लाइव, ट्रंप ने कहा, 'होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाज़ पर हमला, समझौते का मूर्खतापूर्ण उल्लंघन'

गुरुवार को होर्मुज़ स्ट्रेट में एक जहाज़ पर हुए हमले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बयान दिया है.

सारांश

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • रोबोट
  • किंग कोबरा
  • वेनेज़ुएला में भीषण भूकंप
  • बोट चलाता हुआ रोबोट
  • ट्रंप
  • पतंगें
  • ट्रंप

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को विस्तार से पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. वेनेजुएला में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 589 हुई

    वेनेज़ुएला के ला ग्वेइरा में भूकंप में गिरी एक इमारत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वेनेज़ुएला के ला ग्वेइरा में भूकंप में गिरी एक इमारत

    वेनेजुएला में भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 589 हो गई है. कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ ने बताया कि इससे अब तक 2,980 लोग घायल हुए हैं.

    इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी में 235 लोगों की मौत और 4,300 लोगों के घायल होने की पुष्टि की गई थी.

    बुधवार शाम (स्थानीय समय के अनुसार) को वेनेज़ुएला में भूकंप के दो भीषण झटके महसूस किए गए थे.

    पहला झटका 7.2 तीव्रता का था, जबकि इसके फ़ौरन बाद 7.5 तीव्रता का भूकंप आया.

    भूकंप के बाद राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं.

    राजधानी काराकास और ला ग्वेइरा में ढही इमारतों के मलबे के नीचे से लोगों को अभी भी निकाला जा रहा है.

    इस बीच देश के कई इलाकों में बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की ख़बरें हैं.

  3. ट्रंप ने कहा, 'होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाज़ पर हमला, समझौते का मूर्खतापूर्ण उल्लंघन'

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    गुरुवार को होर्मुज़ स्ट्रेट में एक जहाज़ पर हुए हमले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बयान दिया है.

    उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "ईरान ने होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहे जहाज़ों पर कम से कम चार ड्रोन दागे. इनमें से एक ड्रोन ने एक बड़े और बेहद महंगे मालवाहक जहाज़ के ऊपरी हिस्से पर सीधा हमला किया."

    उन्होंने आगे लिखा, "इस हमले में जहाज़ को नुक़सान पहुंचा, लेकिन वह अपनी यात्रा जारी रखने में सक्षम रहा. हमने तीन अन्य ड्रोन मार गिराए. यह स्पष्ट रूप से हमारे युद्धविराम समझौते का एक मूर्खतापूर्ण उल्लंघन है."

    होर्मुज़ स्ट्रेट

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, गुरुवार को होर्मुज़ स्ट्रेट में एक जहाज़ पर हमला हुआ था

    ब्रिटेन की समुद्री सुरक्षा एजेंसी यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस के मुताबिक़, गुरुवार को ओमान के दहीत बंदरगाह से दक्षिण-पूर्व में करीब 7.5 समुद्री मील दूर एक मालवाहक जहाज़ पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया. हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

    समुद्री सुरक्षा कंपनी वैनगार्ड के अनुसार, सिंगापुर के झंडे वाला मालवाहक जहाज़ एवर लवली हमले के बावजूद सुरक्षित रूप से होर्मुज़ स्ट्रेट पार करने में सफल रहा और उसे किसी सहायता की आवश्यकता नहीं पड़ी.

    अमेरिका, इसराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण फरवरी से खाड़ी क्षेत्र में सैकड़ों जहाज़ और हजारों नाविक फंसे हुए हैं. होर्मुज़ स्ट्रेट दोबारा खुलने के बाद संयुक्त राष्ट्र ने मंगलवार को निकासी अभियान शुरू करने की घोषणा की थी. गुरुवार को हमले के बाद इस अभियान को रोक दिया गया है.

  4. देशभर में कई जगहों पर निकाले गए मोहर्रम के ताज़िए: तस्वीरों में

    ताज़िया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कोलकाता में महिलाओं ने निकाला ताज़िया

    मोहर्रम की दसवीं तारीख़ यानी “यौम ए आशुरा” के मौक़े पर भारत में कई जगहों पर जुलूस के रूप में ताज़िए निकलते हैं. भारत के कुछ प्रमुख शहरों में निकाले गए ताज़िए- तस्वीरों में

    प्रयागराज

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रयागराज में निकाला गया बूढ़ा ताज़िया
    नागपुर में कुछ यूं निकाला गया ताज़िया

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नागपुर में कुछ यूं निकाला गया ताज़िया
    श्रीनगर का ताज़िया

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, श्रीनगर का ताज़िया
    पटना की सड़कों पर कुछ यूं दिखा ताज़िया

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पटना की सड़कों पर कुछ यूं दिखा ताज़िया
  5. कांग्रेस पार्टी ने राजेन्द्र पाल गौतम को बनाया उत्तर प्रदेश का एआईसीसी प्रभारी

    राजेंद्र पाल गौतम

    इमेज स्रोत, @tanujpuniaINC

    इमेज कैप्शन, दिल्ली सरकार में मंत्री रहे राजेंद्र पाल गौतम आम आदमी पार्टी को छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे

    कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को अपने कई संगठनों में बदवाल किए हैं.

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संजय दत्त को हरियाणा, लालजी देसाई को ओडिशा और राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी का प्रभारी बनाया है.

    राजेंद्र पाल गौतम को अविनाश पांडे की जगह यह ज़िम्मेदारी दी गई है. राजेंद्र पाल गौतम दिल्ली सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं. वे आम आदमी पार्टी के सदस्य थे.

    इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने बीवी श्रीनिवास को कांग्रेस सेवा दल का चीफ़ ऑर्गेनाइज़र नियुक्त किया है.

    ये नियुक्तियाँ तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं.

    उत्तर प्रदेश में अगले साल यानी 2027 के शुरुआती महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं. इस लिहाज से राज्य में संगठन के स्तर पर किए गए बदलाव काफ़ी अहम हैं.

    उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने सोशल मीडिया एक्स पर राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का एआईसीसी प्रभारी नियुक्त किए जाने पर बधाई दी.

  6. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को केजरीवाल ने बताया 'हिंदुओं के साथ विश्वासघात'

    केजरीवाल

    इमेज स्रोत, @ArvindKejriwal

    इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या के राम मंदिर के दान पात्रों से चढ़ावे की हुई चोरी पर कई गंभीर आरोप लगाए

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी है.

    केजरीवाल ने आज (शुक्रवार) अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन किए. उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर कई तरह के आरोप लगाए.

    अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया, "हिंदुओं ने चंदा चोर पार्टी को प्यार देने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन चंदा चोर पार्टी ने हिंदुओं के साथ विश्वासघात करने में कोई कमी नहीं छोड़ी. आज हर एक हिंदू जानना चाहता है कि चढ़ावे के करोड़ों रुपये आखिर गए कहाँ? वह पैसा आख़िर में कहां पहुँचा? शायद ही भारत के इतिहास में हिन्दुओं के साथ किसी ने इतना बड़ा धोखा किया होगा."

    केजरीवाल ने कहा, "यह ट्रस्ट इनका, ट्रस्ट के मेंबर इनके, मंदिर का मैनेजमैंट इनका. मंदिर में बहुत बड़ी चोरी हुई. उस पर पर्दा डालने का काम हो रहा है. क्या बड़े लोगों को पता नहीं था कि रोज़ इतने बड़े स्तर पर चोरी हो रही है. ये एक दिन का मामला नहीं है. आठ महीने की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग गायब कर दी गई. इसका मतलब है कि यह बहुत ऊपर तक की बात है."

    उन्होंने कहा, "वो सारा पैसा ये आठों लोग नहीं ले गए जिन पर एफ़आईआर हुई है. अरबों रुपये की चोरी हो गई, हीरे-जवाहरात चोरी हो गए, चांदी चोरी हो गई, पादुका चोरी हो गई, हार चोरी हो गया, भगवान के आभूषण चोरी हो गए. आज देश जानना चाहता है कि वो सारा पैसा कहां गया. वह पैसा अंतिम रूप से कहां पहुँचा?"

    इससे पहले अरविंद केजरीवाल की अयोध्या यात्रा पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए उन पर टिप्पणी की.

    योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में एक कार्यक्रम में कहा, "दिल्ली से भी एक सज्जन वहां (अयोध्या) आए हैं आज. मैं उनसे भी कहना चाहूंगा कि दिल्ली की जनता ने उन्हें 15 वर्षों तक अवसर दिया लेकिन दिल्ली को उन्होंने बर्बादी के सिवाय कुछ नहीं दिया, भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया."

    "अयोध्या को डबल इंजन की सरकार ने नौ वर्ष में जो सजाया है जो संवारा है. देखिए इस मॉडल को और अपने काम पर पश्चाताप करो. अगर आम आदमी पार्टी दिल्ली के साथ ऐसा ही न्याय करते तो दिल्ली भी ऐसे ही चमकती."

    इससे पहले अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले में एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपे जाने के बाद गुरुवार देर शाम आठ लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई थी.

    चढ़ावा चोरी करने के आरोप में गिरफ़्तार अभियुक्तों को सोमवार तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

  7. महुआ मोइत्रा ने कहा, 'बीजेपी चाहती है कि हर कोई एक जैसा दिखे, एक जैसे कपड़े पहने, एक जैसा भोजन करे'

    महुआ मोइत्रा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने समान नागरिक संहिता के मुद्दे पर बीजेपी पर निशाना साधा

    पश्चिम बंगाल में यूनिफॉर्म सिविल कोड यानी समान नागरिक संहिता लागू करने के मामले पर टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) सांसद महुआ मोइत्रा ने बीजेपी पर निशाना साधा है.

    उन्होंने कहा, "हमारा सवाल है कि इस संहिता को लाने के पीछे आपकी मंशा क्या है? क्या इसे वास्तव में लोगों के भलाई, समानता और संविधान के सभी प्रावधानों को ध्यान में रखकर लाया गया है? हमें पूरा भरोसा है कि इसका मक़सद केवल धार्मिक ध्रुवीकरण को आगे बढ़ाना है."

    महुआ मोइत्रा आगे कहा, "बीजेपी के साथ हमारी मूल समस्या यही है कि वह चाहती है कि हर कोई एक जैसा दिखे, एक जैसे कपड़े पहने, एक जैसा भोजन करे और 'जय श्री राम' का नारा लगाए. लेकिन भारत जैसे देश में यह संभव नहीं है. इसका सबसे अधिक असर आदिवासी समुदाय और अल्पसंख्यकों पर पड़ेगा."

    इससे पहलेमुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में भी यूनिफॉर्म सिविल कोड यानी समान नागरिक संहिता लागू किया जाएगा.

    उन्होंने कोलकाता में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "समान नागरिक संहिता पश्चिम बंगाल में भी लागू होगी. इसकी एक प्रकिया होती है. मैं इसके बारे में विधानसभा में बताऊंगा."

    उन्होंने कहा, "इसके लिए एक रिटायर्ड जज के नेतृत्व में एक कमिटी बनेगी. गुजरात, उत्तराखंड और असम में अपनाई गई प्रक्रिया के अनुसार ही यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी. मैं सोमवार को विधानसभा में इस बारे में और जानकारी दूंगा."

  8. भारत ने वेनेज़ुएला के लिए भेजी राहत सामग्री, एस जयशंकर ने क्या बताया

    एयर फ़ोर्स का विमान

    इमेज स्रोत, @DrSJaishankar

    इमेज कैप्शन, एयर फ़ोर्स के दो विमान वेनेज़ुएला के लिए राहत सामग्री लेकर रवाना हुए

    भारत ने भूकंप से प्रभावित वेनेज़ुएला के लिए राहत सामग्री भेजी है. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी है.

    एस जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "ऑपरेशन अमिस्ताद (मित्रता) शुरू हो गया है. आज एयरफ़ोर्स के दो विमान वेनेज़ुएला के लिए रवाना हुए. ये विमान भूकंप के बाद राहत कार्यों में मदद के लिए ज़रूरी सहायता सामग्री लेकर गए हैं."

    इस सहायता में भारतीय सेना की एक फ़ील्ड हॉस्पिटल यूनिट और 35 टन से ज़्यादा राहत सामग्री, दवाइयाँ और मेडिकल उपकरण शामिल हैं.

    विदेश मंत्री ने बताया है कि वेनेज़ुएला के लिए दो बीएचआईएसएचएम क्यूब्स भी भेजे गए हैं. बीएचआईएसएचएम क्यूब्स का मतलब है- सहयोग, हित और मैत्री के लिए भारत हेल्थ इनिशिएटिव.

    वेनेज़ुएला के लिए भेजे गए एंबुलेंस

    इमेज स्रोत, @DrSJaishankar

    इमेज कैप्शन, वेनेज़ुएला के लिए भेजे गए एंबुलेंस

    यह भारत सरकार की 'प्रोजेक्ट आरोग्य मैत्री' पहल के तहत विकसित एक अत्याधुनिक, मॉड्यूलर मेडिकल इमरजेंसी सिस्टम है. इसे तेजी से तैनात किए जा सकने वाले मोबाइल हॉस्पिटल के रूप में तैयार किया गया है, ताकि आपदा या इमरजेंसी के समय 'गोल्डन आवर (जल्द से जल्द)' में लोगों की जान बचाई जा सके.

    बुधवार शाम (स्थानीय समय के अनुसार) को वेनेज़ुएला में आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंपों में अब तक कम से कम 235 लोगों की मौत हो चुकी है और 4,300 लोग घायल हुए हैं.

    भूकंप के बाद राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं.

    राजधानी काराकास और ला ग्वेइरा में ढही इमारतों के मलबे के नीचे से लोगों को अभी भी निकाला जा रहा है.

  9. कार्टून: अंडे और भावनाएं

    कार्टून
    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल में मिड डे मील से अंडा हटाए जाने पर आज का कार्टून
  10. श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: क़रीब 80 लाख रुपये बरामद, अधिकारी ने और क्या बताया

    केसी वर्मा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, केसी वर्मा ने बताया है कि एक अभियुक्त को छोड़कर बाक़ियों के पास से नगदी की बरामदगी की गई है

    अयोध्या के श्रीराम मंदिर के दानपात्रों से चढ़ावा चोरी करने के आरोप में गिरफ़्तार अभियुक्तों को सोमवार तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

    इस मामले में अभियोजन अधिकारी केसी वर्मा ने कहा, "अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं ने दानपात्रों में पैसे और जेवर दान दिए. ट्रस्ट के कर्मचारियों ने उसकी चोरी की और भ्रष्टाचार किया. इस केस में आठ अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया गया है. उन्हें कोर्ट ने सोमवार तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है."

    उन्होंने आगे बताया कि इस मामले में अब तक क़रीब 80 लाख रुपये बरामद किए गए हैं.

    उन्होंने कहा, "सुभाष को छोड़कर अन्य अभियुक्तों के पास से 79 लाख 85 हज़ार 493 रुपये बरामद किए गए हैं. उनके पास से अलग-अलग राशि बरामद हुई है."

    आठों अभियुक्तों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आठों अभियुक्तों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया

    इससे पहले अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले में एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपे जाने के बाद गुरुवार देर शाम आठ लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई थी.

    सभी आठ अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश किया किया गया.

    यह एफ़आईआर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर राम जन्मभूमि पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई थी.

    यह मामला भारतीय न्याय संहिता की उन धाराओं में दर्ज किया गया है जो कर्मचारी की चोरी, आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और आपराधिक साज़िश से संबंधित हैं.

    एफ़आईआर में जिन लोगों के नाम हैं, वे हैं — टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, मनीष यादव, सुभाष श्रीवास्तव, करुणेश पांडे और रामशंकर मिश्रा.

  11. आयरलैंड के ख़िलाफ़ टी20 मैच में नहीं खेलेंगे सूर्यवंशी, कप्तान श्रेयस ने बताई वजह

    वैभव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी पर क्रिकेट फ़ैन्स की ख़ास नज़र थी (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत और आयरलैंड के बीच टी-20 सिरीज़ का पहला मैच आज यानी शुक्रवार को बेलफ़ास्ट में खेला जा रहा है.

    इस मैच के लिए भारत के युवा तूफ़ानी बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी पर क्रिकेट फ़ैन्स की ख़ास नज़र थी, हालांकि उन्हें प्लेइंग टीम में जगह नहीं मिली.

    भारत ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है.

    भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "यह हमारे लिए नई पिच है. हमारी टीम के ज़्यादातर खिलाड़ियों ने यहां पहले नहीं खेला है. इसलिए हालात को देखते हुए हमने पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया."

    सूर्यवंशी के खेलने पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, "दुर्भाग्य से नहीं. वह शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन हमारी टीम में ऐसे कई खिलाड़ी हैं जिन्होंने हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए हम उन पर भरोसा जता रहे हैं. समय आने पर उन्हें भी मौका मिलेगा."

    इस मैच में भारत की प्लेइंग इलेवन में ये खिलाड़ी हैं शामिल-

    अभिषेक शर्मा

    संजू सैमसन

    ईशान किशन

    श्रेयस अय्यर

    तिलक वर्मा

    शिवम दुबे

    अक्षर पटेल

    वॉशिंगटन सुंदर

    हर्षित राणा

    अर्शदीप सिंह

    प्रसिद्ध कृष्णा

  12. राहुल गांधी का लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में दो साल पूरा, जानिए क्या कहा

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, @RahulGandhi

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी हाल के दिनों में नीट परीक्षा और शिक्षा के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर हमलावर हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर दो साल पूरा कर लिया है.

    राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में आज दो साल पूरे हुए. इन दो सालों का हर दिन एक ही काम रहा - हर भारतीय की आवाज़ को सत्ता तक पहुँचाना. नीट के छात्रों की लड़ाई हो, वोट चोरी का पर्दाफाश हो या संविधान की रक्षा, हर मोर्चे पर आपके साथ खड़ा रहा, आज भी हूं, हमेशा रहूंगा."

    राहुल गांधी ने आगे लिखा, "सड़क से संसद तक, आपका भरोसा ही मेरी सबसे बड़ी ताक़त है. सफ़र लंबा है, पर संकल्प वही, आपके लिए हर लड़ाई लड़ता रहूँगा."

    राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से सांसद हैं. साल 2024 के लोकसभा चुनावों में उन्होंने यहां से बड़ी जीत हासिल की थी.

  13. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामलाः केजरीवाल पहुंचे अयोध्या, सीएम योगी ने क्या कहा

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, @ArvindKejriwal/ ANI

    इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की अयोध्या यात्रा को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने बयान दिया है

    दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अयोध्या यात्रा पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिना नाम लिए उन पर टिप्पणी की है.

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया में एक कार्यक्रम में कहा, "दिल्ली से भी एक सज्जन वहां (अयोध्या) आए हैं आज. मैं उनसे भी कहना चाहूंगा कि दिल्ली की जनता ने उन्हें 15 वर्षों तक अवसर दिया लेकिन दिल्ली को उन्होंने बर्बादी के सिवाय कुछ नहीं दिया, भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया."

    "अयोध्या को डबल इंजन की सरकार ने नौ वर्ष में जो सजाया है जो संवारा है. देखिए इस मॉडल को और अपने काम पर पश्चाताप करो. अगर आम आदमी पार्टी दिल्ली के साथ ऐसा ही न्याय करते तो दिल्ली भी ऐसे ही चमकती."

    इससे पहले दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या में राम मंदिर पहुंचे थे.

    वो लगातार राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर सरकार पर हमलावर हैं.

    उन्होंने मंदिर में दर्शन करने के बाद पत्रकारों से कहा, "... इतना बड़ा घोटाला हो गया यहां, भगवान राम के चढ़ावे की चोरी हो गई. हमने भगवान से प्रार्थना की कि जिन लोगों ने भी इस तरह से महापाप किया है, वे उन्हें भगवान कठोर से कठोर दंड दें."

    केजरीवाल ने आगे कहा, "इस मामले में जो एफ़आईआर हुई है वह केवल एक दिखावा है. एक छलावा है. आठ छोटे-छोटे कर्मचारियों को गिरफ़्तार किया गया है. इतने दिनों से जो घोटाला चल रहा था, ज़ाहिर तौर पर इतने दिनों से घोटाला कोई छोटे-छोटे कर्मचारी नहीं कर रहे थे. इसके तार बहुत ऊपर तक जुड़े हुए हैं. बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है."

    अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे में गड़बड़ी के मामले में एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपे जाने के बाद गुरुवार देर शाम आठ लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई थी.

    सभी आठ अभियुक्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उन्हें अगले एक-दो दिनों में मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया जाएगा.

  14. किस सरकारी कंपनी में हिस्सेदारी बेचने के ख़िलाफ़ तमिलनाडु के सीएम विजय ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी

    विजय

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विजय ने एनएलसी इंडिया को रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संपत्ति बताया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्र सरकार के एनएलसी इंडिया लिमिटेड (एनएलसी) में अपनी हिस्सेदारी बेचने के प्रस्तावित फैसले का विरोध किया है.

    उन्होंने इस फैसले पर दोबारा विचार करने की अपील की है.

    पत्र में कहा गया है, "तमिलनाडु सरकार का मानना है कि एनएलसी इंडिया केवल एक सूचीबद्ध कंपनी नहीं, बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा, खनिज विकास और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे से जुड़ी एक रणनीतिक राष्ट्रीय संपत्ति है."

    उन्होंने लिखा, "भारत सरकार की हिस्सेदारी में किसी भी स्तर की और कमी, चाहे वह सीमित ही क्यों न हो, ऐसे रणनीतिक महत्व वाले सार्वजनिक उपक्रमों में सरकारी स्वामित्व के लिए एक गलत मिसाल कायम करेगी."

    विजय ने आगे लिखा, "इससे केवल वित्तीय पहलुओं तक सीमित रहने वाली चिंताएं ही पैदा होती हैं, बल्कि यह राज्य, उसके लोगों और देश की दीर्घकालिक ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े हितों को भी प्रभावित करती हैं."

    इस मुद्दे पर तमिलनाडु के कई नेताओं ने अपनी आपत्ति जताई है.

    डीएमके सांसद कनिमोझी ने एक्स पर लिखा, "मैंने केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री को पत्र लिखकर भारत सरकार से नेवेली लिग्नाइट कॉर्पोरेशन (एनएलसी) इंडिया लिमिटेड में 3 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के प्रस्ताव पर तुरंत पुनर्विचार करने और इसे वापस लेने की अपील की है."

    उन्होंने लिखा है कि एनएलसी अनुसूची 'ए' की केंद्र की सार्वजनिक क्षेत्र की नवरत्न कंपनी (सीपीएसई) है.

    कनिमोझी ने लिखा, "इस प्रस्ताव को लेकर कर्मचारियों, ट्रेड यूनियनों और आम लोगों के बीच व्यापक चिंता है. मैंने केंद्र सरकार से हिस्सेदारी बिक्री का प्रस्ताव वापस लेने और सभी हितधारकों के हितों की रक्षा करने के साथ-साथ एनएलसी के रणनीतिक महत्व और सार्वजनिक क्षेत्र के स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए उचित कदम उठाने का आग्रह किया है."

    एनएलसी इंडिया लिमिटेड (एनएलसीआईएल) तमिलनाडु में मौजूद भारत की प्रतिष्ठित सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में से एक है, जो लिग्नाइट खनन और बिजली उत्पादन के क्षेत्र में काम करती है. इसकी स्थापना वर्ष 1956 में हुई थी. इसका ऑपरेशन देश के कई हिस्सों तक फैल चुका है.

  15. वेनेज़ुएला: मलबे से सुरक्षित निकाली गईं महिला, बताया कैसे ख़ुद को बचाया

    वेनेज़ुएला ला ग्वेइरा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वेनेज़ुएला में बुधवार शाम को भूकंप के दो भीषण झटके महसूस किए गए, इस भूकंप से देश में कम से कम 250 इमारतें ढह गई हैं और अब तक 235 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है

    वेनेज़ुएला के ला ग्वेइरा में एक इमारत के मलबे से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. ग्रासिएला मोरा नाम की यह महिला बुधवार शाम को आए विनाशकारी भूकंप में इमारत के मलबे में दब गई थीं.

    जब आपातकालीन सेवा में लगे कर्मियों और स्वयंसेवकों ने सुरक्षित बाहर निकाला तब वह पूरी तरह होश में थीं.

    उन्होंने इस दौरान स्ट्रेचर पर लेटे हुए ही यह भी बताया कि इस भूकंप में वो कैसे बच गईं, जबकि इमारत पूरी तरह ढह गई.

    उन्होंने बताया, "जब भूकंप आया, तो मैंने दरवाजे की चौखट को पूरी ताक़त से पकड़ लिया. चौखट को मज़बूती से पकड़ने की वजह से मेरी उंगली टूट गई. मैंने दरवाजे की चौखट को तब तक पकड़े रखा, जब तक पूरी इमारत की मंजिलें ढह नहीं गईं."

    उन्होंने अपने बचाव के बारे में आगे कहा, "मैंने किसी का हाथ देखा और उसे पकड़ लिया."

    स्थानीय समय के अनुसार बुधवार शाम वेनेज़ुएला में आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंपों में अब तक कम से कम 235 लोगों की मौत हो चुकी है और 4,300 लोग घायल हुए हैं.

    भूकंप के बाद राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं.

    राजधानी काराकास और ला ग्वेइरा में ढही इमारतों के मलबे के नीचे से लोगों की मदद की पुकार सुनाई दे रही है.

  16. वेनेज़ुएला: भूकंप में अब तक कम से कम 235 लोगों की मौत, चार हज़ार से ज़्यादा घायल

    वेनेज़ुएला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वेनेज़ुएला में विनाशकारी भूकंप में अब तक 200 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोगों का सबकुछ भूकंप में तबाह हो गया.

    वेनेज़ुएला में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद राहत और बचाव दल मलबे में फंसे लोगों को बचाने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं. इस आपदा में अब तक कम से कम 235 लोगों की मौत हो चुकी है.

    स्थानीय समय के अनुसार बुधवार शाम आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंपों में अब तक कम से कम 4,300 लोग घायल हुए हैं.

    राजधानी काराकास और ला ग्वेइरा में ढही इमारतों के मलबे के नीचे से लोगों की मदद की पुकार सुनाई दे रही है.

    वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज़ ने कहा कि भूकंप में 250 इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं या पूरी तरह ढह गई हैं. इनमें सबसे अधिक नुक़सान ला ग्वेइरा में हुआ है.

    यहां एक 10 मंज़िला होटल पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया.

    घटनास्थल पर मौजूद टीमें लगातार राहत और बचाव अभियान चला रही हैं और हालात से जुड़ी ताजा जानकारी सामने आ रही है.

  17. अब तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ महत्वपूर्ण ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. अयोध्या: राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी के सवाल पर नाराज़ हुए ब्रजेश पाठक

    ब्रजेश पाठक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से जब राम मंदिर में कथित चंदा गबन के मामले पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी.

    मिर्ज़ापुर में पत्रकारों से उन्होंने कहा, "बाबरी मस्जिद के लिए चंदा इकट्ठा हुआ था, उसके बारे में सवाल पूछिए. कोई पूछ रहा है?"

    उन्होंने कहा, "समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोग केवल तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं. वो सिर्फ मुस्लिम मतदाताओं को लुभाने के लिए सनातन संस्कृति पर हमला कर रहे हैं."

    "हमारी सरकार भ्रष्टाचार और कदाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है. आप बाबरी मस्जिद पर सवाल पूछिए.'

    इसके बाद एक पत्रकार ने उनसे राम मंदिर चंदा चोरी से जुड़ी एफ़आईआर के बारे में पूछा तो वो मदरसों की बात करने लगे.

  19. शशि थरूर ने पासपोर्ट और नागरिकता के संबंध से जुड़े पूछे ये सवाल

    शशि थरूर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद शशि थरूर (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पासपोर्ट विवाद पर अपनी बात रखी है. उन्होंने सरकार से सवाल किया है कि अगर पासपोर्ट नागरिकता साबित नहीं करता तो फिर कौन सा दस्तावेज़ नागरिकता साबित करता है?

    दरअसल हाल ही में विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया कि भारतीय पासपोर्ट मुख्य रूप से यात्रा दस्तावेज़ है, नागरिकता का अंतिम प्रमाण नहीं.

    शशि थरूर ने एक्स पर बयान जारी कर कहा कि बयान ने लोगों के बीच भ्रम और राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया है.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "सरकार का कहना है कि यह कोई नई बात नहीं है, बल्कि पासपोर्ट अधिनियम, 1967 की धारा 20 पर आधारित पुरानी क़ानूनी व्यवस्था है. इस धारा के तहत कुछ विशेष परिस्थितियों में जनहित में ग़ैर-नागरिकों को भी पासपोर्ट जारी किया जा सकता है. लेकिन आम नागरिक के लिए यह क़ानूनी अंतर व्यावहारिक रूप से कोई मायने नहीं रखता."

    उन्होंने लिखा, "दशकों से पासपोर्ट को पहचान का सबसे विश्वसनीय दस्तावेज़ माना जाता रहा है. इसे प्राप्त करने के लिए लोगों को पुलिस सत्यापन और कई दस्तावेज़ों की जांच जैसी लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है. ऐसा इसलिए क्योंकि पासपोर्ट जारी करने से पहले सरकार नागरिकता के पर्याप्त प्रमाण मांगती है."

    "ऐसे में उसी दस्तावेज़ को नागरिकता का अंतिम प्रमाण न मानना एक विरोधाभासी स्थिति पैदा करता है. अगर पासपोर्ट भी नागरिकता साबित नहीं करता, तो फिर कौन-सा दस्तावेज़ करता है?"

    "सुप्रीम कोर्ट पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि आधार कार्ड केवल पहचान और निवास का प्रमाण है, नागरिकता का नहीं. इससे करोड़ों भारतीय ऐसी स्थिति में पहुंच जाते हैं, जहां उनके पास सरकार द्वारा जारी आधुनिक दस्तावेज़ तो हैं, लेकिन कानूनी रूप से उनमें से कोई भी उनकी नागरिकता का अंतिम प्रमाण नहीं माना जाता."

    उन्होंने सरकार को सुझाव दिया कि वो कानून में संशोधन करे और यह स्पष्ट रूप से तय करे कि पासपोर्ट और आधार कार्ड को अगर सरकार ने रद्द न किया हो तो वो भारतीय नागरिकता के वैध और अंतिम प्रमाण माने जाएं.

  20. शुभेंदु अधिकारी बोले, 'पश्चिम बंगाल में भी यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होगा'

    शुभेंदु अधिकारी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल के मुख्य मंत्री शुभेंदु अधिकारी (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि बंगाल में भी यूनिफॉर्म सिविल कोडयानी समान नागरिक संहिता लागू किया जाएगा.

    उन्होंने कोलकाता में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "समान नागरिक संहिता पश्चिम बंगाल में भी लागू होगी. इसकी एक प्रकिया होती है. मैं इसके बारे में विधानसभा में बताऊंगा."

    उन्होंने कहा, "इसके लिए एक रिटायर्ड जज के नेतृत्व में एक कमिटी बनेगी. गुजरात, उत्तराखंड और असम में अपनाई गई प्रक्रिया के अनुसार ही यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी. मैं सोमवार को विधानसभा में इस बारे में और जानकारी दूंगा."

    उन्होंने पश्चिम बंगाल की पिछली सरकार पर भी निशाना साधा.

    उन्होंने कहा, "पिछली सरकार का एजेंडा भ्रष्टाचार, परिवारवाद और पश्चिम बंगाल को पीछे ले जाने वाला था. रवींद्रनाथ टैगोर और बंकिम चंद्र जैसी हस्तियों की विरासत को बढ़ावा देना कभी भी उनके एजेंडे का हिस्सा नहीं था. अब सत्ता में एक राष्ट्रवादी सरकार है और ये सभी काम आगे बढ़ाए जाएंगे."

    सीएम शुभेंदु ने 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ एक राष्ट्रीय स्तर के संग्रहालय बनाने की घोषणा करने की बात कही.