बताया कि हत्यारों के दल ने इस घटना के बाद जश्न भी मनाया.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>