राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, 'समझौता होने ही वाला था, तभी ईरान ने हमला कर दिया'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि शनिवार को ईरान और अमेरिका समझौते के बेहद क़रीब पहुंच गए थे, लेकिन अचानक ईरान ने एक जहाज़ पर ड्रोन से हमला कर दिया.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सीएनएन से कहा, "वे लगभग हर बात मानने को तैयार थे और फिर सिर्फ दो घंटे बाद उन्होंने एक जहाज़ पर ड्रोन हमला कर दिया."
ईरानी अधिकारियों की आलोचना करते हुए ट्रंप ने कहा, "इन लोगों के साथ कोई न कोई समस्या है."
ईरान के जहाज़ों पर हमलों के जवाब में अमेरिका की कार्रवाई पर ट्रंप ने कहा, "हमने उन पर बहुत ज़ोरदार हमला किया."
इससे पहले अमेरिका ने दावा किया था कि होर्मुज़ स्ट्रेट में एक कारोबारी जहाज़ पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के हमले के जवाब में उसने ईरान के "140 सैन्य ठिकानों" पर हमला किया है.
मुज़फ़्फ़रनगर में युवक के साथ मारपीट मामले में पुलिस ने क्या बताया
इमेज स्रोत, muzafarnagarpol
इमेज कैप्शन, वीडियो वायरल होने के बाद मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने एक्स पर एक बयान जारी किया है (एएसपी सिद्धार्थ कुमार मिश्रा)
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक युवक के साथ कुछ लोग मारपीट करते हुए दिख रहे हैं.
वहीं उस वीडिया में एक महिला उस लड़के को बचाने की कोशिश करती हुई दिख रही है. यह वीडियो उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर का बताया जा रहा है.
वीडियो वायरल होने के बाद मुज़फ़्फ़रनगर पुलिस ने एक बयान जारी किया है.
पुलिस ने एक्स पर लिखा, "रविवार को थाना सिविल लाइन पुलिस को सूचना मिली कि ज़िला परिषद मार्केट के पास एक युवक के साथ कुछ व्यक्तियों द्वारा मारपीट की जा रही है. सूचना पर थाना सिविल लाइन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया गया."
"घायल युवक को उपचार एवं चिकित्सीय परीक्षण हेतु अस्पताल भिजवाया गया. सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और सीसीटीवी कैमरों के आधार पर मारपीट करने वाले व्यक्तियों की पहचान की जा रही है. मिली तहरीर के आधार पर थाना सिविल लाइन में सुसंगत धाराओं में केस पंजीकृत किया जा रहा है. साथ ही प्रकरण में नियम के मुताबिक़ आगे की क़ानूनी कार्रवाई की जा रही है."
क़तर के पूर्व अमीर के निधन पर भारत में एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, क़तर के पूर्व अमीर शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा अल थानी का रविवार सुबह 74 साल की उम्र में निधन हो गया
क़तर के पूर्व अमीर शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा अल थानी के निधन पर भारत सरकार ने सोमवार को एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है.
विदेश मंत्रालय ने प्रेस रिलीज़ जारी कर इसकी ये जानकारी दी.
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, सम्मान के तौर पर इस दिन पूरे देश में उन सभी सरकारी भवनों पर, जहां नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, तिरंगा आधा झुका रहेगा. इस दिन कोई भी सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा.
साथ ही विदेश मंत्रालय ने बताया कि संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू जल्द ही भारत सरकार की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए क़तर जा सकते हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क़तर के अमीर शेख हमद बिन खलीफा अल थानी के निधन पर गहरा दुख जताया है.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "वह दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने क़तर को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया. मैं उन्हें एक सच्चे दोस्त के रूप में भी याद करता हूं. फ़रवरी 2024 में क़तर की अपनी पिछली यात्रा के दौरान उनसे मिलने का मुझे सम्मान मिला था."
"मैं क़तर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी, शाही परिवार और क़तर की जनता के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं."
क़तर के पूर्व अमीर शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा अल थानी का रविवार सुबह 74 साल की उम्र में निधन हो गया. इसकी जानकारी क़तर सरकार ने दी है.
शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा अल थानी 1995 से 2013 तक क़तर के अमीर रहे.
अमेरिकी सेना ने कहा- होर्मुज़ स्ट्रेट खुला है, ईरान इसे नियंत्रित नहीं करता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
ईरान की ओर से एक बार फिर होर्मुज़ स्ट्रेट के बंद होने की बात दोहराए जाने के कुछ मिनट बाद अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने जवाब दिया.
सेंटकॉम ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह जलमार्ग खुला है और उसकी सेनाएं जहाज़ों की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए तैनात और तैयार हैं.
सेंटकॉम ने अपने बयान में कहा, "हॉर्मुज़ स्ट्रेट उन सभी जहाज़ों के लिए खुला है जो इस अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग से क़ानूनी रूप से गुज़रना चाहते हैं. अमेरिकी सेना तैनात और तैयार है ताकि ईरान की बेवजह की शत्रुतापूर्ण गतिविधियों, उत्पीड़न, धमकियों और एकतरफा घोषणाओं के बावजूद समुद्री आवाजाही की आज़ादी बनी रहे."
सेंटकॉम ने यह भी कहा कि 'ईरान होर्मुज़ स्ट्रेट को नियंत्रित नहीं करता.'
सेंटकॉम के बयान से कुछ समय पहले, ईरान की ओर से हॉर्मुज़ स्ट्रेट के प्रबंधन के लिए नामित संस्था ने कहा था कि यह जलमार्ग फ़िलहाल बंद है.
मोहम्मद कैफ़ ने भारतीय क्रिकेट टीम मैनेजमेंट को बताया 'भ्रमित'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ़ ने भारतीय टीम मैनेजमेंट की आलोचना की है (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ़ ने भारतीय टीम मैनेजमेंट को 'भ्रमित' बताया है.
मोहम्मद कैफ़ ने एक्स पर लिखा, "मैंने भारतीय क्रिकेट टीम का इससे ज़्यादा भ्रमित टीम मैनेजमेंट कभी नहीं देखा. वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया है, वह बिल्कुल पेशेवर नहीं है."
उन्होंने आगे कहा, "एक खिलाड़ी आने वाले समय का बड़ा सितारा है और दूसरा विश्व कप विजेता है. ऐसे खिलाड़ियों के मन में भरोसा पैदा किया जाना चाहिए, न कि उन्हें संदेह और असमंजस में डाला जाना चाहिए."
दरअसल, हाल ही में भारतीय क्रिकेट टीम आयरलैंड और इंग्लैंड से टी20 सीरीज़ हार गी. आयरलैंड के ख़िलाफ़ मैच में युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को मौका नहीं मिला था.
उन्हें इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दूसरे मैच में डेब्यू करने का मौका मिला. वैभव को टीम में शामिल करने के लिए संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन से बाहर होना पड़ा था.
हालांकि, इंग्लैंड के ख़िलाफ़ वैभव का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा. उन्होंने तीन मैचों में सिर्फ़ 42 रन बनाए थे. इसके बाद आख़िरी मैच में टीम ने संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में जगह दी.
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह 20 जुलाई से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे
इमेज स्रोत, PTI
इमेज कैप्शन, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने रविवार को जम्मू के महाराजा हरि सिंह पार्क में एक बड़ी रैली को संबोधित किया
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने रविवार को एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वो जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा दिलाने के लिए 20 जुलाई से दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन करेंगे.
20 जुलाई से ही संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है.
उमर अब्दुल्लाह ने महाराजा हरि सिंह पार्क में सभा को संबोधित करते हुए कहा, "अब हम नया तरीका अपनाना शुरू करेंगे और उसकी शुरुआत 20 जुलाई से होगी, जब हम दिल्ली में बैठकर अपने राज्य की बहाली का नारा बुलंद करेंगे."
उन्होंने आगे कहा, "पहले तो कहते थे कि राज्य का दर्जा आपको विधानसभा से नहीं मिलेगा. फिर हमने सड़कों पर बात करनी शुरू की. फिर कहा गया कि जम्मू-कश्मीर में बात करके यह आपको नहीं मिलेगा, अब हम जंतर-मंतर जा रहे हैं."
"अब ये हमें कहते हैं कि जंतर-मंतर से आपको राज्य का दर्जा नहीं मिलेगा, तो फिर बीजेपी वाले बताएं कि मुझे क्या राज्य का दर्जा लेने के लिए ट्रंप के पास अमेरिका जाना होगा."
इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टेस्ट मैच में यास्तिका भाटिया ने जड़ा शतक
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय बैटर यस्तिका भाटिया 113 रन बना कर आउट हो गईं
भारत और इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के बीच लॉर्ड्स मैदान में खेले जा रहे टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम की स्थिति मज़बूत नज़र आ रही है.
भारत ने पहली पारी में 285 रन बनाए थे, वहीं दूसरी पारी में भारतीय टीम 6 विकेट के नुक़सान पर 287 रन बनाकर खेल रही है. फ़िलहाल भारत इंग्लैंड से 402 रन से आगे है.
इंग्लैंड की टीम ने अपनी पहली पारी में 170 रन बनाए थे. भारत की ओर से तेज़ गेंदबाज़ क्रांति गौड़ ने पांच विकेट लिए थे.
तीसरे दिन के भारतीय टीम की बल्लेबाज़ यस्तिका भाटिया 113 रन बनाकर आउट हो गईं. वहीं, स्मृति मंधाना ने दूसरी पारी में भारत के लिए 70 रन बनाए. पहली पारी में स्मृति ने 83 रन बनाए थे.
टिकट न मिलने पर नरोत्तम मिश्रा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर क्या कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाया है और वो मान गए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
बीजेपी के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा ने रविवार को दतिया उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने और नाराज़गी के सवालों पर मीडिया से बात की. इस दौरान उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति पार्टी से बड़ा नहीं होता.
नरोत्तम मिश्रा ने कहा, "अब यह तय हो गया है कि किसी भी व्यक्ति का कद पार्टी से बड़ा नहीं होता. टिकट नहीं दिए जाने का फैसला इस बात का जवाब है कि पार्टी से ऊपर कोई नहीं है. पार्टी का स्थान बहुत ऊंचा है और वह दूर तक सोचने और देखने की क्षमता रखती है."
उन्होंने कहा, "पार्टी ने जो फैसला लिया है, उसे स्वीकार करना और संगठन के लिए काम करना ही हमारा एकमात्र लक्ष्य है. मैं एक कार्यकर्ता के रूप में काम करूंगा."
बीजेपी के दतिया उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के नामांकन में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वो कार्यक्रम में ज़रूर शामिल होंगे.
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाया है और वो मान गए हैं.
उन्होंने कहा, "मैंने कहा कि पार्टी के फ़ोरम पर बात रखने का एक तरीका है, उस तरीके से पार्टी फोरम पर अपनी बात रखिए."
उम्मीदवारी से बाहर किए जाने पर उन्होंने कहा, "मैं संगठन को दोष नहीं देता और न ही मुख्यमंत्री को दोष देता हूं. मैं किसी पर उंगली नहीं उठाता. मेरा मानना है कि मुझमें कहीं न कहीं कोई कमी रह गई होगी."
भारत और ब्रिटेन के बीच 15 जुलाई से लागू होगा फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट, पीयूष गोयल ने क्या बताया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि एफ़टीए से ब्रिटेन में काम करने वाले भारत के युवाओं को भी फ़ायदा होगा
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि 15 जुलाई से भारत-ब्रिटेन फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) लागू हो जाएगा.
उन्होंने कहा, "अब सिर्फ़ दो दिन बचे हैं. आज 12 तारीख़ है. 15 तारीख़ से भारत से ब्रिटेन भेजे जाने वाले सभी सामान पर वहां कोई आयात शुल्क नहीं लगेगा. भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता हम सभी के लिए नए अवसर और अपार संभावनाएं लेकर आया है."
उन्होंने कहा, "जहां तक उन भारतीय युवाओं की बात है, जो दो, तीन या पांच साल के लिए काम करने ब्रिटेन जाते हैं, जिनमें कंपनी के अंदर होने वाले तबादले (इंट्रा-कंपनी ट्रांसफर) भी शामिल हैं, पहले उनकी तनख्वाह का क़रीब 25 प्रतिशत हिस्सा वहां की सरकार के पास चला जाता था और उन्हें उसका कोई फायदा नहीं मिलता था."
पीयूष गोयल ने आगे कहा, "अब हमने 'डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन एग्रीमेंट' को अंतिम रूप दे दिया है, जो 15 तारीख़ से लागू होगा. इसके तहत, सेवा क्षेत्र या अन्य नौकरियों में पांच साल तक के लिए ब्रिटेन जाने वाले भारतीयों की तनख्वाह से पहले जो 25 फ़ीसदी राशि वहां की सरकार लेती थी, अब वह भारत में उनके भविष्य निधि (पीएफ) खाते में जमा होगी."
पीयूष गोयल ने बताया कि यह पैसा उनका अपना होगा, जिस पर 8.25 फ़ीसदी टैक्स-फ्री ब्याज मिलेगा.
राम मंदिर चंदा चोरी मामले में केजरीवाल का हस्ताक्षर अभियान, बीजेपी क्या बोली
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरिवाल
अरविंद
केजरीवाल ने राम मंदिर चढ़ावे में कथित चोरी के दोषियों को कड़ी सजा दिलाने
के लिए रविवार को एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया.
उन्होंने कहा, "पूरा देश
जानता है कि भगवान राम के नाम पर वोट किसने मांगे. पिछले 40-50 साल से भारतीय जनता
पार्टी और उससे जुड़े संगठन भगवान राम के नाम पर वोट मांगने में कोई कसर नहीं छोड़
रहे हैं.”
“वहीं, भगवान राम ने भी उन्हें
वोट दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. उन्होंने केंद्र में और 21 राज्यों में सरकार बनाई.
इसके बावजूद उन्होंने भगवान राम के साथ विश्वासघात किया."
केजरीवाल रविवार को दिल्ली में एक सुंदरकांड पाठ में शामिल हुए.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "आज हम सभी राम भक्तों ने यह संकल्प लिया है कि श्री राम मंदिर में डकैती करने वाले महापापियों को फांसी की सजा दिलवाकर ही दम लेंगे. यही भगवान राम का आदेश है और हमारा धर्म है."
इस बीच दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने एक वीडियो जारी कर अरविंद केजरीवाल के सुंदरकांड में शामिल होने पर सवाल उठाया है.
उन्होंने कहा, "अरविंद केजरीवाल के लिए श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन एक राजनीतिक छलावा मात्र है. वे श्री सुंदरकांड का आयोजन कर अपनी राजनीतिक स्थिति सुधारने का प्रयास कर रहे हैं. अरविंद केजरीवाल बताएं कि वे कब तक श्री हनुमान जी और श्री सुंदरकांड पाठ के नाम पर अपनी बगुला भक्ति दिखाकर हिंदू धर्म की भावनाओं का अपमान करते रहेंगे."
ईरान बोला- एकतरफ़ा डील का दौर अब ख़त्म, अगले आदेश तक होर्मुज़ स्ट्रेट बंद
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ अमेरिका के साथ समझौता वार्ता की अगुवाई कर रहे थे (फ़ाइल फ़ोटो)
ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बग़र ग़ालिबाफ़ ने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि 'एकतरफ़ा डील का दौर अब ख़त्म' हो गया है.
उन्होंने लिखा, "एकतरफ़ा समझौतों का दौर अब ख़त्म हो चुका है. हमने आपसे कहा था, अपनी बात पर कायम रहें, वरना अंजाम भुगतें. हक़ीकत अब सामने आ रही है."
उन्होंने अमेरिका के साथ हुए एमओयू के पांचवें पॉइंट का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है, जिसमें लिखा है कि एमओयू पर हस्ताक्षर करने के बाद ईरान 60 दिनों तक बिना किसी कर वसूली के कमर्शियल जहाज़ों को फ़ारस की खाड़ी से ओमान की खाड़ी तक सुरक्षित निकालने देगा.
भारत में मौजूद ईरानी दूतावास ने एक्स पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर का बयान पोस्ट किया है,
इसमें लिखा है, "अगली सूचना तक होर्मुज़ स्ट्रेट बंद रहेगा और इस क्षेत्र में अमेरिकी दख़ल ख़त्म होने तक बंद ही रहेगा. किसी भी जहाज़ को इस स्ट्रेट से गुज़रने की इजाज़त नहीं होगी."
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक, आईआरजीसी ने एक बयान में कहा है कि अमेरिका की ओर से ईरान के दक्षिणी शहरों पर हुए हमलों के जवाब में उसने होर्मुज़ स्ट्रेट में एक दूसरे जहाज़ को निशाना बनाया और उसे रोक दिया है.
बयान में यह भी कहा गया है, "जवाबी कार्रवाई के दूसरे चरण में क़तर के अल-उदैद में स्थित अमेरिकी हवाई अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया. इस हमले में लड़ाकू विमानों के मरम्मत और रखरखाव केंद्र, हवाई अड्डे के कमांड और कंट्रोल सेंटर को नष्ट कर दिया गया है."
ईरान के धुर विरोधी अमेरिकी रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम का निधन
इमेज स्रोत, Heather Diehl/Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका के रिपब्लिकन सीनेटर और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के क़रीबी सहयोगी लिंडसे ग्राहम का शनिवार को 71 वर्ष की उम्र मेंनिधन हो गया.
लिंडसे ग्राहम के निधन की पुष्टि उनके कार्यालय ने आधिकारिक बयान जारी कर की. ग्राहम की मौत 'बीमारी की वजह' से हुई है.
उनके कार्यालय की ओर से कहा गया, "सीनेटर ग्राहम का परिवार इस कठिन समय में लोगों से दुआओं और समर्थन की अपील करता है. साथ ही परिवार ने उनकी निजता का सम्मान किए जाने का अनुरोध भी किया है."
साउथ कैरोलाइना से अमेरिकी सीनेट के लिए निर्वाचित लिंडसे ग्राहम रिपब्लिकन पार्टी और अमेरिकी कंज़रवेटिव राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल थे. विदेश नीति के मुद्दों पर उनकी स्पष्ट और सख़्त राय के कारण उनकी अलग पहचान थी.
ग्राहम ईरान के इस्लामी शासन के मुख़र आलोचक रहे. उन्होंने ईरान पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाने की वकालत की.
उनका मानना था कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम, क्षेत्रीय गतिविधियां और मध्य पूर्व में ईरान समर्थित समूहों की भूमिका अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए प्रमुख बड़ी चुनौतियां हैं.
अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी की कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
मध्य पूर्व: पाकिस्तान-ईरान की चर्चा, इसहाक़ डार ने अराग़ची से ये कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार और ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची से टेलीफ़ोन पर बातचीत की. इस दौरान दोनों नेताओं ने मध्य पूर्व के मौजूदा हालात पर चर्चा की.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक़, इसहाक़ डार ने सभी संबंधित पक्षों से तनाव कम करने की दिशा में क़दम उठाने और संयम बरतने की अपील की.
उन्होंने कहा कि जून 2026 में हुए इस्लामाबाद एमओयू में भी तनाव कम करने, बातचीत और कूटनीति को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी थी.
पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री ने कहा कि विवादों के समाधान और क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित करने का सबसे प्रभावी रास्ता बातचीत और कूटनीति ही है.
बयान में कहा गया कि इसहाक़ डार ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए पाकिस्तान की सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई.
दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय घटनाक्रम को लेकर आपसी संपर्क और समन्वय बनाए रखने पर सहमति जताई.
भारत की तेज़ गेंदबाज़ क्रांति गौड़ ने रचा इतिहास, इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टेस्ट में लिए पांच विकेट
इमेज स्रोत, Pat Elmont - ECB/ECB via Getty Images
इमेज कैप्शन, क्रांति गौड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 37 रन देकर पांच विकेट झटके
भारतीय तेज़ गेंदबाज़ क्रांति गौड़ ने लॉर्ड्स टेस्ट के ऑनर्स बोर्ड पर अपना नाम दर्ज कर इतिहास रच दिया. वह लॉर्ड्स के टेस्ट ऑनर्स बोर्ड पर नाम दर्ज कराने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं.
क्रांति की गेंदबाज़ी के दम पर भारत ने इंग्लैंड को पहली पारी में 170 रन पर समेटते हुए 115 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की.
भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 285 रन बनाए थे. इसके जवाब में इंग्लैंड की पूरी टीम 170 रन पर सिमट गई.
क्रांति गौड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 37 रन देकर पांच विकेट झटके.
उन्होंने पहले दिन टैमी ब्यूमोंट का विकेट लेने के बाद दूसरे दिन भी अपनी लय बरकरार रखी और माया बुशियर (23), एलिस कैप्सी (9) और इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट (44) को पवेलियन भेजा.
क्रांति के अलावा सयाली सतघरे और स्नेह राणा ने दो-दो विकेट अपने नाम किए, जबकि दीप्ति शर्मा को एक सफलता मिली.
दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में एक विकेट के नुकसान पर 154 रन बना लिए थे.
इस तरह भारतीय टीम की कुल बढ़त 269 रन हो गई है और उसने मुकाबले में अपनी पकड़ मज़बूत कर ली है.
दक्षिण अफ़्रीका के फुटबॉलर जेडन एडम्स का 25 साल की उम्र में निधन, माइकल शॉर्ट, सीनियर जर्नलिस्ट, बीबीसी स्पोर्ट
इमेज स्रोत, Hector Vivas - FIFA/FIFA via Getty Images
इमेज कैप्शन, फ़ुटबॉलर जेडन एडम्स का शव एक घर में मिला, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है
दक्षिण अफ़्रीका और मामेलोडी सनडाउन्स के मिडफील्डर जेडन एडम्स का 25 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनका निधन देश के लिए वर्ल्ड कप में खेलने के कुछ हफ़्तों बाद हुआ.
दक्षिण अफ़्रीकी पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह सेंट्रल केपटाउन के शॉटशेक्लूफ इलाके के एक घर में उनका शव मिला, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है.
जेडन एडम्स ने वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ़्रीका के ग्रुप चरण के तीनों मैच खेले थे. उनकी टीम नॉकआउट दौर तक पहुंची थी, लेकिन राउंड ऑफ़ 32 में कनाडा के ख़िलाफ़ हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी.
दक्षिण अफ़्रीका के खेल, कला और संस्कृति मंत्री गैटन मैकेंज़ी ने एक बयान में कहा, "बहुत गहरे सदमे और भारी मन के साथ मुझे जेडन एडम्स के निधन की जानकारी मिली है."
उन्होंने बताया, "दक्षिण अफ़्रीकी फुटबॉल ने अपनी सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में से एक को खो दिया है. पूरा देश उनके परिवार, टीम के साथियों और लाखों प्रशंसकों के साथ दुख में शामिल है."
मैकेंज़ी ने आगे कहा, "जेडन की मौत का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. मैं मीडिया और आम लोगों से अपील करता हूं कि वे संयम बनाए रखें और किसी भी तरह की अटकलों से बचें. इस बेहद मुश्किल समय में उनके परिवार और मामेलोडी सनडाउन्स को प्राइवेट स्पेस देना चाहिए."
दक्षिण अफ़्रीकी फ़ुटबॉल प्लेयर्स यूनियन ने एडम्स के असमय निधन पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि एडम्स ने 2022 में दक्षिण अफ़्रीका के लिए अपना पहला मैच खेला था.
यूनियन ने कहा, "जेडन ने हाल ही में 2026 वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ़्रीका का प्रतिनिधित्व किया था. उनका निधन उनके परिवार, टीम के साथियों, क्लबों, फ़ुटबॉल जगत और पूरे देश के लिए बहुत बड़ा नुकसान है."
ब्रेकिंग न्यूज़, क़तर के पूर्व अमीर शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा का 74 साल की उम्र में निधन
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, क़तर के पूर्व अमीर शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा अल थानी
क़तर के पूर्व अमीर शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा अल थानी का रविवार सुबह 74 साल की उम्र में निधन हो गया. इसकी जानकारी क़तर सरकार ने दी है.
शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा अल थानी 1995 से 2013 तक क़तर के अमीर रहे.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, शेख़ हमद बिन ख़लीफ़ा अल थानी को आधुनिक क़तर बनाने वाले प्रमुख लोगों में से एक माना जाता है. उनके शासन के दौरान देश ने तेज़ आर्थिक विकास देखा.
उनके शासन के दौरान उन्हीं के आदेश पर 1996 में अल जज़ीरा इंटरनेशनल नेटवर्क की शुरुआत हुई.
साल 2013 में उन्होंने सत्ता अपने बेटे शेख़ तमीम बिन हमद अल थानी को सौंप दी थी, जो वर्तमान में क़तर के अमीर हैं.
मणिपुर: किसान की गोली मारकर हत्या, मैतेई समुदाय के घरों में आग लगाने से बढ़ा तनाव, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Manipur Police
इमेज कैप्शन, मैतेई समुदाय के कुछ घरों में आग लगने के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया
मणिपुर के कांगपोकपी ज़िले में संदिग्ध उग्रवादियों ने एक 53 वर्षीय आदिवासी किसान की गोली मारकर हत्या कर दी है.
यह हमला शनिवार दोपहर को हुआ जब किसान अपनी पत्नी के साथ धान के खेत में काम कर रहा था. कांगपोकपी पुलिस ने मृतक की पहचान गोवाजंग गांव के हाओलाल सिंगसिट के तौर पर की है.
इस घटना को लेकर एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "शनिवार को जब हाओलाल अपने खेत में काम कर रहा था, तभी हथियारबंद हमलावरों ने उस पर फायरिंग की. कई गोलियां लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हमले के दौरान उनकी पत्नी भी वहां मौजूद थी, लेकिन वो वहां से सुरक्षित जगह भागने में सफल रही."
पुलिस ने इस घटना को लेकर एक मामला दर्ज किया है और आसपास के इलाकों में हमलावरों की तलाश में अभियान चला रही है. कांगपोकपी ज़िले के ट्विलांग इलाके में गोवाजांग कुकी समुदाय का आखिरी गांव है, जहां इस समय भय का माहौल है.
इमेज स्रोत, Manipur Police
इमेज कैप्शन, पुलिस आसपास के इलाकों में हमलावरों की तलाश में अभियान चला रही है (फ़ाइल फ़ोटो)
इस बीच शनिवार दोपहर करीब 2 बजे मैतेई लोगों के कुछ घरों में आग लगा दी गई, जिसके बाद इलाके में तनाव बढ़ गया.
इस घटना पर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी करते हुए बताया कि कांगपोकपी ज़िले के कांटो सबल गांव (जो एक मैतेई गांव है) में हुई हिंसा और खाली घरों में आग लगाने की कोशिश के मामले में कार्रवाई की गई है.
मणिपुर पुलिस, सीआरपीएफ, आरएएफ और सेना की संयुक्त टीमों ने लीमाखोंग एरिया प्रोटेक्शन कमिटी के चेयरमैन और हेंगजांग गांव के मुखिया कम्मंग ल्होवम (65 वर्ष) और खुनखो कुकी गांव के पैगिन हैंगशिंग (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश जारी है.
कनाडा: टोरंटो में साल्सा फ़ेस्टिवल में गोलीबारी, दो लोगों की मौत, टैबी विल्सन
इमेज स्रोत, Jorge UZON / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पुलिस ने बताया कि दो लोगों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया
कनाडा के टोरंटो शहर में एक उत्सव के दौरान शनिवार रात को हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई.
पुलिस को स्थानीय समय के अनुसार, रात क़रीब 8:12 बजे सेंट क्लेयर एवेन्यू पर एक हमलावर के बारे में सूचना मिली. उस समय वहां साल्सा फ़ेस्टिवल चल रहा था. मौके पर पहुंची पुलिस को यहां छह घायल लोग मिले.
पुलिस ने बताया कि इनमें से दो लोगों को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया.
पुलिस ने कहा कि घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है. हालांकि, लोगों से अपील की गई है कि वे इस इलाक़े से दूर रहें. पुलिस की बड़ी मौजूदगी अभी भी वहां बनी रहेगी.
पुलिस के मुताबिक़, गोलीबारी के संदिग्ध हमलावर या हमलावरों को अभी तक गिरफ़्तार नहीं किया गया है.
ओंटारियो की सरकार के प्रमुख डग फ़ोर्ड ने साल्सा उत्सव में हुई इस हिंसा की निंदा की. उन्होंने कहा कि इस घटना में दो लोगों की जान गई और कई अन्य घायल हुए हैं.
डग फ़ोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी बयान में लिखा, "दोषी को पकड़ा जाना चाहिए, उसे क़ानून के अनुसार सज़ा मिलनी चाहिए."