लाइव, मोहसिन नक़वी से महिला टीम के 'ट्रॉफ़ी' न लेने पर क्या बोले असदुद्दीन ओवैसी

महिला एशिया कप जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी से ट्रॉफ़ी लेने से इनकार कर दिया था.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. मोहसिन नक़वी से महिला टीम के 'ट्रॉफ़ी' न लेने पर क्या बोले असदुद्दीन ओवैसी

    असदुद्दीन ओवैसी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, असदुद्दीन ओवैसी ने सवाल उठाया किया कि भारत पाकिस्तान के साथ क्रिकेट ही क्यों खेल रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    महिला एशिया कप जीतने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी से ट्रॉफ़ी लेने से इनकार कर दिया था.

    इस मामले पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की प्रतिक्रिया सामने आई है.

    नक़वी पाकिस्तान के गृह मंत्री और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी के प्रमुख भी हैं.

    असदुद्दीन ओवैसी ने सवाल उठाया किया कि भारत पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेल ही क्यों रहा है.

    उन्होंने सोमवार को समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "आप उनके (पाकिस्तान) साथ क्यों खेल रहे हैं? जब सिंधु जल समझौते को रोक दिया गया है, तो आईसीसी का कॉन्ट्रैक्ट कैसे ज़रूरी हो सकता है? आप बीसीसीआई को टीवी राइट्स के ज़रिए पैसा कमाने दे रहे हैं."

    ओवैसी ने कहा, "सरकार उन लोगों के प्रति सहानुभूति क्यों नहीं दिखाती, जिनके परिवार के सदस्यों को पहलगाम में आतंकवादियों ने बेरहमी से मार डाला? आप उस देश के साथ क्यों खेल रहे हैं, जो अब भी आतंकवाद को बढ़ावा देता है? हाल ही में लाल क़िले पर हुआ आत्मघाती हमला भी पाकिस्तान के समर्थन से हुआ था."

    दूसरी ओर, भारतीय महिला टीम के कोच अमोल मजूमदार ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा कि बीसीसीआई ने जो रुख़ अपनाया है, उस पर क़ायम हैं और उसका समर्थन करते हैं.

    मजूमदार ने कहा कि उनके लिए यह टूर्नामेंट ख़त्म हो चुका है और भारतीय टीम चैंपियन है. उन्होंने कहा कि उनके लिए इतना ही काफ़ी है.

  2. पाकिस्तान में फिर बढ़े पेट्रोल-डीज़ल के दाम, अब एक लीटर की क़ीमत हुई इतनी

    पेट्रोल

    इमेज स्रोत, Scott Barbour/Getty Images

    इमेज कैप्शन, पेट्रोल की नई क़ीमत 380.24 रुपये प्रति लीटर हो गई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान में एक बार फिर पेट्रोल और हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमतों में बढ़ोतरी हुई है.

    पेट्रोलियम डिविज़न की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक़, पेट्रोल की क़ीमत में 4.42 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. इसके बाद पेट्रोल की नई क़ीमत 380.24 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

    वहीं, हाई-स्पीड डीज़ल के दाम में 6.10 रुपये प्रति लीटर का इज़ाफ़ा किया गया है. बढ़ोतरी के बाद डीज़ल की नई क़ीमत 409.42 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है.

    सरकार ने नई क़ीमतों को 15 सितंबर से तुरंत प्रभाव से लागू कर दिया गया है. हाल के दिनों में पाकिस्तान में पेट्रोल और हाई-स्पीड डीज़ल की क़ीमतों में निरंतर उछाल देखने को मिला है.

    (इस ख़बर में रुपये का मतलब पाकिस्तानी रुपये से है)

  3. हूतियों का दावा: सऊदी अरब ने यमन में 24 घंटे में किए 54 हवाई हमले

    हमला

    इमेज स्रोत, RABIH DAHER/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, हूतियों ने सोमवार को यह दावा भी किया कि उन्होंने सऊदी अरब में सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं (सांकेतिक तस्वीर)

    हूती विद्रोहियों ने सोमवार को दावा किया कि सऊदी अरब ने पिछले 24 घंटों में यमन के अलग-अलग इलाक़ों में 54 हवाई हमले किए हैं.

    यह दावा ऐसे समय सामने आया है, जब हूती लाल सागर के तटीय इलाक़ों में तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं.

    हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने एक बयान में कहा, "सऊदी की एयरफ़ोर्स ने एफ-15 और टाइफ़ून लड़ाकू विमानों के ज़रिए यमन के क्षेत्रों को निशाना बनाया. उनके मुताबिक़, इन हवाई हमलों में ताइज़, लहज, जौफ़, मारिब और होदेइदा के इलाक़े शामिल हैं."

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, हूतियों ने सोमवार को यह दावा भी किया कि उन्होंने सऊदी अरब में सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं.

    हूतियों के मुताबिक़, हाल के दिनों में उन्होंने लाल सागर के तट और बाब अल-मंदेब स्ट्रेट पर कंट्रोल हासिल किया है.

    गौरतलब है कि इस समुद्री मार्ग का रणनीतिक महत्व हाल ही में बढ़ गया था, क्योंकि अमेरिका-ईरान युद्ध के दौरान होर्मुज़ स्ट्रेट पहले से ही प्रभावित है.

  4. बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक करें.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद इन अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए इनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.