कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़, कई लोगों के मारे जाने की आशंका

इमेज स्रोत, ANI
पश्चिम बंगाल के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा होने के कारण कई लोगों की मौत की आशंका है.
कोलकाता में बीबीसी से सहयोगी पत्रकार पीएम तिवारी ने बताया कि पंडाल के बाहर काफ़ी भीड़ थी और बारिश हो रही थी. इसी बीच भगदड़ मची जिसमें कई लोग घायल हुए हैं और कुछ लोगों के मौत की भी आशंका है.
उन्होंने बताया कि कई लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मौके पर मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंच गए हैं.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी और मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने कोलकाता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचकर वहां भर्ती घायलों से मुलाक़ात की.
पीटीआई के अनुसार, इस घटना में कम से कम 25 लोग घायल हुए हैं.
एक प्रत्यक्षदर्शी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "कई लोग बेहोश हो गए थे. कुछ लोगों को मोटरसाइकिलों पर ले जाया जा रहा था. मैंने अपने आसपास यह सब होते देखा. जब लोग बेहोश हो रहे थे, तो उन्हें बाइक पर ले जाया जा रहा था. यह सब हुआ और वहां भारी भीड़ भी मौजूद थी."
वहीं पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक्स पर लिखा, “चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है.”
“मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करता हूं कि सभी घायलों को जल्द से जल्द स्वस्थ करें और इस मुश्किल समय में उनके परिवारों को हिम्मत और हौसला दें.”
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा, "उत्तर कोलकाता के चोर बागान पूजा पंडाल में एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है. वहां मौजूद कुछ श्रद्धालुओं को मेडिकल कॉलेज ले जाने का काम जारी है. यह घटना कैसे और क्यों हुई, इन सब बातों पर बाद में चर्चा होगी, लेकिन हमारी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है."
"हम पुलिस प्रशासन से अनुरोध करते हैं कि अस्पतालों में मेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाए. हमारे कार्यकर्ता सहयोग कर रहे हैं. हम पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं. पंडाल के अंदर अभी राहत और बचाव कार्य किया जाना बाकी है. हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. पूजा के दौरान यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है."
पुलिस ने क्या बताया
समाचार एजेंसी आईएनएस ने कोलकाता पुलिस के हवाले से बताया, आज (17 अक्टूबर 2026) शाम करीब 7:40 बजे भारी बारिश के दौरान दुर्गा पूजा पंडाल में आने वाले लोगों की भीड़ के कारण गिरिश पार्क थाना क्षेत्र के सरदा पार्क (चोरबागान) पूजा पंडाल के निकास द्वार पर भगदड़ मच गई.
सभी घायलों को बचाकर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (एमसीएच) पहुंचाया गया है. मौके पर कंट्रोल रूम, दमकल विभाग, कोलकाता पुलिस, आपदा प्रबंधन दल और मेडिकल टीमों के साथ एंबुलेंस तैनात की गईं.
पुलिस ने बताया कि पूजा पंडाल को अब लोगों के लिए बंद कर दिया गया है. अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 35 लोगों को मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया है. घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों का इंतज़ार है.




























