फ़ातिमा बायो: बाल विवाह से बचकर निकलने से लेकर सिएरा लियोन की 'फ़र्स्ट लेडी' बनने तक

फ़ातिमा बायो सिएरा लियोन के राष्ट्रपति की पत्नी हैं
इमेज कैप्शन, फ़ातिमा बायो सिएरा लियोन के राष्ट्रपति की पत्नी (फ़र्स्ट लेडी) हैं
    • Author, मेघा मोहन, मैगी लैथम और अल्वारो अल्वारेज़
    • पदनाम, बीबीसी वर्ल्ड सर्विस
    • ........से, सिएरा लियोन
  • प्रकाशित
  • पढ़ने का समय: 13 मिनट

जब हमने फ़ातिमा बायो से पूछा कि लंदन में शरणार्थी के तौर पर रहना कैसा था, तो उन्हें जवाब देने में बस एक पल लगा. वह बिना कोई भाव दिखाए कहती हैं, "किसी बिगड़ैल बूढ़े से शादी करने से तो बेहतर ही था."

यह जवाब देकर फ़ातिमा हंस पड़ती हैं.

यह फ़ातिमा के पिता की योजना थी, जो उन्हें किशोरावस्था में ही शादी के बंधन में बांध देना चाहते थे.

तब से अब तक बहुत कुछ बदल चुका है. उसके बाद के सालों में, वह एक अभिनेत्री बनीं, फिर लंदन में उनकी मुलाक़ात एक ऐसे व्यक्ति से हुई, जिनका वह सिएरा लियोन के प्रवासियों के बीच प्रभावशाली लोगों के बारे में इंटरव्यू ले रही थीं.

फिर उन्होंने उनसे शादी कर ली. वह जूलियस बायो थे, जो अब सिएरा लियोन के राष्ट्रपति हैं.

देश की 'फ़र्स्ट लेडी' (राष्ट्रपति की पत्नी) के तौर पर, फ़ातिमा बायो को एक प्रभावशाली लेकिन विवादित हस्ती के रूप में देखा जाता है. कुछ युवा उन्हें राजनीति में एक नई आवाज़ मानते हैं, जो महिलाओं और लड़कियों के हक़ों के लिए बोलती हैं.

जबकि कुछ कहते हैं कि उन्होंने अपनी सीमाएं लांघ दी हैं और वह अपने पति की पार्टी के कामकाज में बहुत ज़्यादा दख़ल देती हैं और बहुत ज़्यादा मुखर हैं.

छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
दिनभर: पूरा दिन,पूरी ख़बर (Dinbhar)

वो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख़बरें जो दिनभर सुर्खियां बनीं.

एपिसोड

समाप्त

सांसदों ने उनकी हूटिंग की है और उन पर ताने कसे हैं. साथ ही सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो को लेकर उनकी आलोचना भी हुई है.

इस वीडियो में एक कुख्यात ड्रग डीलर नज़र आ रहा था, जिसके बारे में फ़ातिमा का कहना है कि वह उसे जानती ही नहीं हैं.

वह तुरंत हंसना बंद कर देती हैं और ख़ुद को संभालते हुए हमें वह कहानी सुनाती हैं जिसने उन्हें सिएरा लियोन में बाल विवाह पर रोक लगाने वाले क़ानून की वकालत करने के लिए प्रेरित किया. देश में यह क़ानून साल 2024 में लागू हुआ.

वह ख़ुद भी लगभग एक 'बाल वधू' बनने ही वाली थीं. जब वह 13 साल की हुईं, तब तक कानो ज़िले में हीरे की खदान में काम करने वाले उनके पिता ने उनकी शादी क़रीब 30 साल के आस-पास के एक ऐसे व्यक्ति से तय कर दी थी, जिसे वह बचपन से ही 'अंकल' कहकर बुलाती थीं.

वह बताती हैं, "इस बारे में कोई चर्चा नहीं हुई. बस फैसला सुना दिया गया."

लेकिन शादी से ठीक पहले, जब साल 1996 में वह 16 वर्ष की हुईं, तो सिएरा लियोन में छिड़े गृहयुद्ध की वजह से उन्हें वहां से भाग निकलने का मौक़ा मिल गया. रिश्तेदारों की मदद से वह वहां से निकलकर ब्रिटेन में शरण लेने में कामयाब रहीं.

फ़ातिमा बायो बताती हैं कि वह क्रिसमस की पूर्व संध्या पर टी-शर्ट पहने हुए लंदन के गैटविक हवाई अड्डे पर उतरी थीं. वहां की कड़ाके की ठंड देखकर वह हैरान रह गई थीं, लेकिन एक नई ज़िंदगी शुरू करने का मौक़ा मिलने से उन्हें बहुत राहत महसूस हो रही थी.

वह अपने एक दूर के रिश्तेदार के घर रहने चली गईं.

फ़र्स्ट लेडी कहती हैं, "इंग्लैंड मेरे लिए किसी चमत्कार से कम नहीं था. मैं इंग्लैंड गई, और वहां मुझे अपनी आवाज़ मिली. मुझे अपनी आज़ादी मिल गई और उसके बाद मैं अपने लिए लड़ पाई. अब मैं ज़्यादा से ज़्यादा युवाओं के लिए लड़ सकती हूँ."

ब्रिटेन में उन्हें एक और चीज़ मिली- मध्य लंदन के साउथवार्क में एक काउंसिल फ़्लैट. इस घर को उन्होंने आज भी अपने पास रखा है, और वहां उनके बच्चे रहते हैं.

बच्चे हैं ब्रिटिश नागरिक

साल 2022 में, बायो ने महिलाओं के प्रति हिंसा के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए लंदन के बकिंघम पैलेस में आयोजित एक स्वागत समारोह में भाग लिया, जिसमें अंतरराष्ट्रीय शाही और राजनीतिक हस्तियां भी मौजूद थीं

इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, साल 2022 में, बायो ने महिलाओं के प्रति हिंसा के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए लंदन के बकिंघम पैलेस में आयोजित एक स्वागत समारोह में भाग लिया, जिसमें अंतरराष्ट्रीय शाही और राजनीतिक हस्तियां भी मौजूद थीं

काउंसिल हाउस एक तरह की सोशल हाउसिंग होती है, जिनका किराया आमतौर पर प्राइवेट घरों से कम होता है और इसके लिए अप्लाई करने वालों को कुछ ख़ास शर्तें पूरी करनी पड़ती हैं.

इस बात की ब्रिटिश और सिएरा लियोन दोनों देशों के मीडिया में आलोचना हुई है कि फ्रीटाउन में प्रेसिडेंशियल मैंशन में रहने वाली मौजूदा फ़र्स्ट लेडी ने अभी भी अपना काउंसिल हाउस का किराया देना जारी रखा है.

शहर में हाउसिंग वेटिंग लिस्ट में 18 हज़ार से ज़्यादा लोग हैं. काउंसिल की वेबसाइट के मुताबिक़, "जिन लोगों को घर की सबसे ज़्यादा ज़रूरत है, उन्हें भी कई सालों तक इंतज़ार करना पड़ सकता है."

लेकिन वह इस स्थिति का बचाव करती हैं, "मेरे सभी बच्चे ब्रिटिश नागरिक हैं. मैं अपने काउंसिल हाउस का किराया ख़ुद दे रही हूँ. मैंने कोई जुर्म नहीं किया है."

एक बयान में, साउथवार्क काउंसिल ने बीबीसी को बताया कि वह किसी भी व्यक्ति के किराएदारी के मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करती.

लेकिन उन्हें "अगर इस बात पर कोई संदेह होता है कि किराएदार रेंट एग्रीमेंट की शर्तों को पूरा कर रहे हैं या नहीं, तो इसकी नियमित रूप से जाँच-पड़ताल की जाती है."

हम उस परिवार के फ़ार्म पर हैं, जो राजधानी फ्रीटाउन में प्रेसिडेंशियल लॉज से लगभग एक घंटे की दूरी पर है.

यहीं पर वह आमतौर पर अपने पति के साथ रहती हैं. जूलियस बायो पहले एक सैनिक थे. वे साल 2018 में सिएरा लियोन के राष्ट्रपति बने और साल 2023 में दोबारा चुने गए.

'मुफ़्त सैनिटरी पैड बांटती हूं'

बायो राजधानी, फ्रीटाउन के बाहर अपने पारिवारिक फ़ार्म पर मुर्गियाँ और मवेशी पालती हैं
इमेज कैप्शन, बायो राजधानी फ्रीटाउन के बाहर अपने पारिवारिक फ़ार्म पर मुर्गियाँ और मवेशी पालती हैं

यहां फ़ार्म में वे उन औपचारिक समारोहों की तुलना में कहीं अधिक सहज नज़र आती हैं, जिनमें हम पहले उनके साथ गए थे.

जींस और आर्सेनल फुटबॉल शर्ट पहने, वह हमें अपने कई जानवरों, जिनमें मुर्गियां, गाय और बकरियां शामिल हैं, को दिखाने के लिए ले जाती हैं.

यह सहज और प्रेरणादायक छवि सिएरा लियोन के लिए एक नया चेहरा है, जहां लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय चर्चाओं का केंद्र बाल सैनिक, ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन और ब्लड डायमंड्स रहे हैं.

इस छवि ने उन्हें सोशल मीडिया पर लाखों लाइक्स दिलाए हैं. वह नियमित रूप से पोस्ट करती हैं, अक्सर नाचती हैं और अपने फॉलोअर्स से सीधे बातचीत करती हैं.

वह पीरियड्स जैसे मुद्दों पर भी बात करती हैं. केन्या, बोत्सवाना, दक्षिण अफ्रीका और ज़ाम्बिया के उलट, सिएरा लियोन में स्कूलों में मुफ़्त सैनिटरी प्रोडक्ट की गारंटी देने वाली कोई राष्ट्रीय नीति नहीं है.

संयुक्त राष्ट्र के बच्चों के चैरिटी संगठन यूनिसेफ सहित कई समूहों ने कहा है कि सिएरा लियोन में लड़कियां अक्सर पीरियड्स के दौरान अपने यूनिफ़ॉर्म के गंदे होने के डर से स्कूल नहीं जाती हैं.

बायो कहती हैं, "पीरियड्स के कारण लड़कियां साल में कम से कम 80 दिन स्कूल नहीं जाती हैं. अगर आप स्कूल के 80 दिन अनुपस्थित रहती हैं, तो यह लगभग पूरे टर्म के अनुपस्थित रहने के बराबर है."

"उन्हें अभी भी वह समानता नहीं मिल रही है जिसकी वे हकदार हैं. इसलिए मैं नियमित रूप से अलग-अलग इलाक़ों में जाकर मुफ़्त सैनिटरी पैड बांटती हूँ. मैं चाहती हूँ कि लड़कियाँ शिक्षा हासिल करें ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने लिए फ़ैसले ले सकें."

हालाँकि इससे उन्हें समर्थकों का साथ मिला और उन्हें 'ऑर्गनाइजे़शन ऑफ़ अफ्रीकन फ़र्स्ट लेडीज़ फॉर डेवलपमेंट' (ओएफ़एलएडी) का प्रमुख चुना गया.

लेकिन कई लोगों का मानना है कि वह उस भूमिका से आगे बढ़ रही हैं जिसे परंपरागत रूप से काफ़ी हद तक औपचारिक माना जाता है.

जूलियस बायो साल 2023 में सिएरा लियोन के राष्ट्रपति के रूप में फिर से चुने गए. उनका कार्यकाल साल 2028 में समाप्त होना है

इमेज स्रोत, JOHN WESSELS/AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, जूलियस बायो साल 2023 में सिएरा लियोन के राष्ट्रपति के रूप में फिर से चुने गए. उनका कार्यकाल साल 2028 में समाप्त होना है

वह सत्ताधारी एसएलपीपी पार्टी की एक सक्रिय सदस्य हैं.

वह खुले तौर पर अपने पसंदीदा राजनेताओं का समर्थन करती हैं, और चुनावी रैलियों में तब भी भाषण देती हैं जब उनके पति (देश के राष्ट्रपति) वहाँ मौजूद नहीं होते.

उन्होंने अपने ख़ुद के सोशल मीडिया चैनलों पर वीडियो बयान भी जारी किए हैं, जिनमें उन्होंने राजनेताओं (जिनमें उनकी अपनी पार्टी के लोग भी शामिल हैं) और संसद के स्पीकर को चुनौती दी है.

बीबीसी सिएरा लियोन के संवाददाता उमरू फोफाना कहते हैं, "उनके समर्थकों की नज़र में वह एक मसीहा जैसी हस्ती हैं, और उनके आलोचकों की नज़र में, वह एक दख़ल देने वाली महिला हैं. वह एक ऐसा चरित्र हैं जो लोगों को बांटती हैं."

7 अगस्त 2025 को संसद के उद्घाटन सत्र के दौरान, फ़ातिमा बायो का कुछ सांसदों ने हूटिंग करके विरोध किया.

स्थानीय मीडिया ने बताया कि उन्होंने यौनकर्मियों के बारे में एक अपमानजनक गाना गाया. उन्होंने इसके जवाब में अपने ईयरफ़ोन लगाए और संगीत सुनने लगीं.

फ़र्स्ट लेडी का ज़ोर देकर कहना है कि इस हूटिंग से उन्हें कोई ठेस नहीं पहुँची.

वह कहती हैं, "इससे बस यही पता चलता है कि सभी पुरुष शिक्षित नहीं होते. महिला सशक्तीकरण और महिलाओं की समानता में सभी पुरुष यकीन नहीं रखते."

वह समझाते हुए कहती हैं, "मैं एक 'कैलेंडर वाइफ़' (सिर्फ़ घर-परिवार संभालने वाली पत्नी) बनने के लिए बहुत लंबे समय से एक एक्टिविस्ट रही हूँ."

उनका मतलब है कि वह सिर्फ़ परिवार का रोज़मर्रा का हिसाब-किताब रखने से कहीं ज़्यादा काम करती हैं.

"मैं लोगों की बात सुनती हूँ और उसे सरकार तक पहुँचाती हूँ. मैं सरकार की बात सुनती हूँ और उसे लोगों तक पहुँचाती हूँ. तो इस तरह से हम काम करते हैं."

ड्रग सरगना से संबंध का लगा आरोप

बायो कहती हैं कि उन्होंने लड़कियों की शिक्षा के लिए अभियान चलाया है, "ताकि वे भी फ़ैसले लेने की प्रक्रिया में शामिल हो सकें और अपने लिए ख़ुद फ़ैसले ले सकें"
इमेज कैप्शन, बायो कहती हैं कि उन्होंने लड़कियों की शिक्षा के लिए अभियान चलाया है, "ताकि वे भी फ़ैसले लेने की प्रक्रिया में शामिल हो सकें और अपने लिए ख़ुद फ़ैसले ले सकें"

फ़ातिमा बायो ने कहा कि वह अपने देश की छवि को नया रूप देना चाहती हैं.

जब हम शानदार और नए-नए पेंट किए गए चोइथराम इंटरनेशनल स्कूल में एक ग्रेजुएशन सेरेमनी में शामिल हुए, जहाँ वह मुख्य वक्ता हैं, तो लड़कियाँ अपने डिप्लोमा लेते समय उनसे बातचीत करने के लिए रुकती हैं.

वह बताती हैं कि सब-सहारा अफ़्रीका में लड़कियों का पहला हाई स्कूल इसी देश में बना था, और सिएरा लियोन को एक ऐसी जगह बताती हैं जो धार्मिक सहिष्णुता की पहचान है.

सिएरा लियोन की 77% आबादी की तरह, बायो भी मुस्लिम हैं. हालाँकि, उनके पति उन 21% लोगों में से हैं जो ईसाई हैं. वह हमें बताती हैं कि दोनों पति-पत्नी मस्जिद और चर्च, दोनों जगहों पर होने वाली प्रार्थनाओं में शामिल होते हैं.

चर्च में हुई एक प्रार्थना सभा के बाद ही उन्हें अपनी सबसे तीखी आलोचनाओं में से कुछ का सामना करना पड़ा.

जनवरी 2025 में, रॉयटर्स समाचार एजेंसी ने रिपोर्ट दी कि यूरोप के सबसे ज़्यादा वांछित ड्रग डीलरों में से एक 'चबी जोस' के नाम से भी पहचाने जाने वाले जोस लेजडेकर्स, कथित तौर पर फ़र्स्ट लेडी फ़ातिमा बायो के सोशल मीडिया चैनलों पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में दिखाई दिए थे.

कथित तौर पर इस फ़ुटेज में 34 वर्षीय लेजडेकर्स को चर्च में हुई प्रार्थना सभा के दौरान फ़र्स्ट लेडी और राष्ट्रपति से कुछ कतार पीछे खड़े हुए दिखाया गया है.

इस वीडियो को अब हटा दिया गया है और बीबीसी ने इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है.

लेजडेकर्स को रॉटरडैम की एक अदालत ने नीदरलैंड्स में कोकीन की तस्करी करने के आरोप में उनकी ग़ैरमौजूदगी में 24 साल की जेल की सज़ा सुनाई थी.

पश्चिम अफ़्रीकी देशों का इस्तेमाल अक्सर लैटिन अमेरिका से यूरोप तक ड्रग्स की तस्करी के रूट के तौर पर किया जाता है.

जब बीबीसी ने उनसे पूछा कि यूरोप के सबसे ज़्यादा वांछित ड्रग सरगनाओं में से एक सिएरा लियोन के 'फ़र्स्ट फ़ैमिली' (राष्ट्रपति परिवार) के इतने क़रीब कैसे पहुँच पाया, तो उन्होंने उसे जानने से इनकार कर दिया.

डच पुलिस का कहना है कि लेजडेकर्स, जिन्हें इस तस्वीर में चर्च में लंबी आस्तीन वाली सफ़ेद टी-शर्ट पहने देखा जा सकता है, वह अंतरराष्ट्रीय कोकीन तस्करी के एक "अहम खिलाड़ी" हैं

इमेज स्रोत, Facebook via Reuters

इमेज कैप्शन, नीदरलैंड्स की पुलिस का कहना है कि लेजडेकर्स, जिन्हें इस तस्वीर में चर्च में लंबी आस्तीन वाली सफ़ेद टी-शर्ट पहने देखा जा सकता है, वह अंतरराष्ट्रीय कोकीन तस्करी के एक "अहम खिलाड़ी" हैं

वह कहती हैं, "मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता, क्योंकि मैं कोई अपराधी नहीं हूँ. मैं लोगों को चर्च में नहीं ले जाती. मैं ईसाई नहीं हूँ. मैं एक मुस्लिम हूँ. इसलिए मुझे नहीं पता कि उस चर्च में कौन था. जिस चीज़ के बारे में आपको पता न हो, उसके बारे में बात नहीं करनी चाहिए."

वह उन अफ़वाहों से भी इनकार करती हैं कि लेजडेकर्स का कथित तौर पर उनकी सौतेली बेटी के साथ कोई बच्चा है, जो राष्ट्रपति की पिछली शादी से हुई बेटी हैं.

वह कहती हैं, "ये सब झूठ हैं, जिन्हें मैं सही नहीं ठहराने वाली."

उमरू फ़ोफ़ाना कहते हैं कि सिएरा लियोन के लोग अब लेजडेकर्स के बारे में बात करना छोड़कर आगे बढ़ चुके हैं.

वह कहते हैं, "यहाँ ग़रीबी बहुत ज़्यादा है, बेरोज़गारी भी काफ़ी है. ज़्यादातर घरों के लिए गुज़ारा करना रोज़ का संघर्ष है."

वह साथ ही यह भी जोड़ते हैं कि सिएरा लियोन के लोग किसी यूरोपीय अपराधी के बारे में बात करने के बजाय उन मुद्दों पर ध्यान देना ज़्यादा पसंद करेंगे, जो सीधे तौर पर उनकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी पर असर डालते हैं.

1930 के दशक में जब से ब्रिटिश भूवैज्ञानिकों ने यहाँ से हीरे निकाले हैं, तब से देश की खनिज संपदा आम लोगों तक शायद ही कभी पहुँच पाई है.

साल 1991 से 2002 तक चले एक क्रूर गृहयुद्ध में यहां हज़ारों लोग मारे गए और लाखों लोग बेघर हो गए. इस गृहयुद्ध को कुछ हद तक हीरों के व्यापार से बढ़ावा मिला था और जिसे पड़ोसी देश लाइबेरिया में चार्ल्स टेलर की सेना का समर्थन हासिल था.

इस देश को वापस पटरी पर लौटने में बार-बार रुकावटें आईं. इनमें साल 2014 में इबोला महामारी, कोविड-19 और यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद ईंधन और खाने-पीने की चीज़ों की बढ़ती कीमतें शामिल हैं.

साल 2022 में, बढ़ती महंगाई और गुज़ारे की मुश्किलों को लेकर फ़्रीटाउन में विरोध प्रदर्शन भड़क उठे, जिसमें कम से कम 20 आम नागरिक और छह पुलिस अधिकारी मारे गए.

'मुझे राष्ट्रपति बनने की कोई लालसा नहीं है'

वैश्विक मुद्दों ने भी महंगाई और जीवन-यापन के ख़र्च को बढ़ा दिया है

इमेज स्रोत, SAIDU BAH/AFP via Getty Images

इमेज कैप्शन, वैश्विक मुद्दों ने भी महंगाई और जीवनयापन के ख़र्च को बढ़ा दिया है

इस माहौल में, जहाँ रोज़मर्रा के आर्थिक दबाव लोगों का ध्यान ज़्यादा खींचते हैं, फ़र्स्ट लेडी की अपनी दौलत को लेकर दूसरी आलोचनाएँ भी सामने आई हैं.

इनमें कई संपत्तियों को लेकर सवाल शामिल हैं. जब उनसे पूछा जाता है कि क्या उनका परिवार गाम्बिया में आलीशान घरों में रहता है, और उनके लिए पैसे कहाँ से आए, तो वह इस पर कोई जवाब देने से मना कर देती हैं.

उनका कहना है, "मुझे इसे नकारने की ज़रूरत नहीं है. मुझे इसे मानने की भी ज़रूरत नहीं है. जब वे इस बात का सबूत लेकर आएँगे कि वे जो कह रहे हैं, वही असलियत है, तब हम इस पर बात करेंगे."

बायो का कहना है कि उन्हें "राष्ट्रपति बनने की कोई भूख नहीं है," लेकिन "अगर ईश्वर यही चाहते हैं, तो कोई भी इंसान इसे रोक नहीं सकता"
इमेज कैप्शन, बायो का कहना है कि उन्हें "राष्ट्रपति बनने की कोई भूख नहीं है," लेकिन "अगर ईश्वर यही चाहते हैं, तो कोई भी इंसान इसे रोक नहीं सकता"

उनकी इसी साफ़गोई और आत्मविश्वास को देखकर सिएरा लियोन और उससे बाहर के कई राजनीतिक विश्लेषक यह सोचने पर मजबूर हो गए हैं कि क्या फ़ातिमा बायो एक दिन ख़ुद राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं - शायद तब, जब साल 2028 में उनके पति का कार्यकाल खत्म हो जाएगा, क्योंकि वे आगे चुनाव नहीं लड़ सकते.

उन्हें भी विवादों का सामना करना पड़ा है, जिसमें अर्थव्यवस्था के उनके प्रबंधन को लेकर आलोचना और साल 2023 के चुनावों में पारदर्शिता को लेकर उठे सवाल शामिल हैं.

उस समय, चुनाव आयोग ने ज़ोर देकर कहा था कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए ज़रूरी इंतज़ाम किए गए हैं.

फ़र्स्ट लेडी फ़ातिमा बायो कहती हैं, "मुझे राष्ट्रपति बनने की कोई लालसा नहीं है. यह तो ईश्वर की मर्ज़ी पर निर्भर करेगा. मेरा इस बात पर पक्का यकीन है कि जब ईश्वर कुछ चाहते हैं, तो वह होकर ही रहता है. अगर उनकी यही मर्ज़ी है, तो कोई भी इंसान इसे रोक नहीं सकता."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)