ट्रंप बोले होर्मुज़ स्ट्रेट का नाम 'ट्रंप स्ट्रेट' कर देना चाहिए, ईरान ने क्या कहा?

ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज़ स्ट्रेट का नाम बदलने का सुझाव दिया है.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • नेपाल में इस तरह की जा रही है शवों की पहचान
  • नेपाल के चितवन ज़िले में नदी में बहकर आ रहे शव
  • Nepal flood
  • नेपाल बाढ़
  • nepal flood
  • इंज़माम उल हक
  • basekminute

लाइव कवरेज

सौरभ कुमार यादव, संदीप राय

  1. ट्रंप बोले होर्मुज़ स्ट्रेट का नाम 'ट्रंप स्ट्रेट' कर देना चाहिए, ईरान ने क्या कहा?

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका ने ईरान को अलग थलग करने की धमकी दी है

    ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज़ स्ट्रेट का नाम बदलने का सुझाव दिया है.

    उन्होंने अपने ट्रुथ सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “अब जबकि यह अमेरिका के नियंत्रण में है, क्या हमें होर्मुज़ स्ट्रेट का नाम बदलकर ‘ट्रंप स्ट्रेट’ कर देना चाहिए? अमेरिका की तरह यह भी पहले से कहीं ज़्यादा ‘हॉट’ होगा."

    बुधवार को सऊदी अरब की शिपिंग कंपनी ने जानकारी दी थी कि होर्मुज़ स्ट्रेट में एक सऊदी तेल टैंकर पर हुए हमले में फिलीपींस के दो नाविक मारे गए हैं.

    ग्रीक समुद्री रिस्क मैनेजमेंट कंपनी मारिसाक्स का कहना है कि मंगलवार सुबह होर्मुज़ स्ट्रेट में अज्ञात विमानों ने दो तेल टैंकरों को निशाना बनाया.

    इस बीच बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा, "मेरा सभी को संदेश है कि इससे (ईरान) दूर रहें. हम सभी चाहते हैं कि यह संघर्ष समाप्त हो जाए और इसका सबसे तेज़ तरीका यह है कि कोई भी इस शासन को किसी भी प्रकार का समर्थन न दे."

    उधर, ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव ने अमेरिका को चेतावनी दी कि उसे एक 'नई रणनीति' का सामना करना पड़ेगा.

    मोहसेन रेज़ाई ने एक्स पर लिखा, "इन हताश प्रयासों से न केवल आप अपने द्वारा बनाए गए नरक से बच नहीं पाएंगे, बल्कि आप जल्द ही देखेंगे कि युद्ध के मैदान, कूटनीति और आर्थिक नाकाबंदी का सामना करने की ईरान की नई रणनीति आपकी नींव को चकनाचूर कर देगी."

    मंगलवार रात, अमेरिकी सेना ने तटीय पट्टी और होर्मुज़ स्ट्रेट के पूर्व में स्थित क्षेत्रों के साथ-साथ ईरान के पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण में स्थित प्रांतों को निशाना बनाया.

    ईरानी अधिकारियों ने बताया कि होर्मुज़ के कोहस्ताक कस्बे में हुए हमलों में से एक में शादी में शामिल हुए चार लोग मारे गए और 68 अन्य घायल हो गए.

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने इस हमले को 'युद्ध अपराध' करार दिया है.

  2. नेपाल के पीएम बालेन शाह के बयान पर प्रचंड समेत विपक्षी नेताओं ने क्या कहा

    बालेन शाह और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल प्रचंड

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नेपाल के पीएम बालेन शाह ने आपदा के आठवें दिन संसद को संबोधित किया था

    नेपाल में अचानक आई बाढ़ से तबाही मचने के बाद आठवें दिन प्रधानमंत्री बालेन शाह ने संसद को सरकार के कामों के बारे में जानकारी दी.

    इसके बाद विपक्षी दलों के नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार कई मामलों में विफल रही है.

    नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल प्रचंड समेत विपक्षी दलों के नेताओं ने सरकार के प्रदर्शन पर असंतोष व्यक्त किया और अपने सुझाव दिए.

    पुष्प कमल दाहाल प्रचंड ने कहा, "लोगों को बचाने में सरकार पूरी तरह असफल हो गई."

    पीएम बालेन शाह ने बताया कि अब तक मिले 1,100 से अधिक शवों में से केवल 95 की ही पहचान हो पाई है और डीएनए और अन्य पहचान संबंधी जानकारी को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें भूमिगत कर दिया गया है.

  3. पाकिस्तान में 100 साल पुराने मंदिर को गिराने की ख़बरों पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने जारी किया बयान

    रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान सरकार से ज़िम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने की मांग की है

    पाकिस्तान में क़रीब 100 साल पुराने हिंदू मंदिर को गिराने की ख़बरों को लेकर भारत के विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया दी है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बयान जारी कर कहा है, "हमने पाकिस्तान के नरोवाल के सिराज गांव में एक ऐतिहासिक हिंदू मंदिर को नष्ट किए जाने की परेशान करने वाली ख़बरों पर गंभीर चिंता जताई है."

    "हम अल्पसंख्यक समुदाय के 100 साल पुराने पूजा स्थल में की गई इस निंदनीय तोड़फोड़ की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं."

    बयान के अनुसार, "ऐसी घटनाएं इस बात की साफ़ याद दिलाती हैं कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदाय लगातार असुरक्षित हैं और उनकी धार्मिक आज़ादी और पूजा स्थलों का गंभीर उल्लंघन हो रहा है."

    "हम पाकिस्तान सरकार से इस घटना की जल्द और पारदर्शी जांच कराने और ज़िम्मेदार लोगों को पूरी तरह जवाबदेह ठहराने की अपील करते हैं. इसके साथ ही, पाकिस्तान सरकार को अपवित्र किए गए मंदिर को फिर से ठीक करने के लिए तुरंत ज़रूरी क़दम उठाने चाहिए."

    "उसे अपने सभी अल्पसंख्यक नागरिकों की सुरक्षा, सलामती और भलाई के साथ-साथ उनकी सांस्कृतिक विरासत की रक्षा सुनिश्चित करने की अपनी प्राथमिक ज़िम्मेदारी भी पूरी करनी चाहिए.”

  4. नेपाल त्रासदी में मृतकों की संख्या 1,204 पहुंची, 4,216 लोग लापता

    नेपाल बाढ़

    इमेज स्रोत, Ritesh Shukla/Getty Images

    इमेज कैप्शन, नेपाल बाढ़ में लापता लोगों के परिजनों से डीएनए सैंपल लिए जा रहे हैं

    नेपाल के नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (एनडीआरआरएमए) ने बाढ़ की वजह से मारे गए और लापता लोगों की संख्या को अपडेट किया है.

    एनडीआरआरएमए के अनुसार, पिछले सप्ताह बुधवार को भोटेकोशी-त्रिशूली नदी में आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,204 हो गई है.

    बुधवार शाम 6 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 4,216 लोगों के लापता होने की ख़बर है.

    उधर, राष्ट्रीय समाचार समिति ने बताया है कि भोटेकोशी से होकर बहने वाली त्रिशुली नदी में आई बाढ़ के कारण बहुत अधिक कटाव हुआ है.

    नुवाकोट के तारकेश्वर ग्रामीण नगरपालिका के दर्शनतार क्षेत्र के ऊपर स्थित बस्ती त्रिशूली नदी के कटाव के कारण गंभीर ख़तरे में है.

    नेपाल बाढ़

    इमेज स्रोत, RSS

    इमेज कैप्शन, त्रिशूली नदी में भारी कटाव के कारण बस्तियां ख़तरे में पड़ गई हैं
  5. आईसीसी विमेंस चैंपियनशिप ट्रॉफ़ी की मेज़बानी भारत को मिली, शेड्यूल घोषित

    भारतीय टीम

    इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय टीम मौजूदा आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप चैंपियन है

    आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफ़ी के टूर्नामेंट की मेज़बानी भारत करेगा और इसका पहला संस्करण अगले साल 14 से 28 फ़रवरी तक भारत में खेला जाएगा.

    आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने ये जानकारी देते हुए कहा, “आईसीसी महिला चैंपियंस ट्रॉफ़ी 2027 महिला क्रिकेट के लिए एक नए और रोमांचक अध्याय की शुरुआत है.”

    छह टीमों वाले इस टूर्नामेंट के सभी मैच मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ़ इंडिया और वडोदरा के वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे.

    इस टूर्नामेंट का आयोजन पहले श्रीलंका में होना था, लेकिन अब इसे भारत में स्थानांतरित कर दिया गया है.

    श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड जुलाई में हुई आईसीसी की वार्षिक बैठक में तय किए गए ज़रूरी सुधारों को लागू करने की प्रक्रिया में है.

    आईसीसी ने टूर्नामेंट की मेज़बानी के लिए बांग्लादेश, भारत और दक्षिण अफ़्रीका ने दावे किए थे.

    इस टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, न्यूज़ीलैंड, दक्षिण अफ़्रीका और श्रीलंका की टीमें हिस्सा लेंगी. सभी टीमें महिला टूर्नामेंट का पहला ख़िताब जीतने के लिए उतरेंगी.

    टूर्नामेंट टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा. अंत में दो टीमों के बीच फ़ाइनल 28 फ़रवरी को होगा.

    भारत मौजूदा आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप चैंपियन है, जबकि ऑस्ट्रेलिया आईसीसी महिला टी-20 वर्ल्ड कप का मौजूदा चैंपियन है.

    ऑस्ट्रेलिया ने इस साल जुलाई में इंग्लैंड में ख़िताब फिर से अपने नाम किया था.

  6. दिन भरः नेपाल बाढ, मौत को छूकर लौटी ज़िंदगियां

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. यमुनानगर में सेना की एक ट्रेनिंग के दौरान नाव पलटी, दो पैरा कमांडो लापता

    चिनूक हेलीकॉप्टर

    इमेज स्रोत, Pallava Bagla/Corbis via Getty Images

    इमेज कैप्शन, चिनूक हेलीकॉप्टर से कमांडो को यमुना नदी में उतरने की ट्रेनिंग दी जा रही थी (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    हरियाणा के यमुनानगर में सेना के एक ट्रेनिंग के दौरान हथनीकुंड बैराज के पास लापता दो पैरा कमांडो जवानों को तलाशने का अभियान जारी है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, मंगलवार को हथनी कुंड बैराज में संयुक्त वॉटरमैनशिप ट्रेनिंग चल रही थी.

    इसी दौरान नाव पलटने के बाद तीन पैरा कमांडो को बचा लिया गया, जबकि दो का अभी तक पता नहीं चल पाया है.

    रक्षा मंत्रालय के चंडीगढ़ स्थित पीआरओ ने पीटीआई को बताया, “एक सितंबर 2026 को हथनी कुंड बैराज में संयुक्त वॉटरमैनशिप ट्रेनिंग के दौरान एक नाव तेज बहाव में फंसकर बैराज के डाउनस्ट्रीम की ओर चली गई."

    "टीमों ने नाव को वापस लाने की तेज़ी से कोशिश की. हालांकि, नाव स्लुइस गेट के आसपास तेज भंवर में फंस गई और पलट गई. इसके चलते नाव पर सवार लोग तेज बहाव में बह गए."

    बयान में कहा गया है, भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना, स्थानीय पुलिस और नागरिक प्रशासन की ओर से बड़े स्तर पर खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है. लापता जवानों का पता लगाने और उन्हें निकालने के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है.”

    एजेंसियों की ओर से जारी वीडियो में दिख रहा है कि चिनूक हेलीकॉप्टर से पैरा कमांडो को पानी में उतरा जा रहा था.

  8. नीदरलैंड्स ने अमेरिका और कनाडा में रखा 86 टन सोना क्यों हटाया, बताई ये वजह

    सोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नीदरलैंड्स केंद्रीय बैंक ने क़रीब 86 टन सोना ब्रिटेन के केंद्रीय बैंक के पास रखा

    नीदरलैंड्स के केंद्रीय बैंक ने कहा है कि उसने अमेरिका और कनाडा से 86 टन सोना निकाल लिया है.

    उसने इसके पीछे बढ़ते भू-राजनीतिक जोखिमों को कारण बताया है.

    नीदरलैंड्स केंद्रीय बैंक के अनुसार, अब इसमें से ज़्यादातर सोना बैंक ऑफ़ इंग्लैंड के पास रखा गया है.

    बैंक ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि लंदन में सोने की ख़रीद-बिक्री ज़्यादा आसानी से की जा सकती है.

    सोने को दूसरी जगह भेजने की यह प्रक्रिया फ़्रांस के बैंक की ओर से अपने भंडार में बदलाव और 5 प्रतिशत सोना दूसरी जगह भेजे जाने के कुछ महीनों बाद हुई है.

    सोने की नई ईंटें अब न्यूयॉर्क के बजाय पेरिस में रखी जा रही हैं.

    हालांकि, बैंक ने जोर देकर कहा कि सोना दूसरी जगह रखने का फ़ैसला राजनीतिक वजहों से नहीं किया गया है.

  9. सुप्रीम कोर्ट ने कहा- मनन कुमार मिश्रा बार काउंसिल के सिर्फ़ अस्थाई चैयरमेन

    मनन मिश्रा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि मनन मिश्रा बीसीआई के सिर्फ़ प्रो-टेम चेयरमैन हैं

    बार एंड बेंच के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को एक मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि बार काउंसिल ऑफ़ इंडिया (बीसीआई) के चेयरमैन के तौर पर मनन कुमार मिश्रा का बने रहना सिर्फ़ अगला चुनाव होने तक एक अस्थायी व्यवस्था है.

    मनन कुमार मिश्रा हैदराबाद की एक प्रतिष्ठित लॉ यूनिवर्सिटी के छात्रों को नोटिस जारी करने से चर्चा में आए थे.

    अदालत ने कहा कि 'मनन कुमार मिश्रा सिर्फ प्रो-टेम चेयरमैन हैं, लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए पदाधिकारी नहीं, इसलिए वह बीसीआई के रोज़मर्रा के कामकाज को ही संभाल सकते हैं.'

    लाइव लॉ के मुताबिक़, कोर्ट ने कहा कि किसी भी बड़े नीतिगत फ़ैसले में बीसीआई को भारत के अटॉर्नी जनरल और सॉलिसिटर जनरल को शामिल करना चाहिए.

    ये दोनों बीसीआई के स्थायी पदेन सदस्य हैं.

    ये टिप्पणियां उन याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान आईं, जिनमें नियमों के तहत तय कार्यकाल से ज़्यादा समय तक मिश्रा के बीसीआई चेयरमैन बने रहने को चुनौती दी गई है.

    सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने कहा कि मनन मिश्रा की स्थिति को लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए चेयरमैन के बराबर नहीं माना जा सकता.

    याचिकाकर्ताओं ने अप्रैल 2025 में बार काउंसिल की ओर से जारी उस अधिसूचना को भी चुनौती दी, जिसमें मिश्रा का कार्यकाल 2030 तक बढ़ाया गया था.

    मिश्रा के कार्यकाल को चुनौती देने वाली याचिकाएं नालसार विवाद के बाद दाखिल की गई थीं.

    दरअसल बीसीआई चेयरमैन मनन मिश्रा ने विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में सीजेआई सूर्यकांत को बतौर अतिथि बुलाए जाने पर आपत्ति जताने के बाद 2026 के लॉ ग्रैजुएट के नामांकन के ख़िलाफ़ निर्देश जारी किए थे. बाद में व्यापक आलोचना के बाद मिश्रा ने माफ़ी मांगी थी.

  10. कार्टून: ... तो पढ़ेगी बिटिया

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, बेटियों की स्कूल फ़ीस के लिए मां की मैराथन दौड़ पर आज का कार्टून
  11. नेपाल में एक ही घर से मिले 24 शव, हेलीकॉप्टर से एयर लिफ़्ट कर त्रिशूली ले जाए गए

    नेपाल बाढ़

    इमेज स्रोत, RSS

    इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री बालेन शाह ने बुधवार को बताया कि अब तक मिले 1,114 शवों में से सिर्फ 95 की पहचान हो सकी है

    तिब्बत से लगी सीमा पर आई विनाशकारी बाढ़ के आठवें दिन एक ही घर से 24 शवों को बरामद किया गया है.

    बीबीसी नेपाली के अनुसार, नुवाकोट के बेत्रावती में बाढ़ से घिरे एक घर से मिले 24 शवों को हेलीकॉप्टर से त्रिशूली ले जाया गया है.

    पिछले हफ़्ते बुधवार को रसुवा में भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से इस इलाक़े में भारी नुकसान हुआ था.

    पुलिस ने मंगलवार को बताया था कि घर की ड्रोन से निगरानी के दौरान ये शव मिले.

    नेपाल बाढ़

    इमेज स्रोत, RSS

    इमेज कैप्शन, डीएनए और पहचान के दूसरे तरीकों को सुरक्षित रखने के लिए शवों को ज़मीन के अंदर रखा जा रहा है
    नेपाल बाढ़

    इमेज स्रोत, RSS

    इमेज कैप्शन, घटना के बाद से 11,993 लोगों को बचाया जा चुका है
    नेपाल बाढ़

    इमेज स्रोत, RSS

    इमेज कैप्शन, घटना के बाद से 3,916 लोग अब भी लापता हैं
  12. मिस्र: रेड सी तट पर बस दुर्घटना में 16 लोगों की मौत

    मिस्र

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मिस्र का यह इलाका पर्यटकों की बीच काफी लोकप्रीय है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि पूर्वी मिस्र में बस दुर्घटना में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है.

    बुधवार सुबह साउथ सिनाई प्रांत में रेड सी के शहर दहाब और नुवेइबा के बीच हुए इस सड़क हादसे में 28 लोग घायल भी हुए हैं.

    मंत्रालय ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार देने और उन्हें वहां से निकालने के लिए घटनास्थल पर 20 एम्बुलेंस भेजी गई हैं. दुर्घटना का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है.

    यह इलाक़ा पर्यटकों के बीच बहुत लोकप्रिय है और यहां दुनिया भर से लोग आते हैं.

    अधिकारियों के अनुसार साल 2025 में लगभग 6,000 लोगों की सड़क हादसे में मौत हुई थी.

  13. नेपाल के पीएम बालेन शाह ने संसद में भारत और चीन को लेकर क्या कहा

    बालेन शाह

    इमेज स्रोत, RSS

    इमेज कैप्शन, रासुवा इलाक़े में आई भीषण बाढ़ के आठ दिन बाद नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने वक्तव्य दिया है

    तिब्बत सीमा के पास आई भीषण बाढ़ के आठवें दिन संसद को संबोधित करते हुए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने भारत समेत मित्र देशों की मदद की सराहना की है.

    साथ ही उन्होंने राहत और बचाव कार्य में प्रगति, राहत कोष, जान माल के नुक़सान, समय पर जानकारी और जलवायु परिवर्तन को लेकर कई बातें कहीं.

    बीबीसी नेपाली के अनुसार, प्रधानमंत्री बालेन शाह ने कहा कि अब तक मिले 1,114 शवों में से सिर्फ 95 की पहचान हो सकी है. डीएनए और पहचान के दूसरे तरीकों को सुरक्षित रखने के लिए शवों को ज़मीन के अंदर रखा गया है.

    घटना के बाद से 11,993 लोगों को बचाया जा चुका है, जबकि 3,916 लोग अब भी लापता हैं.

    घटना के तुरंत बाद क्या उपाय किए गए?

    बालेन शाह ने बताया कि उन्होंने पिछले सप्ताह बुधवार सुबह 9 बजे तटीय इलाकों के लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की थी और सुबह 9.35 बजे एसएमएस के ज़रिए उन्हें इसकी जानकारी दी थी.

    नेपाली सेना के हेलीकॉप्टर की पहली बचाव उड़ान सुबह 9.45 बजे रवाना हुई और सुबह 10.30 बजे काठमांडू एयरपोर्ट पर खोज और बचाव दल को तैयार रखा गया था.

    जानकारी समय पर क्यों नहीं पहुंची?

    प्रधानमंत्री ने रसुवा बाढ़ को मानव सभ्यता के इतिहास में सामने आई सबसे बड़ी घटनाओं में से एक बताया और कहा कि यह ऐसी घटना थी जिसकी भविष्यवाणी नहीं की जा सकती थी.

    उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों को सतर्क करने की कोशिश कर रहे सुरक्षा बलों के जवान भी लापता हो गए हैं. लोगों को पहले से चेतावनी देने के लिए 11 लाख से ज्यादा एसएमएस भेजे गए और फ़ोन कॉल किए गए.

    विदेशी मदद

    पीएम शाह ने कहा कि प्रक्रिया को छोटा किया जा रहा है और इतनी बड़ी आपदा के समय अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मिलने वाली मदद को 'मना करना संभव नहीं है.'

    उन्होंने कहा कि भारत और चीन शुरुआत से ही हालात पर नज़र रखने के लिए तकनीकी विशेषज्ञ भेज रहे हैं.

    राहत कोष की स्थिति

    प्रधानमंत्री ने कहा कि अब तक प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष में 7 अरब नेपाली रुपये से ज़्यादा और 61.41 लाख अमेरिकी डॉलर से ज़्यादा जमा किए जा चुके हैं. इस कोष से 15 प्रभावित नगरपालिकाओं को भी रक़म जारी की गई है.

    जलवायु जोखिम बढ़ने के ‘गंभीर संकेत’

    प्रधानमंत्री ने कहा कि यह घटना हिमालयी क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन की वजह से लोगों के सामने बढ़ते जोखिमों का 'गंभीर संकेत' है.

    प्रधानमंत्री ने कहा, “हमें सतर्क रहना होगा. साथ ही, अब समय आ गया है कि जलवायु परिवर्तन की वजह से जिन आपदाओं का हम सामना कर रहे हैं, उन्हें अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने मज़बूती से रखा जाए.”

    उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन में 'वैश्विक योगदान' है और इससे निपटना पूरी वैश्विक बिरादरी की 'साझी ज़िम्मेदारी' है.

  14. नोएडा प्रोटेस्ट मामलाः आकृति चौधरी की एनएसए हिरासत को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने रद्द किया

    अदालत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा पर लगाए गए एनएसए पर फ़ैसला दिया है

    इलाहाबाद हाई कोर्ट ने बुधवार को आकृति चौधरी की राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून (एनएसए) के तहत हिरासत रद्द कर दी है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास में ग्रेजुएट स्टूडेंट 25 साल की आकृति चौधरी अप्रैल 2026 में नोएडा में हुए श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में क़रीब 5 महीने से हिरासत में थीं.

    जस्टिस अतुल श्रीधरन और जस्टिस अचल सचदेव की पीठ ने उनकी हिरासत को चुनौती देने वाली बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका मंज़ूर करते हुए कहा कि उनकी हिरासत राज्य की ओर से 'मनगढ़ंत कहानी' पर आधारित थी.

    कोर्ट ने निर्देश दिया कि अगर किसी दूसरे मामले में उनकी गिरफ़्तारी ज़रूरी नहीं है, तो उन्हें तुरंत रिहा किया जाए.

    मामले में कोर्ट का विस्तृत आदेश आना अभी बाकी है.

    आकृति चौधरी की रिहाई के लिए प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आकृति चौधरी की रिहाई के लिए प्रदर्शन

    गौरतलब है कि इसी साल 13 अप्रैल को नोएडा में मज़दूरों का प्रदर्शन हुआ था जो हिंसक हो उठा. इसी सिलसिले में पुलिस ने कुछ मज़दूर अधिकार कार्यकर्ताओं को गिरफ़्तार किया था, जिनमें आकृति चौधरी भी शामिल थीं.

    बाद में दो लोगों पर यूपी पुलिस ने एनएसए लगाया था जिनमें एक आकृति हैं और दूसरे हैं अनुवादक-लेखक सत्यम वर्मा.

    बुधवार की सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने कोर्ट को बताया कि चौधरी को 12 अप्रैल 2026 को सुबह 10.56 बजे गिरफ्तार किया गया था और उन्हें बीएनएसएस की धारा 130 के तहत नोटिस जारी किया गया था. सरकार का आरोप था कि उन्होंने भीड़ को आगजनी और पथराव के लिए उकसाया था.

    कोर्ट ने मज़दूरों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा में आकृति चौधरी की कथित भूमिका को लेकर किए गए दावे पर सरकार को लताड़ा.

    असल में सरकार की ओर से कहा गया कि 11 अप्रैल को लोग विरोध प्रदर्शन के लिए इकट्ठा हुए थे.

    इस पर कोर्ट ने कहा, “यानी 11 को कोई हिंसा नहीं हुई थी. जो भी हिंसा हुई, वह उनकी गिरफ़्तारी के बाद हुई.”

  15. ईरान ने खाड़ी के कई देशों में अमेरिकी ठिकानों को बनाया निशाना

    ईरान-अमेरिका जंग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका ने ईरान में कई जगहों पर मिसाइलों से हमले किए थे (फ़ाइल फोटो)

    मंगलवार रात अमेरिका की ओर से ईरान पर किए गए हमलों के जवाब में ईरान ने मध्य-पूर्व के देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है.

    ईरान ने जॉर्डन, कुवैत, इराक और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमले किए हैं.

    ईरानी रेड क्रिसेंट ने बताया कि दक्षिणी ईरान के सिरिक में एक घर में शादी का जश्न चल रहा था, तभी अमेरिकी मिसाइल हमले के टुकड़े वहां गिरे, जिससे एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई और 50 से ज़्यादा लोग घायल हो गए.

    अमेरिकी सेना का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी है. उसका दावा है कि उन्होंने कभी भी आम नागरिकों को निशाना नहीं बनाया है.

    अमेरिकी हमलों के बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने कहा ने था कि अमेरिका को इन हमलों का “अंजाम भुगतना पड़ेगा.”

    ईरान की समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक़, बुधवार सुबह तक ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए जॉर्डन के अकाबा में अमेरिकी मरीन बेस पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमिला किया.

    जॉर्डन की सेना ने कहा कि वह 13 बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने में कामयाब रही, इनमें से 10 को नष्ट कर दिया गया, जबकि तीन दूर-दराज़ इलाकों में गिरीं. इसमें किसी की मौत या चोट नहीं आई.

    इसके अलावा, कुवैत की सेना ने कहा कि बुधवार तड़के ईरानी मिसाइल हमलों का जवाब देने के लिए उसकी एयर डिफेंस प्रणाली को सक्रिय किया गया था.

    ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, बहरीन में भी कई धमाकों की ख़बर मिली है.

    इरना समाचार एजेंसी ने बताया कि ईरान ने इराक़ के कुर्दिस्तान क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया, जिससे एक रखरखाव केंद्र, गोदाम और कुछ उपकरण नष्ट हो गए.

  16. नमस्कार

    अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव को इजाज़त दीजिए.अब से देर रात दस बजे तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.

  17. टीवीके की विधायक ने कहा, 'राहुल गांधी ही विजय को प्रधानमंत्री भी बनाएंगे'

    टीवीके

    इमेज स्रोत, @Kanimozhi RD

    इमेज कैप्शन, टीवीके की विधायक कनिमोझी संतोष

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ़ विजय की पार्टी टीवीके की विधायक कनिमोझी संतोष ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "राहुल गांधी ने विजय को मुख्यमंत्री बनाया है. इसी तरह 2029 में वो विजय का हाथ पकड़कर उन्हें प्रधानमंत्री भी बनाएंगे."

    टीवीके की विधायक का बयान ऐसे समय में आया है जब प्रधानमंत्री के चेहरे को लेकर कांग्रेस और टीवीके के बीच बयानबाज़ी चल रही है.

    टीवीके के कई मंत्री मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय को "भविष्य का प्रधानमंत्री" बता रहे हैं.

    18 अगस्त को विधानसभा में मानव संसाधन प्रबंधन विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान मंत्री सरथकुमार ने कहा, "सीएम विजय भविष्य में प्रधानमंत्री बनेंगे."

    22 अगस्त को विरुधुनगर में आयोजित एक निजी रोज़गार मेले में समाज कल्याण मंत्री जगदीश्वरी शामिल हुईं. इस दौरान उन्होंने कहा, "आज के सीएम, कल के पीएम. भविष्य में सिर्फ हमारी ही सरकार होगी."

    इस पर तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मणिकम टैगौर ने कहा है कि टीवीके के लोग अभी भी प्रशंसक मंडली वाली मानसिकता में जी रहे हैं.

  18. जयपुर: नाहरगढ़ चिड़ियाघर में टाइगर के हमले से महिला की मौत, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिन्दी के लिए जयपुर से

    भारतीय टाइगर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जयपुर में टाइगर के हमले में एक महिला की मौत (फ़ाइल फोटो)

    जयपुर के नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में बुधवार सुबह टाइगर के हमले से एक महिला मज़दूर की मौत हो गई.

    घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग और ज़िला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं. इन अधिकारियों से बीबीसी हिन्दी ने संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल संपर्क नहीं हो सका है.

    बायोलॉजिकल पार्क के एक कर्मचारी ने पहचान सार्वजनिक नहीं करने के शर्त पर बीबीसी से घटना की पुष्टि की है.

    उन्होंने बताया है, "महिला कर्मचारी हमेशा की तरह टाइगर के एनक्लोजर में घास काट रही थी. एक अन्य कर्मचारी को यह मालूम नहीं था और उसने टाइगर के बाड़े के गेट खोल दिए, टाइगर ने बाहर निकल कर महिला पर अटैक कर दिया जिससे महिला मज़दूर की मौके पर ही मौत हो गई है."

    उन्होंने आगे कहा है, "यहां वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं और मामले की जानकारी ले रहे हैं. महिला का शव भी मौके पर ही मौजूद है."

  19. दिशा सालियान की मौत के मामले में सीबीआई जांच के आदेश

    दिशा सालियान

    इमेज स्रोत, UGC

    दिशा सालियान की मौत के मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट ने बुधवार को सीबीआई जांच का आदेश दिया.

    वो दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर भी रही थीं.

    दिशा की मौत 8 जून 2020 को मुंबई में हुई थी. दिशा के पिता सतीश सालियान ने साल 2020 में हुई उनकी मौत की परिस्थितियों पर शक जताते हुए जांच की मांग की थी.

    हाई कोर्ट के आदेश के बाद दिशा के पिता सतीश सालियान ने कहा, "हम लड़ाई जारी रखेंगे. मुझे उम्मीद है कि सीबीआई के अधिकारी अपना काम करेंगे."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जस्टिस सारंग कोतवाल और जस्टिस रंजित सिन्हा राजा भोंसले की पीठ ने कहा कि सीबीआई इस मामले में एफआईआर दर्ज करेगी और दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान का बयान दर्ज करेगी. हालांकि, जांच के दौरान किसी व्यक्ति के ख़िलाफ़ पर्याप्त सबूत मिलने तक उसे अभियुक्त नहीं माना जाएगा.

    दिशा के वकील निलेश ओझा ने कहा, "कोर्ट का आदेश है कि मुंबई पुलिस जांच से जुड़े सभी कागज़ात सीबीआई को सौंपेगी और उसके बाद सीबीआई जांच का जिम्मा संभालेगी और स्वतंत्र रूप से जांच करेगी."

  20. जम्मू कश्मीर: बीजेपी ने उमर अब्दुल्लाह सरकार के ख़िलाफ़ किया प्रदर्शन

    बीजेपी

    इमेज स्रोत, ANI

    बीजेपी ने जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में 'सचिवालय का घेराव' कर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह की सरकार के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन किया है.

    बुधवार को बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बेरोजगारी, महंगाई और कथित भ्रष्टाचार को लेकर श्रीनगर के लाल चौक के घंटा घर पर विरोध प्रदर्शन किया.

    बीजेपी नेता सुनील शर्मा ने कहा, "इसमें कोई शक नहीं कि गड़बड़ियां हुई हैं. भर्ती की कोई सही प्रक्रिया नहीं है. नौकरियां बेची गई हैं. आज बिना किसी भर्ती प्रक्रिया, बिना किसी मापदंड और बिना योग्यता को देखे ठेकेदारों द्वारा डॉक्टरों की नियुक्ति की जा रही है. यह एक गंभीर अनियमितता है और युवाओं के साथ बहुत बड़ा अन्याय है."

    वहीं, दूसरी तरफ उमर अब्दुल्लाह की पार्टी नेशनल कॉन्फ़्रेंस के कार्यकर्ताओं ने भी केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ बीजेपी के कार्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया है.

    प्रदर्शन को देखते हुए बीजेपी कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था.

    समाचार एजेंसी एएनआई पर जारी एक वीडियो में देखा जा सकता है कि नेशनल कॉन्फ़्रेंस के कार्यकर्ता पुलिस से बहस कर रहे हैं. वीडियो में एक कार्यकर्ता कह रहा है, "हमारे साथ सांसद हैं, मंत्री हैं और कार्यकर्ता हैं. हम वहां जाएंगे और चुपचाप प्रदर्शन करेंगे.

    आप हमें प्रदर्शन करने से रोक रहे हैं, लेकिन बीजेपी को प्रदर्शन करने से नहीं रोका जा रहा है."