पाकिस्तान से आए थे हमलावर: राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह
प्रकाशित

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पिछले एक महीने में सीमापार से घुसपैठ के पांच प्रयास हुए. सेना और अर्द्ध सैनिक बल के जवानों ने इनमें से चार प्रयासों को विफल कर दिया.

उन्होंने कहा कि इस दौरान सुरक्षा बलों ने आठ घुसपैठियों को मार गिराया. राजनाथ सिंह गुरुवार को राज्यसभा में उधमपुर हमले पर बयान दे रहे थे.

गृहमंत्री ने संसद के दोनों सदनों में उधमपुर में हुए चरमपंथी हमले में मारे गए जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि सरकार 'आतंकवाद' से निपटने के लिए कटिबद्ध है.

माहौल बिगाड़ने का प्रयास

उन्होंने बताया कि दोनों 'आतंकी' पाकिस्तान से आए थे. उन्होंने कहा कि हमले में पकड़े गए 'आतंकी' का नाम मोहम्मद नावेद है. वह पाकिस्तान के फ़ैसलाबाद का रहने वाला है.

उधमरपुर में बीएसएफ़ की बस पर हमले के बाद का दृश्य.

उन्होंने कहा कि मारे गए 'आतंकी' का नाम मोहम्मद नोमान था. वह पाकिस्तान के बहावलपुर का रहने वाला था.

राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर के शांत माहौल को बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है जिसकी वो निंदा करते हैं.

केंद्रीय गृहमंत्री का कहना था कि जिन लोगों ने 'आतंकी' को पकड़ा उन्हें पुरस्कृत करने के लिए उन्होंने जम्मू कश्मीर सरकार को लिखा है.

उन्होंने कहा कि सरकार उधमपुर हमले में मारे गए बीएसएफ़ के दोनों जवानों को वीरता पुरस्कार देने पर विचार कर रही है.

विपक्ष का विरोध-प्रदर्शन

वहीं विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के इस्तीफ़े की मांग को लेकर संसद में हंगामा जारी है.

भारतीय संसद

कांग्रेस के 25 लोकसभा सदस्यों के निलंबन के विरोध में गुरुवार को तीसरे दिन भी कांग्रेस और प्रमुख विपक्षी पार्टियों ने अपना विरोध जारी रखा. जद-यू भी इस प्रदर्शन में शामिल हो गई.

लोकसभा में तख़्तियां लेकर नारेबाज़ी करने को लेकर लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कांग्रेस के 25 सांसदों को पांच दिन के लिए निलंबित कर दिया था.

संसद में समय की बर्बादी

संसद परिसर में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने संवाददाताओं से कहा कि संसद में हमारी आवाज़ दबाई जा रही है.

भारतीय संसद में समय की खपत.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि केंद्र सरकार मणिपुर, असम और अरुणाचल प्रदेश के लोगों की आवाज़ दबा रही है.

उन्होंने कहा कि नगा समस्या पर हुए समझौते से पहले इन तीनों राज्यों की सरकारों से सलाह-मशविरा नहीं किया गया.

सोनिया गांधी ने कहा कि ये पूर्वोत्तर के लोगों का अपमान है.

गुरुवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर पहले जापान के हिरोशिमा पर परमुण बम गिराए जाने की 70वीं बरसी पर मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई.

सुमित्रा महाजन
इमेज कैप्शन, लोकसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस के 25 सदस्यों को पांच दिन के लिए निलंबित कर दिया है.

लोकसभा में प्रश्नकाल शुरू होते ही विपक्ष के सदस्य शोरगुल करने लगे. लेकिन प्रश्नकाल जारी रहा.

संसद के मानसून सत्र का अधिकांस समय शोर-शराबे की भेंट चढ़ चुका है. संसद के लिए यह कोई नई बात नहीं है. इससे पहले यूपीए की सरकार में भी विपक्ष के हंगामे की वजह से नौ सौ से अधिक घंटे का समय बर्बाद हुआ.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi " platform="highweb"/></link> क्लिक करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href=" https://www.facebook.com/bbchindi " platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं. )</bold>