यूक्रेन में लाखों लोग बिना बिजली के, ज़ेलेंस्की ने रूस पर लगाया पावर प्लांट पर हमले का आरोप

इमेज स्रोत, @ZelenskyyUa
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेस्की ने कहा है कि रूस ने रातभर राजधानी कीएव और खारकीएव में ऊर्जा और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है.
ज़लेस्की ने दावा किया कि रूस ने 39 बैलिस्टिक मिसाइलों और 120 से अधिक हमलावर ड्रोन और हथियारों का इस्तेमाल किया.
ज़ेलेंस्की ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, "रूस ने ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला किया. यह वही बुनियादी ढांचा है, जिसे अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से घोषित युद्धविराम के दायरे में शामिल किया गया था."
"यह हमला पूरी तरह जानबूझकर किया गया और इसका पैमाना भी बहुत बड़ा था. रूस ने इससे पहले कभी भी अमेरिका के प्रति इतनी खुली और स्पष्ट अवमानना नहीं की. दुर्भाग्य से, अब कम से कम 6 लाख लोग बिजली के बिना हैं. बिजली कटौती का दायरा और बढ़ सकता है."
ज़ेलेंस्की ने आरोप लगाया, "ऊर्जा क्षेत्र की 26 और तेल एवं गैस क्षेत्र की चार सुविधाओं में उपकरणों और बुनियादी ढांचे को काफ़ी नुक़सान पहुंचा है. अमेरिका, यूरोप और अपने सभी सहयोगियों से मेरा यह कहना पूरी तरह उचित है कि दुनिया के किसी भी देश को रूस जैसे युद्ध समर्थक देश का अकेले सामना करने के लिए नहीं छोड़ा जाना चाहिए."


















