सुनील नारायण से मज़बूत होगी केकेआर !

कोलकाता नाइट राइडर्स
    • Author, आदेश कुमार गुप्त
    • पदनाम, खेल पत्रकार, बीबीसी हिन्दी के लिए
  • प्रकाशित

क्रिकेट की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बना चुके आईपीएल यानी इंडियन प्रीमियर लीग के आठवें संस्करण की शुरुआत बुधवार से होने जा रही है.

इसमें पिछली बार के चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स के अलावा किंग्स इलेवन पंजाब, चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली डेयरडेविल्स, राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर और मुंबई इंडियंस अपना दम-ख़म दिखाने के लिए तैयार हैं.

वैसे कोलकाता नाइट राइडर्स का पुराना दम-ख़म रविवार को तब लौट आया जब जादुई स्पिनर वेस्टइंडीज़ के सुनील नारायण को उनके रहस्यमयी गेंदबाज़ी एक्शन के लिए क्लीन चिट मिल गई.

गेंदबाज़ी का जलवा

सुनील नारायण

इसके साथ ही उनके आईपीएल में खेलने का रास्ता भी साफ हो गया. उल्लेखनीय है कि पिछले साल अक्टूबर में चैम्पियंस लीग टी-ट्वेंटी के एक मैच के दौरान उनकी गेंदबाज़ी एक्शन की शिकायत की गई थी.

उसके बाद वो क्रिकेट से दूर ही रहे. यहां तक कि उनकी गेंदबाज़ी का जलवा विश्व कप में भी देखने को नहीं मिला और वेस्टइंडीज़ की टीम को बड़ा झटका लगा था.

आईपीएल में उनकी वापसी पर खुशी ज़ाहिर करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के सहायक कोच और भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज़ विजय दहिया ने कहा कि सुनील नारायण ने पिछले दो-तीन महीनों में अपनी गेंदबाज़ी पर काफी काम किया है.

बड़े हथियार

केकेआर के बल्लेबाज़ मनीष पांडेय और शकीब अल हसन.
इमेज कैप्शन, केकेआर के बल्लेबाज़ मनीष पांडेय और शकीब अल हसन.

उन्होंने कहा, "अगर किसी खिलाड़ी को लगता है कि वो वापसी कर सकता है तो वह शक को दूर करने की कोशिश कर सकता है. सुनील नारायण ने भी अपनी गेंदबाज़ी पर उठे सवालों की धुंध को साफ़ किया है."

वैसे भी सुनील नारायण कोलकाता नाइट राइडर्स के कितने बड़े हथियार हैं इसका अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने पिछले आईपीएल में 16 मैचों में 21 विकेट अपने नाम किए थे.

उनसे अधिक विकेट सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स के तेज़ गेंदबाज़ मोहित शर्मा ने लिए थे. मोहित शर्मा ने 23 विकेट चटकाए थे.

गंभीर कप्तान

महेंद्र सिंह धोनी, गौतम गंभीर

सुनील नारायण न सिर्फ कामयाब गेंदबाज़ हैं बल्कि रन देने के मामले में भी 'बेहद कंजूस' हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ख़ूबी है. उन्होंने पिछले आईपीएल में प्रति ओवर केवल 6.35 रन दिए थे.

वैसे अटकलें ये भी थीं कि अगर सुनील नारायण को क्लीन चिट नहीं मिली तो कोलकाता नाइट राइडर्स विरोध भी जता सकती है. इसे लेकर विजय दहिया ने साफ़ किया कि ऐसी कोई बात नहीं थी.

मुंबई में क्रिकेट प्रशंसक

आईपीएल के पहले ही मुक़ाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा. कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए इस बार दक्षिण अफ्रीका के जैक कालिस बल्लेबाज़ी कोच होंगे.

उन्हें लेकर विजय दहिया कहते हैं कि उनका पिछला अनुभव टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा. दहिया टीम की एकजुटता को सबसे बड़ी ताक़त मानते हैं.

इस टीम में कप्तान गौतम गंभीर, रोबिन उथप्पा, उमेश यादव, मोर्ने मोर्कल, मनीष पांडेय, साकिब अल हसन और यूसुफ पठान और ब्रैड हॉग जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>