You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, ट्रंप ने यूरोपीय देशों को 100% टैरिफ़ की दी धमकी, जानिए क्या है वजह

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिग्गज अमेरिकी टेक कंपनियों पर डिजिटल सर्विसेस टैक्स लगाने वाले सभी यूरोपीय देशों पर 100 फ़ीसदी इंपोर्ट टैरिफ़ लगाने की धमकी दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. ट्रंप ने यूरोपीय देशों को 100% टैरिफ़ की दी धमकी, जानिए क्या है वजह

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिग्गज अमेरिकी टेक कंपनियों पर डिजिटल सर्विसेस टैक्स लगाने वाले सभी यूरोपीय देशों पर 100 फ़ीसदी इंपोर्ट टैरिफ़ लगाने की धमकी दी है.

    अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा है कि 'कई यूरोपीय देश ऐसा टैक्स लागू करने पर विचार कर रहे हैं और कुछ इसे लागू करने के क़रीब पहुंच चुके हैं.'

    उन्होंने चेतावनी दी कि सज़ा के तौर पर अमेरिकी टैरिफ़ तत्काल प्रभाव से लागू किए जाएंगे और किसी भी मौजूदा द्विपक्षीय व्यापार समझौते को पूरी तरह 'निरस्त' कर दिया जाएगा.

    उन्होंने लिखा, "कृपया इस बयान को इस तरह समझा जाए कि ऐसा टैक्स लगाने वाले किसी भी देश को तत्काल अमेरिका भेजे जाने वाले सभी सामान पर 100 फ़ीसदी टैरिफ़ का सामना करना पड़ेगा."

  2. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  3. अश्विन ने वैभव सूर्यवंशी को टीम में मौक़ा नहीं देने के फ़ैसले का क्यों किया समर्थन

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर आर अश्विन ने वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के ख़िलाफ़ प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं देने के फ़ैसले का समर्थन किया है.

    उन्होंने कहा कि क्रिकेट टीम में किसी 'व्यक्ति विशेष के लिए' जगह नहीं होती.

    अपने यूट्यूब चैनल 'ऐश की बात' में आर अश्विन ने कहा, "वैभव सूर्यवंशी बहुत अच्छा प्लेयर है. बहुत बार हमने तारीफ़ भी की है. पर हमको ये समझना चाहिए कि ये क्रिकेट टीम है, कोई इंडिविजुअल के लिए टीम नहीं बनाते और गौतम गंभीर ने कहा है कि टीम को प्राथमिकता देनी है, कोई सुपरस्टार कल्चर नहीं रहेगा."

    उन्होंने कहा, "मैं मानता हूं कि सुपरस्टार खेल के लिए ग्रेट होते हैं. उनकी वजह से खेल को बेचना आसान होता है. लेकिन अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने क्या ग़लती की है, जो उनको टीम से बाहर करके वैभव सूर्यवंशी को खेलने दिया जाए."

    "संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने एक साथ ओपनिंग बैटिंग की है. संजू ने वर्ल्ड कप में भी बहुत बढ़िया किया. अगर इन दोनों में से किसी को बाहर बिठाकर वैभव सूर्यवंशी को खेलाया जाता है तो टीम गेम कहने का मतलब क्या है?"

    हालांकि, अश्विन ने वैभव की तारीफ़ भी की और उन्हें 'बड़ा एंटरटेनर' बताया.

    उन्होंने कहा, "मैं जानता हूं वैभव सूर्यवंशी के आप सब फ़ैंस हैं, वह बहुत बड़ा एंटरटेनर है, लेकिन किसी क़ीमत पर नहीं. बहुत बार बाहर बैठकर मैच देखने की भी वैल्यू है. उसको बाहर बैठने दो, टीम की सेवा करने दो, पानी पिलाने दो. उसमें सीखने को बहुत सारी चीज़ें मिलेंगी."

    अश्विन ने कहा, "एक बड़ा और महान खिलाड़ी ऐसे रातभर में नहीं बन जाता. हो सकता है कि वैभव सूर्यवंशी को एक बार मौक़ा मिले और वह फिर कभी भी टीम से ड्रॉप न हो. सचिन तेंदुलकर के साथ जो हुआ, वह हो सकता है."

    "मेरा कहना ये है कि बाहर बैठना भी एक रोल है. इसमें कोई शर्म की बात नहीं है. अभी टीम में जगह नहीं है, लेकिन जब जगह बनेगी वह खेलेगा."

  4. तमिल फ़िल्म डायरेक्टर भाग्यराज का निधन, सीएम विजय ने किया ये एलान

    बीबीसी तमिल सेवा के मुताबिक़, तमिल फ़िल्म इंडस्ट्री के बड़े कलाकारों में से एक भाग्यराज का शनिवार को निधन हो गया.

    उन्हें ख़राब स्वास्थ्य कारणों से चेन्नई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हुआ.

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ़ विजय ने एलान किया है कि भाग्यराज का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान से किया जाएगा.

    भाग्यराज ने एक्टर, डायरेक्टर और डायलॉग राइटर के तौर पर तमिल फ़िल्म इंडस्ट्री में अपना योगदान दिया. उन्होंने डायरेक्टर और एक्टर, दोनों ही रूप में अपनी पहचान बनाई.

    वह दिवंगत डायरेक्टर भारतीराजा के स्टूडेंट थे. उन्होंने भारतीराजा के निर्देशन में बनी फ़िल्म '16 वयतिनिले' में सहायक निर्देशक के रूप में काम किया और अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत की.

    इस फ़िल्म में रजनीकांत, कमल हासन और श्रीदेवी ने अभिनय किया था.

  5. भारत बनाम आयरलैंड: जय मूंदड़ा की मां बोलीं, 'उसने सबकी लाज रखी', पिता की भी आई प्रतिक्रिया

    आयरलैंड की ओर से खेलते हुए जय मूंदड़ा ने अपने डेब्यू मैच में भारत के ख़िलाफ़ चार ओवरों में 26 रन देकर दो विकेट झटके. उन्होंने अपनी टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

    राजस्थान के टोंक में जन्मे जय मूंदड़ा के इस प्रदर्शन पर उनके माता-पिता की प्रतिक्रिया आई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए जय मूंदड़ा की मां विद्या मूंदड़ा ने कहा, "बहुत खुशी हो रही है मुझे. हालांकि भारत हार गया इसका दुख है. लेकिन बेटे का प्रदर्शन इतना अच्छा गया कि उसने सबकी लाज रखी."

    उन्होंने कहा, "अपने देश का, अपने परिवार का, अपनी कॉलोनी का, राजस्थान का जो नाम किया उसके लिए गर्व महसूस हो रहा है."

    मूंदड़ा की मां ने कहा कि जय का बचपन क्रिकेट खेलने में बीता. उन्हें शुरू से ही क्रिकेट से लगाव था.

    वहीं, उनके पिता कन्हैया लाल मूंदड़ा ने कहा, "मैं शब्दों में बयां नहीं कर सकता, इतनी ज़्यादा ख़ुशी है. बच्चे ने जिस जुनून से कल खेला, जिस तरह से उसने मेहनत की, पहली गेंद में विकेट लेकर इतिहास रच दिया."

    उन्होंने कहा, "हर तरफ़ से बधाइयों के तांते लगे हैं. सबके फ़ोन आ रहे हैं मेरे पास. सारे रिश्तेदार और परिवार ख़ुश हैं."

  6. क़तर के रास लाफ़ान में हुए विस्फोट में मारे गए आठ और भारतीयों के शव भारत भेजे गए

    दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने बताया है कि क़तर के रास लाफ़ान में हुए धमाके में जान गंवाने वाले आठ भारतीय नागरिकों के शव भारत भेजे गए हैं.

    इन्हें मिलाकर अब तक कुल 12 नागरिकों के शव भारत भेजे जा चुके हैं. इससे पहले चार भारतीयों के शव एक दिन पहले गुरुवार को भारत भेजे गए थे.

    भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट कर बताया, "रास लाफ़ान हादसे में दुर्भाग्य से जान गंवाने वाले आठ भारतीय नागरिकों के पार्थिव अवशेष 26 जून को भारत भेज दिए गए हैं. 12 में से चार पार्थिव अवशेष 25 जून को भेजे गए थे."

    सोमवार को भारतीय दूतावास ने बताया था कि क़तर के रास लाफ़ान इंडस्ट्रियल सिटी में एक फैक्ट्री में हुए धमाके में 13 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 12 भारतीय थे.

  7. आयरलैंड के लिए डेब्यू में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारत में जन्मे जय मूंदड़ा को जानिए, मैट गॉल्ट, बीबीसी स्पोर्ट के नॉर्दर्न आयरलैंड सीनियर जर्नलिस्ट

    आयरलैंड ने पहले टी-20 मैच में भारत को 34 रन से शिकस्त दी है. आयरलैंड के इस शानदार प्रदर्शन के प्रमुख किरदारों में भारत में जन्मे तेज़ गेंदबाज़ जय मूंदड़ा भी शामिल हैं.

    यह मैच उनका इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू मैच था, जिसमें उन्होंने 26 रन देकर दो विकेट लिए. उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर संजू सैमसन का विकेट हासिल किया.

    मूंदड़ा ने कहा, "यह मेरे लिए, मेरे परिवार के लिए और मेरी टीम के साथियों के लिए बहुत बड़ा स्टेज था. वे सभी मेरा हौसला बढ़ा रहे थे, इसलिए मैं सिर्फ़ शांत रहने और वही करते रहने की कोशिश कर सकता हूँ जो अब तक करता आया हूँ, क्योंकि उसी ने मुझे आगे बढ़ने में मदद की है."

    उन्होंने कहा कि वह अपने डेब्यू को 'ज़िंदगी भर' संजोकर रखेंगे.

    उन्होंने कहा, "मैं उत्साहित भी था. भारत जैसी टीम के ख़िलाफ़ ख़ुद को परखना और पहली ही गेंद पर विकेट हासिल करना, ऐसे में मैं ख़ुद को ज़्यादा भावुक नहीं होने देना चाहता था क्योंकि तब भी नौ विकेट लेने बाकी थे."

    "अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुँचकर भारत के ख़िलाफ़ खेलना एक सपना सच होने जैसा है. यह ख़ास है, एक शानदार एहसास."

    टोंक से आयरलैंड तक का सफ़र

    जयपुर के पास स्थित छोटे से शहर टोंक में जन्मे 29 साल के मूंदड़ा ने 2021 में क्रिकेट से कुछ समय के लिए दूरी बनाई और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के लिए आयरलैंड चले गए.

    लेकिन आयरलैंड में बसने के बाद उन्होंने डबलिन के लेनस्टर क्रिकेट क्लब के लिए खेलना शुरू किया और 2023 में आयरिश सीनियर कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे.

    मूंदड़ा लेनस्टर लाइटनिंग के लिए भी नियमित रूप से खेलते रहे हैं, लेकिन उन्हें पहली बार अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह जोश लिटिल के चोटिल होने के कारण मिली.

    उन्होंने कहा, "क्रिकेट आयरलैंड ने मुझे यह मौक़ा दिया."

    "मैं इसके लिए ख़ुद को बहुत ख़ुशनसीब मानता हूँ. यह सिर्फ़ अपना फ़र्ज़ निभाने की बात है. मैं वही कर रहा हूँ जो अब तक करता आया हूँ."

    "अब भी यह सब पूरी तरह समझ में आ रहा है, लेकिन यह एक लंबी सीढ़ी का छोटा-सा क़दम है और उम्मीद है कि आगे भी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है."

    बेलफ़ास्ट में चमकने वाले आयरलैंड के पदार्पण करने वाले खिलाड़ियों में मूंदड़ा अकेले नहीं थे. इस मैच में मैथ्यू हॉलर्ड ने भी डेब्यू किया. उन्होंने 28 रन देकर तीन विकेट लिए और प्लेयर ऑफ़ द मैच का अवॉर्ड जीता.

  8. डोनाल्ड ट्रंप अगले साल आ सकते हैं भारत, अमेरिकी विदेश मंत्री ने बताया

    अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा कर सकते हैं. उन्होंने यह बात समाचार एजेंसी आईएएनएस को दिए एक इंटरव्यू में कही है.

    रुबियो ने यह कहा कि भारत और अमेरिका ट्रेड डील के बहुत क़रीब हैं.

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि सब कुछ शानदार ढंग से आगे बढ़ रहा है. मेरा मतलब है कि संबंध काफ़ी मज़बूत हैं. जी-7 में राष्ट्रपति की प्रधानमंत्री के साथ बहुत अच्छी मुलाक़ात हुई थी. और हम एक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की उम्मीद कर रहे हैं."

    रुबियो ने कहा, "हम इसे पूरा करने से बस कुछ ही क़दम दूर हैं और संकेत बहुत सकारात्मक हैं. हम बहुत जल्द एक और क्वाड बैठक में फिर से शामिल होने की उम्मीद कर रहे हैं."

    "मैं ख़ुद भी इस साल के अंत से पहले दोबारा (भारत) लौटने का इंतज़ार कर रहा हूं और अगले साल की शुरुआत में राष्ट्रपति (ट्रंप) की यात्रा की व्यवस्था पर काम कर रहा हूं."

  9. अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस बोले, 'हिंसा का जवाब हिंसा से दिया जाएगा'

    अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ने पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि 'हिंसा का जवाब हिंसा से दिया जाएगा'.

    अमेरिकी सेना ने शुक्रवार को ईरान के मिसाइल-ड्रोन ठिकानों और रडार ठिकानों पर हमला किया. यह कार्रवाई उस ड्रोन हमले के बाद हुई, जिसमें होर्मुज़ स्ट्रेट से गुजर रहे एक मालवाहक जहाज़ (कार्गो शिप) को निशाना बनाया गया था.

    इसके बाद जेडी वेंस एक्स पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड की उस पोस्ट को रीपोस्ट किया, जिसमें ईरान पर अमेरिकी हमले की जानकारी दी गई थी.

    वेंस ने अपनी पोस्ट में लिखा, "ईरान ने युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. हमने उसका पालन किया है. अगर उन्हें एमओयू (समझौते) को लागू करने के तरीक़े पर कोई असहमति है, तो वे हमें फ़ोन कर सकते हैं. लेकिन हिंसा का जवाब हिंसा से दिया जाएगा."

    इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर सीज़फ़ायर के 'मूर्खतापूर्ण उल्लंघन' का आरोप लगाया था.

  10. डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की किस सड़क का नाम बदले जाने पर कहा 'थैंक्यू'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हैदराबाद की एक सड़क का नाम बदले जाने पर धन्यवाद कहा है. अब इस सड़क को 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' का नाम दिया गया है.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर इसके उद्घाटन समारोह की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "भारत के हैदराबाद में न्यू डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू. इस तरह सम्मानित किए जाने वाला पहला अमेरिकी राष्ट्रपति. थैंक्यू."

    इससे पहले बुधवार को हैदराबाद स्थित अमेरिकी कॉन्सुलेट जनरल ने एक्स पर इस सड़क के उद्घाटन समारोह की जानकारी दी थी.

    कॉन्सुलेट ने भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू की एक तस्वीर भी साझा की थी.

    अमेरिकी कॉन्सुलेट ने लिखा था, "हैदराबाद में एक ऐतिहासिक पल! अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के सम्मान में तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क मल्लू ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास वाली सड़क का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' किए जाने की पट्टिका का अनावरण किया."

    "इस अद्भुत सम्मान के लिए तेलंगाना के लोगों का हार्दिक धन्यवाद. यह हमारे लगातार मज़बूत होते साझेदारी संबंधों का प्रमाण है."

  11. फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप: फ़्रांस ने नॉर्वे को 4-1 से हराया, केप वर्दे ने नॉकआउट में पहुंचकर रचा इतिहास

    फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 में शुक्रवार को फ़्रांस ने नॉर्वे को 4-1 से हरा दिया. फ़ीफ़ा के ग्रुप स्टेज में यह फ़्रांस की लगातार तीसरी जीत है.

    वहीं, नॉर्वे को यह पहली हार मिली है. ग्रुप-आई में फ़्रांस पहले नंबर पर है, जबकि नॉर्वे दूसरे नंबर पर है.

    मैच में फ़्रांस के उस्मान देम्बेले ने पहले हाफ़ में हैट्रिक मारकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई.

    उधर, काबो वर्दे (केप वर्दे) ने सऊदी अरब से ड्रॉ खेलकर फ़ीफ़ा के नॉकआउट में अपनी जगह पक्की कर ली है.

    साल 1998 में चिली के बाद केप वर्दे वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में तीनों मैच ड्रॉ खेलकर अगले दौर में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है.

    केप वर्दे इस वर्ल्ड कप में अब तक एक भी मैच नहीं हारी है. वह ग्रुप-एच में लीग स्टेज में दूसरे नंबर पर रही. वहीं सऊदी अरब सबसे आख़िर में है.

    केप वर्दे का अगला मुक़ाबला तीन जुलाई को मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन अर्जेंटीना से होना है.

  12. वेनेज़ुएला में आए भूकंपों में अब तक 920 लोगों की मौत, अधिकारियों ने और क्या बताया, टॉम मैकआर्थर

    वेनेज़ुएला में आए भूकंपों में अब तक 920 लोगों की मौत हो गई है और 3,360 अन्य लोग घायल हुए हैं. वेनेज़ुएला की सरकार ने यह जानकारी दी है.

    बचावकर्मी अब भी ज़िंदा बचे लोगों की तलाश कर रहे हैं, जबकि परिजन अपने प्रियजनों की ख़बर का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं.

    घायलों का इलाज अस्थायी चिकित्सा केंद्रों में किया जा रहा है. देश के उत्तरी हिस्से में आए दो भीषण भूकंपों के कारण दर्जनों इमारतें तबाह हो गई हैं, जिनमें राजधानी कराकास की इमारतें भी शामिल हैं.

    सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सैकड़ों अंतरराष्ट्रीय बचावकर्मी देश में पहुँच चुके हैं. इसके अलावा और भी टीमें रास्ते में हैं.

    बुधवार को कुछ ही सेकेंड के अंतराल में वेनेज़ुएला में दो शक्तिशाली भूकंप आए. दूसरा भूकंप पिछले एक सदी में देश में आए सबसे शक्तिशाली झटकों में से एक था, जिसकी तीव्रता 7.5 मापी गई.

    अधिकारियों ने कहा कि राजधानी के उत्तर में स्थित ला गुआइरा क्षेत्र भूकंप से सबसे ज़्यादा प्रभावित हुआ है. यह राज्य देश के दो प्रमुख बंदरगाहों में से एक है.

    इस क्षेत्र में वेनेज़ुएला का मुख्य हवाई अड्डा भी है. सिमोन बोलीवार अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा इस क्षेत्र के माइकेतिया में है.

    कई लोग लापता हैं और बचाव अभियान जारी रहने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है.

  13. भारत को पहले टी-20 मैच में हराने के बाद आयरलैंड के कप्तान ने सिरीज़ जीतने को लेकर ये कहा

    आयरलैंड ने पहली बार भारत को किसी भी फॉर्मेट में हराकर इतिहास रच दिया है. मैच के बाद आयरिश कप्तान लॉरकन टकर ने इस जीत को 'बहुत ख़ास पल' बताया.

    टकर ने टीएनटी स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा, "यह बहुत ख़ास पल था. लड़कों को पूरा श्रेय जाता है. हमने संघर्ष किया, मेहनत की, और आख़िरकार हमें उसका इनाम मिला."

    उन्होंने डेब्यू करने वाले आयरिश खिलाड़ियों की तारीफ़ की.

    टकर ने कहा, "डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों ने बेहतरीन जुझारूपन दिखाया. उन्होंने अपनी स्किल और एक्युरेसी का बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे भारतीय बल्लेबाज़ों के लिए बल्लेबाज़ी चुनौतीपूर्ण हो गई."

    आयरलैंड के कप्तान ने भारत के ख़िलाफ़ सिरीज़ जीतने की इच्छा जाहिर की और कहा अगर ऐसा हुआ तो वह 'बेहद ख़ास उपलब्धि' होगी.

    उन्होंने कहा, "घरेलू मैदान पर भारत के ख़िलाफ़ सिरीज़ जीतना हमारे लिए बेहद ख़ास उपलब्धि होगी. लड़के फिर से मैदान पर उतरने के लिए बहुत ज़्यादा उत्साहित हैं."

    आयरलैंड ने शुक्रवार को पहले टी20 मैच में भारत को 34 रनों से मात दी. आयरलैंड ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत को 183 रन का टारगेट दिया था.

    भारतीय टीम 18.5 ओवरों में महज़ 148 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.

  14. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.