रौशन आनंद और फ़ैज़ल ख़ान के विवाद पर तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री से की ये मांग
इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव ने इस मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है (फ़ाइल फ़ोटो)
पटना में दो कोचिंग टीचर्स, फ़ैज़ल ख़ान और रौशन आनंद के बीच चल रहे विवाद पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया आई है.
तेजस्वी यादव ने इस मामले में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग की है.
तेजस्वी यादव ने एक्स पर लिखा, "पटना में दो कोचिंग संस्थानों के आपसी विवाद के बाद कथित रूप से मारपीट तोड़फोड़ और गोलीबारी की घटना घटित हुई, जिसमें दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए. कोचिंग संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदेहास्पद स्थिति में नेपाल में मृत्यु होने की ख़बर फैलने के बाद यह मामला और गंभीर हो चुका है."
उन्होंने आगे लिखा "इस मामले में सरकार और राज्य पुलिस की कार्यशैली और निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न चिह्न लग रहे हैं. मुख्यमंत्री से पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि जनभावना को देखते हुए इस मामले को सीबीआई के सुपुर्द कर दिया जाए जिससे कि इसकी निष्पक्ष, प्रभावी और गहराई से जांच हो सके. जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित हो."
इससे पहले सोमवार को बेऊर जेल से रिहा होने के बाद रौशन आनंद ने कहा, "मेरे ख़िलाफ़ साज़िश रची गई है. मेरे भाई की हत्या फ़ैज़ल ख़ान और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आरएस प्रसाद ने साज़िश करके की थी."
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "जब मैं बाहर था, तो मेरे भाई को कुछ नहीं हुआ. लेकिन जब मुझे जेल भेजा गया, तो मेरे भाई की हत्या कर दी गई. यह एक साज़िश है."
रौशन आनंद ने कहा, "फ़ैज़ल ख़ान ने बहुत झूठ बोला है. हमारी तरफ़ से कोई फ़ायरिंग नहीं हुई, फिर भी उसने दावा किया कि फ़ायरिंग हुई थी. सीसीटीवी फ़ुटेज में दिख रहा है कि गोलीबारी फ़ैज़ल ख़ान की तरफ़ से हुई. फिर भी फ़ैज़ल ख़ान जेल से बाहर है. उसे पुलिस ने गिरफ़्तार नहीं किया है."
गौरतलब है कि फ़ैज़ल ख़ान उर्फ़ ख़ान सर ने रौशन आनंद के भाई की हत्या पर एक वीडियो में दुख व्यक्त किया था.
वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका के खिलाड़ी के बीच हुई धक्का-मुक्की
इमेज स्रोत, Ashley Allen-ICC/ICC via Getty Images
इमेज कैप्शन, ट्राई नेशन-ए सिरीज़ के चौथे मैच के दौरान वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंका के खिलाड़ी के बीच बहसबाज़ी हुई
श्रीलंका-ए ने ट्राई नेशन-ए सिरीज़ के चौथे मैच में सोमवार को भारत को सुपर ओवर में हरा दिया. इस मैच के दौरान वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंका के एक खिलाड़ी से बहस हो गई.
दरअसल, वीडियो में दिख रहा है कि भारत के मैच हारने के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों के साथ वैभव और सूर्यांश शेडगे की बहसबाज़ी हुई. इसके बाद वैभव की श्रीलंकाई खिलाड़ी के साथ धक्का-मुक्की हो गई.
गौरतलब है कि दांबुला में खेले इस मुक़ाबले में भारत-ए ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 49.2 ओवर में 265 रन बनाए थे. जवाबी पारी में श्रीलंका-ए ने भी 50 ओवर में 265 रन बनाए.
श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर में 16 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत 9 रन ही बना सका. इस तरह श्रीलंका की टीम जीत गई.
वरिष्ठ खेल पत्रकार बोरिया मजूमदार ने इस वाकये को लेकर एक्स पर लिखा, "वैभव, सचिन से बहुत छोटे हैं, उन्हें महान खिलाड़ी से सीख लेनी चाहिए. खेल के मैदान पर गुस्सा नहीं करना चाहिए. तभी इंसान अपना नज़रिया खो देता है. मुझे यक़ीन है कि आज की घटना से वो सीखेंगे. हम सब गलतियां करते हैं, वो भी अलग नहीं हैं. सीखना और बेहतर होना ही आगे बढ़ने का रास्ता है."
वरिष्ठ पत्रकार कुशन सरकार ने एक्स पर लिखा, "वैभव सिर्फ़ 15 साल का है. वह अपनी यात्रा के दौरान सीखेगा. हमें बच्चे को थोड़ा मौक़ा देना चाहिए. यह मत भूलिए कि वैभव वापस जा रहा था, लेकिन श्रीलंका के गेंदबाज़ ने उसे उकसाया था. वह इसलिए लौटा क्योंकि कुछ कहा गया था."
अकाल तख़्त ने भगवंत मान को बताया 'ख़ालसा पंथ विरोधी', कांग्रेस ने मांगा सीएम से इस्तीफ़ा
इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अकाल तख़्त ने 'ख़ालसा पंथ विरोधी' और 'गुरु दोषी' करार दिया है. आम आदमी पार्टी ने इस फ़ैसले पर अपनी प्रतिक्रिया जारी की है.
पार्टी के महासचिव और मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि फ़ॉरेंसिक रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि वीडियो में नज़र आ रहा शख़्स कौन है.
बलतेज पन्नू ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "श्री अकाल तख़्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने कहा है कि जिस वीडियो की फ़ॉरेंसिक जांच करवाई गई वो असली है, एआई के ज़रिए नहीं बनाया गया. हालांकि न तो उन्होंने बताया और न ही इसका रिपोर्ट में ज़िक्र है कि उस वीडियो में असल में कौन है?"
उन्होंने दावा किया, "हम जल्द ही इस वायरल वीडियो का दूध का दूध और पानी का पानी करेंगे."
दूसरी ओर, कांग्रेस ने इस मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफ़े की मांग की है.
कांग्रेस ने कहा, "इस फ़ैसले के बाद भगवंत मान ने मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है. श्री अकाल तख़्त साहिब की मर्यादा और सिख भावनाओं का सम्मान करते हुए, भगवंत मान को तुरंत इस्तीफ़ा दे देना चाहिए."
डोनाल्ड ट्रंप का दावा- होर्मुज़ स्ट्रेट से तेल से भरे जहाज़ गुजरने लगे
इमेज स्रोत, Aaron Schwartz/CNP/Bloomberg via Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को दावा किया कि होर्मुज़ स्ट्रेट से तेल से भरे जहाज़ गुज़रने लगे हैं.
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "जहाज़ होर्मुज़ स्ट्रेट से बाहर निकलना शुरू हो गए हैं, इनमें से कई तेल से भरे हुए हैं. वे दक्षिणी हाईवे से जा रहे हैं, जो पूरी तरह सुरक्षित है. हालांकि, आवागमन के लिए अन्य रास्ते भी हैं."
डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान अमेरिका और ईरान के बीच समझौते को लेकर बनी सहमति के बाद आया है.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने बताया है कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते पर 19 जून को जिनेवा में साइन होंगे.
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस दस्तख़त की रस्म की मेज़बानी करेगा.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
इसराइली मंत्री बोले- अमेरिका और ईरान के बीच होने वाला समझौता दुनिया के लिए सही नहीं
इमेज स्रोत, Kobi Wolf/Bloomberg via Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल के वित्त मंत्री बेज़लेल स्मोट्रिच (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका और ईरान के बीच समझौते पर सहमति बनने के बाद इसराइल के वित्त मंत्री बेज़लेल स्मोट्रिच ने इसराइल और पूरी दुनिया के लिए इसे 'बुरा' बताया है.
दक्षिणपंथी इसराइली वित्त मंत्री बेज़लेल स्मोट्रिच ने कहा, "इसराइल को खुद ही इस शासन को गिराने की मुहिम जारी रखनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि ईरान कभी परमाणु हथियार हासिल न करे."
स्मोट्रिच ने कहा, "संयुक्त (अमेरिका-इसराइल) अभियान ने ईरान को कमज़ोर करने में कई सफलताएं हासिल की हैं, और वे सफलताएं बेकार नहीं गईं."
इससे पहले इसराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्वेरने भी इस समझौते की आलोचना की.
उन्होंने कहा, "हम इस समझौते के साझेदार नहीं हैं, क्योंकि यह हमारी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करता और किसी भी तरह से हमें बाध्य नहीं करता."
गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते पर 19 जून को जिनेवा में साइन होंगे.
अकाल तख़्त ने पंजाब के सीएम भगवंत मान को 'खालसा पंथ विरोधी' करार दिया
इमेज स्रोत, Arvind Yadav/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, यह फ़ैसला उस विवादित वीडियो मामले को लेकर लिया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने पहले एआई से बना हुआ बताया था (फ़ाइल फ़ोटो)
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अकाल तख़्त ने 'खालसा पंथ विरोधी' और 'गुरु दोषी' करार दियाहै.
दरअसल, सोमवार को श्री अकाल तख़्त साहिब में पांच सिंह साहिबान की बैठक हुई. इसी बैठक में सीएम मान पर यह फ़ैसला दिया गया.
बीबीसी पंजाबी के मुताबिक़, यह फ़ैसला उस विवादित वीडियो मामले को लेकर लिया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने पहले एआई से बना हुआ और नक़ली बताया था.
अकाल तख़्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने कहा, "श्री अकाल तख़्त साहिब ने भारत सरकार से मान्यता प्राप्त दो फ़ॉरेंसिक लैब से जांच करवाई. इस जांच में वीडियो से छेड़छाड़ या एआई के इस्तेमाल का कोई सबूत नहीं मिला."
क्या है विवाद
जनवरी 2026 की शुरुआत में यह विवाद सामने आया, जब श्री अकाल तख़्त साहिब ने सीएम भगवंत मान को तलब किया. उन पर आरोप था कि उन्होंने सिख आचार संहिता, अकाल तख़्त की सर्वोच्चता और 'गुरु की गोलक' को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है.
अकाल तख़्त की ओर से जारी पत्र में कुछ वीडियो का भी ज़िक्र किया गया, जिनमें भगवंत मान पर आरोप था कि उन्होंने सिख गुरुओं और संत जरनैल सिंह भिंडरांवाले की तस्वीरों के साथ अनुचित गतिविधियां की हैं.
5 जनवरी 2026 को अकाल तख़्त के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने भगवंत मान को तलब करने का आदेश जारी किया.
15 जनवरी 2026 को भगवंत मान अकाल तख़्त सचिवालय में पेश हुए. उन्होंने अपना बचाव करते वीडियो को नकली है और एआई जनरेटेड बताया. इसके बाद मामले की जांच, फ़ॉरेंसिक रिपोर्ट और अकाल तख़्त के फ़ैसलों को लेकर विवाद और बढ़ गया.
जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके से मारपीट, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Narinder NANU / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, अभिजीत दीपके के साथ मारपीट करने वाले दोनों युवकों को भीड़ ने पीटा (फ़ाइल फ़ोटो)
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ सोमवार को जयपुर में मारपीट हुई है.
दरअसल, जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर सीजेपी नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शन कर रही थी.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिजीत दीपके को उनके समर्थक कंधे पर बैठकार ले जा रहे थे, तभी भीड़ में से कुछ युवकों ने अचानक उन पर हमला कर दिया.
इसके बाद भीड़ ने युवकों को पीटा, हालांकि अभिजीत दीपके ने मंच से कहा कि हमला करने वाले युवकों को छोड़ दिया जाए.
विधायकपुरी पुलिस थाना अधिकारी नरेंद्र कुमार ने कहा कि थप्पड़ मरने वाले शख्स को डिटेन किया है.
इधर, कॉकरोच जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन ने भी बीबीसी से कहा कि अभिजीत दीपके को थप्पड़ मारने वालों को पुलिस ने पकड़ लिया है. दीपके अभी प्रदर्शन स्थल पर ही हैं.
कार्टून: स्वागत तो बनता है
इमेज कैप्शन, ईरान - अमेरिका शांति समझौते पर आज का कार्टून
एक्ट्रेस संचिता उगले अपने घर में मृत पाई गईं, पुलिस ने क्या बताया
इमेज स्रोत, instagram/@sanchita_ugale
इमेज कैप्शन, टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले की आयु 22 साल थी (फ़ाइल फ़ोटो)
टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले महाराष्ट्र के पालघर ज़िले में अपने घर पर मृत पाई गई हैं. उनकी उम्र 22 साल थी.
समाचार एजेंसी पीटीआई को एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार शाम क़रीब 7 बजे नालासोपारा इलाक़े में एक्ट्रेस अपने घर में मृत पाई गईं, तब वो घर पर अकेली थीं.
अधिकारी के मुताबिक़, "घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. वहां कोई संदिग्ध चीज़ नहीं मिली और कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ."
अधिकारी ने आगे बताया कि एक्ट्रेस के पिता ने आचोले पुलिस को बताया कि उन्हें किसी पर शक नहीं है और वो किसी को मौत के लिए ज़िम्मेदार नहीं मानते हैं.
पुलिस मौत की वजहों को जानने की कोशिश कर रही है.
संचिता उगले ने 'कुमकुम भाग्य', 'वागले की दुनिया- नई पीढ़ी नए किस्से' और 'दिलवाली दुल्हा ले जाएगी' जैसे शो में किरदार निभाए हैं.
(आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.)
इसराइल के रक्षा मंत्री ने लेबनान, सीरिया और ग़ज़ा में सेना की मौजूदगी को लेकर कही ये बात
इमेज स्रोत, Aggelos NAKKAS / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल के रक्षा मंत्री कात्ज़ ने चेतावनी दी कि अगर ईरान भविष्य में इसराइल पर कोई हमला करता है तो वो पूरी ताक़त से इसका जवाब देंगे (फ़ाइल फ़ोटो)
जब ईरान-अमेरिका के बीच समझौते का एलान हुआ, ठीक उसी समय इसराइली रक्षा मंत्री ने कहा कि उनकी सेना की लेबनान, सीरिया और ग़ज़ा में मौजूदगी बनी रहेगी.
रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने एक बयान में कहा, "प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और मैं एक साफ़ नीति पर काम कर रहे हैं जिसके तहत इसराइली सेना लेबनान, सीरिया और ग़ज़ा के बफ़र ज़ोन में अनिश्चित समय तक रहेगी."
उन्होंने कहा, "सैन्य मौजूदगी इसलिए रहेगी ताकि सीमा और इसराइली बस्तियों को जिहादी तत्वों से बचाया जा सके."
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, कात्ज़ ने चेतावनी दी कि अगर ईरान भविष्य में इसराइल पर कोई हमला करता है तो वो पूरी ताक़त से इसका जवाब देंगे.
इससे पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने बताया कि ईरान और अमेरिका ने लेबनान समेत सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई तुरंत और हमेशा के लिए ख़त्म करने का एलान किया है.
शहबाज़ शरीफ़ ने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते पर 19 जून को जिनेवा में साइन होंगे.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
फ़ुटबॉल वर्ल्ड कप खेलने अमेरिका पहुंची ईरानी टीम, जानें क्या कहा, सैम फ़रज़ानेह और पौरिया जाफ़रेह, लॉस एंजेलिस में बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Matt McNulty - FIFA/FIFA via Getty Images
इमेज कैप्शन, हेड कोच आमिर ग़ालेनोए (दाएं) ने कहा कि टीम राजनीति से दूर है और पूरे ईरान के लोगों के लिए खेलेगी
ईरान की फ़ुटबॉल टीम वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को अमेरिका के लॉस एंजेलिस पहुंच गई है.
ईरान की टीम अपने पहले मैच में न्यूज़ीलैंड का सामना करेगी, जो मंगलवार यानी 16 जून को होना है.
एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में टीम के हेड कोच और कप्तान ने संदेश दिया कि टीम ईरान की जनता की ओर से खेल रही है.
हेड कोच आमिर ग़ालेनोए ने कहा कि टीम राजनीति से दूर है और पूरे ईरान के लोगों के लिए खेलेगी.
फ़ुटबॉल टीम के कप्तान मेहदी तारेमी ने भी अपनी बात में यही लाइन दोहराई. उन्होंने कहा, "हम यहां फ़ुटबॉल खेलने आए हैं, ईरान के सभी लोगों के लिए, चाहे वे ईरान में हों या ईरान के बाहर रह रहे हों."
उन्होंने यह भी कहा कि फ़ुटबॉल हमेशा देश के अलग-अलग हिस्सों और समूहों को जोड़ने में कामयाब रहा है और वर्ल्ड कप में खेलने का उनका सबसे बड़ा मक़सद लोगों को ख़ुश करना है.
दरअसल, कुछ ईरानी समूहों का कहना है कि यह टीम राष्ट्रीय टीम नहीं बल्कि ईरानी सरकार की टीम है. उनका मानना है कि टीम सरकार का प्रतिनिधित्व करती है, न कि पूरे देश और जनता का.
सरकार के विरोधी चाहते हैं कि वे मैचों के दौरान टीम और सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन करें. उनकी फ़ीफ़ा से शिकायत है कि उन्हें "शेर और सूरज" वाले झंडे लेकर स्टेडियम में जाने की अनुमति नहीं दी जाती है.
शहबाज़ शरीफ़ ने ईरान और अमेरिका के बीच होने वाले समझौते पर दिया ये अपडेट
इमेज स्रोत, Tingshu Wang - Pool/Getty Images
इमेज कैप्शन, शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि दुनिया ने शांति का एक ऐतिहासिक पड़ाव पार कर लिया है (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते पर 19 जून को जिनेवा में साइन होंगे. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस दस्तख़त की रस्म की मेज़बानी करेगा.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, शहबाज़ शरीफ़ ने सोमवार को संसद में कहा कि दुनिया ने शांति का एक ऐतिहासिक पड़ाव पार कर लिया है, ईरान और अमेरिका ने लेबनान समेत सभी मोर्चों पर सैन्य कार्रवाई तुरंत और हमेशा के लिए ख़त्म करने का एलान किया है.
शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, "यह सिर्फ़ दो देशों के बीच का समझौता नहीं है, बल्कि शांति और बातचीत की जीत है, कूटनीति की सफलता है और जंग की हार है."
पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान को बधाई दी.
गौरतलब है कि इससे पहले ईरान और अमेरिका के बीच समझौते पर ब्रिटेन, फ़्रांस, जर्मनी और इटली के नेताओं ने एक संयुक्त बयान जारी किया है.
इन देशों के नेताओं ने कहा, "हम इस कूटनीतिक सफलता के लिए अमेरिका, ईरानी सरकार और इसमें शामिल सभी पक्षों को बधाई देते हैं, जिनमें पाकिस्तान, क़तर और अन्य सभी मध्यस्थ शामिल हैं."
ब्रिटेन के पीएम ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया बैन करने का एलान किया
इमेज स्रोत, Bloomberg via Getty Images
इमेज कैप्शन, स्टार्मर ने कहा कि यह प्रतिबंध अगले साल की शुरुआत से लागू होगा
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर
स्टार्मर ने देश में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध
लगाने का एलान किया है.
स्टार्मर ने कहा, "पूर्ण प्रतिबंध ही सही विकल्प है. बच्चों की सुरक्षा और ख़ुशी के मामले में कोई समझौता करने
के लिए तैयार नहीं हैं."
उन्होंने यह प्रतिबंध अगले साल यानी
2027 की शुरुआत में लागू करने की बात कही.
स्टार्मर ने कहा, "हमें उम्मीद है कि क्रिसमस से पहले नियम पारित कर
दिए जाएंगे और यह प्रतिबंध अगले साल की शुरुआत से लागू हो जाएगा."
स्टार्मर के संबोधन के बाद एक अलग
बयान में ब्रिटिश सरकार ने कहा कि इस प्रतिबंध में स्नैपचैट, टिकटॉक, यूट्यूब,
इंस्टाग्राम, फ़ेसबुक और एक्स शामिल होंगे, लेकिन
व्हाट्सऐप और सिग्नल को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा.
पिछले साल दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया इस
तरह का प्रतिबंध लागू करने वाला दुनिया का पहला देश बना था.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह
आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर
लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका-ईरान समझौते पर क्या कहा
इमेज स्रोत, Lewis JOLY / POOL / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने 'बाक़ी बचे मुद्दों पर भी' अमेरिका और ईरान के बीच सहमति बनने की उम्मीद जताई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने
अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष को समाप्त करने के लिए घोषित शांति समझौते का स्वागत
किया है.
उन्होंने सोमवार को एक्स पर लिखा,
"मैं पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त
करने को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच बनी सहमति का स्वागत करता हूं. इस संघर्ष के
कारण दुनियाभर में गंभीर आर्थिक अड़चन पैदा हुई और कई देशों में लोगों की जान
गई."
पीएम मोदी ने कहा, "भारत को उम्मीद है कि इस सहमति के लागू होने से
क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने में मदद मिलेगी और नेविगेशन और व्यापार की
आज़ादी सुनिश्चित होगी."
इसके अलावा उन्होंने उम्मीद जताई कि 'बाक़ी बचे मुद्दों पर भी' होने वाली बातचीत 'एक टिकाऊ
और अंतिम समझौते' तक पहुंचेगी.
इससे पहले बांग्लादेश ने भी एक बयान
जारी कर समझौते का स्वागत किया और समझौते को 'अच्छी मंशा' से लागू
किए जाने और 'टिकाऊ' होने की उम्मीद जताई.
अमेरिका-ईरान के बीच समझौते पर
दुनियाभर से प्रतिक्रियाएं आई हैं.
ब्रिटेन, फ़्रांस, जर्मनी और इटली के नेताओं की ओर से
एक संयुक्त बयान जारी किया गया. वहीं संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस,
जापान, ऑस्ट्रेलिया
और न्यूज़ीलैंड के नेताओं ने भी प्रतिक्रियाएं दीं.
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में रविवार को कौन-सी टीमें जीतीं
इमेज स्रोत, Alexander Hassenstein/Getty Images
इमेज कैप्शन, क्युरासाओ के ख़िलाफ़ जर्मनी के सातवें गोल के बाद जश्न मनाते काई हावर्ट्ज़
फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 में रविवार
(उत्तर अमेरिका के समयानुसार) को कुल चार मुक़ाबले खेले गए. इनमें से ग्रुप ई और
ग्रुप एफ़ में दो-दो मुक़ाबले खेले गए.
ग्रुप ई में कोत डीवॉअर ने इक्वाडोर
को 1-0 से हराया. जबकि जर्मनी ने क्युरासाओ को 7-1 से हराया.
वहीं, ग्रुप एफ़ में नीदरलैंड्स और जापान के बीच मुक़ाबला 2-2 से ड्रॉ रहा,
जबकि स्वीडन ने ट्यूनीशिया को 5-1 से मात दी.
सोमवार को वर्ल्ड कप में ग्रुप एच और जी के दो-दो
मुक़ाबले खेले जाने हैं.
ग्रुप एच में सऊदी अरब और उरुग्वे के
बीच मैच होना है, जबकि स्पेन की टीम काबो वर्दे से
भिड़ेगी.
वहीं, ग्रुप जी में ईरान और न्यूज़ीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी. इसके
अलावा बेल्जियम और मिस्र के बीच भी मैच होना है.
इसराइली मंत्री बोले, अमेरिका-ईरान समझौता मानने को इसराइल 'बाध्य नहीं'
इमेज स्रोत, Kobi Wolf/Bloomberg via Getty Images
इमेज कैप्शन, इतामार बेन-ग्वेर इसराइल के कट्टर दक्षिणपंथी नेता हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका और ईरान के बीच घोषित समझौते
पर इसराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्वेर की कड़ी प्रतिक्रिया आई
है. उन्होंने कहा है कि इसराइल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समझौता 'बाध्यकारी नहीं' है.
इतामार बेन-ग्वेर ने एक्स पर लिखा,
"ट्रंप का समझौता मानने के लिए हम विवश नहीं हैं. इसराइल अमेरिका के अधीन नहीं है और हम एक स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र
हैं."
उन्होंने कहा, "हमारा ज़िम्मेदारी इसराइल के नागरिकों, आईडीएफ़ के सैनिकों और यहूदी लोगों के प्रति
है."
इसराइल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री
ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा कि इसराइल कोई 'अस्थिर देश नहीं' है.
उन्होंने कहा, "हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि हम अमेरिका से प्रेम
करते हैं और राष्ट्रपति ट्रंप के प्रति आभारी हैं. फिर भी, इसराइल कोई 'बनाना
स्टेट' नहीं है. मैं ये बातें प्रधानमंत्री
से लगातार कहता हूं और हर अहम जगह पर दोहराता हूं."
इतामार बेन-ग्वेर ने कहा कि 'हिज़्बुल्लाह को पूरी तरह से समाप्त किए बिना'
इसराइल को किसी भी समझौते पर राज़ी नहीं होना
चाहिए.
उन्होंने कहा, "मेरा रुख़ बिल्कुल स्पष्ट है. हम ऐसे किसी समझौते का हिस्सा नहीं हैं जो हमारी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करता और यह किसी भी तरह से
हम पर बाध्यकारी नहीं है. हमें हिज़्बुल्लाह को पूरी तरह समाप्त किए बिना किसी
समझौते पर राज़ी नहीं होना चाहिए."
इतामार बेन-ग्वेर इसराइल के कट्टर
दक्षिणपंथी नेता हैं. हाल ही में वह ग़ज़ा की ओर राहत सामग्री ले जा रही नावों के
काफ़िले (फ़्लोटिला) में सवार फ़लस्तीन समर्थक कार्यकर्ताओं के साथ उनके बरताव की
वजह से चर्चा में रहे थे.