यूक्रेन के जहाज़ डुबोने के दावे पर रूस ने क्या जवाब दिया?

रूसी सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि "बाल्टिक क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों का बढ़ना" एक "ख़तरनाक रुझान" है.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • gautam gambhir
  • musadiq khan
  • daud ibrahim
  • aazam khan
  • bulldozer
  • डोनाल्ड ट्रंप
  • कार्बी समुदाय के 15,000 लोगों ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

लाइव कवरेज

तेजस्वी सिंह, अरशद मिसाल

  1. यूक्रेन के जहाज़ डुबोने के दावे पर रूस ने क्या जवाब दिया?

    दिमित्री पेस्कोव
    इमेज कैप्शन, रूसी सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि "बाल्टिक क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों का बढ़ना" एक "ख़तरनाक रुझान" है

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने दावा किया कि यूक्रेनी सेना ने लीबिया के तट के पास रूसी जहाज़ को डुबो दिया.

    इसके बाद रूस के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव का बयान आया है.

    दिमित्री पेस्कोव ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि "बाल्टिक क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों का बढ़ना" एक "ख़तरनाक रुझान" है.

    उन्होंने कहा कि इससे "इस क्षेत्र में तनाव बढ़ रहा है."

    लीबिया में हुए हमलों के बारे में पूछे जाने पर पेस्कोव ने कहा कि इसकी जानकारी रूस का रक्षा मंत्रालय देगा. उन्होंने आगे कहा, "हमने इस बारे में ज़ेलेंस्की के बयानों पर ध्यान दिया है."

    इससे पहले पूर्वी लीबिया की सरकार ने बताया था कि बेनग़ाज़ी नौसैनिक अड्डे पर खड़े एक रूसी जहाज़ में धमाका हुआ है. इसे ड्रोन से निशाना बनाने की आशंका जताई गई थी.

    लीबिया के सरकारी मीडिया के मुताबिक़, यह धमाका रविवार तड़के हुआ. जहाज़ रूस लौटते समय ईंधन और अन्य सामान लेने के लिए वहां रुका था.

  2. नेपाल और भारत के बीच 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' ट्रेन सेवा शुरू, पीएम मोदी ने क्या कहा

    नेपाल के पीएम बालेन शाह और भारत के पीएम नरेंद्र मोदी
    इमेज कैप्शन, नेपाल के पीएम बालेन शाह और भारत के पीएम नरेंद्र मोदी ने 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' को हरी झंडी दिखाई

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग के ज़रिए अयोध्या और नेपाल के जनकपुर को जोड़ने वाली 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' को हरी झंडी दिखाई.

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस नई रेल सेवा को अयोध्या और मिथिला के पवित्र संबंधों को फिर से जोड़ने की पहल बताया.

    इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज शुरू की गई ट्रेन सेवा, सरयू-कमला एक्सप्रेस से हम इस पवित्र रिश्ते को एक नया आयाम दे रहे हैं. इससे अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अब जनकपुर जाकर माता सीता के दर्शन करना भी सुगम हो जाएगा."

    सरकार ने दावा किया कि 604 किलोमीटर लंबी यह रेल सेवा भारत और नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को मज़बूत करने के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगी.

  3. सपा प्रमुख अखिलेश यादव का फ़ेसबुक हैंडल सस्पेंड

    अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, फ़ेसबुक पर अखिलेश यादव के करीब 90 लाख फ़ॉलोअर्स हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव का फ़ेसबुक हैंडल सोमवार की शाम को सस्पेंड कर दिया गया था. उनका फ़ेसबुक हैंडल चेक करने पर हमने भी यही पाया.

    हालांकि, रात नौ बजे के बाद उनका फ़ेसबुक हैंडल को फिर से बहाल कर दिया गया.

    फ़ेसबुक पर अखिलेश यादव के करीब 90 लाख फ़ॉलोअर्स हैं.

    अखिलेश यादव का फ़ेसबुक अकाउंट

    जब अकाउंट सस्पेंड किया गया, तब उसे खोलने पर लिखा हुआ आया, 'यह कंटेंट अभी उपलब्ध नहीं है'.

  4. दिल्ली पुलिस का दावा- पुलिस स्टेशन के अंदर एक शख़्स ने पांच पुलिसकर्मियों पर किया चाकू से हमला

    नबील
    इमेज कैप्शन, दिल्ली पुलिस ने अभियुक्त नबील की ये तस्वीर जारी की है

    दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सोमवार दोपहर सेंट्रल दिल्ली के जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन में चाकू से किए गए हमले में दिल्ली पुलिस के पांच जवान घायल हो गए.

    अभियुक्त को पारिवारिक विवाद के सिलसिले में पुलिस स्टेशन बुलाया गया था.

    पुलिस ने बताया कि बाद में उसे पकड़ने की कोशिश के दौरान अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी.

    सेंट्रल ज़िले के डीसीपी रोहित राजभर ने बताया, "करीब दोपहर दो बजे एक मां और बेटी जामा मस्जिद पुलिस स्टेशन आईं. उन्होंने बताया कि नबील नाम का एक शख़्स उनके घर में रहता है और उन्हें बहुत परेशान करता है. उन्होंने हमसे उसे एक बार बुलाकर समझाने की अपील की."

    डीसीपी के मुताबिक, "सब-इंस्पेक्टर अजय ने उसे पुलिस स्टेशन बुलाया. अजय थाने में उसका इंतज़ार कर रहे थे. जैसे ही नबील पुलिस स्टेशन पहुंचा, उसने अचानक चाकू निकाला और अजय के चेहरे और गर्दन पर हमला कर दिया."

    डीसीपी ने अपने बयान में ये भी कहा कि जब दूसरे पुलिसकर्मी नबील को काबू करने के लिए आगे आए, तो उसने उन पर भी हमला किया और वहां से फ़रार हो गया.

    डीसीपी रोहित राजभर के मुताबिक, दरियागंज, जामा मस्जिद और दूसरी विशेष टीमें शख़्स की तलाश में जुट गईं. उसे चितली क़बर इलाक़े के पास ट्रैक किया गया. जब पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, तो उसने वही चाकू निकालकर दूसरे पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया.

    इस हमले में चार और पुलिसकर्मी घायल हो गए.

    पुलिस के मुताबिक, नबील के ख़िलाफ़ दरियागंज पुलिस स्टेशन में पहले से ही मारपीट का एक मामला दर्ज है. उसने छोटे चाकू से नौ पुलिसकर्मियों पर हमला किया और सभी घायल हो गए. पांच पुलिसकर्मियों का सर गंगाराम अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें से चार की सर्जरी की गई है. सब-इंस्पेक्टर अजय और अरविंद को गंभीर चोटें आई हैं.

  5. व्हाट्सऐप वेब इस्तेमाल करने वालों के लिए साइबर एजेंसी ने दी ये चेतावनी

    व्हाट्सऐप वेब

    इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (आई4सी) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (एनसीटीएयू) ने व्हाट्सऐप वेब इस्तेमाल करने वालों को सावधान किया है.

    एजेंसी के मुताबिक, कुछ परिस्थितियों में व्हाट्सऐप वेब का पहले से लॉग-इन सेशन किसी व्यक्ति के अकाउंट तक बिना अनुमति पहुंच बनाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.

    एजेंसी ने बताया कि ऐसा होने पर कोई शख़्स यूज़र के निजी मैसेज पढ़ सकता है, उसकी पहचान का इस्तेमाल करके दूसरों को मैसेज भेज सकता है और उसके कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप चैट तक पहुंच सकता है.

    इसका इस्तेमाल धोखाधड़ी, फ़िशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसे साइबर अपराधों के लिए भी किया जा सकता है

    एजेंसी ने ख़ास तौर पर ऑफ़िस के कंप्यूटर, साझा सिस्टम और सार्वजनिक कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप वेब इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी है.

    यूज़र्स को क्या सावधानियां बरतनी चाहिए?

    एजेंसी के मुताबिक संवेदनशील जानकारी साझा न करें. सरकारी, वित्तीय, संस्थागत या गोपनीय जानकारी के आदान-प्रदान के लिए कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप वेब का इस्तेमाल करने से बचें. साथ ही अकाउंट हमेशा लॉग इन न रखें. काम पूरा होने के बाद व्हाट्सऐप वेब से लॉग-आउट करें.

  6. पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाक़ात की

    पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर
    इमेज कैप्शन, आईएसपीआर के मुताबिक, इस मुलाक़ात में पाकिस्तान और मलेशिया के आपसी संबंधों, रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग और क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर बदलती सुरक्षा स्थिति पर चर्चा हुई

    पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क विभाग (आईएसपीआर) के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने मलेशिया के दौरे पर राजधानी पुत्राजया में प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाक़ात की.

    बीबीसी उर्दू ने आईएसपीआर के हवाले से लिखा है कि इस मुलाक़ात में पाकिस्तान और मलेशिया के आपसी संबंधों, रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग और क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर बदलती सुरक्षा स्थिति पर चर्चा हुई.

    दोनों नेताओं ने आपसी हित के मुद्दों पर भी बातचीत की और क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार संपर्क बनाए रखने की अहमियत पर ज़ोर दिया.

    बयान में कहा गया है कि मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का गर्मजोशी से स्वागत किया. उन्होंने पाकिस्तान और मलेशिया के बीच लंबे समय से चले आ रहे दोस्ताना रिश्तों, आपसी भरोसे और सहयोग की सराहना की.

    अनवर इब्राहिम ने रक्षा और सुरक्षा समेत अलग-अलग क्षेत्रों में दोनों देशों के रिश्तों को और मज़बूत करने की मलेशिया की प्रतिबद्धता दोहराई.

    आईएसपीआर के मुताबिक, फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने दक्षिण-पूर्व एशिया में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने में मलेशिया की भूमिका की सराहना की. उन्होंने दोनों देशों की सेनाओं के बीच रक्षा सहयोग और संस्थागत संपर्क बढ़ाने की पाकिस्तान की प्रतिबद्धता भी जताई.

    बयान के मुताबिक, दोनों पक्षों ने उच्चस्तरीय दौरों को नियमित रखने, सैन्य सहयोग बढ़ाने और क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर लगातार बातचीत के ज़रिए रक्षा संबंधों को मज़बूत करने पर सहमति जताई.

  7. यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर पहली बैठक खत्म, कब निकलेगा नतीजा, प्रेरणा, बीबीसी संवाददाता, लखनऊ

    राहुल गांधी और अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पार्टी के बीच सीटों का क्या फ़ॉर्मूला होगा, इस पर दिल्ली में दोनों पार्टियों के बीच चर्चा जारी है.

    सोमवार को दिल्ली में राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की पहली बैठक हुई. दो और बैठकें 24 और 25 नवंबर को होनी हैं.

    कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रवक्ता सचिन रावत ने बताया कि यह बैठक दोनों पार्टियों की ओर से बनाई गई समन्वय समितियों के बीच हुई है. सचिन रावत के मुताबिक, कांग्रेस ने पहली बैठक में 'ए' कैटेगरी की 55 सीटों की सूची सौंपी है.

    मंगलवार को 'बी' और 'सी' कैटेगरी की सीटों पर चर्चा होगी. दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत तीन दिनों तक चलेगी. तीसरे दिन प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर सहमति बनाने की कोशिश होगी.

    रावत ने कहा कि सीटों का बंटवारा सिर्फ़ सीटों की संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि वहां के चुनावी समीकरण और जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखकर होगा.

    कांग्रेस ने 2017 के विधानसभा चुनाव में लड़ी गई सीटों के साथ-साथ 2022 में कम अंतर से हारी सीटों पर भी अपना दावा पेश किया है.

    इसके अलावा 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के सांसद जिन सीटों से जीते हैं, उन क्षेत्रों की विधानसभा सीटों पर भी पार्टी ने दावा किया है.

    उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी के मौजूदा विधायकों की जीत की संभावनाओं और उनकी सीटों की स्थिति पर भी चर्चा होगी. अगर सपा किसी सीट पर अपने विधायक का टिकट काटने के लिए तैयार होती है, तो उस सीट को कांग्रेस को देने पर भी बातचीत हो सकती है.

    दोनों पार्टियों ने सीट बंटवारे के लिए अपनी-अपनी कमेटियां बनाई हैं. इन कमेटियों के बीच बातचीत के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार होगी, जिसे दोनों दल अपने-अपने नेतृत्व को सौंपेंगे.

    रावत के मुताबिक, अगले दो दिनों में दोनों पार्टियों के बीच आगे की रणनीति और सीटों को लेकर तस्वीर कुछ और साफ़ होगी.

    फ़िलहाल सीट बंटवारे की घोषणा या साझा प्रेस कॉन्फ़्रेंस की तारीख़ तय नहीं हुई है.

    सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए समाजवादी पार्टी ने रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, राजीव राय और इकरा हसन की कमेटी बनाई है, जबकि कांग्रेस की कमेटी में राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और केसी वेणुगोपाल शामिल हैं.

  8. अदन की खाड़ी में सैनिकों की तैनाती पर दक्षिण कोरिया ने क्या कहा

    अदन की खाड़ी
    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    दक्षिण कोरिया का कहना है कि अदन की खाड़ी में उसके सैनिकों की तैनाती का मतलब ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध में शामिल होना नहीं है.

    दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री ने कहा है कि इसका मक़सद अदन की खाड़ी में समुद्री डाकुओं के ख़िलाफ़ तैनात सैन्य इकाई के मिशन को बढ़ाना है.

    उन्होंने कहा कि इसका मक़सद अमेरिका और इसराइल के संभावित ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध में शामिल होना नहीं है.

    अदन की खाड़ी, हिंद महासागर का एक अहम हिस्सा है, जो उत्तर में यमन और दक्षिण में सोमालिया और जिबूती के बीच स्थित है.

    कांग शिन-चोल ने दक्षिण कोरियाई संसद में कहा कि इन सैनिकों की तैनाती को होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर विवाद में "अप्रत्यक्ष सैन्य भागीदारी" नहीं माना जा सकता.

    उनके मुताबिक, पिछले एक साल में इस क्षेत्र में समुद्री डकैती की घटनाएं तीन गुना से ज़्यादा बढ़ गई हैं. इस मिशन का मक़सद समुद्री रास्ते से आने-जाने वाले दक्षिण कोरियाई जहाज़ों और नागरिकों की सुरक्षा करना है.

  9. कार्टून: एक बार फिर...

    आज का कार्टून.
    इमेज कैप्शन, दक्षिण कोरिया की शिक्षा मंत्री के इस्तीफ़े पर आज का कार्टून.
  10. ध्रुव राठी के ख़िलाफ़ ग़ैर-जमानती वारंट जारी, क्या है मामला

    ध्रुव राठी
    इमेज कैप्शन, यूट्यूबर ध्रुव राठी (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली की एक अदालत ने सोमवार को यूट्यूबर ध्रुव राठी के ख़िलाफ़ साल 2018 के मानहानि मामले में ग़ैर-जमानती वारंट जारी किया.

    न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी(जेएमएफ़सी) अनम रईस ख़ान ने यह आदेश दिया. मामले की अगली सुनवाई तीन दिसंबर को होगी.

    यह मामला विकास सांकृत्यायन उर्फ़ विकास पांडे ने दायर किया था.

    लीगल वेबसाइट बार एंड बेंच और लाइव लॉ के मुताबिक, यह मामला मई 2018 में ध्रुव राठी के बनाए एक वीडियो से जुड़ा है. आरोप है कि ध्रुव राठी ने वीडियो में विकास पांडे के ख़िलाफ़ झूठे दावे किए थे.

    ध्रुव राठी के एक्स अकाउंट से पोस्ट किए गए इस वीडियो को दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रीट्वीट किया था. इसके बाद विकास पांडे ने केजरीवाल और ध्रुव राठी, दोनों के ख़िलाफ़ मानहानि का मुक़दमा दायर किया.

    इससे पहले अदालत ध्रुव राठी के ख़िलाफ़ ज़मानती वारंट जारी कर चुकी थी.

    12 अक्तूबर को अदालत ने जल्द सुनवाई और ध्रुव राठी के ख़िलाफ़ दस्ती समन यानी हाथों-हाथ समन भेजने की मांग वाली याचिका स्वीकार की थी.

    यह फ़ैसला शिकायतकर्ता के वकील समक्ष शर्मा की दलील के बाद आया था. उन्होंने कहा था कि ध्रुव राठी मुख्य रूप से विदेश में रहते हैं, इसलिए कई सालों से समन उन तक नहीं पहुंच पा रहे हैं.

  11. भारत और नेपाल के बीच सुरक्षा और स्वास्थ्य समेत इन आठ क्षेत्रों में हुआ समझौता

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेन शाह
    इमेज कैप्शन, ये समझौते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेपाली समकक्ष के बीच हैदराबाद हाउस में हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद किए गए.

    नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौते हुए.

    दोनों देशों ने अंतरिक्ष तकनीक, सिक्योरिटी ट्रेनिंग, सिविल सेवकों की क्षमता बढ़ाने, स्वास्थ्य, पारंपरिक चिकित्सा, सतत शहरी विकास (सस्टेनेबल अर्बन डेवेलपमेंट) और कृषि समेत कई क्षेत्रों में आठ सहमति पत्रों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए.

    ये समझौते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री के बीच हैदराबाद हाउस में हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद किए गए.

    अंतरिक्ष और संचार क्षेत्र में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय ने दक्षिण एशिया सैटेलाइट के इस्तेमाल के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क स्थापित करने को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर किए.

    पुलिस और फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में सहयोग को मज़बूत करने के लिए दो समझौते किए गए.

    पहला, गुजरात के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फॉरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय (एनएफ़एसयू) और नेपाल पुलिस के अपराध जांच विभाग के बीच अकादमिक और शोध सहयोग को लेकर हुआ.

    दूसरा, भारत के राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू) और नेपाल की राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (एनपीए) के बीच हुआ.

    स्वास्थ्य क्षेत्र में भी दोनों देशों ने दो समझौते किए.

    पहला, भारत के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और नेपाल के स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा मंत्रालय के बीच स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग को लेकर एमओयू साइन किया गया. वहीं दूसरा, आयुर्वेद और अन्य पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के क्षेत्र में सहयोग को लेकर सरकारों के बीच समझौता.

  12. ज़ेलेंस्की का दावा- यूक्रेनी सेना ने लीबिया के पास रूसी जहाज़ डुबोया

    रूसी जहाज़
    इमेज कैप्शन, सैटेलाइट तस्वीरों में बंदरगाह पर एक जहाज़ में आग लगी हुई दिखाई दी

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने दावा किया है कि यूक्रेनी सेना ने लीबिया के तट के पास रूसी जहाज़ को डुबो दिया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि इस अभियान में यूक्रेन में बने सात समुद्री ड्रोन का इस्तेमाल किया गया.

    ज़ेलेंस्की के मुताबिक़, हमले में रूसी कॉर्वेट 'मर्करी' डूब गया. इसके साथ ही केए-27 लड़ाकू हेलीकॉप्टर भी नष्ट हो गया.

    उन्होंने कहा कि यूक्रेन का दूसरा निशाना रूसी मालवाहक जहाज़ 'एमवी अंगारा' था. रूस इसका इस्तेमाल हथियारों की ढुलाई के लिए कर रहा था. ज़ेलेंस्की ने दावा किया कि इस जहाज़ को भी निशाना बनाया गया.

    उन्होंने कहा कि यूक्रेन रूस की आक्रामकता का जवाब देता रहेगा और अपने हथियारों का विकास जारी रखेगा.

    इससे पहले पूर्वी लीबिया की सरकार ने बताया था कि बेनग़ाज़ी नौसैनिक अड्डे पर खड़े एक रूसी जहाज़ में धमाका हुआ है. इसे ड्रोन से निशाना बनाने की आशंका जताई गई थी.

    लीबिया के सरकारी मीडिया के मुताबिक़, यह धमाका रविवार तड़के हुआ. जहाज़ रूस लौटते समय ईंधन और अन्य सामान लेने के लिए वहां रुका था.

    पूर्वी लीबिया की सरकार के बयान के मुताबिक़, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. रूस की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.

  13. अभी तक बीबीसी संवाददाता तेजस्वी सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

  14. न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ सिराज को क्यों नहीं मिला मौक़ा? गिल ने बताई वजह

    शुभमन गिल मोहम्मद सिराज
    इमेज कैप्शन, गिल ने कहा कि कभी-कभी आपको देखना होता है कि कौन-से गेंदबाज़ अच्छी फ़ॉर्म में हैं और कौन बेहतर गेंदबाज़ी कर रहे हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ पहला टेस्ट मैच ड्रॉ होने के बाद मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल नहीं करने पर बात की.

    मैच के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उनसे पूछा गया कि सिराज को इस मैच में क्यों नहीं खिलाया गया. इसके जवाब में गिल ने कहा कि टीम ने इस मैच के लिए सबसे बेहतर गेंदबाज़ी आक्रमण चुना था.

    उन्होंने कहा, "सिराज एक शानदार खिलाड़ी और बेहतरीन गेंदबाज़ हैं. उन्होंने भारत के लिए बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. लेकिन इन सबके अलावा वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त भी हैं."

    "हमने भारत के लिए साथ में डेब्यू किया था. इससे पहले भी हमारी अच्छी दोस्ती थी. इसलिए उन्हें टीम से बाहर रखना मेरे लिए भी बहुत मुश्किल फ़ैसला था."

    गिल ने आगे कहा कि कभी-कभी आपको देखना होता है कि कौन-से गेंदबाज़ अच्छी फ़ॉर्म में हैं और कौन बेहतर गेंदबाज़ी कर रहे हैं.

    उन्होंने बताया कि मैंने मैच से पहले सिराज से बात की थी. उन्हें बताया था कि इस मैच में उन्हें खेलने का मौक़ा नहीं मिलेगा. मुझे नहीं पता कि वह मेरे फ़ैसले से सहमत थे या नहीं, लेकिन उन्होंने इसके पीछे की वजह समझी.

    गिल ने कहा, "हर खिलाड़ी के करियर में एक ऐसा दौर आता है, जब वह हमेशा अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर नहीं होता. सिराज भी यह बात समझते हैं."

  15. अमेरिका ने बहरीन में अपने नागरिकों के लिए फिर चेतावनी जारी की

    अमेरिका
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने यात्रियों को सुरक्षा अलर्ट, उड़ानें रद्द होने और हवाई क्षेत्र बंद होने जैसी स्थितियों के लिए तैयार रहने को कहा है (सांकेतिक तस्वीर)

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने बहरीन में मौजूद अपने नागरिकों के लिए एक बार फिर चेतावनी जारी की है. इसमें अमेरिकी नागरिकों से 'ज़्यादा से ज़्यादा सतर्क और तैयार' रहने की सलाह दी गई है.

    रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा गया कि बहरीन में अमेरिकी नागरिकों को सशस्त्र हमलों के बढ़ते ख़तरे को देखते हुए सतर्क रहना चाहिए.

    बयान के मुताबिक़, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों से हमलों का ख़तरा बढ़ा है. ईरान क्षेत्र में अमेरिकी अधिकारियों और सरकारी ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है.

    अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने यात्रियों को सुरक्षा अलर्ट, उड़ानें रद्द होने और हवाई क्षेत्र बंद होने जैसी स्थितियों के लिए तैयार रहने को कहा है.

    इससे पहले ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) ने दावा किया था कि उसने बहरीन में अमेरिकी सेना के पैट्रियट एयर डिफ़ेंस सिस्टम के दो रडार को निशाना बनाया है.

    आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह हमला "ईरान के हवाई क्षेत्र का लगातार उल्लंघन और उसके ख़िलाफ़ आक्रामक कार्रवाई" के जवाब में किया गया.

  16. ट्रंप ने जताई जेनसन हुआंग की वापसी की इच्छा, कहा- एनवीडिया और अमेरिका के लिए अच्छा होगा

    ट्रंप जेनसन हुआंग
    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि एनवीडिया का बोर्ड जेनसन हुआंग को फिर से कंपनी में नियुक्त करेगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि एनवीडिया का बोर्ड जेनसन हुआंग को फिर से कंपनी में नियुक्त करेगा.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि यह कंपनी और अमेरिका, दोनों के लिए सबसे अच्छा होगा.

    इसके पहले एलन मस्क ने भी जेनसन हुआंग की तारीफ की थी. उन्होंने 14 नवंबर को एक्स पोस्ट में कहा था कि हुआंग ने कंपनी की सप्लाई चेन को शानदार तरीक़े से संभाला.

    मस्क के मुताबिक, कंपनी के कई अहम सौदे लिखित कॉन्ट्रैक्ट के बजाय हुआंग के साथ आपसी भरोसे और सहमति पर हुए थे. उन्होंने कहा कि हुआंग के बिना इनमें से कुछ अहम सौदे हाथ से निकल सकते हैं.

    खु़द जेनसन हुआंग ने 17 नवंबर को इसी मुद्दे पर एक एक्स पोस्ट किया था. उन्होनें कहा था कि उनके कंपनी छोड़ने के बाद एनवीडिया के कर्मचारियों, निवेशकों, कारोबारी साझेदारों और ग्राहकों ने उनसे सीईओ के तौर पर वापस लौटने की अपील की है.

    हुआंग ने कहा था कि अगर कंपनी का बोर्ड यह तय करता है कि उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, कंपनी और अमेरिका के हित में है, तो वह सीईओ के तौर पर लौटने के लिए तैयार हैं.

    एक के बाद एक लगातार दो अफ़ेयर्स की ख़बरें सामने आने के बाद जेनसन हुआंग ने 12 नवंबर को इस्तीफ़ा दे दिया था.

    पहली ख़बर में एक कारोबारी महिला के साथ उनके संबंधों की बात सामने आई. इस महिला पर चीनी जासूस होने का आरोप लगाया गया है.

  17. नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने पीएम मोदी से मुलाक़ात की, द्विपक्षीय बातचीत जारी

    बालेन शाह मोदी
    इमेज कैप्शन, बालेन शाह दो दिन के भारत दौरे पर आए हैं

    नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में मुलाक़ात की. दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत हो रही है.

    इससे पहले राष्ट्रपति भवन में बालेन शाह का औपचारिक स्वागत किया गया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे.

    बालेन शाह को राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया. इसके बाद उन्होंने दिल्ली के राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी. न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने एक्स पर इसका वीडियो भी पोस्ट किया.

    राष्ट्रपति भवन में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने भारतीय और नेपाली प्रतिनिधिमंडलों से भी मुलाक़ात की.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर बताया कि पीएम मोदी ने आज नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का स्वागत किया.

    उन्होंने बताया कि दोनों नेता भारत-नेपाल संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे. साथ ही, द्विपक्षीय सहयोग को और मज़बूत करने के नए रास्तों पर भी चर्चा करेंगे.

  18. परिसीमन पर पीएम और गृह मंत्री का क्या फ़ॉर्मूला है? जयराम रमेश ने पूछा

    जयराम रमेश
    इमेज कैप्शन, जयराम रमेश ने कहा कि मॉनसून सत्र को अब तक स्थगित नहीं किया गया है. ऐसे में यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि इसे दोबारा कब बुलाया जाएगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने संसद के शीतकालीन सत्र और परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि अब तक देश को पता चल जाना चाहिए था कि संसद का शीतकालीन सत्र कब होगा. बशर्ते शीतकालीन सत्र होना है.

    उन्होंने संसद के मॉनसून सत्र को दोबारा बुलाए जाने को लेकर भी सवाल किया. उन्होंने कहा कि इस सत्र को अब तक स्थगित नहीं किया गया है. ऐसे में यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि इसे दोबारा कब बुलाया जाएगा.

    जयराम रमेश ने लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिशों का ज़िक्र करते हुए परिसीमन पर भी सवाल उठाए.

    उन्होंने पूछा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का परिसीमन को लेकर क्या फ़ॉर्मूला है, अगर ऐसा कोई फ़ॉर्मूला है तो.

    उन्होंने लिखा कि इस मामले पर जारी सस्पेंस से दो बातें सामने आती हैं. या तो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ख़ुद असमंजस में हैं और अपनी ही बयानबाज़ी में उलझ गए हैं या फिर कुछ गंभीर योजना बनाई जा रही है.

  19. बिसलेरी ने कहा, 'हमारा पानी पीने के लिए सुरक्षित' FSSAI के नोटिस पर दी सफ़ाई

    बिसलेरी
    इमेज कैप्शन, बिसलेरी ने बताया कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है (सांकेतिक तस्वीर)

    बिसलेरी ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफ़एसएसएआई) की ओर से नोटिस जारी किए जाने की ख़बरों पर सफ़ाई दी है.

    कंपनी की तरफ से एक्स पोस्ट में बताया गया कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है.

    कंपनी के मुताबिक, सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके एक प्लांट में पानी के एक बैच की जांच की गई थी. यह प्लांट कंपनी के 143 प्लांट्स में से एक है.

    30 सितंबर 2025 को एफ़एसएसएआई ने इस प्लांट से पानी के छह सैंपल लिए थे. शुरुआती जांच में पांच सैंपल सभी तय मानकों पर खरे उतरे.

    छठे सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली थी. जबकि इसकी तय सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है.

    कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को इस नतीजे के ख़िलाफ़ अपील की. इसके बाद एफ़एसएसएआई ने सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब भेजा.

    बिसलेरी के मुताबिक, रेफरल लैब की जांच में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली. हालांकि, लैब ने सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी भी बताई.

    कंपनी ने कहा कि दोनों जांच के नतीजों में अंतर था. इसलिए उसने उसी सैंपल की जांच एफ़एसएसएआई से मान्यता प्राप्त एक दूसरी लैब में कराई.

    इस जांच में भी ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा के भीतर मिली.

    बिसलेरी ने बताया कि उसने 2 फरवरी 2026 को अपनी जांच रिपोर्ट एफ़एसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को भेज दी थी.

    इसके बाद उसे एफ़एसएसएआई की तरफ़ से कोई जवाब नहीं मिला. कंपनी को लगा कि मामला बंद हो गया है.

    कंपनी का कहना है कि उसे अब तक ईमेल या हार्ड कॉपी के ज़रिए कोई नोटिस नहीं मिला है. साथ ही, वह एफ़एसएसएआई की वेबसाइट पर भी इस नोटिस को नहीं ढूंढ पाई है.

    बिसलेरी ने कहा कि पानी की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है. कंपनी के मुताबिक, उसकी निर्माण प्रक्रिया के 10 चरणों में 90 से ज़्यादा तरह की जांच की जाती हैं.

    कंपनी ने कहा कि वह नियामक प्रक्रिया में एफ़एसएसएआई का सहयोग करती रहेगी. साथ ही उसने दावा किया कि बिसलेरी का पानी पीने के लिए सुरक्षित है.

  20. भारत-न्यूज़ीलैंड के बीच पहला टेस्ट ड्रॉ, आख़िरी दिन नहीं निकला नतीजा

    न्यूजीलैंड
    इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से दूसरी पारी में डेवॉन कॉनवे ने सबसे ज़्यादा 65 रन बनाए

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया है. मैच ड्रॉ होने के समय न्यूज़ीलैंड ने पांच विकेट के नुकसान पर 239 रन बना लिए थे.

    न्यूज़ीलैंड की तरफ़ से डेरिल मिचेल 49 रन और ग्लेन फ़िलिप्स 26 रन बनाकर क्रीज़ पर थे.

    इससे पहले भारत ने पहली पारी में 720 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी. भारत की तरफ़ से केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतकीय पारियां खेलीं.

    न्यूज़ीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे. उसकी तरफ़ से हेनरी निकोल्स ने सबसे ज़्यादा 175 रन बनाए, जबकि ग्लेन फ़िलिप्स ने 118 रन की पारी खेली.