सानिया को खेल रत्न, रोहित को अर्जुन

सानिया मिर्ज़ा
प्रकाशित

भारत सरकार ने टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्ज़ा को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार देने की घोषणा की है. सानिया मिर्ज़ा के नाम की चर्चा पहले से ही चल रही थी.

लेकिन शुक्रवार को सरकार ने इसकी आधिकारिक घोषणा की. सानिया मिर्ज़ा ये प्रतिष्ठित पुरस्कार पाने वाली दूसरी टेनिस खिलाड़ी हैं. इससे पहले लिएंडर पेस को ये पुरस्कार 1996 में मिल चुका है, जब उन्होंने अटलांटा ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था.

29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे.

सरकार ने वर्ष 2015 के अर्जुन पुरस्कारों की भी घोषणा की है. इस सूची में 17 खिलाड़ी शामिल हैं.

अर्जुन पुरस्कार

रोहित शर्मा

इनमें क्रिकेटर रोहित शर्मा, निशानेबाज़ जीतू राय, जिम्नास्ट दीपा करमाकर, हॉकी खिलाड़ी पीआर श्रीजेश, पहलवान बजरंग और बबीता, एथलीट एमआर पूवम्मा, बैडमिंटन खिलाड़ी के श्रीकांत और मुक्केबाज़ मनदीप जांगरा शामिल हैं.

राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार की घोषणा के बाद सानिया मिर्ज़ा ने टोरंटो से समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, "ये मेरे लिए बड़ा सम्मान है. देश ने मेरे प्रति जो प्यार और सम्मान प्रदर्शित किया है, उससे मैं अभिभूत हूँ. देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है."

सानिया इस समय महिलाओं के डबल्स में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी है. सानिया ने इस साल मार्टिना हिंगिस के साथ विंबलडन में महिलाओं के डबल्स का ख़िताब जीता था. ये ख़िताब हासिल करने वाली वे भारत की पहली महिला खिलाड़ी हैं.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>