लाइव, महबूबा मुफ़्ती की बेटी इल्तिजा का दावा- हमें हाउस अरेस्ट किया गया है

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ़्ती ने दावा किया है कि उन्हें और उनके परिवार को मार्टर्स डे से पहले घर में नज़रबंद किया गया.

छोड़कर वीडियो आगे बढ़ें
  • Maharashtra cylinder
  • gaza football
  • trump Iran
  • प्रशांत किशोर
  • ज़िनेदिन ज़िदान
  • पुणे में बारिश
  • समंदर का पानी खारा, नदी का पानी मीठा क्यों होता है?

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. महबूबा मुफ़्ती की बेटी इल्तिजा का दावा- हमें हाउस अरेस्ट किया गया है

    इल्तिजा मुफ़्ती

    इमेज स्रोत, Nasir Kachroo/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ़्ती की बेटी इल्तिजा मुफ़्ती (फ़ाइल फ़ोटो)

    पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ़्ती ने दावा किया है कि उन्हें और उनके परिवार को मार्टर्स डे से पहले घर में नज़रबंद किया गया.

    कुछ रिपोर्टों के अनुसार महबूबा मुफ़्ती को भी नज़रबंद किया गया है.

    इस मामले पर पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या पुष्टि नहीं मिली है.

    इल्तिजा मुफ़्ती ने एक्स पर लिखा, "हमें मार्टर्स डे से एक दिन पहले उन कारणों से नज़रबंद कर दिया गया है, जिन्हें जम्मू-कश्मीर पुलिस ही बेहतर जानती है. क्या यही वह सामान्य स्थिति है, जिसे वे कश्मीर में स्थापित करने का दावा करते हैं?"

    उन्होंने लिखा, "स्थानीय सरकार भी इसमें शामिल है. वह अपनी ज़रूरत के हिसाब से पुलिस का इस्तेमाल कर रही है."

    उनके मुताबिक़, सिधरा में पुलिस घरों को गिरा रही है और ज़रूरत पड़ने पर विरोधियों को हिरासत में लिया जा रहा है.

    गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में 13 जुलाई को मार्टर्स डे के रूप में मनाया जाता है. यह दिन साल 1931 में श्रीनगर की केंद्रीय जेल के बाहर डोगरा सेना की गोलीबारी में मारे गए 22 लोगों की याद में मनाया जाता है.

  2. वैभव सूर्यवंशी पहुंचे विंबलडन, बताया पसंदीदा टेनिस प्लेयर का नाम

    वैभव सूर्यवंशी

    इमेज स्रोत, Instagram/abhisheksharma_4

    इमेज कैप्शन, वैभव ने बताया कि वह बीते चार-पांच सालों से टेनिस को फ़ॉलो कर रहे (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय क्रिकेट टीम के 15 वर्षीय बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी रविवार को विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट देखने पहुंचे. इस दौरान उनके साथ अभिषेक शर्मा और युवराज सिंह भी थे.

    वैभव ने बताया कि वह बीते चार-पांच सालों से टेनिस को फ़ॉलो कर रहे हैं. उन्होंने नोवाक जोकोविच और राफ़ेल नडाल को अपना पसंदीदा टेनिस खिलाड़ी बताया.

    वैभव ने कहा, "मैं यहां फ़ाइनल मैच देखने आया हूं. लाइव मैच देखना एक शानदार अनुभव है."

    उन्होंने कहा, "मैं नडाल और जोकोविच को बहुत देखता था. मुझे जोकोविच बहुत पसंद हैं, ये दो खिलाड़ी थे जिन्हें मैं सबसे ज्यादा फ़ॉलो करता था."

    वैभव ने कहा कि उन्हें इस टूर्नामेंट में यानिक सिनर का प्रदर्शन काफ़ी अच्छा लगा.

    गौरतलब है कि इटली के यानिक सिनर ने विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट में पुरुष सिंगल्स का ख़िताब जीता है. उन्होंने फ़ाइनल में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज़्वेरेव को हराया.

  3. अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने खाड़ी देशों को दी ये चेतावनी

    अब्बास अराग़ची

    इमेज स्रोत, Thomas Trutschel/Photothek via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका की ओर से हुए ताज़ा हमलों के बाद ईरान ने खाड़ी देशों को चेतावनी दी है (फ़ाइल फ़ोटो: ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची)

    ईरान ने खाड़ी देशों को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने ईरान के ख़िलाफ़ किसी भी सैन्य कार्रवाई में सहयोग किया या अपनी ज़मीन का इस्तेमाल करने दिया, तो उन्हें निशाना बनाया जाएगा.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, अमेरिका की ओर से हुए ताज़ा हमलों के बाद ईरान के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को ये चेतावनी जारी की है.

    ईरान के सरकारी मीडिया में जारी बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा, "युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर हुए अभी केवल 25 दिन ही हुए हैं, लेकिन अमेरिका ने खुले तौर पर समझौते के लगभग सभी प्रावधानों का उल्लंघन किया है."

    विदेश मंत्रालय का दावा है कि अमेरिकी हमलों में ईरान के परिवहन नेटवर्क, मछली पकड़ने वाली नौकाओं, मालवाहक जहाज़ों, मौसम विभाग की इमारतों और अन्य सरकारी सुविधाओं को निशाना बनाया गया. मंत्रालय ने इसे गंभीर युद्ध अपराध बताया.

    विदेश मंत्रालय ने आगे कहा कि पड़ोसी देशों की ज़िम्मेदारी है कि वे अंतरराष्ट्रीय क़ानून के तहत किसी भी हमलावर देश को अपनी ज़मीन या सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल करने की अनुमति न दें.

    ईरान ने कहा कि उसके ख़िलाफ़ हमलों में शामिल या मदद करने वाली हर जगह को उसकी सेना जवाबी कार्रवाई में निशाना बनाएगी.

  4. यानिक सिनर ने लगातार दूसरी बार जीता विंबलडन का ख़िताब

    यानिक सिनर

    इमेज स्रोत, Clive Brunskill/Getty Images

    इमेज कैप्शन, यानिक सिनर का यह लगातार दूसरा विंबलडन पुरुष सिंगल्स और पांचवां ग्रैंड स्लैम ख़िताब है

    इटली के यानिक सिनर ने विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट में पुरुष सिंगल्स का ख़िताब जीता है. उन्होंने फ़ाइनल में जर्मनी के अलेक्जेंडर ज़्वेरेव को हराया.

    सिनर ने लंदन के सेंटर कोर्ट पर खेले गए रोमांचक फ़ाइनल मुक़ाबले में अलेक्जेंडर ज़्वेरेव को 6-7, 7-6, 6-3, 6-4 से शिकस्त दी.

    यानिक सिनर का यह लगातार दूसरा विंबलडन पुरुष सिंगल्स और पांचवां ग्रैंड स्लैम ख़िताब है. सिनर इससे पहले 2025 में विंबलडन चैंपियन रह चुके हैं.

    दूसरी ओर, चीन की गुओ हान्यू और फ्रांस की क्रिस्टीना म्लाडेनोविच की जोड़ी ने महिला डबल्स का ख़िताब अपने नाम किया है.

    इस जोड़ी ने फ़ाइनल मुकाबले में कनाडाई-ब्राजीलियाई जोड़ी गैब्रिएला डाब्रोव्स्की और लुइसा स्टेफानी को सीधे सेटों में 6-3, 7-5 से हराया.

  5. थाईलैंड: बैंकॉक के बार में आग लगने से 27 लोगों की मौत, 60 से ज़्यादा घायल

    बैंकॉक को

    इमेज स्रोत, chanakarn LAOSARAKHAM / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, बैंकॉक स्थित बार में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है

    थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के चातुचक इलाक़े में स्थित एक बार में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रातभीषण आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई.

    इस हादसे में 60 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. कई लोगों के अब भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है.

    फ़ायर ब्रिगेड को रविवार को आधी रात के बाद आग लगने की सूचना मिली. मौक़े पर पहुंची टीम ने देखा कि लोग आग और धुएं से बचने के लिए बार के मेन गेट से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर सामने आए कुछ वीडियो में बार से उठती आग की ऊंची लपटें और जान बचाकर भागते लोग दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में कुछ लोग चीखते हुए और गिरते हुए नज़र आ रहे हैं.

    घटनास्थल पर पहुंचे थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने बताया कि अब तक 27 शव बरामद किए जा चुके हैं और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

    स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दमकल विभाग ने क़रीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर क़ाबू पा लिया, लेकिन तब तक बड़ा नुक़सान हो चुका था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक़, मृतकों में नौ पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं.

    प्रधानमंत्री ने बताया कि आग लगने के समय बार में प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार से भी पूछताछ की गई. संगीतकार के अनुसार, आग सबसे पहले बिजली के कट-आउट स्विच में लगी, जिसके बाद तेज़ धमाका हुआ और कुछ ही पलों में पूरे परिसर में आग और धुआं फैल गया.

    प्रधानमंत्री ने बताया कि कई लोग बाहर निकलने के बजाय इमारत के पीछे की ओर चले गए और शौचालयों में छिप गए. उन्होंने कहा कि अधिकांश शव वहीं से बरामद किए गए.

  6. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    बीबीसी हिन्दी की अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करें.