INDvsNZ: भारत न्यूज़ीलैंड से जीता, मैच के चार टर्निंग पॉइंट

भारतीय टीम, टीम इंडिया, INDvsNZ
प्रकाशित

नेपियर एकदिवसीय में भारत ने मेज़बान न्यूज़ीलैंड को 8 विकेट से हरा कर पांच मैचों की सिरीज़ में 1-0 की बढ़त ले ली है.

बुधवार को मैक्लीन पार्क मैदान पर खेले गए एकदिवसीय मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी न्यूजीलैंड ने कप्तान केन विलियमसन (64) के अर्धशतक की बदौलत भारत को 158 रनों का लक्ष्य दिया था.

भारत के कुलदीप यादव ने चार और मोहम्मद शमी ने तीन विकेट लिए. चहल को दो विकेट मिले, जबकि केदार जाधव ने एक विकेट लिया.

डूबते सूरज की रोशनी बल्लेबाज़ों के आंख पर सीधी पड़ने के कारण मैच को आधे घंटे से अधिक के लिए रोके जाने के कारण भारत को 49 ओवरों में 156 रनों का नया लक्ष्य दिया गया, जिसे शिखर धवन के नाबाद 75 रन की पारी की बदौलत भारत ने दो विकेट गंवाकर हासिल कर लिए. कप्तान विराट कोहली ने 45 रन बनाएय

भारत की इस जीत में जहां शिखर धवन की पारी ने अहम किरदार निभाई वहीं तीन गेंदबाज़ों ने अपनी सधी हुई गेंदबाज़ी से न्यूज़ीलैंड के बल्लेबाज़ों को कभी जमने ही नहीं दिया. देखें भारतीय टीम के लिए इस मैच के दौरान कौन कौन से टर्निंग पॉइंट आए जिसकी वजह से टीम जीत दर्ज करने में कामयाब रही.

मोहम्मद शमी
इमेज कैप्शन, मोहम्मद शमी

शमी का 'सलामी' डबल

टॉस जीत कर बल्लेबाज़ी लेना न्यूज़ीलैंड को महंगा पड़ा. भारतीय गेंदबाज़ मोहम्मद शमी ने पहले ओवर से ही कीवियों को परेशान करना शुरू कर दिया. उन्होंने मैच के दूसरे और अपने पहले ओवर में ही मार्टिन गप्टिल (05) को चलता कर दिया.

पहला विकेट पांच रन पर खोने के बाद न्यूज़ीलैंड ने अभी 13 रन ही जोड़े थे कि शमी ने अपने दूसरे ओवर में कोलिन मुनरो (08) को भी आउट कर दिया.

दोनों सलामी बल्लेबाज़ बाएं हाथ के थे और दोनों को शमी ने आउट कर न्यूजीलैंड की टीम को अपने पहले चार ओवर्स (4-2-13-2) की गेंदबाज़ी में ही बैकफुट पर ला दिया.

युजवेंद्र चहल
इमेज कैप्शन, युजवेंद्र चहल

चहल ने मध्यक्रम को तोड़ा

अब पिच पर कप्तान केन विलियमसन के साथ रॉस टेलर थे. शमी के शुरुआती आघात के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली ने गेंद युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव की जोड़ी को थमा दी.

दोनों अपने चिर परिचित अंदाज में न्यूज़ीलैंड पर कहर बन कर टूटे और बता दिया कि क्यों इन दोनों की जोड़ी को घातक कहा जाने लगा है.

पहले चहल ने दोहरा प्रहार किया. उन्होंने धीमी गति से ही सही न्यूज़ीलैंड की पारी को संभालने की कोशिश कर रहे रॉस टेलर को 15वें ओवर में तब आउट किया जब वो 24 रन बना चुके थे और फिर विकेटकीपर टॉम लैथम (11) को भी मैच के 19वें ओवर में आउट कर कीवियों के मध्यक्रम में जबरदस्त सेंध लगा दी.

उन्होंने दोनों ही बल्लेबाज़ों को एक ही अंदाज (कॉट ऐंड बोल्ड) में आउट किया.

रॉस टेलर और टॉम लैथम न्यूज़ीलैंड की टीम में स्पिन खेलने वाले बेहतरीन बल्लेबाज़ों में से गिने जाते हैं.

कुलदीप यादव
इमेज कैप्शन, कुलदीप यादव

कुलदीप की गुगली

एक छोर से चहल अपनी फिरकी पर कीवियों को नचा रहे थे फिर भी पिच पर केन विलियमसन जमे हुए थे और न्यूज़ीलैंड की टीम ने 33 ओवर्स तक 6 विकेट पर 146 रन बना लिये थे.

एक समय 3.30 तक गिर चुका रन रेट अब 4.42 का हो चुका था. ऐसे में कुलदीप यादव ने अपनी गुगली का कमाल दिखाया.

मैच के 34वें ओवर में कुलदीप यादव ने कप्तान विलियमसन (64) का विकेट लेकर न्यूज़ीलैंड के किसी भी बड़े स्कोर की उम्मीद पर पूरी तरह से लगाम लगा दिया.

इसी ओवर में कुलदीप ने ब्रैसवेल को अपनी गुगली पर बोल्ड किया, 36वें ओवर में फर्गुसन को उनकी गेंद पर धोनी ने स्टंप आउट किया और फिर 38वें ओवर में ट्रेंट बोल्ट का विकेट लेकर न्यज़ीलैंड को 157 पर ऑल आउट कर दिया.

कुलदीप ने 10 ओवर में 39 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट लिए. वहीं चहल ने अपने 10 ओवर्स में 43 रन देकर 2 विकेट चटकाए. इन दोनों की जोड़ी ने 2018 के अफ़्रीकी दौरे पर 6 मैच में 33 विकेट झटके थे.

शिखर धवन, विराट कोहली
इमेज कैप्शन, सूरज की रोशनी सीधी बल्लेबाज़ के आंखों में पड़ने की वजह से 11वें ओवर में मैच को रोकना पड़ गया

क्यों रोका गया मैच?

जब भारतीय टीम आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो 10वें ओवर तक भारत ने बिना किसी नुकसान 41 रन बना लिए लेकिन यहां पर रोहित शर्मा 11 रन बना कर आउट हो गए.

रोहित के आउट होने के बाद लंच ब्रेक हुआ लेकिन जब टीम दोबारा बल्लेबाज़ी के लिए आयी तो सूरज की रोशनी सीधी बल्लेबाज़ शिखर धवन के आंखों पर पड़ने लगी और इसकी वजह से मैच को रोकना पड़ गया.

मैक्लीन पार्क के मैदान में पिच पूरब से पश्चिम की ओर है. और यह पहली बार नहीं है जब बल्लेबाज़ की आंखों में सूरज की रोशनी पड़ने की वजह से खेल को रोकना पड़ा. जब दोबारा मैच शुरू हुआ तो भारतीय टीम को 49 ओवरों में 156 रनों का नया लक्ष्य दिया गया.

पिछली 9 वनडे पारियों में 20 की औसत से खेल रहे शिखर धवन ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए 75 रनों की पारी खेली और फॉर्म में वापसी के संकेत दिए.

विराट कोहली

कोहली ने लारा को पीछे छोड़ा

कप्तान विराट कोहली ने भी 45 रनों की पारी खेली और इस दौरान वो एकदिवसीय क्रिकेट में रन बनाने के मामले में टॉप-10 बल्लेबाज़ों में शामिल हो गए.

कोहली ने ब्रायन लारा के 10405 रनों को पीछे छोड़ा. मैच की समाप्ति पर कोहली के 220 वनडे में 59.60 की औसत से 10430 रन है.

10 हज़ार से अधिक वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज़ों में कोहली एकमात्र ऐसे क्रिकेटर हैं जिनका औसत 45 से अधिक है.

शमी के सबसे तेज़ 100 विकेट

शमी को उनके 6-2-19-3 की गेंदबाज़ी के लिए मैन ऑफ़ द मैच दिया गया. इसी दौरान मोहम्मद शमी वनडे क्रिकेट में भारत की तरफ से सबसे तेज़ 100 विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बने. उन्होंने इरफ़ान पठान के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा.

भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच पांच मैचों की सिरीज़ का अगला मुक़ाबला 26 जनवरी को खेला जाएगा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)