गौतम गंभीर की न्यूजीलैंड के ख़िलाफ़ वो पारी जो हमेशा के लिए यादगार बन गई
सामने हार का पहाड़ दिख रहा था लेकिन इंडिया के एक बैट्समैन ने हार नहीं मानी.
436 बॉल खेलीं, दस घंटे से ज़्यादा बल्लेबाज़ी की और हार को ऐसे ड्रॉ में बदल दिया, जो किसी जीत जैसा ही लगा.
मार्च 2009 में टीम इंडिया न्यूज़ीलैंड के दौरे पर थी. नेपियर टेस्ट में मेज़बान टीम ने पहली पारी में 619 रनों का स्कोर खड़ा किया.
जवाब में भारत 305 पर सिमट गया और फॉलोऑन खेलने उतरा. न्यूज़ीलैंड के मुश्किल हालात में हार लगभग तय लग रही थी.
न्यूजीलैंड के बॉलर कहर बरपा रहे थे. और दो दिन से ज़्यादा का खेल अभी बाकी था. इंडिनय फैंस के दिल डूब रहे थे. तभी क्रीज़ पर आए गौतम गंभीर, जिनके इरादे कुछ और ही थे.
ओवर पर ओवर बीतते गए. गेंदबाज़ बॉलिंग करते रहे, फील्ड बदलती रही, लेकिन गंभीर का इरादा नहीं बदला. एक-एक रन जोड़ते हुए वो हार को टीम इंडया से दूर ले जाते रहे.
दूसरे छोर पर भी साथी डटे रहे. द्रविड़ ने 220 गेंदे खेली, सचिन ने 131 गेंदों का सामना किया और लक्ष्मण 124 रन बनाकर नाबाद रहे.
लेकिन गंभीर ने अपनी 137 रनों की पारी में अकेले 436 गेंदे खेलीं. वो कुल 643 मिनट तक क्रीज़ पर रहे.
उस पारी के बारे में गंभीर ने एक इंटरव्यू में कहा था कि "जब मैं और लक्ष्मण बैटिंग कर रहे थे, तब मैं एक तरह की ज़ोन में चला गया था. लगभग डेढ़ घंटे तक मैंने लक्ष्मण से एक शब्द नहीं कहा. लक्ष्मण मेरे पास आए और पूछा कि तुम कुछ बोल क्यों नहीं रहे हो. मैंने उनसे कहा कि मैं अपनी एक ज़ोन में चला गया हूं, मैं बस गेंदों पर ध्यान दे रहा हूं. और मैं उस ज़ोन से बाहर नहीं आना चाहता."
गंभीर ने उस पारी के दम पर ना सिर्फ टीम इंडिया की हार टाली, बल्कि कभी ना भुलाने वाली एक याद भी दे दी.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट... सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.



