कोलंबिया में भूकंप से मरने वालों की संख्या 169 हुई, राहत और बचाव कार्य जारी

कोलंबिया में आए 7.4 तीव्रता के भूकंप में अब तक कम से कम 169 लोगों की मौत हो गई है, जबकि अब भी लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है.

सारांश

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • कोलंबिया में भूकंप से तबाही
  • देवेंद्र नाथ महतो को अस्पताल में भर्ती कराया गया
  • चीन का रॉकेट लॉन्च होने के कुछ देर बाद ही फट गया
  • स्टूडेंट्स प्रोटेस्ट
  • होर्मुज़ स्ट्रेट
  • अजिंक्य रहाणे
  • प्रयागराज में स्टूडेंट्स की गिरफ़्तारी पर क्या बोले परिजन
  • झारखंड के छात्र बोले, 'हर सरकार ने नौजवानों को ठगने का काम किया

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

  2. कोलंबिया में भूकंप से मरने वालों की संख्या 169 हुई, राहत और बचाव कार्य जारी

    कोलंबिया के पेरेइरा में भूकंप से हुई तबाही के बाद मलबों के बीच से गुज़रती एक महिला

    इमेज स्रोत, Luis ACOSTA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कोलंबिया के पेरेइरा में भूकंप से हुई तबाही के बाद मलबों के बीच से गुज़रती एक महिला

    कोलंबिया में आए 7.4 तीव्रता के भूकंप में अब तक कम से कम 169 लोगों की मौत हो गई है, जबकि बड़ी संख्या में लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है.

    हालात को देखते हुए देश में आपातकाल घोषित कर दिया गया है. अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है.

    कोलंबिया की भूवैज्ञानिक सेवा के मुताबिक़, भूकंप का केंद्र चोको प्रांत में ज़मीन से क़रीब 103 किलोमीटर की गहराई में था. इसके झटके पश्चिमी कोलंबिया के सैकड़ों किलोमीटर तक फैले बड़े इलाक़े में महसूस किए गए.

    इस भूकंप के झटके पड़ोसी देश वेनेज़ुएला, इक्वाडोर और पनामा में भी महसूस किए गए.

    भूकंप से सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाक़ों में कॉफ़ी उत्पादन के लिए मशहूर पेरेइरा शहर और उसके आसपास का क्षेत्र शामिल है. वैले डेल काउका क्षेत्र में भी भूकंप से भारी नुक़सान की ख़बर है.

    भूकंप के केंद्र से क़रीब 55 किलोमीटर दूर स्थित पेरेइरा शहर में भारी तबाही हुई है. स्थानीय प्रशासन के मुताबिक़, पेरेइरा शहर और आसपास के इलाक़ों में कम से कम 40 लोगों की मौत हुई है और 65 इमारतें ढह गई हैं.

    पेरेइरा से क़रीब 160 किलोमीटर दक्षिण में स्थित काली शहर में भी बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है. अधिकारियों के मुताबिक़, यहां 32 इमारतें ढह गई हैं. काली भूकंप के केंद्र से क़रीब 200 किलोमीटर दूर है.

    कोलंबिया के कैली शहर में भूकंप की वजह से अस्पताल की इमारत को भी नुक़सान हुआ है.

    बचाव और राहत अभियान जारी है. प्रशासन ढही हुई इमारतों में फंसे लोगों को निकालने के लिए अभियान चला रहा है. अधिकारियों को आशंका है कि मलबे में और लोग फंसे हो सकते हैं, ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है.

  3. कावेरी जल बंटवारे पर कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे ने ये कहा

    प्रियांक खड़गे

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रियांक खड़गे ने कहा है कि कर्नाटक पानी के मामले में ख़ुद संकट में है

    कावेरी जल बंटवारे पर एक बैठक के बाद कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खड़गे ने पत्रकारों से बातचीत में इस मुद्दे पर बयान दिया है.

    कावेरी जल बंटवारे के मुद्दे पर कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा, "जल प्रबंधन ट्रिब्यूनल ने अगले 15 दिनों तक हर दिन 12 हज़ार क्यूसेक पानी छोड़ने का सुझाव दिया है. हम ख़ुद गहरे संकट में हैं."

    "अभी यह बैठक इसी बात पर थी कि राज्य में पैदा हो रही सूखे की स्थिति पर सरकार क्या करे. मुख्यमंत्री और सभी वरिष्ठ स्टेकहोल्डर्स बैठकर फ़ैसला करेंगे कि आगे क्या करना है."

    उन्होंने कहा, "हम अपने लोगों के हितों की रक्षा के लिए यहां हैं. हम ऐसा कुछ नहीं करेंगे जो उनके हितों के ख़िलाफ़ हो. जो भी करना होगा, क़ानूनी दायरे में रहकर किया जाएगा."

  4. अमित शाह के सदन में न आने को लेकर जयराम रमेश ने पूछा, "क्या वो ठीक हैं?"

    जयराम रमेश

    इमेज स्रोत, Sonu Mehta/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, जयराम रमेश ने कहा है कि 17 दिनों से अमित शाह का सदन में नहीं आना अभूतपूर्व है

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मंगलवार को भी लोकसभा या राज्यसभा नहीं पहुंचने पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने टिप्पणी की है.

    जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "तमाम ख़बरें प्लांट करने और नैरेटिव बदलने की तमाम कोशिशों के बावजूद, केंद्रीय गृह मंत्री आज भी लोकसभा में नज़र नहीं आए."

    जयराम रमेश ने कहा, "जबकि उनके नाम से सदन में कामकाज सूचीबद्ध था. एक बार फिर उन्होंने साबित कर दिया कि जो दूसरों को डराते-धमकाते हैं, वे ख़ुद कायर होते हैं."

    उन्होंने आगे लिखा कि पिछले 17 दिनों से अमित शाह लोकसभा और राज्यसभा से गायब हैं, जो वास्तव में अभूतपूर्व है.

    उन्होंने पूछा, "ऐसे में स्वाभाविक रूप से सवाल उठता है- क्या वे ठीक हैं? क्या नंबर 1 और नंबर 2 के बीच सब कुछ ठीक है? देश जानना चाहता है."

    दरअसल पिछले महीने दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) के समर्थकों और अन्य युवाओं के प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाबलों की कार्रवाई पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल लगातार अमित शाह के बयान की मांग कर रहे हैं.

    सोमवार को संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था कि अमित शाह जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष को शांति के साथ उनका जवाब सुनना होगा.

    हालाँकि सोमवार शाम को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा, "अमित शाह अचानक कह रहे हैं कि वो बोलने के लिए तैयार हैं. हमें उनकी मनगढ़ंत बातों में कोई दिलचस्पी नहीं है. हम यह जानना चाहते हैं कि क्या उन्होंने बच्चों पर गोली चलाने की अनुमति दी थी या नहीं. उन्हें पहले यह स्पष्ट रूप से बताना होगा, उसके बाद कोई चर्चा होगी."

  5. फ़ुकेट- दिल्ली फ़्लाइट मामला: मंत्री ने कहा, पूरी रिपोर्ट का इंतज़ार करें

    4 अगस्त को फ़ुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को उड़ान के दौरान तेज़ टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा था (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, Nicolas Economou/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, 4 अगस्त को फ़ुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को उड़ान के दौरान तेज़ टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा था (सांकेतिक तस्वीर)

    एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (एएआईबी) एयर इंडिया की फ़ुकेट-दिल्ली फ्लाइट से जुड़ी घटना में सभी प्रासंगिक तकनीकी, परिचालन, मेडिकल और इंसानी वजहों से जुड़े सबूतों की जांच कर रहा है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, एएआईबी ने कहा है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी उपलब्ध साक्ष्यों की पूरी तरह जांच की जाएगी.

    इससे पहले भारत के नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयर इंडिया के निवर्तमान सीईओ कैंपबेल विल्सन को फ़ुकेट-दिल्ली फ्लाइट से जुड़ी घटना के संबंध में तलब किया था.

    इस मुद्दे पर नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा, "हम एयर इंडिया से भी घटना पर सीधे अपडेट लेना चाहते थे और यह देखना चाहते थे कि वे अपनी तरफ से इस मामले को किस तरह देख रहे हैं."

    “मैंने बार-बार कहा है कि मंत्रालय के लिए विमानन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी पक्ष की ओर से कोई समझौता नहीं होना चाहिए, चाहे वह रेग्युलेटर हो, एयरलाइन हो या कोई और. इसलिए मंत्रालय की ओर से भी हमने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है."

    एयर इंडिया के निवर्तमान सीईओ कैंपबेल विल्सन फ़ुकेट-दिल्ली फ्लाइट से जुड़ी घटना को लेकर नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाक़ात की थी.

    उन्होंने इस मुलाक़ात पर कहा, "हम जांच के बारे में अपडेट दे रहे थे."

    4 अगस्त को फ़ुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को उड़ान के दौरान तेज़ टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा था, जिससे 13 यात्री और 4 क्रू सदस्य घायल हो गए.

    हालांकि, एयर इंडिया के अनुसार विमान बाद में सुरक्षित रूप से दिल्ली में उतर गया.

  6. बाब अल-मंदेब के पास जहाज़ पर हूती विद्रोहियों का हमला, तीन लोगों की मौत

    बाब अल-मंदेब

    इमेज स्रोत, Khaled ZIAD / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बाब अल-मंदेब में जहाज़ों पर हो रहे हमलों ने उन शिपिंग कंपनियों के लिए अनिश्चितता और बढ़ा दी है, जो पहले से ही होर्मुज़ स्ट्रेट के बंद होने से प्रभावित हैं (सांकेतिक तस्वीर)

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने मंगलवार को बाब अल-मंदेब स्ट्रेट में एक छोटे कार्गो जहाज़ पर हमला किया, जिसमें तीन क्रू सदस्यों की मौत हो गई.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स को यमनी तटरक्षक बल के दो सूत्रों और सरकार के दो सैन्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी है.

    हूती समूह ने अभी इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. उसने पिछले महीने लाल सागर में सऊदी अरब के ख़िलाफ़ नौसैनिक नाकाबंदी की घोषणा की थी.

    इस बीच यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने बताया कि उसे यमन के अल-मोखा तट के पास एक कार्गो जहाज़ के अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने की जानकारी मिली है. इस घटना में लोग हताहत हुए हैं.

    जबकि ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा कंपनी एंब्रे ने कहा कि जहाज़ को हूती विद्रोहियों ने कथित तौर पर निशाना बनाया और उसे नुक़सान पहुंचाया.

    उसके मुताबिक, हमले के समय जहाज़ यमन के पेरिम द्वीप से 3.3 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में लंगर डाले हुए था. इस हमले में तीन क्रू सदस्यों की मौत हुई.

    रॉयटर्स ने यमनी सूत्रों के हवाले से बताया कि जहाज़ ओमान के सलालाह से जिबूती जा रहा था. मृतकों में दो पाकिस्तानी और एक इंडोनेशियाई नागरिक शामिल थे.

    वहीं समाचार एजेंसी एएफ़पी ने यमनी कोस्ट गार्ड के एक सूत्र के हवाले से बताया कि जहाज़ पर लाल सागर की एंट्री के पास ईरान समर्थित हूती लड़ाकों ने हमला किया था, और कहा कि "हम चालक दल के बाक़ी सदस्यों को बचाने में कामयाब रहे."

    एक अन्य सूत्र ने एएफ़पी को घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि बचाव अभियान के दौरान जहाज़ पर एक और हमला किया गया, इस घटना में भी एक शख़्स बुरी तरह घायल हुए या उनकी मौत हो गई.

    बाब अल-मंदेब में जहाज़ों पर हो रहे हमलों ने उन शिपिंग कंपनियों के लिए अनिश्चितता और बढ़ा दी है, जो पहले से ही होर्मुज़ स्ट्रेट के बंद होने से प्रभावित हैं.

    यह घटना यमन के गृह युद्ध में हूती विद्रोहियों और सऊदी समर्थित सरकार के बीच कई वर्षों से चले आ रहे युद्धविराम के बाद हुई है.

    इस युद्धविराम को अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने मान्यता दी थी, लेकिन ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच हाल ही में यह युद्धविराम टूट गया.

  7. ईरान का दावा, भारत ने युद्ध के दौरान दवाओं के लिए कच्चा माल नहीं भेजा

    ईरान युद्ध के दौरान दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में से एक 'होर्मुज़ स्ट्रेट' बुरी तरह प्रभावित रहा है (सांकेतिक तस्वीर)

    इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान युद्ध के दौरान दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में से एक 'होर्मुज़ स्ट्रेट' बुरी तरह प्रभावित रहा है (सांकेतिक तस्वीर)

    ईरान के स्वास्थ्य मंत्री मोहम्मद रज़ा ज़फ़रग़ादी ने कहा है कि युद्ध के दौरान भारत ने ईरान को दवा बनाने के लिए कच्चे माल की एक भी खेप नहीं भेजी.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, उन्होंने कहा कि भारत ने ईरान को दवाएं भेजने के लिए कुछ शर्तें रखी थीं.

    ईरानी स्वास्थ्य मंत्री ने दावा किया कि भारत ने इसके बदले होर्मुज़ स्ट्रेट के ज़रिए अपने कुछ जहाज़ों को गुज़रने देने की शर्त रखी थी.

    ईरान के स्वास्थ्य मंत्री ने ये बातें ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची की मौजूदगी में हुई एक बैठक में कहीं.

    अराग़ची ने बैठक में कहा कि युद्ध के दौरान मुश्किल कामों में से एक स्वास्थ्य क्षेत्र की ज़रूरतों को पूरा करना, दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था करना और उन्हें देश तक पहुंचाना था.

    स्वास्थ्य मंत्रालय में हुई इस बैठक का मक़सद युद्ध में क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए कूटनीति और स्वास्थ्य क्षेत्र के बीच तालमेल स्थापित करना था.

  8. पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की के बीच मक्का समझौते पर भारत ने ये कहा

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीय जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीय जायसवाल

    भारत ने पाकिस्तान, तुर्की और सऊदी अरब के बीच हुए 'मक्का समझौते' प्रतिक्रिया दी है.

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में इस मुद्दे से जुड़े सवाल पर कहा, "हम पश्चिम एशिया संघर्ष के घटनाक्रमों पर लगातार क़रीब से नज़र रख रहे हैं."

    "जहां तक इस (मक्का) समझौते का सवाल है, हम भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, क्षेत्रीय शांति और स्थिरता दोनों के नज़रिए से इसके पहलुओं की समीक्षा कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "भारत अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और इस दिशा में सभी जरूरी कदम उठाएगा."

    सऊदी अरब के मक्का शहर में शुक्रवार को सऊदी अरब, तुर्की और पाकिस्तान ने एक रक्षा समझौते पर दस्तख़्त किए हैं.

    इस समझौते के मुताबिक़ इनमें से किसी एक देश पर हमला तीनों देशों पर हमला माना जाएगा.

  9. हरभजन सिंह ने कहा- मैं चाहता हूँ पंजाब नशे से मुक्त हो, सरकार इसके लिए काम करे

    हरभजन सिंह ने कहा कि पंजाब के मुद्दों पर सरकारों को काम करना चाहिए

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हरभजन सिंह ने कहा कि पंजाब के मुद्दों पर सरकारों को काम करना चाहिए

    पूर्व क्रिकेटर और आम आदमी पार्टी को छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने पंजाब में नशा मुक्ति को लेकर सवाल खड़े किए हैं.

    हरभजन सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मैं चाहता हूं कि पंजाब नशे से मुक्त हो. वहां के कुछ वीडियो पर लोग आपत्ति जता रहे हैं कि ये वहां के नहीं हैं. मैं तो वहां रहता हूं. क्या पंजाब नशा मुक्त हो गया है? किसी को निजी तौर पर निशाना बनाने के बजाय, अगर पंजाब को नशा मुक्त करवाना है तो इसके लिए जो काम कर रहे हैं, उसके ऊपर फ़ोकस कीजिए."

    "अगर मैं पंजाब के मसलों पर बात नहीं करूंगा तो मेरा यहां (संसद) आने का कोई मतलब नहीं है. मुझे लगता है कि ये पंजाब के गंभीर मसले हैं, जिस पर सरकारों को काम करना चाहिए."

    उन्होंने दावा किया, "मैं लगातार पंजाब के युवाओं के लिए, पंजाब की भलाई के लिए, पंजाब को नशा मुक्त करवाने के लिए और पंजाब में खेलों को बढ़ावा देने के लिए हमेशा आवाज़ उठाता रहूंगा."

  10. अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर और एनएसए अजित डोभाल के बीच हुई मुलाक़ात

    सर्जियो गोर ने सोमवार को भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी से भी मुलाक़ात की थी

    इमेज स्रोत, @USAmbIndia

    इमेज कैप्शन, सर्जियो गोर ने सोमवार को भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी से भी मुलाक़ात की थी

    भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल से मुलाक़ात की है. सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी है.

    उन्होंने लिखा, "अमेरिका-भारत रणनीतिक सहयोग को और मज़बूत करने पर सार्थक बैठक हुई. वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए भारत के साथ हमारी क़रीबी साझेदारी अहम है."

    उनके मुताबिक़, अमेरिका और भारत के कई साझा लक्ष्य हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है.

  11. कार्टून: तभी मानते...

    कांवड़ यात्रा के कारण NCR में DJ की आवाज़ और ट्रैफिक जाम पर आज का कार्टून
    इमेज कैप्शन, कांवड़ यात्रा के कारण NCR में DJ की आवाज़ और ट्रैफिक जाम पर आज का कार्टून
  12. विदेश मंत्रालय ने कहा, 'अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न हिस्सा, इस सत्य को कोई नहीं बदल सकता'

    रणधीर जायसवाल ने अरुणाचल प्रदेश के मुद्दे पर चीन को संदेश दिया

    इमेज स्रोत, @MEAIndia/YT

    इमेज कैप्शन, रणधीर जायसवाल ने अरुणाचल प्रदेश के मुद्दे पर चीन को संदेश दिया

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है.

    उन्होंने विदेश मंत्रालय के प्रेस कॉन्फ़्रेंस में इस मुद्दे पर एक सवाल के जवाब में कहा, "यह एक तथ्य है जिसका प्रमाण देने की ज़रूरत नहीं है. इसके साथ ही मैं यह भी स्पष्ट कर दूं कि कोई भी चीज़ इस निर्विवाद वास्तविकता को बदल नहीं सकती."

    उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा, "भारत और चीन के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े मामलों में हमने हमेशा चीन के साथ चर्चाओं में इस बात पर जोर दिया है कि हम इन मुद्दों को बेहद गंभीर मानते हैं और इन क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखना सबसे ज़्यादा महत्वपूर्ण है."

    रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमने यह भी स्पष्ट किया है कि सीमा मामलों की स्थिति, हमारे व्यापक द्विपक्षीय संबंधों की स्थिति को दर्शाएगी. इस बात को 6 अगस्त 2026 को आयोजित भारत-चीन सीमा मामलों पर परामर्श और समन्वय के लिए कार्य तंत्र' (डब्लूएमसीसी) की 36वीं बैठक में भी दोहराया गया."

    इससे पहले चीन की ओर से अरुणाचल प्रदेश की कुछ जगहों के नाम बार-बार बदले जाने के बीच भारत ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक मानचित्र पर अरुणाचल प्रदेश की 27 जगहों और भौगोलिक विशेषताओं के मानक नाम दर्ज किए.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ एक आधिकारिक बयान में कहा गया, "अरुणाचल प्रदेश के सर्वे ऑफ इंडिया के मानचित्र पर इन नामों को औपचारिक रूप से दर्ज करने का मक़सद इनकी सही पहचान सुनिश्चित करना और आम लोगों में इनके बारे में जागरूकता बढ़ाना है."

    अरुणाचल प्रदेश की जगहों के नाम बदलने की चीन की कार्रवाई को भारत ने हमेशा स्पष्ट रूप से ख़ारिज किया है.

    भारत ने ऐसी कोशिशों को हमेशा "व्यर्थ और बेतुका" बताया है.

    भारत ने लगातार कहा है कि इस तरह के कदम इस "अटल" सच्चाई को नहीं बदल सकते कि अरुणाचल प्रदेश "हमेशा भारत का अभिन्न हिस्सा था, है और रहेगा.

  13. आईपीएल क्रिकेटर अभिषेक पोरेल गिरफ़्तार, शादी का वादा कर रेप करने का आरोप

    अभिषेक पोरेल

    इमेज स्रोत, @ANI

    इमेज कैप्शन, अभिषेक पोरेल को गिरफ़्तार कर ले जाती पुलिस

    आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज़ अभिषेक पोरेल को बलात्कार के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल चुके बंगाल के क्रिकेटर अभिषेक पोरेल पर शादी का वादा करके एक महिला के साथ यौन संबंध बनाने का आरोप लगाया गया है.

    उन्हें पश्चिम बंगाल के हुगली ज़िले की पुलिस ने गिरफ़्तार किया है.

    हुगली ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक कुंवर भूषण सिंह ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "उनके ख़िलाफ़ मामला दर्ज था और गिरफ़्तारी के लिए अदालत का आदेश था. उन्हें कल देर रात गिरफ़्तार किया गया. आज उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा."

    पीटीआई के मुताबिक़ एक महिला मेडिकल छात्रा ने 23 जून को मोघरा थाने में पोरेल के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई थी. महिला ने आरोप लगाया कि दोनों क़रीब साढ़े तीन साल से रिश्ते में थे और उन्होंने शादी करने की योजना बनाई थी.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ हुगली ग्रामीण एसपी कुंवर भूषण सिंह ने बताया कि मोघरा थाने में दर्ज केस नंबर 346/26 के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66ई/72 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

    क्रिकेटर अभिषेक पोरेल ने आरोपों से इनकार करते हुए उन्हें झूठा बताया है.

    पोरेल दिल्ली कैपिटल्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज और बंगाल क्रिकेट टीम के प्रमुख खिलाड़ियों में से एक हैं. वह हुगली के चंदननगर के रहने वाले हैं. शिकायतकर्ता महिला हुगली के मोघरा में रहती हैं.

    अभिषेक पोरेल साल 2023 से आईपीएल मुक़ाबलों में खेल रहे हैं. उन्होंने अब तक आईपीएल में 35 मैच खेले हैं. इनमें उन्होंने 25.63 के औसत से 769 रन बनाए हैं.

  14. सीरिया: पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद को सुनाई गई मौत की सज़ा, समंथा ग्रैविली और एलिस डेविस

    सज़ा सुनाए जाने के वक़्त अदालत में पिंजरे में बंद असद के रिश्ते के एक भाई, आतिफ़ नजीब

    इमेज स्रोत, NurPhoto via GettyImages

    इमेज कैप्शन, सज़ा सुनाए जाने के वक़्त अदालत में पिंजरे में बंद असद के रिश्ते के एक भाई, आतिफ़ नजीब

    सीरिया की एक अदालत ने अपदस्थ तानाशाह बशर अल-असद को युद्ध अपराधों और मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों का दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई है.

    हालाँकि असद सीरिया में मौजूद नहीं हैं. दिसंबर 2024 में असद सरकार के सत्ता से हटने के बाद वह अपने परिवार के साथ राजधानी दमिश्क से रूस के मॉस्को भाग गए थे.

    इसके साथ ही उनके परिवार का पांच दशक से चला आ रहा शासन खत्म हो गया था.

    इसी मामले में अदालत ने असद के चचेरे भाई और दक्षिणी सीरिया के दारा प्रांत में राजनीतिक सुरक्षा विभाग के पूर्व प्रमुख आतिफ़ नजीब को भी मौत की सज़ा सुनाई.

    सज़ा सुनाए जाने के दौरान वह अदालत में पिंजरे के अंदर मौजूद थे.

    दारा को असद शासन के ख़िलाफ़ विद्रोह शुरू करने वाली जगह माना जाता है.

    मार्च 2011 में सरकार विरोधी नारे लिखने के आरोप में कुछ किशोरों को हिरासत में लेने और कथित तौर पर प्रताड़ित करने के बाद शहर में विरोध प्रदर्शन शुरू हुए थे.

    सुरक्षा बलों ने इन प्रदर्शनों पर हिंसक कार्रवाई की थी. इस कार्रवाई के बाद पूरे सीरिया में विरोध प्रदर्शन शुरू हुए, जो आगे चलकर गृहयुद्ध में बदल गए. इसमें हज़ारों लोगों की मौत हुई.

    सीरिया की अंतरिम सरकार ने इस साल की शुरुआत में पांच दशक से ज़्यादा समय तक देश पर शासन करने वाले असद शासन से जुड़े अधिकारियों के ख़िलाफ़ मुक़दमे शुरू किए थे.

    नजीब इस प्रक्रिया में मुक़दमे का सामना करने वाले सबसे वरिष्ठ अधिकारियों में से एक हैं.

    उन्हें हत्या और "मौत का कारण बनने वाली यातना" समेत कई अपराधों का दोषी ठहराया गया.

    यह स्पष्ट नहीं है कि सीरिया के नए अधिकारी मॉस्को से असद के प्रत्यर्पण को हासिल कर पाएंगे या नहीं.

    सीरिया के नए नेतृत्व की ओर से असद के ख़िलाफ़ यह पहली कार्रवाई नहीं है.

    पिछले दिसंबर में उनके ख़िलाफ़ हत्या और यातना के आरोप में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था.

  15. ज़ेलेंस्की का दावा- रूस ने उत्तर कोरियाई मिसाइलों का किया इस्तेमाल, यूक्रेन में 9 लोगों की मौत

    ज़ापोरिज़िया में रूसी हमले के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश करते राहतकर्मी

    इमेज स्रोत, Darya NAZAROVA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ज़ापोरिज़िया में रूसी हमले के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश करते राहतकर्मी

    रूस के साथ जारी युद्ध में रातभर हुए हमलों में यूक्रेन में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई है और दर्जनों लोग घायल हुए.

    यूक्रेन में ज़ापोरिज़िया के क्षेत्रीय गवर्नर के मुताबिक़, इलाक़े में रूसी हमले में छह लोगों की मौत हुई और 19 लोग घायल हुए.

    गवर्नर इवान फेदोरोव ने बताया कि हमलों में रॉकेट और गाइडेड एरियल बमों का इस्तेमाल किया गया.

    कीएव में मेयर विताली क्लित्स्को ने विस्फोटों की जानकारी दी और कहा कि सोमवार रात राजधानी पर "बैलिस्टिक हमला" हुआ. यूक्रेन की आपातकालीन सेवा के मुताबिक़, एक गोदाम में आग लग गई और एक व्यक्ति घायल हुआ.

    यूक्रेन के द्निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्र में रूसी ड्रोन और तोप के हमलों में तीन लोगों की मौत हुई और पांच लोग घायल हुए. क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांद्र गांझा ने टेलीग्राम पर यह जानकारी दी.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रात में ज़ापोरिज़िया पर हुए हमलों में उत्तर कोरियाई बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने इसे "नागरिक बुनियादी ढांचे को अधिकतम नुक़सान पहुंचाने के लिए किया गया क्रूर हमला" बताया.

    वहीं रूस के वोरोनेझ क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर गुसेव के मुताबिक़, रात में हुए ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए.

    इस बीच रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने रात में कीएव और ज़ापोरिज़िया में रक्षा उद्योग से जुड़े ठिकानों और परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स केंद्रों को निशाना बनाया.

    मंत्रालय ने दावा किया कि रूस के 15 क्षेत्रों में 396 यूक्रेनी ड्रोन को "इंटरसेप्ट कर उन्हें नष्ट" कर दिया गया.

  16. नेतन्याहू के 'ग़ज़ा पीस प्लान' ठुकराने पर पहली बार बोले डोनाल्ड ट्रंप

    बिन्यामिन नेतन्याहू और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, ANDREW CABALLERO-REYNOLDS/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू के बयान पर डोनाल्ड ट्रंप से ओवल ऑफ़िस में पत्रकारों ने सवाल किया (फ़ाइल फ़ोटो)

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'ग़ज़ा पीस प्लान' को ख़ारिज किया था.

    इसको लेकर डोनाल्ड ट्रंप से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वो जल्द ही इस पर प्रतिक्रिया देंगे.

    ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफ़िस में पत्रकारों से कहा कि वह नेतन्याहू के रुख़ पर अपना जवाब सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर जारी करेंगे.

    उन्होंने कहा, “मैं अपना जवाब वहां (ट्रुथ सोशल) पोस्ट करूंगा. मेरे पास एक अच्छा जवाब है.”

    ट्रंप ने इस दौरान यह भी कहा कि नेतन्याहू के साथ उनके संबंध अभी भी 'बहुत अच्छे' हैं.

    वहीं, दूसरी ओर हमास ने अमेरिका से मांग की थी कि वो नेतन्याहू पर पीस प्लान मानने के लिए दबाव बनाए.

  17. नमस्कार

    अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को इजाज़त दीजिए. अब से देर रात दस बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. धर्मेंद्र प्रधान ने किस बात को लेकर कहा- राहुल गांधी चुप्पी क्यों साधे हुए हैं

    धर्मेंद्र प्रधान

    इमेज स्रोत, Raj K Raj/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, धर्मेंद्र प्रधान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के हितों के मुद्दे पर लगातार झूठ फैला रही है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर मंगलवार को तीखा हमला बोला है.

    प्रधान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के हितों के मुद्दे पर लगातार झूठ फैला रही है.

    धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "छात्रों के हितों को लेकर कांग्रेस लगातार झूठ फैला रही है, राहुल गांधी के पास तथ्य नहीं है, आदतन झूठ बोलने वाले नेता प्रतिपक्ष को न संसद में आना है और न जवाब सुनना है. इन्हें तो बस अपना झूठ फैलाकर घड़ियाली आँसू बहाना है.

    उन्होंने लिखा, "गृहमंत्री अमित शाह जी पर बेवजह बिना किसी तथ्य के झूठे आरोप लगाना राहुल गांधी और कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दिखाता है. सरकार हर मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है, मगर कांग्रेस लोकतंत्र के मंदिर 'संसद भवन' को बाधित कर देश और युवाओं के हितों को कुचलने का काम कर रही है."

    "कांग्रेस का लोकतंत्र भी सिलेक्टिव है, जहां अपनी सरकार हो, वहां युवाओं पर हिंसा और जहां राजनीति चमकानी हो, वहां झूठ और हंगामा. झारखंड में छात्रों के साथ जो बर्बरता हुई है, उसे पूरे देश ने देखा है."

    प्रधान ने लिखा, "सवाल ये है कि हर मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस करने वाले राहुल गांधी आज चुप्पी क्यों साधे हुए हैं? देश का युवा कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को अच्छी तरह समझ चुका है. लोकतंत्र में तानाशाही के लिए कोई जगह नहीं, ये राहुल गांधी और आपातकाल वाली सोच से चलने वाली कांग्रेस पार्टी को अच्छी तरह समझ लेना चाहिए."

    दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप चल रहे हैं.

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने की अनुमति किसने दी थी.

    वहीं, सरकार और दिल्ली पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर पर गोली नहीं चलाई गई थी.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, पश्चिम बंगाल: सीएम शुभेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई

    शुभेंदु अधिकारी

    इमेज स्रोत, Sanjeev Verma/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ख़राब मौसम को देखते हुए पायलट ने हेलीकॉप्टर को कोलाघाट में उतार दिया (फ़ाइल फ़ोटो: शुभेंदु अधिकारी)

    पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.

    ख़राब मौसम के चलते मंगलवार को पूर्व मेदिनीपुर ज़िले के कोलाघाट में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, अधिकारियों ने कहा है कि एहतियात के तौर पर पायलट ने हेलीकॉप्टर को कोलाघाट के एक खुले मैदान में उतारने का फ़ैसला किया.

    दरअसल, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी कोलकाता के दमदम से हेलीकॉप्टर के ज़रिए पश्चिम मेदिनीपुर ज़िले के केशपुर के लिए रवाना हुए थे.

    उन्हें केशपुर में स्वतंत्रता सेनानी ख़ुदीराम बोस को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना था.

    ख़राब मौसम को देखते हुए पायलट ने हेलीकॉप्टर को कोलाघाट में उतार दिया.

    इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से निर्धारित कार्यक्रम स्थल केशपुर के लिए रवाना हो गए.

  20. कंगना रनौत ने 'भगोड़े' शब्द का इस्तेमाल करते हुए राहुल गांधी के लिए क्या कहा

    कंगना रनौत

    इमेज स्रोत, ANI Video Grab

    इमेज कैप्शन, कंगना रनौत ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्होंने एक दिन भी संसद नहीं चलने दी

    बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने संसद में छात्र प्रदर्शन के मुद्दे पर चर्चा को लेकर कांग्रेस और विपक्ष पर निशाना साधा है.

    उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि छात्र प्रदर्शन के मुद्दे पर अब चर्चा हो रही है तो वो गृह मंत्री अमित शाह का जवाब सुनने से बच रहे हैं.

    कंगना रनौत ने मंगलवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत में कहा, “पहले इन लोगों ने उत्पात मचाया कि इनको नीट के प्रदर्शन पर एक चर्चा करनी है. लेकिन अब जब चर्चा हो रही है तो राहुल गांधी भगोड़े बने हुए हैं. यहां पर अमित शाह जी को सुनना नहीं चाह रहे हैं. बताइए कैसे संसद चलेगा?”

    उन्होंने कहा, "देश देख रहा है कि ये देशद्रोही शक्तियों के हाथ में आ चुके हैं. इन्होंने इस बार एक भी दिन संसद नहीं चलने दी. यह शर्म की बात है."

    दरअसल, दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप चल रहे हैं.

    राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने की अनुमति किसने दी थी.

    वहीं, सरकार और दिल्ली पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर पर गोली नहीं चलाई गई थी.

    संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत बीजेपी के कई नेता विपक्ष से संसद में चर्चा में शामिल होने और गृह मंत्री अमित शाह का जवाब सुनने की अपील कर चुके हैं.