स्टालिन और पवार को मनाने की कोशिशें तेज़, सोनिया और राहुल समेत इंडिया गठबंधन के नेता जा रहे हैं चेन्नई और मुंबई

इमेज स्रोत, ANI
डीलिमिटेशन बिल पर चल रही सियासी हलचल के बीच कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन को मनाने की कोशिश में चेन्नई जा रहे हैं.
इंडिया ब्लॉक का हिस्सा रहे स्टालिन की पार्टी डीएमके ने डीलिमिटेशन बिल पर सरकार का समर्थन करने की घोषणा की है.
रविवार सुबह चेन्नई के लिए रवाना होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पत्रकारों के सवाल पर केवल इतना कहा कि 'देखेंगे.'
राहुल गांधी ने भी एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि वह डीएमके के वरिष्ठ नेता एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं.
बीबीसी मराठी के मुताबिक़ चेन्नई में स्टालिन से मुलाक़ात के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और इंडिया ब्लॉक के अन्य नेता मुंबई में शरद पवार से भी मुलाक़ात करेंगे.
शरद पवार के गुट वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने परिसीमन विधेयक के पक्ष में मतदान करने की घोषणा की है.
राजदीप सरदेसाई ने एक्स पर लिखा, "कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी, मल्लिकार्जुन खड़गे, कपिल सिब्बल और एमए बेबी समेत इंडिया गठबंधन के नेता दो विमानों से चेन्नई जा रहे हैं. वहां वे एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे. इसके बाद वे शरद पवार से मिलने मुंबई जाएंगे."
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री बनर्जी शनिवार रात दिल्ली पहुंचीं. पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें जल्दी दिल्ली आने को कहा गया था.
उन्होंने बताया, "मुझे जल्दी से आने के लिए कहा गया, मैं चली आई.
राहुल गांधी ने क्या कहा

इमेज स्रोत, Congress
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता और मैं चेन्नई जाकर थिरू एमके स्टालिन से मुलाक़ात करेंगे. हम उनसे और डीएमके से परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील करेंगे."
"लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करना भारत में लोकतंत्र को खत्म कर देगा. इससे बीजेपी-आरएसएस को अपने फायदे के लिए भारत के पूरे चुनावी नक्शे को नए सिरे से तैयार करने की खुली छूट मिल जाएगी."
"भाई स्टालिन हमेशा से तमिल विरोधी ताकतों के ख़िलाफ़ मजबूती से खड़े रहे हैं. राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए हमें मिलकर इस विधेयक को हराना होगा."
शिवसेना यूबीटी ने क्या कहा
शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने मीडिया से बात करते हुए बताया, "इंडिया गठबंधन और महा विकास अघाड़ी ने अपना संघर्ष नहीं छोड़ा है. मल्लिकार्जुन खड़गे आज मुंबई आ रहे हैं. राहुल गांधी और सोनिया गांधी भी वहां मौजूद रहेंगे."
"लोकतंत्र की लड़ाई और देश को बचाने का संघर्ष अंतिम क्षण तक जारी रहेगा."
शरद पवार को लेकर राज ठाकरे ने शनिवार को सोशल मीडिया पर टिप्पणी की थी.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "मैंने 2 जुलाई, 2023 को ही इस बारे में कहा था, जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का एक धड़ा अलग होकर बीजेपी के साथ जाने लगा था."
"इसके बाद अगले तीन साल तक एनसीपी के दोनों धड़ों ने आपसी टकराव का ऐसा नाटक किया, जो काफ़ी विश्वसनीय लगता था. और अब, जैसा कि मैंने पहले ही अनुमान लगाया था, एक और धड़ा सत्ता की सीढ़ियां चढ़ने की कोशिश में आगे बढ़ रहा है."
"मैंने एक बार कहा था कि यह सब शरद पवार के 'जंतर-मंतर' का हिस्सा हैं. इस खेल को वास्तव में बहुत कम लोग समझते हैं. खैर."
शनिवार को हुई थी इंडिया गठबंधन की बैठक

इमेज स्रोत, X/@INCIndia
बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़
और जानें
समाप्त
शनिवार को नई दिल्ली में राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक हुई.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के अभिषेक बनर्जी, निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अभय कुमार सिंह और मनोज झा, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के पी. संतोष कुमार, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के ई. टी. मोहम्मद बशीर और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के एनके प्रेमचंद्रन समेत कई अन्य नेता शामिल हुए.
बैठक में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे.
इस बैठक के लिए डीएमके, आम आदमी पार्टी (आप) और बीजू जनता दल (बीजेडी) को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन इन दलों ने बैठक में हिस्सा नहीं लिया.
हालांकि, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को कहा था कि उनकी पार्टी संसद के दोनों सदनों में इस विधेयक का कड़ा विरोध करेगी. उन्होंने इसे 'बीजेपी की जीत का विधेयक' बताया था.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

























