झारखंड: नक्सलियों ने रेल पटरी उड़ाई

    • Author, नीरज सिन्हा
    • पदनाम, रांची से, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
  • प्रकाशित

झारखंड के नक्सल प्रभावित लातेहार ज़िले के छिपादोहर रेलवे स्टेशन के पास नक्सलियों ने विस्फोट कर रेल पटरी उड़ा दी है. इस घटना में पलामू एक्सप्रेस ट्रेन की इंजन समेत तीन बोगियां पटरी से उतर गई हैं.

इनमें दो बोगियां सामान्य श्रेणी की हैं. हालांकि इस घटना किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

धनबाद रेल मंडल के सीनियर डीएसएम दयानंद ने घटना की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एटीआर) मौके पर पहुंच गई है. उनका कहना है कि यह घटना मंगलवार रात करीब पौने नौ बजे की है.

नक्सलियों ने मंगलवार को बंद का आह्वान किया था
इमेज कैप्शन, नक्सलियों ने मंगलवार को बंद का आह्वान किया था

ट्रेन फिलहाल वहीं पर खड़ी है. ट्रेन को आगे रवाना करने की कोशिशें जारी हैं.

नक्सली बंद

पिछले दिनों पलामू में हुई कथित मुठभेड़ में बारह माओवादी मारे गए थे. इस घटना के विरोध में नक्सलियों ने मंगलवार को झारखंड बाद का आह्वान किया था. बताया जा रहा है कि यह घटना उसी का परिणाम हो सकती है.

रेल अधिकारी दयानंद का कहना था कि नक्सलियों के बंद की वजह से ट्रेन पहले से ही धीमी रफ़्तार से चल रही थी.

पुलिस की तैयारी

इस बीच लातेहार के एसपी अनूप बिरथरे ने बताया है कि नक्सलियों ने बड़ा विस्फोट किया है. उनके मुताबिक इलाक़ा घने जंगलों के बीच है इसलिए पुलिस वहां पहुंचने की कोशिश कर रही है.

फिलहाल जानकारी मिली है कि हथियारबंद दस्ते के लोग उस इलाके में अब भी कैंप कर रहे हैं. उसी सूचना के तहत पुलिस पूरी तैयारी के साथ वहां पर जा रही है.

इस बीच लोहरदगा ज़िले के डहरबाटी गांव में नक्सलियों ने एक स्वास्थ्य उपकेंद्र को डायनामाइट लगाकर उड़ा दिया है. माओवादियों ने वहां पर परचे भी छोड़े हैं जिसमें कहा गया है कि पलामू में फर्जी मुठभेड़ का विरोध जारी रहेगा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)