लाइव , इसराइल में सरकार बनाने के लिए आज़नकोट ने नेतन्याहू को वार्ता के लिए बुलाया

गादी आइज़नकोट ने कहा है, "अगर लिकुड पार्टी वास्तविक एकता के लिए तैयार है, तो मैं अगले 24 घंटों में उसके इरादों की गंभीरता को परखने के लिए तैयार हूँ."

सारांश

  • ममता बनर्जी दिल्ली पहुंचीं, बोलीं- जल्दी आने को कहा गया था
  • दिल्ली: विश्वास नगर में आग लगने से हादसा, चार लोगों की मौत
  • म्यांमार में शादी समारोह स्थल और स्कूल पर सैन्य हमलों में दर्जनों लोगों की मौत
  • ईरान का दावा, होर्मुज़ स्ट्रेट के ऊपर टोही विमान को मार गिराया

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े

  1. इसराइल में सरकार बनाने के लिए आज़नकोट ने नेतन्याहू को वार्ता के लिए बुलाया

    इसराइल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है
    इमेज कैप्शन, इसराइल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी खींचतान तेज हो गई है

    इसराइल में में विपक्षी गठबंधन के नेता गादी आइज़नकोट ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में बताया है कि उन्होंने बिन्यामिन नेतन्याहू को विस्तृत प्रस्ताव भेजा था, लेकिन उन्हें अब तक जवाब नहीं मिला है.

    गादी आइज़नकोट ने लिखा, "इसराइल को जिस एकता की जरूरत है, मैं उसके लिए प्रतिबद्ध हूं और इसके लिए राजनीतिक कीमत चुकाने को भी तैयार हूँ. पिछले रविवार को नेतन्याहू के अनुरोध पर स्थापित एक गुप्त माध्यम के जरिए उन्हें एक विस्तृत प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया गया था."

    "कुछ मामलों में हमने समझौते के लिए महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे थे. यह सब एक और गठबंधन समझौते पर हस्ताक्षर करने से पहले किया गया था. लेकिन अब तक हमें इन मुद्दों पर कोई जवाब नहीं मिला है."

    गादी आइज़नकोट ने आगे लिखा है, "अगर लिकुड पार्टी वास्तविक एकता के लिए तैयार है, तो मैं अगले 24 घंटों में उसके इरादों की गंभीरता को परखने के लिए तैयार हूँ. मैं नेतन्याहू और उनकी टीम को आज रात हर्जलिया स्थित डैन अकाडिया होटल में आमंत्रित करता हूँ, जहां मैं अपनी वार्ता टीम के साथ ठहरा हुआ हूँ."

    इसराइल में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी खींचतान लगातार जारी है.

    इसराइली मीडिया ने रिपोर्ट किया है कि उन्होंने विपक्षी नेता और प्रधानमंत्री पद के प्रबल दावेदार गादी आइज़नकोट को पीएम पद के लिए रोटेशन का प्रस्ताव दिया है.

    इसके तहत पहले दो साल आइज़नकोट और अगले दो साल नेतन्याहू प्रधानमंत्री रह सकते हैं. हालांकि, कुछ मुद्दे ऐसे हैं जिनकी वजह से नेतन्याहू और आइज़नकोट के बीच असहमतियां बरकरार हैं.

  2. ममता बनर्जी दिल्ली पहुंचीं, बोलीं- जल्दी आने को कहा गया था

    ममता बनर्जी के महिला आरक्षण के सरकार के दावों को झूठ बताया
    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी के महिला आरक्षण के सरकार के दावों को झूठ बताया (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी (ममता बनर्जी गुट) की प्रमुख ममता बनर्जी शनिवार रात दिल्ली पहुंची हैं.

    ममता बनर्जी ने कहा है कि इंडिया गठबंधन की रविवार की मीटिंग के बारे में उन्हें कुछ नहीं पता है, लेकिन उन्हें जल्द से जल्द आने के लिए कहा गया था.

    उन्होंने बताया, "मुझे जल्दी से आने के लिए कहा गया, मैं चली आई. अब जाकर पता करती हूं कि क्या बात है."

    ममता बनर्जी ने 'नारी शक्ति' को लेकर कहा कि महिला शक्ति का बिल साल 2024 में पास हो चुका है, सरकार ग़लत बात कर रही है.

    इससे पहले शनिवार को भी राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नई दिल्ली स्थित आवास पर इंडिया ब्लॉक के नेताओं की बैठक हुई.

    इसके बाद परिसीमन की प्रस्तावित प्रक्रिया को लेकर इंडिया ब्लॉक ने केंद्र सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं.

    विपक्षी दलों ने लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बरकरार रखने, वर्तमान सीटों के आधार पर ही महिलाओं को आरक्षण देने और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आवंटन बनाए रखने की मांग की है.

  3. म्यांमार में शादी समारोह स्थल और स्कूल पर सेना की बमबारी में दर्जनों लोगों की मौत, जैक बर्गेस और बीबीसी बर्मीज

    म्यांमार की सैन्य नेतृत्व वाली सरकार ने इन हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है.
    इमेज कैप्शन, म्यांमार की सैन्य नेतृत्व वाली सरकार ने इन हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है

    भारत के पड़ोसी देश म्यांमार में सेना के हवाई हमलों में कई लोगों की मौत हो गई है. इन हमलों के निशाने में एक शादी समारोह स्थल और एक स्कूल भी शामिल हैं.

    बचावकर्मियों ने बताया कि शनिवार दोपहर देश के दक्षिणी शान राज्य के मोए बाय गांव में शादी समारोह स्थल पर हुए हमले में कम से कम 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कम से कम 35 अन्य लोग घायल हुए हैं.

    म्यांमार की निर्वासित नेशनल यूनिटी गवर्नमेंट (एनयूजी) के अनुसार, गुरुवार को मध्य म्यांमार के मगवे क्षेत्र के इन योन गांव में एक स्कूल पर हवाई हमला हुआ, जिसमें छात्रों, युवा बौद्ध भिक्षुओं और शिक्षकों सहित कम से कम 20 नागरिकों की मौत हो गई.

    म्यांमार की सैन्य नेतृत्व वाली सरकार ने इन हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    सेना ने शनिवार शाम को पश्चिमी म्यांमार के रखाइन राज्य के म्राउक-यू शहर में भी हवाई हमले किए.

    स्थानीय समयानुसार रात शहर के एक रिहायशी इलाके पर बमबारी की गई. ख़बरों के मुताबिक़, इस हमले में 10 से अधिक लोगों की मौत हो गई और करीब 20 अन्य घायल हो गए.

    यह इलाका अराकान आर्मी (एए) के नियंत्रण में है. यह देश के सैन्य शासन के ख़िलाफ़ लड़ने वाली सबसे मजबूत विद्रोही बलों में से एक है.

    साल 2021 में हुए सैन्य तख्तापलट के बाद से देशभर में लगभग हर दिन सैन्य हवाई हमले हो रहे हैं. इस तख्तापलट में पूर्व नेता आंग सान सू की के नेतृत्व वाली निर्वाचित नागरिक सरकार को सत्ता से हटा दिया गया था, जिसके बाद देश लंबे गृहयुद्ध में घिर गया.

  4. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    पिछले लाइव पोस्ट की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.