You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
ऑस्ट्रेलिया में ज़ब्त हुए 13 करोड़ रुपये के कॉकरोच
ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स के एक कमर्शियल ब्रीडर के यहां से एक लाख से ज़्यादा अवैध विदेशी कॉकरोच ज़ब्त किए हैं. इनमें से कुछ कॉकरोच किसी इंसान की हथेली जितने बड़े थे.
लगभग 2 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर यानी साढ़े 13 करोड़ रुपये से ज़्यादा की इस ज़ब्ती में मेडागास्कर हिसिंग कॉकरोच और डुबिया कॉकरोच शामिल थे. ये कॉकरोच सिडनी से लगभग 200 किलोमीटर साउथ में बाथर्स्ट के एक ब्रीडर के पास पाए गए.
ऑस्ट्रेलिया में कॉकरोच की ये दोनों ही प्रजातियां न तो विदेश से मंगवाई जा सकती है और न ही रखी या बेची जा सकती हैं.
अधिकारियों के मुताबिक, ये अवैध कॉकरोच बीमारियां फैला सकते हैं और देश के स्थानीय वन्यजीवों के साथ ही खेती को भी नुक़सान पहुंचा सकते हैं.
इन कॉकरोचों का इस्तेमाल अक्सर पालतू छिपकलियों या सांपों के खाने के रूप में किया जाता है. अधिकारियों ने बताया कि अब इन कॉकरोचों को मारकर सुरक्षित तरीके से इन्हें नष्ट कर दिया जाएगा.
दुनिया में सबसे बड़े आकार वाले कॉकरोचों में से एक मेडागास्कर हिसिंग कॉकरोच को ये नाम इसलिए मिला है क्योंकि ये इतनी तेज़ फुफकार यानी हिसिंग साउंड निकाल सकते हैं, कि उसे आसानी से सुना जा सकता है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)