लाइव , नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का दो दिन का भारत दौरा, मोदी से करेंगे मुलाक़ात

बालेन शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात करेंगे.

लाइव कवरेज

अभिषेक प्रताप सिंह, शुभम गर्ग, तेजस्वी सिंह

  1. योगी आदित्यनाथ की मां का 91 साल की उम्र में निधन, प्रेरणा, बीबीसी संवाददाता

    योगी आदित्यनाथ
    इमेज कैप्शन, योगी आदित्यनाथ और उनकी मां सावित्री देवी के मुलाक़ात की यह तस्वीर मई 2022 की है

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है.

    उनका निधन उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल ज़िले के पंचूर गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर हुआ.

    वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं. उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना विभाग ने उनके निधन की पुष्टि की है.

    सूचना विभाग के मुताबिक़, "मां के निधन की सूचना मिलने के बावजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम जारी रखा."

    वह शुक्रवार, 20 नवंबर को गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करने के कार्यक्रम में शामिल हुए.

    योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट उत्तराखंड के वन विभाग में अधिकारी थे. उनका अप्रैल 2020 में निधन हो गया था.

    कोरोना महामारी की पहली लहर के दौरान पिता के निधन पर योगी आदित्यनाथ अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे.

    उस समय उन्होंने कहा था कि कोविड महामारी के बीच प्रदेश के लोगों के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी के कारण वह अपने पिता के अंतिम दर्शन नहीं कर सके.

    जून 2024 में योगी आदित्यनाथ अपनी बीमार मां से मिलने ऋषिकेश स्थित एम्स भी गए थे. उस समय मीडिया रिपोर्टों में बताया गया था कि वह लंबे अंतराल के बाद अपनी मां से मिले थे.

  2. नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का दो दिन का भारत दौरा, मोदी से करेंगे मुलाक़ात

    बालेंद्र शाह
    इमेज कैप्शन, बालेन शाह के सम्मान में पीएम मोदी आधिकारिक भोज का आयोजन करेंगे (फ़ाइल फ़ोटो)

    नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को दो दिन के भारत दौरे पर आएंगे. इस दौरान वह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात करेंगे.

    नेपाल के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक़, प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 और 23 नवंबर को भारत के राजकीय दौरे पर रहेंगे.

    उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत आने का न्योता दिया है.

    बालेन शाह के साथ नेपाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यांजनकर और नेपाल सरकार के सीनियर अधिकारी भी होंगे.

    दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, बालेन शाह के सम्मान में आधिकारिक भोज का आयोजन करेंगे. भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी नेपाल के प्रधानमंत्री से मुलाक़ात करेंगे.

  3. पहले टेस्ट के दूसरे दिन भारत का स्कोर 159/1, जायसवाल ने खेली 85 रन की पारी

    टीम इंडिया
    इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड की टीम पहली पारी में 368 रन पर ऑलआउट हो गई थी

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का दूसरा दिन ख़त्म हो गया है. भारत ने एक विकेट के नुकसान पर 159 रन बना लिए हैं.

    केएल राहुल 52 रन और देवदत्त पडिक्कल 16 रन बनाकर क्रीज़ पर हैं. यशस्वी जायसवाल 85 रन बनाकर आउट हुए.

    न्यूज़ीलैंड की टीम पहली पारी में 368 रन पर ऑलआउट हो गई थी. इस तरह भारतीय टीम अभी 209 रन पीछे है.

    न्यूज़ीलैंड की ओर से हेनरी निकोल्स ने सबसे ज़्यादा 175 रन बनाए, जबकि ग्लेन फ़िलिप्स ने 118 रन की पारी खेली.

    भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 92 रन देकर चार विकेट लिए. आकाश दीप ने 53 रन देकर तीन विकेट हासिल किए.

  4. राहुल ने ट्रंप-पुतिन और शी की तस्वीर शेयर कर मोदी को बताया 'कॉम्प्रोमाइज़्ड पीएम'

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, राहुल ने कल कहा था कि भारत में पहले से ही मुश्किलें थीं और ईरान युद्ध ने उन्हें और बढ़ा दिया है

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को एक तस्वीर शेयर कर बीजेपी पर निशाना साधा.

    इस तस्वीर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग नज़र आ रहे हैं.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री इस मेज़ पर बैठे होते. एक कॉम्प्रोमाइज़्ड पीएम कभी इस मेज़ पर नहीं बैठ सकता."

    राहुल गांधी ने इससे पहले ईरान युद्ध और भारत की विदेश नीति को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा था. उन्होंने एक्स पर लिखा था कि पाकिस्तान, ईरान और अमेरिका के साथ बातचीत में जुटा है, जबकि भारत सिर्फ़ देख रहा है.

    उन्होंने कहा था कि आज़ादी के बाद से भारत की अपनी भू-राजनीतिक समझ रही है. भारत की विदेश नीति इस बात से तय होती थी कि देश के हित में क्या है.

    राहुल गांधी ने लिखा था, "भारत के आकार, इतिहास और दूसरे देशों के साथ उसके संबंधों को देखते हुए उसे वैश्विक बातचीत में शामिल होना चाहिए. लेकिन भारत अब एक साइड प्लेयर बन गया है. हम वैश्विक मंच से पीछे हट गए हैं."

    उन्होंने कहा था कि भारत में पहले से ही मुश्किलें थीं और ईरान युद्ध ने उन्हें और बढ़ा दिया है. भारत दुनिया के दूसरे हिस्सों में हो रही घटनाओं से बेपरवाह नहीं रह सकता.

    बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष अग्रवाल ने राहुल गांधी पर पलटवार किया है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "राहुल गांधी को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति की वास्तविकता समझने की ज़रूरत है. अमेरिका, रूस और चीन के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक भारत की वैश्विक स्थिति तय नहीं करती. भारत ब्रिक्स, क्वाड, एससीओ, जी20 और जी7 जैसे कई रणनीतिक मंचों के ज़रिए एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी देशों के साथ संपर्क बनाए रखता है."

    उन्होंने कहा, "भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाने या प्रधानमंत्री को 'कॉम्प्रोमाइज़्ड पीएम' कहने से पहले राहुल गांधी को यह बताना चाहिए कि जब डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तब सोनिया गांधी विदेशी राष्ट्राध्यक्षों से मुलाक़ात क्यों कर रही थीं?"

  5. अमेरिकी आयोग ने भारत पर लगाए मुसलमानों को निशाना बनाने के आरोप

    मुसमान महिलाएं
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी आयोग के एक अधिकारी ने भारत को विशेष चिंता का देश घोषित करने की मांग की (सांकेतिक तस्वीर)

    अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (यूएससीआईआरएफ़) ने भारत में धार्मिक अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ कथित कार्रवाई को लेकर दो बयान जारी किए हैं.

    यूएससीआईआरएफ़ की तरफ से गुरुवार को एक्स पर जारी बयान मेंआयोग के अध्यक्ष डॉ. आसिफ़ महमूद ने आरोप लगाया कि 'भारत सरकार मुस्लिम नागरिकों को निशाना बना रही है.'

    उन्होंने कहा कि मुसलमानों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं. उन्हें 'विदेशी' बताया जा रहा है और कथित तौर पर अवैध रूप से देश से बाहर भेजा जा रहा है.

    उन्होंने कहा, "यह सब ऐसे समय में हो रहा है जब गृह मंत्री अमित शाह ने भारत के मुसलमानों को ‘घुसपैठिया’ बताया है, जिन्हें बाहर निकाल दिया जाना चाहिए."

    वहीं, यूएससीआईआरएफ़ के एक्स अकाउंट पर कमिश्नर जीन मिल्स की तरफ़ से जारी बयान में भी भारत सरकार की आलोचना की गई.

    उन्होंने आरोप लगाया, "भारतीय सरकार द्वारा अपने ही नागरिकों को उनके मुस्लिम धर्म के आधार पर देश से बाहर निकालना, धार्मिक अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने वाली रणनीतियों में एक चौंकाने वाली बढ़ोतरी है."

    जीन मिल्स ने अमेरिकी विदेश मंत्रालय से कहा, "भारत में लगातार धर्म या विश्वास की स्वतंत्रता के उल्लंघन के कारण भारत को विशेष चिंता वाला देश (सीपीसी) घोषित करना चाहिए.

    अभी पिछले हफ़्ते ही यूएससीआईआरएफ़ ने शरजील इमाम की हिरासत को लेकर टिप्पणी की थी.

    आयोग ने एक्स पर लिखा था, "शरजील इमाम एक मुस्लिम शख़्स हैं, जिन्हें भारत में धार्मिक स्वतंत्रता की पैरोकारी के कारण हिरासत में रखा गया है."

    अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा नेयूएससीआईआरएफ़ की शरजील वाली टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी.

    उन्होंने एक्स पर कहा था कि यूएससीआईआरएफ़ को भारतीय नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर फ़ैसला सुनाने का कोई अधिकार नहीं है.

    क्वात्रा ने आयोग के आकलन को 'पक्षपातपूर्ण, अधूरी जानकारी पर आधारित और पूर्वाग्रह' से ग्रस्त बताया था.

    उन्होंने आगे कहा था कि यूएससीआईआरएफ़ को अपने पूर्वाग्रहों पर विचार करना चाहिए और दूसरों को उपदेश देना बंद करना चाहिए.

  6. यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने के लिए रूस से बातचीत को तैयार यूरोपीय नेता, यारोस्लाव लुकिव, लॉरा गोज़्ज़ी और पॉल किर्बी, यूरोप डिजिटल एडिटर

    यूरोपीय नेता
    इमेज कैप्शन, यूरोपीय नेताओं ने बर्लिन में यूक्रेन के समर्थन में एकजुटता दिखाई

    यूरोपीय नेताओं ने कहा है कि वे यूक्रेन में युद्ध ख़त्म करने के लिए रूस के साथ बातचीत को तैयार हैं. उन्होंने इस दौरान यूक्रेन के समर्थन में एकजुटता भी दिखाई.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नम ने कहा कि यूरोप की बातचीत को लेकर स्पष्ट और एकजुट स्थिति है.

    वहीं, जर्मनी के चांसलर फ़्रिड्रिख़ मर्त्ज़ ने कहा कि रूस की 'ज्यादातर मांगें' व्यावहारिक नहीं हैं.

    दोनों नेता बर्लिन में यूक्रेन के सहयोगी देशों के सम्मेलन 'कोएलिशन ऑफ़ द विलिंग' में बोल रहे थे.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर भी बर्लिन में मौजूद थे. वह अमेरिका के उन दो विशेष दूतों में शामिल हैं, जो इस सम्मेलन में पहुंचे थे.

    कुशनर ने कहा कि ट्रंप यूरोप को साथ लेकर रूस के साथ समझौता करना चाहते हैं.

    हालांकि, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अब तक अमेरिका की अगुवाई में हो रही शांति वार्ता में यूरोप की भूमिका को ख़ारिज करते रहे हैं.

  7. न्यूज़ीलैंड 368 रन पर ऑलआउट, हेनरी निकोल्स और ग्लेन फ़िलिप्स के शतक

    टीम इंडिया
    इमेज कैप्शन, भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 92 रन देकर चार विकेट लिए

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में न्यूज़ीलैंड की टीम पहली पारी में 368 रन बनाकर ऑलआउट हो गई है.

    न्यूज़ीलैंड की ओर से हेनरी निकोल्स ने सबसे ज़्यादा 175 रन बनाए. वहीं, ग्लेन फ़िलिप्स ने 118 रन की पारी खेली. इनके अलावा रचिन रवींद्र ने 15 रन बनाए.

    भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने 92 रन देकर चार विकेट लिए. आकाश दीप ने 53 रन देकर तीन और अंशुल कंबोज ने 69 रन देकर दो विकेट हासिल किए.

    न्यूज़ीलैंड की पारी समाप्त होने के बाद भारत की ओर से केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने पारी की शुरुआत की.

  8. तमिलनाडु: शादी समारोह से लौट रही 24 यात्रियों से भरी मिनी बस खाई में गिरी

    तमिलनाडु
    इमेज कैप्शन, बस में सवार लोग पलानी के मदीना नगर और आसपास के इलाक़ों के रहने वाले थे

    तमिलनाडु में पलानी-कोडईकनाल सड़क पर सावरिक्काडु के पास 24 यात्रियों से भरी एक मिनी बस खाई में पलट गई.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, बस में सवार लोग पलानी के मदीना नगर और आसपास के इलाक़ों के रहने वाले थे.

    वे कोडईकनाल के मूंजिक्कल में शादी के रिसेप्शन और शादी के बाद हुए एक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने हादसे वाली जगह का एक वीडियो भी जारी किया है. इसमें कुछ लोग घायलों की मदद करते नज़र आ रहे हैं.

  9. सऊदी अरब की राजधानी में हूती विद्रोहियों का हमला, इमारत को नुक़सान

    सऊदी अरब
    इमेज कैप्शन, हमले में इमारत की कई मंज़िलों और आसपास की इमारतों को नुक़सान पहुंचा है

    सऊदी अरब की राजधानी रियाद में गुरुवार को हूती विद्रोहियों के हमले में एक इमारत को नुक़सान पहुंचा है.

    बीबीसी अरबी के मुताबिक़, यह इमारत किंग अब्दुल्लाह फ़ाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में स्थित है. हमले में किसी के घायल होने की ख़बर नहीं है.

    सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने इसकी पुष्टि की है. सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक़, हमले में इमारत की कई मंज़िलों और आसपास की इमारतों को नुक़सान पहुंचा है.

    एजेंसी ने एक तस्वीर जारी की है. इसमें सऊदी अरब के पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (पीआईएफ) की इमारत दिखाई देती है. हालांकि, विभाग ने निशाना बनाई गई इमारत का नाम नहीं बताया.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स और एएफपी ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि इमारत के शीशे टूट गए हैं. कई मंज़िलों पर बने दफ़्तरों को भी नुक़सान पहुंचा है.

    रॉयटर्स ने तीन सूत्रों के हवाले से बताया कि हूतियों की ओर से दागी गई मिसाइल इमारत से टकराई. इससे सात से आठ मंज़िलों की खिड़कियां टूट गईं.

  10. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता शुभम गर्ग को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    मुफ़्ती, मौलाना और अब एआई: धर्म के सवालों पर मुसलमान किस पर करें भरोसा?

    मैकडॉनल्ड्स में यौन शोषण: 'वे छोटी लड़कियों के 18 साल की होने का इंतजार कर रहे थे'

    आईसीजे ने म्यांमार को रोहिंग्या समुदाय के नरसंहार का दोषी ठहराया, जानिए इस फ़ैसले का क्या मतलब है?

  11. पूर्व पीएम इमरान ख़ान और पत्नी की जेल में हुई मेडिकल जांच

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान
    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की आज मेडिकल जांच की गई.

    इमरान ख़ान फ़िलहाल अदियाला जेल में बंद हैं.

    रावलपिंडी की अदियाला जेल के अधिकारियों का कहना है कि एक ख़ास मेडिकल टीम ने जेल में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी की स्वास्थ्य की जांच की है.

    जेल अधिकारियों ने बीबीसी उर्दू को बताया कि पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज अस्पताल के डॉक्टर आरिफ़ ख़ान की अगुवाई में मेडिकल टीम ने दोनों की जांच की.

    टीम करीब ढाई घंटे जेल में रहने के बाद वापस लौट गई.

    अधिकारियों के मुताबिक, इस दौरान इमरान ख़ान की आंखों की जांच की गई. ख़ून की जांच के लिए उनके सैंपल भी लिए गए.

    इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को अलग-अलग कमरों में भेज दिया गया.

  12. साइक्लोन 'अक्वान': टकराते समय 100 किमी प्रति घंटा हो सकती है रफ्तार

    पुरी तट पर गश्त करते एनडीआरएफ के जवान
    इमेज कैप्शन, पुरी तट पर गश्त करते एनडीआरएफ के जवान

    बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफ़ान 'अक्वान' लगातार उत्तर-पश्चिम की तरफ़ बढ़ रहा है.

    मौसम विभाग ने कहा है कि चक्रवात 'अक्वान' भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया है.

    भारतीय मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, चक्रवाती तूफ़ान 'अक्वान' पिछले छह घंटों के दौरान 13 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से उत्तर की ओर बढ़ा है.

    20 नवंबर 2026 की दोपहर तक गोपालपुर के क़रीब उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट को पार करने की संभावना है.

    तटीय क्षेत्र से टकराने के समय इसकी अधिकतम रफ़्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है.

    वहीं, हवा के झोंकों की रफ़्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

    साइक्लोन 'अक्वान' वजह से समुद्र की लहरें हुई तेज़
    इमेज कैप्शन, साइक्लोन 'अक्वान' वजह से समुद्र की लहरें हुई तेज़

    समाचार एजेंसी पीटीआई से ओडिशा के गंजाम जिले के कलेक्टर वी कीर्ति वासन ने कहा, "हम अब तक क़रीब 1.38 लाख लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचा चुके हैं. कुछ चुनिंदा इलाक़ों में यह प्रक्रिया अभी भी जारी है. आज रात तक निकासी का पूरा काम पूरा कर लिया जाएगा.

    कहा कि अगले 24 घंटे तक सतर्क रहना भी बहुत ज़रूरी है. यह बेहद अहम समय है, क्योंकि साइक्लोन के गोपालपुर के क़रीब तट से टकराने की आशंका है.

    न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बालासोर के ज़िलाधिकारी सूर्यवंशी मयूर विकास ने कहा, "बालासोर प्रशासन सभी ज़रूरी तैयारियां कर रहा है.

    "हमने 145 स्थायी साइक्लोन शेल्टर तैयार रखे हैं. इसके अलावा 1,250 अस्थायी साइक्लोन शेल्टर भी बनाए गए हैं."

    कहा कि संबंधित विभागों ने अलग-अलग विशेष टीमें भी बनाई हैं. एडीएम, सब-कलेक्टर और सीडीओ समेत वरिष्ठ अधिकारियों को ब्लॉक स्तर पर ज़िम्मेदारियां सौंपी गई हैं.

  13. राहुल गांधी बोले- 'बीजेपी और चुनाव आयोग की वोट चोरी के बावजूद हम चुनाव का बहिष्कार नहीं करेंगे'

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी

    कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका दौरे के दौरान चुनावों के बहिष्कार को लेकर अपनी राय रखी है.

    उन्होंने भारत की चुनावी प्रक्रिया और 'वोट चोरी' के आरोपों पर भी बयान दिया.

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि उनसे बार-बार पूछा जाता है कि बीजेपी-चुनाव आयोग की वोट चोरी के विरोध में विपक्ष चुनाव का बहिष्कार क्यों नहीं करता.

    उन्होंने कहा कि इसका जवाब साफ़ है. उनके लिए भारत का लोकतंत्र सबसे पवित्र है.

    राहुल गांधी ने कहा कि जिस दिन विपक्ष ने चुनाव लड़ना छोड़ दिया, उस दिन जनता का लोकतंत्र पर भरोसा उठ जाएगा.

    उन्होंने कहा कि बीजेपी यही चाहती है. -राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष जनता का यह भरोसा टूटने नहीं देगा. वह हर चोट सहेंगे, हर वोट के लिए लड़ेंगे और हर सच देश के सामने रखेंगे.

    राहुल गांधी के मुताबिक यह लड़ाई सत्ता की नहीं, संविधान की है.

    उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए वे पहले भी मैदान में थे, अब भी हैं और आगे भी रहेंगे.

  14. ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग ने बैठक के बाद जारी ‘शांति घोषणापत्र’ में क्या?, हैरियट व्हाइटहेड, बीबीसी संवाददाता

    एपेक समिट के फ़ोटोशूट में जिनपिंग, पुतिन और ट्रंप
    इमेज कैप्शन, एपेक समिट के फ़ोटोशूट में जिनपिंग, पुतिन और ट्रंप

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने एक ऐतिहासिक बैठक के बाद संयुक्त 'शांति घोषणापत्र' जारी किया है.

    एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन के दौरान चीन के शेनझेन स्थित काइलिन विला में उनकी मुलाकात हुई. तीनों नेताओं की यह पहली त्रिपक्षीय बैठक थी. बैठक करीब एक घंटा 20 मिनट चली.

    घोषणापत्र में कहा गया कि परमाणु युद्ध न तो जीता जा सकता है और न ही इसे कभी लड़ा जाना चाहिए. तीनों देशों ने पेट्रोलियम के उत्पादन और आपूर्ति बढ़ाने की योजना का भी ज़िक्र किया.

    बयान में सरकारी अधिकारियों को मिलने वाली छूट का मुद्दा भी उठाया गया. इसमें कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) और दूसरी ऐसी संस्थाओं को अपने अधिकार क्षेत्र का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए.

    बैठक से पहले ट्रंप ने पुतिन से भी मुलाकात की. अगस्त 2025 के बाद दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात थी. ट्रंप ने पुतिन को अपना दोस्त बताया.

    वहीं, जिनपिंग के साथ अलग बातचीत में उन्होंने दोनों देशों के रिश्ते को 'बेहद ख़ास' कहा.

    तीनों नेताओं के बीच बातचीत का माहौल दोस्ताना रहा, लेकिन बैठक को लेकर उनके मक़सद अलग-अलग थे.

    एपेक समिट में चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग, पुतिन और ट्रंप मिले
    इमेज कैप्शन, एपेक समिट में चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग, पुतिन और ट्रंप मिले

    बैठक की शुरुआत में जिनपिंग ने कहा कि दुनिया की बड़ी ताक़तों के बीच सकारात्मक बातचीत कोई विकल्प नहीं, बल्कि ज़रूरत है.

    इसके बाद पुतिन ने कहा कि रूस और चीन की यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने में साझा दिलचस्पी है. उन्होंने खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा पर भी बातचीत होने की बात कही.

    चीन पहले भी इस युद्ध में ख़ुद को तटस्थ बताता रहा है. उसने रूस के हमले की निंदा करने से परहेज़ किया है. चीन लगातार बातचीत के ज़रिए राजनीतिक समाधान निकालने की अपील करता रहा है.

    ट्रंप ने कहा कि दुनिया के तीन सबसे बड़े देशों के राष्ट्रपतियों की यह ख़ास ज़िम्मेदारी है कि वे बातचीत जारी रखें. उन्होंने कहा कि पहले कई नेता उन देशों से बात करने से बचते थे, जिनसे उनके मतभेद होते थे. लेकिन उनका नज़रिया इससे अलग है.

    ट्रंप ने तीनों देशों की परमाणु ताक़त का ज़िक्र किया. उन्होंने कहा कि वे दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने पर चर्चा करने की ख़ास स्थिति में हैं.

    उन्होंने दूसरे देशों में परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए सहयोग को ज़रूरी बताया.

    इस दौरान उन्होंने ईरान का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा, "हम ईरान को परमाणु हथियार नहीं रखने देंगे."

  15. सैफ़ अली ख़ान को मिली धमकी

    बॉलीवुड अभिनेता सैफ़ अली ख़ान
    इमेज कैप्शन, बॉलीवुड अभिनेता सैफ़ अली ख़ान

    बॉलीवुड अभिनेता सैफ़ अली ख़ान को जान से मारने की धमकी मिली है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ यह धमकी बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड अभियुक्त ज़ीशान अख़्तर के नाम से दी गई है.

    पिछले कुछ हफ़्तों में फ़िल्मी सितारों को धमकी मिलने की यह ताज़ा घटना है. इससे पहले अमिताभ बच्चन, आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को भी धमकियां मिल चुकी हैं.

    मुंबई पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है. एक पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस धमकी की सच्चाई का पता लगा रही है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से पुलिस अधिकारी ने कहा, "अभिनेता सैफ़ अली ख़ान के फ़ोन पर ज़ीशान अख़्तर के नाम से एक वॉयस मैसेज आया था. इसमें कहा गया था कि उनका भी वही हश्र होगा, जो बाबा सिद्दीकी का हुआ था."

    अधिकारी ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि धमकी सच में ज़ीशान अख़्तर ने दी है या कोई दूसरा व्यक्ति उसकी पहचान का इस्तेमाल कर रहा है.

    पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं कोई आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से उसकी आवाज़ की नकल करके फ़िल्मी सितारों को परेशान तो नहीं कर रहा है.

  16. 1,750 करोड़ रुपये में बिकी वॉन गॉग की पेंटिंग, नाज़ी इतिहास से क्या है इसका नाता, सरीन हबेशियन, बीबीसी संवाददाता

    नीलामी से पहले पिछले महीने हांगकांग में आयोजित एक प्रीव्यू के दौरान नीलामी घर सोथबीज़ के कर्मचारी विंसेंट वान गॉग की पेंटिंग ‘शातेनिए आन फ्लर’ को संभालते हुए
    इमेज कैप्शन, नीलामी से पहले पिछले महीने हांगकांग में आयोजित एक प्रीव्यू के दौरान नीलामी घर सोथबीज़ के कर्मचारी विंसेंट वान गॉग की पेंटिंग ‘शातेनिए आन फ्लर’ को संभालते हुए

    मशहूर चित्रकार विंसेंट वॉन गॉग की एक पेंटिंग ने नीलामी में नया रिकॉर्ड बनाया है. नीलामी घर सोथबीज़ ने बुधवार को न्यूयॉर्क में उनकी पेंटिंग ‘शातेनिए आन फ्लर’ को 19 करोड़ 4 लाख डॉलर (करीब 14 करोड़ 4 लाख 90 हज़ार पाउंड या लगभग 1,750 करोड़ रुपये) में बेचा.

    इस बिक्री के साथ वॉन गॉग की पेंटिंग की नीलामी का पिछला रिकॉर्ड टूट गया है. इससे पहले 2022 में उनकी एक पेंटिंग 11 करोड़ 72 लाख डॉलर में बिकी थी.

    सोथबीज़ के मुताबिक़, वॉन गॉग ने यह पेंटिंग 1890 में अपने जीवन के आख़िरी दो महीनों के दौरान बनाई थी. इसे उस दौर की उनकी सबसे अहम कलाकृतियों में गिना जाता है, जो अब तक निजी हाथों में थीं.

    नीलामी से पहले इस पेंटिंग की क़ीमत 18 करोड़ डॉलर (करीब 1,655 करोड़ रुपये) आंकी गई थी. इसे ‘ब्लाकिएर-अरिएटा कलेक्शन’ के हिस्से के तौर पर नीलाम किया गया. पेंटिंग किसने ख़रीदी, इसकी जानकारी तत्काल नहीं दी गई.

    नाज़ी दौर में पेंटिंग की बिक्री पर विवाद

    इस पेंटिंग की नीलामी से ठीक पहले इसके पुराने मालिकों के वारिसों और मौजूदा मालिक ब्लाकिएर-अरिएटा परिवार के बीच एक विवाद सुलझाया गया.

    जर्मनी के फ़िशर परिवार के वारिसों का दावा था कि नाज़ी शासन के उदय के दौरान आर्थिक दबाव में उनसे यह पेंटिंग बिकवाई गई थी.

    फ़िशर परिवार के वकील ने सोथबीज़ को बताया था कि परिवार की प्रकाशन कंपनी को नाज़ी शासन के दौरान आर्थिक नुक़सान हुआ था. इसी वजह से द्वितीय विश्व युद्ध से पहले एम्स्टर्डम में यह पेंटिंग बेचनी पड़ी थी.

    सोथबीज़ ने कहा कि पेंटिंग के नाज़ी दौर के जटिल इतिहास और होलोकॉस्ट के दौरान फ़िशर परिवार की तकलीफ़ों को ध्यान में रखते हुए दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से विवाद सुलझा लिया है. इसके बाद पेंटिंग को समझौते के तहत नीलाम किया गया.

    किसके पास रही यह पेंटिंग?

    सोथबीज़ की वेबसाइट के मुताबिक़, जर्मनी के मशहूर प्रकाशक सैमुअल फ़िशर ने 1909 में यह पेंटिंग ख़रीदी थी. 1934 में उनकी मौत के बाद यह उनके परिवार के पास रही.

    1932 या 1933 में इस पेंटिंग को एम्स्टर्डम में पॉल कैसिरर के पास रखा गया था. 1936 में यह पेरिस के हेनरीएट और मार्सेल काप्फ़ेरर के पास पहुंची. इसके बाद चार और लोगों के पास यह पेंटिंग रही.

    1975 में ब्लाकिएर परिवार ने इसे ख़रीदा था. हालिया नीलामी से पहले तक यह पेंटिंग पांच दशक से ज़्यादा समय तक इसी परिवार के पास रही.

  17. अब भारतीयों को नहीं मिलेगी मलेशिया में वीजा-फ़्री एंट्री

    भारत और मलेशिया के झंडे
    इमेज कैप्शन, भारत और मलेशिया के झंडे

    मलेशिया 1 जनवरी 2027 से भारतीय नागरिकों के लिए वीजा फ़्री एंट्री की सुविधा खत्म करने जा रहा है.

    इसके बाद मलेशिया जाने वाले सभी भारतीय पासपोर्ट धारकों को यात्रा से पहले वीजा लेना होगा.

    इससे पहले मलेशिया भारतीय नागरिकों को बिना वीजा के देश में आने की अनुमति देता था. इस सुविधा के तहत भारतीय नागरिक पर्यटन, कारोबार, सामाजिक गतिविधियों और ट्रांजिट के लिए 30 दिनों तक मलेशिया में रह सकते थे.

    मलेशिया के इमिग्रेशन डिपार्टमेंट (जेआईएम) ने एक नोटिस में इस बदलाव की जानकारी दी. नोटिस में कहा गया है कि भारतीय नागरिकों को दी गई वीजा छूट अगले साल की शुरुआत से खत्म हो जाएगी.

    इसके बाद देश में प्रवेश करने वाले सभी भारतीय यात्रियों के पास पहले से वैध वीजा होना जरूरी होगा.

    हालांकि, यह नियम तुरंत लागू नहीं होगा. भारतीय नागरिक 1 दिसंबर 2026 से मलेशिया के MyVISA पोर्टल पर ऑनलाइन वीजा के लिए आवेदन कर सकेंगे. इससे यात्रियों को नए नियम लागू होने से पहले तैयारी करने के लिए एक महीने का समय मिलेगा.

  18. कार्टून: मेन्स डे का व्रत

    इंटरनेशनल मेन्स डे पर आज का कार्टून.
    इमेज कैप्शन, इंटरनेशनल मेन्स डे पर आज का कार्टून.
  19. हमारे मानवाधिकारों का उल्लंघन हुआ: आज़म ख़ान

    आजम खान
    इमेज कैप्शन, आजम खान

    यूपी सरकार के पूर्व मंत्री आज़म खान ने मीडिया से बातचीत में जेल में रहने के दौरान अपने साथ हुए व्यवहार पर सवाल उठाए.

    आजम खान ने कहा कि ईडी की कार्रवाई और उनके साथ हुए व्यवहार को झेलना मुश्किल रहा है. मुरादाबाद से ईडी के साथ आई पुलिस टीम ने भी उन्हें चोट पहुंचाई थी.

    उन्होंने कहा कि एक मामले में उन्हें 21 साल की सजा सुनाई गई और 36 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया. सरकार ने जमीन पर कब्जा कर लिया.

    आजम खान ने आसरा योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत गरीबों के लिए एक एजेंसी मकान बना रही थी. मकानों का आवंटन करने और लोगों को कब्जा देने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की थी. ढाई साल में कॉलोनी बनकर तैयार हो गई. मकान आवंटित कर दिए गए और लोग वहां रहने भी लगे.

    उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पांच दिन बाद ही एक एफआईआर दर्ज कराई गई. इसमें कहा गया कि उन्होंने लोगों के मकान गिराए और उनके मुर्गे-बकरियां चोरी करवाईं. इस मामले में उन्हें 10 साल की सजा सुनाई गई.

    आजम खान ने कहा कि निचली अदालत के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में भी बहुत कम बदला जाता है. लेकिन उनकी सजा सात साल से बढ़ाकर 10 साल कर दी गई. जुर्माना भी 21 लाख रुपये से बढ़ाकर करीब 71 लाख रुपये कर दिया गया. उन्होंने बताया कि हाई कोर्ट से उन्हें राहत मिली थी. उनकी सजा पर रोक लगा दी गई थी और जुर्माना घटाकर एक चौथाई कर दिया गया था.

    आजम खान ने जेल में अपने साथ हुए व्यवहार को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा, "हमारे मानवाधिकारों का उल्लंघन हुआ है. किसी भी कानून के तहत दो लोगों को 11x7 फुट की कोठरी में 20-24 घंटे तक बंद नहीं रखा जा सकता."

    उन्होंने जेल में मिलने वाले खाने की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए. आजम खान ने कहा, "हमें ऐसा खाना दिया जाता है, जिसे शायद सड़क का कोई आवारा कुत्ता भी न खाए. सरकार भारी फंड देती है, लेकिन असल में इन जेलों के अंदर क्या हो रहा है?"

    उन्होंने आगे कहा कि अगर उनके जीवनकाल में कभी व्यवस्थागत बदलाव का मौका मिलता है, तो वे जेल प्रशासन को पूरी तरह बदलने की कोशिश करेंगे.

  20. पुतिन और शी जिनपिंग से मिलने के बाद अमेरिका रवाना हुए ट्रंप, ईरान के बारे में क्या बोले?

    एयर फोर्स वन में सवार होते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
    इमेज कैप्शन, एयर फोर्स वन में सवार होते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ त्रिपक्षीय बैठक ख़त्म हो गई है.

    बैठक के बाद ट्रंप के एयर फ़ोर्स वन में सवार होने की तस्वीरें सामने आई हैं.

    वहीं, रूसी सरकारी मीडिया के मुताबिक़, व्लादिमीर पुतिन भी बैठक स्थल से रवाना हो गए हैं. सामने आए वीडियो में शी जिनपिंग, पुतिन को उनकी कार तक छोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं.

    रूसी समाचार एजेंसी तास के मुताबिक़, तीनों नेताओं की यह बैठक क़रीब डेढ़ घंटे तक चली. बैठक के बाद तीनों राष्ट्रपतियों ने मीडिया से कोई बात नहीं की.

    इससे कुछ देर पहले अमेरिकी राष्ट्रपति का काफ़िला भी चीन के शेनझेन स्थित काइलिन विला से रवाना हुआ था.

    एपेक समिट में चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग, पुतिन और ट्रंप मिले
    इमेज कैप्शन, एपेक समिट में चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग, पुतिन और ट्रंप मिले

    बैठक से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तीनों देशों के नेताओं की बैठक की शुरुआत में संक्षिप्त भाषण दिया था.

    उन्होंने कहा था कि दुनिया के दूसरे देशों में परमाणु हथियारों के प्रसार के ख़तरे से निपटने के लिए तीनों देशों का मिलकर काम करना बेहद ज़रूरी है.

    उन्होंने कहा, "हम ईरान के मामले में भी यही कर रहे हैं. हम ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे."

    चीन के शेनझेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) सम्मेलन का आयोजन हो रहा है. इसमें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शामिल हुए.