'चुंबन के साथ तमाचा'...ज़ोहरान ममदानी के बयान पर भारी विवाद, तीखी प्रतिक्रिया की बाढ़
ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ पटना में आरजेडी का मार्च, तेजस्वी यादव ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने गुरुवार को पटना में एसआईआर प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को ज़िम्मेदार ठहराते हुए मार्च निकाला.
राष्ट्रीय जनता दल इंडिया गठबंधन का हिस्सा है. पार्टी ने पटना में अपना मार्च विधानसभा के सामने शहीद स्मारक से शुरू किया. पार्टी के कार्यकर्ता लोक भवन की ओर बढ़ने लगे लेकिन पुलिस ने उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त के दफ़्तर के नज़दीक रोक लिया.
इस दौरान तेजस्वी यादव पुलिस बैरिकेड पर चढ़ते दिखे.
एक सीनियर अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, ''जब उन्होंने सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड्स को पार करने की कोशिश की, तो पुलिस उन्हें वाहन में बैठाकर लोक भवन ले गई.''
तेजस्वी यादव ने कहा, ''फ़र्ज़ी चुनाव कराकर ज्ञानेश कुमार ने बीजेपी के सत्ता में आने का रास्ता साफ़ किया है. जब सच्चाई सामने आई, तो हम सभी लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट होना चाहते हैं, ताकि आगे से निष्पक्ष चुनाव हों और सभी राजनीतिक दलों के लिए समान अवसर का स्तर बना रहे.''
नाना पाटेकर के गांव वाले उन्हें कैसे याद कर रहे हैं
इमेज स्रोत, Getty Images
दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन के बाद उनके गांव वाले उनके परोपकारी स्वभाव को याद कर रहे हैं.
महाराष्ट्र में उनके गांव वालों का कहना है नाना उनकी मदद करने में हमेशा आगे रहते थे.
एक ग्रामीण श्रीकांत ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, ''मैं उनके घर के ठीक सामने रहता हूं. उन्होंने पूरी ज़िंदगी मेरी बहुत मदद की. 2013 में जब मेरी पत्नी का निधन हुआ, तब नाना ने मुझे बहुत हिम्मत दी और मेरे बच्चों की परवरिश में मदद की. उस समय वे बहुत छोटे थे.''
श्रीकांत ने कहा, ''वह मेरे लिए भाई जैसे थे, बल्कि भाई से भी बढ़कर थे. मेरे दो बच्चे हैं. वे करीब दो से ढाई घंटे में यहां पहुंच जाएंगे. फ़्लाइट जल्द ही रवाना होगी और फ़ोन आने के बाद मुझे पता चलेगा. अंतिम संस्कार शाम करीब सात बजे होगा, जबकि लोग उनके घर पर जाकर अंतिम दर्शन कर सकेंगे.''
जाने-माने अभिनेता नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन हो गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ गोवा में उन्होंने आख़िरी सांस ली.
बीबीसी मराठी की सहयोगी पत्रकार प्राची प्रतिभा शिरिष से नाना पाटेकर के बेटे मल्हार पाटेकर ने अपने पिता की मौत की पुष्टि की है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, नाना पाटेकर का निधन गुरुवार तड़के गोवा स्थित उनके आवास पर दिल का दौरा पड़ने के बाद हुआ.
ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शनों पर क्या बोला बजरंग दल
इमेज स्रोत, Getty Images
बजरंग दल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ हो रहे प्रदर्शनों का विरोध किया है.
बजरंग दल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है, ''देश में किसी भी प्रकार के अराजक प्रदर्शन का बजरंग दल सदा विरोध करता रहा है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की आड़ में हो रहे ऐसे प्रदर्शनों का भी बजरंग दल विरोध करता है.''
बजरंग दल ने लिखा, ''वहीं दूसरी ओर कुछ लोग जंतर मंतर पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं के आने के भ्रामक दुष्प्रचार में जुटे हैं. जबकि बजरंग दल की ओर से ऐसी कोई योजना नहीं है.''
''वैसे भी, जन समर्थन के अभाव में यह कथित आंदोलन, पूर्व की भांति, अपनी स्वाभाविक मौत मरने ही वाला है.''
इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने एक्स पर लिखा था, ''बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व में किसी व्यक्ति ने बताया है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ हिंसा करने के लिए देशभर से दक्षिणपंथी कट्टरपंथी समूहों को जुटाया गया है.''
''चाहे कुछ भी हो जाए कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा. हाथ हमारा नहीं उठेगा. इस देश के लोगों के ख़िलाफ़ किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अमित शाह, देश देख रहा है। इस बार मामला सिर्फ़ दिल्ली पुलिस तक सीमित नहीं रहेगा.''
कॉकरोच जनता पार्टी ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ 10 अक्तूबर को प्रदर्शन करेगा.
नाना पाटेकर के निधन पर क्या बोले मनोज बाजपेयी
इमेज स्रोत, Getty Images
जाने-माने अभिनेता मनोज बाजपेयी ने दिग्गज फ़िल्म अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर शोक जाहिर किया है.
उन्होंंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, '' स्तब्ध हूँ! अभी भी यक़ीन नहीं हो रहा कि नाना पाटेकर जी हमारे बीच नहीं रहे.''
उन्होंने लिखा, ''हममें से बहुत से लोग जो फ़िल्मों में अपनी जगह बनाने की उम्मीद लेकर मुंबई आए थे, उनके लिए नाना जी का सफ़र उम्मीद की एक मिसाल था. उन्होंने हमें यह भरोसा दिलाया कि आपका हुनर, आपकी अपनी पहचान और अपने होने के प्रति ईमानदार रहना ही आपकी अपनी जगह बनाने के लिए काफ़ी हो सकता है. हमने अपने बेहतरीन अभिनेताओं में से एक को खो दिया है.नाना जी, आपकी बहुत याद आएगी.''
उन्होंने अपने एक पुराने इंटरव्यू में कहा था कि नाना पाटेकर ने परिंदा, अग्निसाक्षी और अंगार में जो काम किया है, उसकी वर्षों तक मिसाल दी जाती रहेगी.
बाजपेयी और नाना पाटेकर ने फ़िल्म 'राजनीति' में साथ काम किया था.
भारत में स्टारलिंक की एंट्री रोकने के एलन मस्क के आरोपों पर क्या बोली सरकार
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत में स्टारलिंक की एंट्री रोकने के एलन मस्क के आरोपों पर केंद्र सरकार ने जवाब दिया है.
इस मामले में पीआईबी की एक विज्ञप्ति में कहा गया है, ''सोशल मीडिया पर सैटेलाइट कम्युनिकेशन सर्विस के लिए भारत के रेगुलेटरी फ्रेमवर्क की निष्पक्षता पर एक पोस्ट सर्कुलेट की जा रही है. इसमें ये कहा जा रहा है कि इसे लागू करने में भेदभाव किया जा रहा है.''
''सरकार ने कहा है कि सैटेलाइट कम्युनिकेशन सर्विस के लिए एक निष्पक्ष और गैर-भेदभाव वाला प्राधिकरण ढांचा लागू किया गया है. इसके तहत, भारत में सैटेलाइट कम्युनिकेशन सर्विस मुहैया कराने की प्रतिबद्धता के तहत गैर-भूस्थिर कक्षा आधारित सैटेलाइट कम्युूनिकेशन सर्विसेज के लिए तीन ग्लोबल मोबाइल पर्सनल कम्युनिकेशन बाय सेटेलाइट सेवाओं को टेलीकॉम लाइसेंस दिए गए हैं.''
पीआईबी की विज्ञप्ति में लिखा गया है, ''सरकार के मुताबिक़, लाइसेंस की शर्तों के तहत हर लाइसेंसधारी को सुरक्षा संबंधी शर्तों के पालन का प्रदर्शन करना जरूरी है. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उपलब्ध कराई जा रही सर्विसेज यूजर और उनके डेटा की सुरक्षा से जुड़ी जरूरतें पूरी करे.''
दरअसल एलन मस्क ने एक्स पर एक पोस्ट कर आरोप लगाया है कि कुछ ख़ास उद्योगपति भारत में उनकी कंपनी स्टारलिंक की सैटेलाइट आधारित इंटनेट सर्विस की एंट्री को "रोक" रहे हैं.
मस्क ने एक्स पर एक पोस्ट के जवाब में लिखा, "बदकिस्मती से, हमें कुछ ख़ास उद्योगपति रोक रहे हैं, ताकि भारतीय लोगों पर उनकी 'एकाधिकारवादी' पकड़ बनी रहे. आप अंदाज़ा लगा सकते हैं कि वे कौन हैं... यह भारत के लोगों के ख़िलाफ़ अपराध है!"
इस पोस्ट में कहा गया था कि भारत में स्टारलिंक की ज़रूरत है, क्योंकि अभी भी बड़ी संख्या में गांव ब्रॉडबैंड से नहीं जुड़े हैं.
पाकिस्तान में इमरान की पार्टी का लॉन्ग मार्च आज पहुंचेगा पेशावर, कुछ इलाकों में इंटरनेट बंद होने की ख़बर
इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की जेल से रिहाई की मांग को लेकर इस्लामाबाद के लिए शुरू किया गया लॉन्ग मार्च आज पेशावर पहुंच रहा है. इसे देखते हुए पेशावर शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है.
पेशावर के कुछ निजी शिक्षण संस्थानों ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (इमरान ख़ान की पार्टी) के मार्च के कारण गुरुवार को बंद रहने की घोषणा की है.
बुधवार शाम को संदेशों के माध्यम से अभिभावकों को छुट्टी की सूचना दी गई.
गुरुवार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ का मार्च पेशावर शहर से होते हुए पेशावर और चारसद्दा की सीमाओं तक पहुंचेगा.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ मार्च को देखते हुए कुछ प्राइवेट स्कूलों ने गुरुवार को छात्रों के लिए छुट्टी घोषित कर दी है, जबकि सरकारी स्कूलों के बंद होने के बारे में अभी तक कोई जानकारी जारी नहीं की गई है.
दूसरी ओर,पेशावर के कुछ इलाकों में मोबाइल फोन सेवा बंद होने की भी खबरें हैं, हालांकि, इसकी न तो आधिकारिक तौर पर पुष्टि की गई है और न ही इसका खंडन किया गया है.
यह मार्च ऐसे समय निकाला गया है, जब इमरान ख़ान की पार्टी और पाकिस्तान के नेतृत्व के बीच गहरे मतभेद हैं.
रैली रविवार को उत्तर-पश्चिमी प्रांत ख़ैबर पख़्तूनख़्वा से शुरू हुई. इस प्रांत में इमरान ख़ान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) की सरकार है.
इस्लामाबाद पहुंचने से पहले मार्च कई जगहों पर रुकेगा.
दिल्ली: सीमापुरी में गिरी इमारत से चार लोगों के शव बरामद, आठ घायल
इमेज स्रोत, ANI
दिल्ली के सीमापुरी इलाक़े में बुधवार को एक बहुमंज़िला इमारत गिरने से अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है.
उन्होंने कहा, "अब तक तीन महिलाओं के शव बरामद हुए हैं. साथ ही एक शव और मिला है जो एक बच्चे का लग रहा है.''
उन्होंने कहा, ‘’चूंकि मलबा सड़क पर गिरा है, इसलिए हम यह निश्चित तौर पर नहीं कह सकते कि उसके नीचे कोई राहगीर फंसा है या नहीं. इसलिए हम पूरी सावधानी के साथ काम कर रहे हैं. करीब 75 फ़ीसदी काम पूरा हो चुका है और 25 फ़ीसदी काम बाकी है.''
उन्होंने बताया, ''हमारा अनुमान है कि अभियान को पूरा होने में अभी 4-5 घंटे और लग सकते हैं. हमारी टीम कल से लगातार, बिना किसी ब्रेक के और पूरी रात काम कर रही है. हम राहत और बचाव अभियान को जल्द से जल्द पूरा करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं.''
इस हादसे पर बीबीसी संवाददाता शुभ राणा से बात करते हुए आम आदमी पार्टी के विधायक वीर सिंह धींगान ने बताया था कि उन्हें बुधवार को साढ़े तीन बजे के करीब सीमापुरी से फोन आया था कि एक इमारत ढह गई है.
उन्होंने तुरंत 112 पर कॉल किया और डीसीपी को भी इसकी जानकारी दी थी.
उन्होंने बताया था कि यह करीब पांच से छह मंज़िला इमारत थी, जो लगभग 25 गज के प्लॉट पर बनी थी और करीब एक-दो साल पुरानी बताई जा रही है. उनके मुताबिक, इमारत में एक मुस्लिम परिवार रहता था.
ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ कांग्रेस का देश भर में प्रदर्शन का एलान, कहा- काला दिवस मनाएंगे
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, 7 अक्तूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी को हिरासत में लेती पुलिस
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और दूसरे विपक्षी नेताओं पर पुलिस की कार्रवाई की निंदा की है और 8 अक्तूबर को देश भर में प्रदर्शन का एलान किया है.
इससे पहले बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कई विपक्षी नेताओं को ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ले लिया गया था.
हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया था.राहुल गांधी और विपक्षी दलों के नेताओं के साथ राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर पिछले दो दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे.
10 अक्तूबर को कॉकरोच जनता पार्टी ने ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन का एलान किया है.
एलन मस्क का आरोप, भारत में स्टारलिंक की एंट्री रोक रहे कुछ उद्योगपति
इमेज स्रोत, Getty Images
एलन मस्क ने आरोप लगाया कि कुछ ख़ास उद्योगपति भारत में स्टारलिंक की एंट्री को "रोक" रहे हैं.
मस्क ने एक्स पर एक पोस्ट के जवाब में लिखा, "बदकिस्मती से, हमें कुछ ख़ास उद्योगपति रोक रहे हैं, ताकि भारतीय लोगों पर उनकी 'एकाधिकारवादी' पकड़ बनी रहे. आप अंदाज़ा लगा सकते हैं कि वे कौन हैं... यह भारत के लोगों के ख़िलाफ़ अपराध है!"
इस पोस्ट में कहा गया था कि भारत में स्टारलिंक की ज़रूरत है, क्योंकि अभी भी बड़ी संख्या में गांव ब्रॉडबैंड से नहीं जुड़े हैं.
मस्क ने बुधवार देर रात एक्स पर आगे लिखा, "भारत में स्टारलिंक उन लोगों को तेज और किफ़ायती इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध करा सकेगा, जो मौजूदा कीमतों की वजह से इसका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं या जिनके पास बिल्कुल भी इंटरनेट कनेक्शन नहीं है."
इमेज स्रोत, @LaurenDreyer
इमेज कैप्शन, दिल्ली में इंडिया मोबाइल कांग्रेस में बोलती हुईं लॉरेन ड्रेयर
इससे पहले बुधवार को दिल्ली में चल रही इंडिया मोबाइल कांग्रेस में स्टारलिंक की बिजनेस ऑपरेशंस की उपाध्यक्ष लॉरेन ड्रेयर ने बताया कि स्टारलिंक भारत में 20 गेटवे साइट पहले ही बना चुका है और भारतीय यूज़र्स के डेटा को देश के भीतर रखने के लिए भारत के हिसाब से सुरक्षा नियंत्रण भी विकसित किए हैं.
ड्रेयर ने कहा कि स्टारलिंक को उम्मीद है कि सभी मंजूरियां मिलते ही वह भारत में सैटेलाइट ब्रॉडबैंड सेवाएं "जल्द से जल्द" शुरू कर देगा.
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- 'मुझे नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए, मैंने आठ युद्ध रुकवाए'
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए.
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''किसी भी राष्ट्रपति ने कभी कोई युद्ध खत्म नहीं कराया. मैंने आठ युद्ध खत्म कराए हैं और शायद दुनिया के पूरी तरह तबाह होने को भी रोक दिया है. इसलिए मुझे नोबेल शांति पुरस्कार मिलना चाहिए.''
2026 के नोबेल शांति पुरस्कार की घोषणा नॉर्वे की नोबेल समिति शुक्रवार को करेगी.
पुरस्कार के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, ''मुझे नहीं पता कि उनका फ़ैसला क्या होगा. उनकी ऐसी छवि रही है कि शायद वे मेरे जैसे लोगों को यह पुरस्कार नहीं देते.''
सत्ता में दोबारा आने के बाद से ट्रंप बार-बार कहते रहे हैं कि वह दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों में से एक नोबेल शांति पुरस्कार के हकदार हैं.
ओवल ऑफिस में पत्रकारों से ट्रंप ने कहा, ''अब शायद वह समय आ गया है. पिछली बार पुरस्कार पाने वाले व्यक्ति ने कहा था कि इतिहास में किसी और से ज्यादा इसका हकदार राष्ट्रपति ट्रंप है. उनके ज़रिए अप्रत्यक्ष रूप से यह सम्मान पाकर मैं बहुत सम्मानित महसूस कर चुका हूं.''
वेनेज़ुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने जनवरी में अपना 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार पदक ट्रंप को दे दिया था.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.