महाराष्ट्र: रायगढ़ के दिवेआगर बीच पर बड़ा हादसा, 8 छात्रों की डूबने से मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, महाराष्ट्र के रायगढ़ स्थित दिवेआगर बीच (फ़ाइल फ़ोटो)
महाराष्ट्र के रायगढ़ ज़िले के दिवेआगर समुद्र तट पर एक हादसे में 8 छात्रों की डूबने से मौत हो गई.
पुलिस अधीक्षक(एसपी) कार्यालय के मुताबिक, पुणे के आलंदी स्थित विनर्स अकादमी के 48 छात्र और शिक्षक पिकनिक और एजुकेशनल टूर के लिए दिवेआगर बीच पहुंचे थे.
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक ग्रुप में 25 लड़के, 17 लड़कियां और 6 शिक्षक शामिल थे. सभी लोग दिघी और दिवेआगर बीच क्षेत्र में घूमने आए थे. इसी दौरान कुछ छात्र समुद्र में उतर गए और हादसे का शिकार हो गए.
एसपी कार्यालय ने बताया कि घटना में 8 छात्रों की मौत हो गई है. बचाव और राहत अभियान चलाया गया और दूसरे छात्रों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया.
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे की वजहों और परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है. पुलिस और स्थानीय प्रशासन आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटे हुए हैं.
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ने की ख़बरों के बीच क्या बोले राजा वडिंग
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वडिंग (फ़ाइल फ़ोटो)
पंजाब कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि वह दिल्ली जा रहे हैं और जल्द ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ने को लेकर विस्तार से अपनी बात रखेंगे.
राजा वडिंग ने कहा, "मैं अभी दिल्ली के लिए रवाना हो रहा हूं. मैं निश्चित रूप से आप सभी के साथ बैठकर बात करूंगा और आपके सभी सवालों के जवाब दूंगा. मुझे लगता है कि कल तक इन मुद्दों को लेकर मेरे पास ज्यादा स्पष्टता होगी."
उन्होंने आगे कहा, "इसके बाद मैं आपको पूरी बात ठीक से समझा सकूंगा और आपके माध्यम से पंजाब के लोगों तक भी अपनी बात पहुंचा सकूंगा."
उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठकों के बाद स्थिति और फैसले को लेकर तस्वीर अधिक स्पष्ट होगी, जिसके बाद वह मीडिया और जनता के सामने अपना पक्ष रखेंगे.
इस बीच, राजा वडिंग ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स प्रोफाइल में भी बदलाव किया है. उन्होंने अपने बायो में "प्रेसिडेंट, पंजाब कांग्रेस" की जगह "फ़ार्मर प्रेसिडेंट, पंजाब कांग्रेस" लिख दिया है. पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के फैसले के बाद पार्टी की सियासत को लेकर चर्चाएं तेज़ हैं.
हालांकि राजा वडिंग ने फिलहाल किसी तरह की नाराजगी या असहमति खुलकर जाहिर नहीं की है और कहा है कि वह जल्द ही इस विषय पर विस्तार से बात करेंगे.
उत्तर प्रदेश: महिला को प्रसव के लिए अस्पताल में नहीं मिला इलाज, जातिगत भेदभाव का आरोप, गौरव गुलमोहर, बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Gaurav Gulmohar
इमेज कैप्शन, परिवार का आरोप है कि भेदभाव की वजह से महिला को इलाज देने से इनकार किया गया
उत्तर प्रदेश के भदोही में एक महिला के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि जातिगत भेदभाव की वजह से उसे प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती नहीं किया गया है. इस मामले में स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है.
20 वर्षीय इस महिला को भदोही के महाराजा चेतसिंह ज़िला अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती नहीं किए जाने का आरोप है.
परिवार का आरोप है कि दलित होने की वजह से उन्हें इलाज देने से इनकार किया गया.
महिला की मां ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, "मैं अपनी बेटी को अस्पताल में मंगलवार रात करीब दस बजे लेकर आई थी. मैंने बोला, मैडम बच्चा होने वाला है, चेक कर लो. तो मैडम बोलीं, हम लोग वनवासी लोगों की डिलीवरी नहीं करवाते हैं. हम वनवासी लोगों को हाथ नहीं लगाते हैं."
वो बताती हैं, "हमें अस्पताल से बाहर निकाल दिया गया. मैं बाज़ार से होते हुए बेटी को लेकर जा रही थी. सड़क किनारे बेटी को बच्चा हो गया."
उनके अनुसार, ज्ञानपुर में सड़क किनारे प्रसव होने के बाद जब हंगामा शुरू हुआ, तब प्रशासन ने आनन-फानन में उनकी बेटी को अस्पताल में भर्ती किया.
वहीं महिला ने बीबीसी हिन्दी को बताया, "हम अस्पताल में आए तो मैडम ने बोला, हम तुम्हारी डिलीवरी नहीं कराएंगे. बीएचयू जाकर डिलीवरी कराओ."
मामले की जांच के लिए गठित समिति की रिपोर्ट के आधार पर ड्यूटी पर तैनात संविदा चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार की सेवा समाप्त कर दी गई है. स्टाफ नर्स नीलम मौर्या का तबादला कर दिया गया है.
भदोही के मुख्य चिकित्सा अधिकारी संतोष चक ने मीडिया को बताया, "मामले की जांच के बाद इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक की सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया गया है. वहीं, स्त्री रोग विशेषज्ञ का वेतन रोकते हुए स्टाफ नर्स का स्थानांतरण किया गया है. इसके अलावा लापरवाही के लिए ज़िला अस्पताल के सीएमएस और संबंधित महिला चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा गया है."
कई आदिवासी बच्चों की मौत के बाद एमपी के बालाघाट पहुंचे राहुल गांधी, क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को बालाघाट के जगला गांव में उन आदिवासी परिवारों से मुलाक़ात की, जिन्होंने कुपोषण, मलेरिया और खसरे जैसी गंभीर बीमारियों के कारण 30 से ज़्यादा बच्चों को खो दिया है
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुरुवार को मध्य प्रदेश के बालाघाट पहुंचे.
राहुल गांधी का यह दौरा बालाघाट के आदिवासी बहुल इलाकों में 30 से अधिक आदिवासी बच्चों की मौत की खबरों के बाद हुआ है. हालांकि, मृतकों की सटीक संख्या और उनकी मौत की वजहों को लेकर सरकारी स्तर पर अलग-अलग आकलन सामने आए हैं.
उन्होंने जगला गांव में उन परिवारों से भी मुलाक़ात की जिन्होंने अपने बच्चों को खोया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी समुदायों को स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार पर अपनी ज़िम्मेदारियां निभाने में विफल रहने का भी आरोप लगाया.
राहुल गांधी ने कहा कि इलाक़े में बीमारी और कुपोषण के कारण कई बच्चों की मौत हो चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में सरकारी सहायता वहां पूरी तरह नदारद है.
कांग्रेस नेता ने कहा, "आदिवासी समुदाय लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन गुजारने को मज़बूर हैं, लेकिन राज्य सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम नहीं उठा रही है."
उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में विकास और कल्याण योजनाओं का लाभ लोगों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच रहा है.
राहुल गांधी ने आदिवासी इलाक़ों में स्वास्थ्य सेवाओं को मज़बूत करने, शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और युवाओं के लिए रोजगार के साधन बढ़ाने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया.
उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदायों की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए.
फ्लाईदुबई विमान हमले की 'आतंकवादी एंगल' से भी जांच करेगा यूएई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, यूएई के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस मामले की गहन जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है (फ़ाइल फ़ोटो)
दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान में हुई घटना के बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने जांच शुरू करने का ऐलान किया है.
यूएई के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मामले की गहन जांच के लिए एक विशेष जांच टीम बनाई गई है.
विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक़, यूएई के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमद अल शम्सी ने लोक अभियोजन विभाग के विशेषज्ञ अधिकारियों की एक टीम बनाने का निर्देश दिया है.
यह फ़ैसला फ्लाईदुबई की उस जानकारी के बाद लिया गया, जिसमें कहा गया था कि विमान के कॉकपिट में विवाद हुआ था. स्थिति को काबू में करने के लिए विमान में मौजूद फ्लाईदुबई के क्रू सदस्यों ने हस्तक्षेप किया और विमान को सुरक्षित किया.
मंत्रालय ने कहा कि विमान यूएई में रजिस्टर्ड है और यूएई का झंडा लेकर उड़ रहा था. ऐसे में लागू क़ानूनों के तहत इस घटना की जांच का अधिकार यूएई की न्यायिक संस्थाओं के पास है. यूएई के क़ानून के मुताबिक़, विमान के अंदर होने वाले अपराधों पर यूएई का अधिकार क्षेत्र लागू होता है, भले ही घटना देश की सीमा के बाहर हुई हो.
विदेश मंत्रालय ने बताया कि जांच में घटना से जुड़े सभी पहलुओं और इसके संभावित कारणों की पड़ताल की जाएगी. यह भी जांच की जाएगी कि घटना का किसी आतंकवादी गतिविधि या मंशा से कोई संबंध था या नहीं और क्या इसके पीछे किसी तरह की पहले से योजना या निर्देश थे.
यूएई ने इस मामले में सहयोग और स्थिति को संभालने के लिए सऊदी अरब के अधिकारियों का भी आभार जताया है.
मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे सिर्फ़ आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर भरोसा करें और जांच पूरी होने तक किसी तरह की अटकलें शेयर करने से बचें.
अभिजीत दीपके ने कहा, 'ज्ञानेश कुमार पर क्रिमिनल केस दर्ज हो, एसआईआर को रोका जाए'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सीजेपी के संस्थापक दीपके ने कहा कि प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफ़ा नहीं दे देते
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने गुरुवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा कि उनकी पार्टी 2 अक्तूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन करेगी.
अभिजीत दीपके ने कहा, "हम कल मुंबई में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर अपना विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे."
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ आपराधिक मामला दर्ज करना, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर रोक लगाना, 2025 की मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराना और नए मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति के लिए एक स्वतंत्र संस्था का गठन करना शामिल है.
दीपके ने आरोप लगाया कि मौजूदा चुनावी प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं और इन मुद्दों के समाधान के लिए सीईसी का पद छोड़ना ज़रूरी है.
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफ़ा नहीं दे देते.
उन्होंने कहा, "हमारी मांग है कि एसआईआर प्रक्रिया को तुरंत रोका जाए, चुनाव 2025 की मतदाता सूची के आधार पर कराए जाएं और नए मुख्य चुनाव आयुक्त का चयन किसी स्वतंत्र संस्था द्वारा किया जाए."
मुंबई में प्रस्तावित यह प्रदर्शन चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच होने जा रहा है.
कार्टून: पहले मुझे दो
इमेज कैप्शन, एसआईआर में मतदाताओं के नाम कटने पर आज का कार्टून
फ़्लाईदुबई विमान हमला: भारतीय पायलट स्मित मच्छर को मिलेगा 'विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड'
इमेज स्रोत, @IsraelMFA
इमेज कैप्शन, भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर (फ़ाइल फ़ोटो)
इसराइल जा रही फ्लाइट में हमले के दौरान यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के साहस की गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सराहना की है.
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आज पूरी दुनिया कैप्टन मच्छर के साहस को सलाम कर रही है.
मुख्यमंत्री ने कहा, "हमले में गंभीर रूप से घायल होने और लहूलुहान होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छर ने अदम्य साहस का परिचय दिया और 174 यात्रियों की जान बचाई."
उन्होंने कहा कि यह बेहद प्रेरणादायक और सराहनीय कार्य है.
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि गुजरात के इस वीर सपूत ने अपने शौर्य से न केवल राज्य बल्कि पूरे देश का नाम दुनिया भर में रोशन किया है. उन्होंने कहा कि कैप्टन मच्छर की बहादुरी पर सभी गुजरातवासियों को गर्व है.
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कैप्टन स्मित मच्छर के असाधारण साहस और मानवता की भावना का सम्मान करते हुए गुजरात सरकार उन्हें 'विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड' से सम्मानित करेगी.
उन्होंने यह भी कहा कि पूरा गुजरात कैप्टन मच्छर के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है.
जम्मू-कश्मीर: डोडा में मेडिकल इंटर्न्स का आरोप, डॉक्टर ने बुर्का हटाने का दबाव बनाया, जहांगीर अली, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Govt Medical College Doda
इमेज कैप्शन, डोडा सरकारी मेडिकल कॉलेज (फ़ाइल फ़ोटो)
जम्मू-कश्मीर के डोडा ज़िले में एक वरिष्ठ महिला डॉक्टर पर कुछ मेडिकल इंटर्न्स ने परेशान करने का आरोप लगाया है. मामले की जांच के लिए एक समिति बनाई गई है.
डोडा सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) के स्त्री रोग विभाग की प्रमुख डॉ. मधु चिब पर आरोप है कि उन्होंने बुर्का पहनने वाली कुछ मुस्लिम छात्राओं को कॉलेज अस्पताल के लेबर रूम में जाने से रोक दिया.
जीएमसी डोडा के डिप्टी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. इरफान तसद्दुक ने बताया कि आरोपों की जांच के लिए कॉलेज के फिजियोलॉजी विभाग की प्रमुख डॉ. गरिमा चरक की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है.
उन्होंने कहा कि समिति दो दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. रिपोर्ट मिलने के बाद उसकी सिफारिशों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद बुधवार को कॉलेज परिसर में छात्रों ने डॉ. चिब के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया. बीबीसी द्वारा सत्यापित एक वीडियो में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं नारेबाज़ी करते दिखाई दे रहे हैं.
एक छात्रा ने मीडिया से कहा, "कौन-सी शिक्षा व्यवस्था छात्रों को बुर्का पहनने से रोकती है? जब हमें उनकी वेशभूषा से कोई समस्या नहीं है, तो उन्हें बुर्के से आपत्ति क्यों है? मैं बुर्का हटाने के बजाय पढ़ाई छोड़ना पसंद करूंगी."
बढ़ते विरोध के बीच स्थानीय पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा. पुलिस ने छात्रों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद प्रदर्शन ख़त्म हो गया.
छात्राओं के एक समूह ने मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि डॉ. चिब उन्हें बुर्का पहनने की वजह से परेशान कर रही थीं.
शिकायत में छात्राओं ने कहा, "बुर्का पहनने के मेरे फ़ैसले को लेकर मेरे साथ अनुचित व्यवहार किया गया, टिप्पणियां की गईं और बार-बार सवाल पूछे गए. मैं इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करती हूं."
डोडा के विधायक और जम्मू-कश्मीर आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष मेहराज मलिक ने भी इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
फ़्लाईदुबई विमान हमला: इसराइल के पीएम नेतन्याहू ने ईरान के बारे में क्या कहा?, हेनरी मूर और हेलेन सुलिवन
इमेज स्रोत, ANGELA WEISS / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू (फ़ाइल फ़ोटो)
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में हुए हमले के पीछे ईरान का हाथ है या नहीं, इस बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाज़ी होगी.
बुधवार को हुई इस घटना में एक पायलट ने दूसरे पायलट पर एक धारदार चीज़ से हमला कर दिया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की. इस दौरान विमान अपनी निर्धारित ऊंचाई से 17 हज़ार फीट से अधिक नीचे आ गया. हालांकि यात्रियों और क्रू सदस्यों ने मिलकर हमलावर को काबू कर लिया, जिसके बाद विमान सुरक्षित रूप से उतार लिया गया.
हमले में घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर का अस्पताल में इलाज चल रहा है. उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने उन्हें "सच्चा हीरो" बताया है.
विमान में मौजूद एक यात्री यानिव हायून ने बताया कि हमलावर विमान को नुक़सान पहुंचाने की कोशिश कर रहा था. उन्होंने उसे पीछे से पकड़कर काबू किया, जिसके बाद दूसरे यात्रियों ने भी मदद की और उसे दबोच लिया.
हमलावर को सऊदी अरब में गिरफ्तार किया गया है. नेतन्याहू ने फॉक्स न्यूज से कहा कि आगे की जांच के लिए हमलावर को संयुक्त अरब अमीरात भेजे जाने की संभावना है, क्योंकि विमान ने वहीं से उड़ान भरी थी.
जब उनसे पूछा गया कि क्या अब तक ईरान की संलिप्तता के कोई संकेत मिले हैं, तो उन्होंने कहा, "अभी ऐसा कहना बहुत जल्दी होगा."
उन्होंने यह भी बताया कि अभियुक्त से सऊदी अरब में पूछताछ की जा रही है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस घटना के बाद उनकी नेतन्याहू से बात हुई. ट्रंप के मुताबिक शुरुआती तौर पर ऐसा लगता है कि हमलावर "शायद एक आतंकवादी" था, हालांकि हमले के पीछे अन्य कारण भी हो सकते हैं.
वहीं, इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज़ ने इस घटना को "जिहादी आतंकवादी हमले की कोशिश" बताया है. हालांकि उन्होंने इस संबंध में कोई अधिक जानकारी नहीं दी.
एशियन गेम्स: हॉकी सेमीफ़ाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ( फ़ाइल फ़ोटो)
जापान के आइची-नगोया में खेले जा रहे एशियन गेम्स के हॉकी सेमीफ़ाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराकर फ़ाइनल में जगह बना ली है.
मैच की शुरुआत में भारत 3-0 से आगे था. इसके बाद पाकिस्तान ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 3-3 से बराबर कर लिया.
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पांचवें और 13वें मिनट में गोल दागे. सुखजीत सिंह ने 23वें मिनट में भारत के लिए तीसरा गोल किया. वहीं, अभिषेक ने मैच के 60वें मिनट में चौथा गोल कर भारत को रोमांचक जीत दिलाई.
पाकिस्तान की ओर से अबू महमूद ने 30वें मिनट में पहला गोल किया. इसके बाद हन्नान शाहिद ने 45वें मिनट में दूसरा गोल दागा, जबकि वहीद अशरफ राणा ने 49वें मिनट में तीसरा गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया.
इस जीत के साथ भारत एशियन गेम्स के फ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.
अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ाआप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.
भारतीय राजदूत ने दुबई में कैप्टन स्मित मच्छर के परिवार से की मुलाक़ात
इमेज स्रोत, @IsraelMFA
इमेज कैप्शन, भारत के राजदूत दीपक मित्तल दुबई में कैप्टन स्मित मच्छर के परिवार से मिले (फ़ाइल फ़ोटो: स्मित मच्छर)
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने दुबई में कैप्टन स्मित मच्छर के परिवार से मुलाक़ात की.
इस दौरान उन्होंने भारत सरकार की ओर से कैप्टन स्मित के बेहतर स्वास्थ्य के लिए हरसंभव सहायता और सहयोग का भरोसा दिलाया.
दीपक मित्तल ने एक्स पर लिखा, "हमें कैप्टन स्मित की बहादुरी पर गर्व है. उन्होंने कई लोगों की जान बचाई और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया. अभी उनके परिवार से मिला और उन्हें बधाई दी. भारत सरकार की ओर से इस हीरो के इलाज और अच्छे भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए पूरा समर्थन दिया."
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी दीपक मित्तल के पोस्ट को शेयर किया है.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्मित के परिवार से बात की थी. पीएम मोदी ने स्मित को एक्स पोस्ट में 'हीरो' भी बताया था.
बैंकों में हर शनिवार छुट्टी का दावा फर्ज़ी, सरकार ने किया खंडन
इमेज स्रोत, Ravi Choudhary/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, पीआईबी ने लोगों से इस तरह की भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की है (फ़ाइल फ़ोटो)
सरकार ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस दावे को फर्ज़ी बताया है, जिसमें कहा जा रहा है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के लिए हर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है.
प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) ने स्पष्ट किया कि वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग की ओर ऐसा कोई नोटिफ़िकेशन जारी नहीं किया गया है.
पीआईबी ने लोगों से इस तरह की भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील की है.
दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस (यूएफ़बीयू) की मांग थी कि बैंक कर्मियों को हर सप्ताह शनिवार और रविवार का अवकाश दिया जाए.
इस मांग के अलावा कुछ और मांगों को लेकर यूएफ़बीयू ने हड़ताल का एलान भी किया था. हालांकि, बाद में इसे स्थगित कर दिया था.
इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) ने मांगों पर विचार करने के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति का गठन करने की बात कही थी.
एशियन गेम्स 2026: भारत की क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराया, फ़ाइनल में पाकिस्तान से मुक़ाबला
इमेज स्रोत, ani
इमेज कैप्शन, भारत की ओर से ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की पारी खेली (फ़ाइल फ़ोटो)
एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट कंप्टीशन के सेमीफ़ाइनल मैच में भारत ने जीत दर्ज की है. श्रीलंका को 124 रन से हराकर भारत ने गोल्ड मेडल मैच में जगह बनाई है.
भारत ने गुरवार को टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन बनाए थे. जवाब में श्रीलंका की टीम 9.5 ओवर में 45 रन पर ऑलआउट हो गई.
भारत के लिए ईशान किशन ने नाबाद 80 रन की पारी खेली. वैभव सूर्यवंशी ने भी 21 गेंदों पर 38 रन बनाए.
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने 2-2 विकेट लिए. वहीं, श्रीलंका के 6 बल्लेबाज खाता नहीं खोल सके.
दूसरी ओर, पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 6 विकेट से हराया. यानी फ़ाइनल में अब भारत का सामना पाकिस्तान से होगा.
मौत की सज़ा पाने वाली महिला को दो बार दिया जानलेवा इंजेक्शन, फिर भी धड़कता रहा दिल, सरीन हबेशियन
इमेज स्रोत, Tennessee Department of Corrections
इमेज कैप्शन, महिला के वकीलों ने सज़ा को रोकने और उन्हें इलाज देने के लिए तुरंत याचिका दायर की (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका के टेनेसी राज्य में मौत की सज़ा पाने वाली क्रिस्टा पाइक को दो बार जानलेवा इंजेक्शन दिए गए, फिर भी उनका दिल धड़कता रहा.
जानलेवा इंजेक्शन की प्रक्रिया में गड़बड़ी होने के बाद पाइक के वकीलों ने उनकी सज़ा को रोकने और उन्हें इलाज देने के लिए तुरंत याचिका दायर की.
याचिका में कहा गया, "पाइक बेहोश हो गई हैं और उनका दिल अभी भी धड़क रहा. सांस लेते समय खर्राटों की आवाज आ रही है."
उनके एक वकील ने बीबीसी को बताया, "50 साल की पाइक को पेंटोबार्बिटल की दो सिरिंज दी गई थीं. अब उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है."
किस मामले में सज़ा हुई थी
क्रिस्टा पाइक को 1996 में 19 वर्षीय कोलीन स्लेमर की हत्या के मामले में मौत की सज़ा सुनाई गई थी. हत्या के समय पाइक की उम्र 18 वर्ष थी.
अभियोजन पक्ष के मुताबिक़, पाइक और उनके तत्कालीन बॉयफ्रेंड टेडारिल शिप ने स्लेमर को पीटा, प्रताड़ित किया और उसकी हत्या कर दी थी.
तीनों की मुलाकात परेशानियों से जूझ रहे किशोरों के लिए आयोजित एक जॉब ट्रेनिंग कैंप में हुई थी.
स्लेमर की मां मार्टिनेज ने कहा कि वह चाहती थीं कि सज़ा पर अमल हो. उन्होंने एसोसिएटेड प्रेस से कहा, "जब भी मैं इसके बारे में सोचती हूं, तो मुझे कोलीन के उस दर्द के बारे में याद आता है और लगता है कि वह उठकर भागने की कोशिश कर रही थी."
कैप्टन स्मित का ज़िक्र करते हुए बोले पीएम मोदी- नेतन्याहू ने कहा कि एक हिन्दुस्तानी ने...
इमेज स्रोत, YT/Narendra Modi
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि कैप्टन स्मित पर पूरी दुनिया गर्व कर रही है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ़्लाईदुबई फ़्लाइट के पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के 'साहस' की तारीफ़ की है.
पीएम मोदी ने गुरुवार को भारत मंडपम में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के 100 साल पूरे होने के कार्यक्रम के दौरान कैप्टन स्मित का ज़िक्र किया.
पीएम मोदी ने कहा, "कल एक घटना घटी थी जिसमें भारत के कैप्टन स्मित ने धैर्य, सूझबूझ और साहस का परिचय दिया है. इसराइल के प्रधानमंत्री ने कहा है कि हिन्दुस्तानी ने 9/11 होने से बचा लिया है. उनका यह पराक्रम हमें गौरव से भर देता है."
उन्होंने कहा, "मेरी कैप्टन स्मित के परिवार से भी बात हुई. आज पूरी दुनिया पर गर्व कर रही है. मैं देशवासियों से प्रार्थना करता हूं कि सभी स्मित की दीर्घायु के लिए कामना करें और भारत का गौरव बढ़ाने वाले स्मित का अभिनंदन करें."
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक एक्स पोस्ट में स्मित को 'हीरो' भी बताया था.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इसराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी स्मित की प्रशंसा की थी.
एशियन गेम्स 2026: भारत ने श्रीलंका को दिया 170 रन का लक्ष्य
इमेज स्रोत, Pankaj Nangia/Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय टीम में सर्वाधिक रन ईशान किशन ने बनाए, उन्होंने 46 गेंदों में 80 रन बनाए (फ़ाइल फ़ोटो)
एशियन गेम्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ 7 विकेट के नुक़सान पर 169 रन बनाए.
यह मुकाबला कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क के मैदान पर खेला जा रहा है. श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी.
टीम में सर्वाधिक रन ईशान किशन ने बनाए, उन्होंने 46 गेंदों में 80 रन बनाए
युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी 21 गेंदों में 38 रन बनाकर आउट हुए, उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के लगाए.
संजू सैमसन ने 9 गेंदों में 13 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा 7 रन बनाकर आउट हुए.
श्रीलंका को मैच जीतने के लिए 20 ओवर में 170 रन चाहिए.
कैप्टन स्मित मच्छर को लेकर राष्ट्रपति मुर्मू और विदेश मंत्री जयशंकर ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Daniel MIHAILESCU / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि पायलट की बहादुरी और तुरंत कार्रवाई ने एक बड़ी दुर्घटना को रोकने में मदद की है (फ़ाइल फ़ोटो)
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने फ़्लाईदुबई फ़्लाइट के पायलट भारतीय नागरिक कैप्टन स्मित मच्छर की तारीफ़ की है.
द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि पायलट की बहादुरी और तुरंत कार्रवाई ने एक बड़ी दुर्घटना को रोकने में मदद की है.
राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा, "देश को कैप्टन स्मित मच्छर पर गर्व है. उनकी बहादुरी और मुश्किल समय में तुरंत सही फ़ैसला लेने की उनकी क्षमता ने हम सभी को बहुत प्रभावित किया है."
"गंभीर खतरे के बीच गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी वह दूसरों की जान बचाने के लिए डटे रहे. उनकी बहादुरी और तुरंत कार्रवाई ने एक बड़ी दुर्घटना को रोकने में मदद की और कई कीमती जानें बचाईं."
उन्होंने कहा, "मैं उनके मजबूत हौसले को सलाम करती हूं. मैं उनके जल्द ठीक होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हूं."
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी कैप्टन स्मित की प्रशंसा करते हुए कहा कि दुनिया भर में उनकी बहादुरी को सलाम किया जा रहा है.
जयशंकर ने एक्स पर लिखा, "कैप्टन स्मित मच्छर की असाधारण बहादुरी और गंभीर खतरे के बीच भी तुरंत सही फ़ैसला लेने की उनकी क्षमता ने कल सैकड़ों लोगों की जान बचाई और एक बड़ी दुर्घटना को टाल दिया."
उन्होंने लिखा, "दुनिया भर से उनकी बहादुरी को सलाम करने और उनके जल्द ठीक होने की दुआ करने वाली अनगिनत आवाजों में आप भी शामिल हों."
गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्मित की बहादुरी की तारीफ़ की और उन्हें 'हीरो' बताया.
वैभव सूर्यवंशी को टाइम 100 नेक्स्ट में जगह, सूची में इकलौते भारतीय एथलीट
इमेज स्रोत, Nathan Stirk/Getty Images
इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने वाले इकलौते भारतीय एथलीट हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को टाइम मैगज़ीन की टाइम 100 नेक्स्ट लिस्ट में जगह मिली है.
यह सूची हर साल दुनिया भर के उन ‘उभरते सितारों’ को शामिल करती है, जो भविष्य को आकार दे रहे हैं.
अमेरिकी प्रकाशन ने बुधवार को इस सूची का एलान किया. 15 वर्षीय सूर्यवंशी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होने वाले इकलौते भारतीय एथलीट हैं.
वैभव सूर्यवंशी सूची में जगह बनाने वाले केवल सात एथलीटों में से एक हैं.
टाइम मैगज़ीन ने 2025 में भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल को टाइम 100 नेक्स्ट में जगह दी थी. वे उस साल लिस्ट में शामिल इकलौते क्रिकेटर थे.
इस बीच, जापान में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारत और श्रीलंका के बीच पुरुष क्रिकेट स्पर्धा का दूसरा सेमीफ़ाइनल मैच खेला जा रहा है. इसमें वैभव सूर्यवंशी 21 गेंद में 38 रन बनाकर आउट हो गए.