लाइव , स्पेनिश द्वीप इबीसा के पास सात हज़ार टन डीज़ल ले जा रहा टैंकर पलटा, एक की मौत
स्पेन के मीडिया के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती छह अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं. इनमें हाइपोथर्मिया यानी शरीर का तापमान बहुत कम हो जाने की समस्या भी शामिल है.
स्पेनिश द्वीप इबीसा के पास सात हज़ार टन डीज़ल ले जा रहा टैंकर पलटा, एक की मौत
इमेज स्रोत, CGT Mar y Puertos via Reuters
इमेज कैप्शन, मेड एमरे जहाज़ इबीसा द्वीप के पास पलट गया
स्पेनिश द्वीप इबीसा के तट के पास डीज़ल से भरा एक तेल टैंकर पलट गया है. अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई है. टैंकर में सात हज़ार टन तक डीज़ल ले जाने की क्षमता थी.
माल्टा के झंडे वाले इस जहाज़ का नाम 'मेड एमरे' है. इसमें चालक दल के 17 सदस्य सवार थे. सभी को बचा लिया गया, लेकिन सात लोगों को अस्पताल ले जाया गया. बाद में उनमें से एक को मृत घोषित कर दिया गया.
स्पेन के मीडिया के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती छह अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं. इनमें हाइपोथर्मिया यानी शरीर का तापमान बहुत कम हो जाने की समस्या भी शामिल है.
हादसे से समुद्र और पर्यावरण को हुए संभावित नुक़सान का आकलन किया जा रहा है. इसके लिए एक विमान और स्पेन की समुद्री बचाव सेवा के प्रदूषण नियंत्रण जहाज़ 'क्लारा कैम्पोआमोर' की मदद ली जा रही है.
बलेआरिक द्वीप समूह की अध्यक्ष मार्गा प्रोहेन्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि तेल रिसाव की आशंका को लेकर अभी बहुत कम जानकारी उपलब्ध है.
क्षेत्रीय आपातकालीन सेवा के निदेशक पाब्लो गैरिज़ ने कहा कि टैंकर पूरी तरह नहीं डूबा है, बल्कि उसका कुछ हिस्सा पानी में डूबा हुआ है. इससे बचाव और रिकवरी अभियान चलाना आसान होगा.
टैंकर इबीसा के तट से करीब 46 किलोमीटर दूर पलटा. हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है.
सपा के घोषणापत्र पर क्या बोले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (फ़ाइल फ़ोटो)
समाजवादी पार्टी(सपा) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए घोषणापत्र जारी कर दिया है. इस पर राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी है.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "यह समाजवादी पार्टी का घोषणापत्र नहीं, बल्कि 'ढकोसला पत्र' है. यह कोई संकल्प पत्र नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की जनता को धोखा देने वाला दस्तावेज़ है.''
उन्होंने कहा कि इसी वजह से जनता को समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र पर कोई भरोसा नहीं है.
उन्होंने कहा, "लोग जानते हैं कि समाजवादी पार्टी सत्ता में नहीं आने वाली और बीजेपी कहीं नहीं जाने वाली. बीजेपी ने अच्छा काम किया है और आगे भी करती रहेगी."
उन्होंने कहा, "आम लोगों की नज़र में बीजेपी भरोसे का पर्याय बन गई है. सपा के घोषणापत्र में किया गया हर वादा झूठ की उनकी दुकान में एक और चीज़ जोड़ने जैसा है."
अखिलेश यादव ने जारी घोषणापत्र में युवाओं को पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और दूसरे क्षेत्रों में दो से तीन करोड़ रोज़गार के अवसर उपलब्ध कराने का वादा किया है. साथ ही बुज़ुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हज़ार रुपये पेंशन देने का वादा किया है.
हाईकोर्ट ने बीजेपी विधायक ओम कुमार का चुनाव किया रद्द, 2022 में बने थे विधायक
इमेज स्रोत, OmKumar.MLA21
इमेज कैप्शन, 2022 के विधानसभा चुनाव में ओम कुमार ने आरएलडी प्रत्याशी मुंशी राम को 258 वोटों से हराया था
उत्तर प्रदेश के बिजनौर की नहटौर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ओम कुमार का चुनाव हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया है.
चुनाव के हलफ़नामे में आय से जुड़ी ग़लत जानकारी देने के कारण अदालत ने उनकी सदस्यता रद्द कर दी है.
2022 के विधानसभा चुनाव में ओम कुमार ने आरएलडी प्रत्याशी मुंशी राम को 258 वोटों से हराया था.
मुंशी राम ने चुनाव परिणाम को चुनौती देते हुए अदालत में याचिका दाखिल की थी. हाईकोर्ट ने फैसले के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में अपील करने के लिए ओम कुमार को 15 दिन की मोहलत दी है.
कुवैत में ईरान के ड्रोन हमले में इटली के दो नागरिकों की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
इटली ने कहा है कि कुवैत में गुरुवार को ईरान के ड्रोन हमले में उसके दो नागरिकों की मौत हो गई.
बीबीसी फ़ारसी ने इटली के विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक लिखा कि दोनों नागरिक जर्मनी की हथियार बनाने वाली कंपनी राइनमेटल के लिए काम करते थे.
इससे पहले कुवैत ने कहा था कि उसके सशस्त्र बलों ने कई "दुश्मन ड्रोन" को मार गिराया.
कुवैत के रक्षा मंत्रालय ने बताया था कि इन ड्रोन को रोकने की कार्रवाई के दौरान चार लोग छर्रे लगने से घायल हुए थे. इनमें कुवैत का एक नागरिक, दो इतालवी नागरिक और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल थे.
सरकार ने लोकसभा सत्र और राज्यसभा सत्र बुलाने की मांग की
इमेज स्रोत, Getty Images
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा का सत्र बुलाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से अनुरोध किया है कि ज़रूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा की बैठक सोमवार, 30 नवंबर 2026 और राज्यसभा की बैठक बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को फिर से बुलाई जाए."
उन्होंने कहा कि कामकाज की ज़रूरतों को देखते हुए, दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती है.
मल्लिकार्जुन खड़गे का योगी आदित्यनाथ पर निशाना, 'ऐसे रोते हैं जैसे मुंह में राम, बगल में छुरी'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, लखनऊ में एक सभा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि जब योगी सांसद थे, तब संसद में रो रहे थे.
खड़गे ने कहा, ''मुझसे किसी ने पूछा कि ये क्यों रो रहे हैं? तब मैंने कहा था- ये लोग ऐसे ही रोते हैं, 'मुंह में राम, बगल में छुरी'.''
वहीं, संविधान दिवस के मौके पर योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर पलटवार किया.
उन्होंने कहा, ''जिन लोगों ने संविधान का गला घोंटा, वे अब 'लाल किताब' के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं.''
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में कहा कि भारत के लोकतंत्र की जड़ें बहुत गहरी हैं और पूरी दुनिया में इसका सम्मान किया जाता है.
गृह मंत्री अमित शाह ने इस दौरान राहुल गांधी पर भी तंज कसा.
सपा के घोषणापत्र में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा, और क्या-क्या है?
इमेज स्रोत, ANI
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी का घोषणापत्र 'पीडीए का प्रणपत्र' जारी किया.
इस मौके पर उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जिन 'अच्छे दिनों' का वादा किया था, वे कभी नहीं आए, लेकिन अब 'बुरे दिन' जाने वाले हैं.
घोषणापत्र जारी करने का यह कार्यक्रम संविधान दिवस के मौके पर आयोजित किया गया.
घोषणापत्र में समाजवादी पार्टी ने पांच रुपये प्रति प्लेट की दर से समाजवादी कैंटीन खोलने और बुज़ुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हज़ार रुपये पेंशन देने का वादा किया है.
पीडीए का मतलब पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक है. घोषणापत्र में दलितों के लिए आरक्षण और युवाओं के लिए रोज़गार के बेहतर अवसर देने का वादा किया गया है.
इसमें भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था बनाने का वादा भी किया गया है.
बड़े शहरों में छात्र और छात्राओं के लिए अलग-अलग हॉस्टल बनाने की बात भी कही गई है.
अखिलेश यादव ने कहा, "समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश के युवक-युवतियों का भविष्य बेहतर बनाने के लिए काम करेगी. इसके लिए सभी को अच्छी शिक्षा पाने के समान अवसर दिए जाएंगे."
पार्टी ने दलितों, पिछड़े वर्गों, अल्पसंख्यकों, मुसलमानों, महिलाओं और बच्चों के ख़िलाफ़ गंभीर अपराधों के मामलों में ज़ीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का वादा किया है.
अखिलेश यादव ने जारी घोषणापत्र में युवाओं को पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और दूसरे क्षेत्रों में दो से तीन करोड़ रोज़गार के अवसर उपलब्ध कराने का वादा किया है.
बेरोज़गार ग्रेजुएट युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने पांच हज़ार रुपये भत्ता देने की बात भी कही गई है.
पार्टी ने सरकारी भर्तियों के लिए सालाना कैलेंडर जारी करने और तय समय में परीक्षाएं कराने का वादा किया है.
साथ ही 26 हज़ार बंद प्राथमिक स्कूलों को दोबारा खोलने और 12वीं पास छात्रों के लिए लैपटॉप योजना शुरू करने की बात कही है.
दलित विकास परिषद बनाने और 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलितों और पीडीए समुदाय के लिए 50 फ़ीसदी आरक्षण देने का प्रस्ताव भी है.
संविधान के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी पार्टी सामाजिक न्याय, आरक्षण और समानता के लिए लड़ाई लड़ेगी.
कार्टून: आप करते रहिए धूम्रपान
इमेज कैप्शन, गुरुग्राम में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान बैन होने पर आज का कार्टून
राहुल गांधी को लेकर अमित शाह ने कहा, 'नाच न जाने आंगन टेढ़ा'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अमित शाह ने कहा, 'राहुल जी हमेशा संविधान की बात करते हैं, लेकिन वही संविधान और उसके बनाए संस्थानों का मज़ाक उड़ाते हैं'
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम में कहा कि भारत के लोकतंत्र की जड़ें बहुत गहरी हैं और पूरी दुनिया में इसका सम्मान किया जाता है.
गृह मंत्री अमित शाह इस दौरान राहुल गांधी पर भी तंज कसा.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "राहुल जी हमेशा संविधान की बात करते हैं, लेकिन वही संविधान और उसके बनाए संस्थानों का मज़ाक उड़ाते हैं. वो खुलेआम कहते हैं कि हमें संसद में बहस नहीं करनी, हमें सड़क पर बहस करनी है."
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का काम, चुनाव आयोग को बदनाम करना, मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को बदनाम करना और विदेश जाकर पूरी दुनिया में भारत की छवि ख़राब करना है.
अमित शाह ने कहा, "राहुल जी की समस्या यह है कि वो लगातार 20 साल से चुनाव हार रहे हैं."
"उत्तर भारत में एक कहावत है- 'नाच न जाने आंगन टेढ़ा'. हर तीसरे महीने आप छुट्टियां मनाने विदेश चले जाते हैं."
अमित शाह ने कहा, "आप उसी पार्टी से आते हैं, जिसने आपातकाल के दौरान 18 महीने तक संविधान की पूरी भावना को एक अंधेरी कालकोठरी में बंद रखा था. संविधान का वह काला अध्याय आपकी ही पार्टी ने लिखा था, आपकी ही दादी ने लिखा था और आज आप संविधान की बात कर रहे हैं?"
अखिलेश यादव ने जारी किया सपा का मेनिफ़ेस्टो 'पीडीए का प्रणपत्र', आज़म ख़ान बोले- 'अखिलेश बार-बार बनेंगे सीएम'
इमेज स्रोत, Samajwadi Party
इमेज कैप्शन, आज़म ख़ान ने अखिलेश यादव को लेकर कहा, "वो बार-बार मुख्यमंत्री बनेंगे और शायद इससे भी आगे जाएंगे"
समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अपनी पार्टी का मेनिफ़ेस्टो लॉन्च किया.
इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा, "हमें हमेशा याद रखना चाहिए कि आज संविधान को लेकर लड़ाई चल रही है. एक तरफ़ वे लोग हैं, जो राजनीतिक सत्ता हासिल करने के लिए संविधान का दुरुपयोग करना चाहते हैं. दूसरी तरफ़ हम सभी पीडीए समुदाय के लोग हैं, जो संविधान की सामाजिक न्याय की सोच पर आधारित व्यवस्था स्थापित करना चाहते हैं."
उन्होंने कहा, "हम पीडीए समुदाय के लोग अब एकजुट हो गए हैं, ताकि संविधान में तथाकथित संशोधनों के नाम पर उसे कमज़ोर करने की किसी भी कोशिश को नाकाम कर सकें. हम ऐसी कोशिशों के ख़िलाफ़ एक साथ खड़े होने और लड़ने के लिए तैयार हैं."
इस कार्यक्रम में सपा के वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान भी मौजूद थे.
आज़म ख़ान ने अखिलेश यादव को लेकर कहा, "वो बार-बार मुख्यमंत्री बनेंगे और शायद इससे भी आगे जाएंगे. वो सिर्फ़ यहीं तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि बहुत आगे जाएंगे."
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए सपा नेता आज़म ख़ान ने कहा, "जो लोग आजकल आपको परेशान कर रहे हैं, उन्हें आपने ही बड़ा बनाया है. उन्हें कोई ऐसी दवा मिलनी चाहिए, जिससे ख़ुद को बेवजह बड़ा समझने की उनकी बीमारी ठीक हो जाए और वे अपनी असली हैसियत में लौट आएं."
"उनके सामने कोई बहुत बड़ा मक़सद नहीं है. उनका एक छोटा-सा मक़सद है कि सरकारें कैसे न बनने दी जाएं. वो किंगमेकर तो नहीं बन सकते, लेकिन दूसरों का खेल बिगाड़ सकते हैं. यह एक छोटी और शर्मनाक सोच है."
ईरान का दावा- होर्मुज़ स्ट्रेट में समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद दो तेल टैंकरों में लगी आग
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की नौसेना का कहना है कि आज तड़के दो तेल टैंकर ओमान के ख़सब बंदरगाह के उत्तर में समुद्री बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गए.
ख़सब होर्मुज़ स्ट्रेट में ओमान का सबसे उत्तरी इलाक़ा है. यह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के उत्तर में स्थित है.
रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के मुताबिक, इन दोनों जहाज़ों में से एक बहुत बड़ा तेल टैंकर है, जिसमें 20 लाख बैरल से ज़्यादा कच्चा तेल लदा हुआ है. इस जहाज़ को आग लगने के बाद उसी हालत में छोड़ दिया गया है.
इन तेल टैंकरों के बारे में इससे ज़्यादा जानकारी नहीं दी गई है.
ईरान और अमेरिका, दोनों का कहना है कि होर्मुज़ स्ट्रेट पर उनका नियंत्रण है.
ईरान के अधिकारी लगातार चेतावनी देते रहे हैं कि होर्मुज़ स्ट्रेट में सुरक्षित रास्ता सिर्फ़ वही है, जिसे ईरान ने तय किया है.
वैभव सूर्यवंशी ने एशिया कप राइज़िंग स्टार के सेमीफ़ाइनल में कितने रन बनाए
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने 27 गेंदों पर 40 रन बनाए
इंडिया ए और श्रीलंका ए के बीच खेले जा रहे एशिया कप राइज़िंग स्टार के पहले सेमीफ़ाइनल मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने 27 गेंदों पर 40 रन बनाए. उन्होंने तीन छक्के और चार चौके लगाए. पिछले मैच में यूएई के ख़िलाफ़ भारत ए की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने 53 गेंदों पर 204 रन बनाए थे.
सेमीफ़ाइनल में इंडिया ए का स्कोर 12 ओवर में एक विकेट के नुक़सान पर 100 रन है. अभिषेक शर्मा 41 रन बनाकर और तिलक वर्मा 10 रन बनाकर क्रीज़ पर हैं.
मल्लिकार्जुन खड़गे की इमरान मसूद को नसीहत, 'सिर्फ़ बोलने के बजाय काम पर ध्यान देना चाहिए'
इमेज स्रोत, Getty Images
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को लखनऊ में एक सभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद को नसीहत दी है.
उन्होंने कहा, "इमरान मसूद को मैं अक्सर टेलीविज़न पर सुनता हूं. वो अक्सर बड़े जोश के साथ अपनी बात रखते हैं. लेकिन हमें सिर्फ़ बोलने के बजाय काम पर ध्यान देना चाहिए."
उन्होंने कहा कि हम जितना मिलकर काम करेंगे, उतना ही आगे बढ़ेंगे.
उन्होंने कहा कि वो संसद में हैं, "जहां वो लगातार पार्टी के लिए लड़ते हैं और हमारी बातों को मज़बूती से रखने की कोशिश करते हैं."
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा गुरुवार को अपना घोषणा पत्र जारी करने जा रही है.
इस बीच कांग्रेस सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने इस पर नाराज़गी ज़ाहिर की.
इमरान मसूद ने मीडिया से बातचीत में कहा, "उनके फ़ैसले पर मेरा टिप्पणी करना उचित नहीं है. गठबंधन का अर्थ यही होता है कि जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस होती है और इसमें हर बात संयुक्त होती है. गठबंधन का तो अर्थ यही होता है लेकिन यहां कुछ और हो रहा है तो इसका मुझे पता नहीं."
लखनऊ में ओवैसी बोले- 'अगर कमज़ोरों का हक़ दिलाना भड़काना है, तो मैं भड़काऊंगा'
इमेज स्रोत, asadowaisi
इमेज कैप्शन, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने लखनऊ रैली के दौरान कहा कि जुल्म तभी ख़त्म होगा, जब लोग सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को वोट करेंगे
लखनऊ में गुरुवार को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की रैली जारी है. कुछ दिनों पहले ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेता चंद्रशेखर आज़ाद ने मिलकर यह मोर्चा बनाया है.
रैली को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) पर निशाना साधा. उन्होंने यूपी की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए. उन्होंने उत्तर प्रदेश में मुसलमानों पर जुल्म करने का आरोप भी लगाया.
उन्होंने कहा कि यह जुल्म तभी ख़त्म होगा, जब लोग सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को वोट करेंगे.
ओवैसी ने खुद पर भड़काऊ भाषण देने के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी, चाहे वो बीजेपी हो या सपा, अपने नेता को मुक़ाबला करने के लिए भेज दे, मैं उन्हें गूंगा करके भेज दूंगा.
"अगर सच्चाई को बयां करना भड़काना है, गरीबों के हक़ के लिए लड़ना अगर भड़काना है, तो भड़काऊंगा. दलितों को इज़्ज़त दिलाना अगर भड़काना है, तो मैं उन्हें भड़काऊंगा. कमज़ोरों का हक़ दिलाना अगर भड़काना है, तो मैं भड़काऊंगा."
उन्होंने कहा कि हम किसी को भी अब चैन से नहीं बैठने देंगे.
सपा के मेनिफेस्टो लॉन्च के मौके पर आज़म ख़ान ने ओवैसी पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, सपा नेता आज़म ख़ान (फ़ाइल फ़ोटो)
समाजवादी पार्टी (सपा) के मेनिफेस्टो लॉन्च के मौके पर लखनऊ में वरिष्ठ नेता आज़म ख़ान ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत से उनकी सरकार बनेगी.
उन्होंने कहा, "लोग बहुत परेशान हैं, हिंदू-मुसलमान सब परेशान हैं. हिंदू-मुसलमान के इस विभाजन से लोग तंग आ चुके हैं. वो चाहते हैं कि उनके बच्चे और बच्चियां फंदे पर न लटकें. आप कितनी भी बड़ी-बड़ी बातें करें, लोग बहुत डरे हुए हैं."
उन्होंने कहा कि बदलाव आएगा.
गुरुवार को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा भी लखनऊ में रैली कर रहा है. इस मोर्चे में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) और एआईएमआईएम शामिल है. एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी रैली के लिए लखनऊ में हैं.
ओवैसी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "मैंने अब कोशिश की है कि उन्हें बहस के काबिल न बनाऊं. उनका तो बहुत छोटा-सा मक़सद है कि दो-चार उम्मीदवारों को हरा दें, जो उनकी हैसियत है. उनके चांदी और सोने के सिक्कों की वजह से लोग उनके साथ लग जाते हैं."
अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे
बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
ग़ज़ा पर फिर किया इसराइल ने हमला, हमास के बड़े नेता की मौत की ख़बर
इमेज स्रोत, Bashar TALEB / AFP) (Photo by BASHAR TALEB/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइली सेना ने भी हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि उसने हमास के एक वरिष्ठ सदस्य क़ो निशाना बनाकर कार्रवाई की (प्रतीकात्मक तस्वीर)
इसराइल ने ग़ज़ा के दीर अल-बलाह में एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाकर हवाई हमला किया है. बीबीसी फ़ारसी ने फ़लस्तीनी मीडिया के हवाले से बताया कि इस हमले में हमास के उप शिक्षा मंत्री रह चुके खालिद अबुंदाह और उनकी पत्नी की मौत हो गई.
वहीं, इसराइली सेना ने भी हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि उसने हमास के एक वरिष्ठ सदस्य क़ो निशाना बनाकर कार्रवाई की है.
सेना ने कहा कि इस हमले से जुड़ी विस्तृत जानकारी बाद में जारी की जाएगी.
उधर, ग़ज़ा के अधिकारियों के मुताबिक़, पिछले कुछ घंटों के दौरान इसराइली की ओर से किए गए तीन अलग-अलग हवाई हमलों में कम से कम आठ फ़लस्तीनियों की मौत हो गई.
हमास के नागरिक सुरक्षा संगठन के एक प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि बचाव दल और मेडिकल टीमों ने आठ मृतकों के शवों को अल-अक्सा और गज़ा सिटी के शिफ़ा अस्पताल पहुंचाया है.
इराक़ में फ़्रांस के 8 नागरिकों को उम्रक़ैद की सज़ा क्यों सुनाई गई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अदालत को गुरुवार को सभी 20 अभियुक्तों के मामले में फ़ैसला सुनाना था. हालांकि, बाकी 10 अभियुक्तों के मामले में फ़ैसला फ़िलहाल टाल दिया गया है (प्रतीकात्मक तस्वीर)
इराक़ की एक अदालत ने इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) का सदस्य होने के आरोप में 8 फ़्रांसीसी नागरिकों को उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई, जबकि दो को 15-15 साल जेल में रहने का आदेश दिया.
समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के हवाले से बीबीसी फ़ारसी ने बताया कि अदालत ने गुरुवार को यह सज़ा सुनाई है.
आईएसआईएस से जुड़े होने के आरोप में कुल 20 फ़्रांसीसी नागरिकों के ख़िलाफ़ इराक़ में मुकदमा चल रहा है.
अदालत को गुरुवार को सभी 20 अभियुक्तों के मामले में फ़ैसला सुनाना था. हालांकि, बाकी 10 अभियुक्तों के मामले में फ़ैसला फ़िलहाल टाल दिया गया है.
दरअसल, इराक़ी न्यायपालिका ने आईएसआईएस से जुड़े 20 फ़्रांसीसी नागरिकों के मामलों में गुरुवार को सज़ा सुनाने की प्रक्रिया शुरू की थी. ये सभी फ़्रांसीसी नागरिकों के उस समूह का हिस्सा हैं, जिन पर सितंबर से इराक़ में मुकदमा चल रहा है.
इन सभी को पिछले साल सीरिया से इराक़ लाया गया था. इससे पहले अदालत इसी समूह के 15 अन्य सदस्यों को उम्रक़ैद और एक अभियुक्त को 15 साल की जेल की सज़ा सुना चुकी है. सुनवाई के दौरान अधिकांश अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल किया था और आईएसआईएस में शामिल होने पर पछतावा भी जताया था. कुछ अभियुक्तों ने फ़्रांस वापस भेजे जाने की अपील भी की थी.
गौरलतब है कि आईएसआईएस ने 2014 में सीरिया और इराक़ के बड़े हिस्से पर क़ब्ज़ा कर लिया था. संगठन में शामिल होने के लिए यूरोप समेत दुनिया के कई देशों से लोग सीरिया और इराक पहुंचे थे.
आनंद मोहन की रिहाई का फ़ैसला सुप्रीम कोर्ट ने किया रद्द, एक महीने के भीतर सरेंडर करने का दिया आदेश
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन (फ़ाइल फ़ोटो)
बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से गुरुवार को झटका लगा है.
कोर्ट ने गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया की मॉब लिंचिंग के मामले में आनंद मोहन को दी गई रिहाई (रिमिशन) को रद्द कर दिया है. कोर्ट ने उन्हें एक महीने के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है.
सुप्रीम कोर्ट ने बिहार सरकार के अप्रैल 2023 में रिमिशन नीति में किए गए संशोधन को असंवैधानिक क़रार दिया. इस संशोधन के ज़रिए ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के मामले में उम्रक़ैद की सज़ा काट रहे दोषियों को समय से पहले रिहाई के लिए अयोग्य ठहराने वाली शर्त हटा दी गई थी. इसी संशोधन के आधार पर आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता साफ़ हुआ था.
लाइव लॉ के मुताबिक़, जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने यह फ़ैसला आईएएस अधिकारी जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया की याचिका पर सुनाया.
हालांकि, कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार चाहे तो याचिकाकर्ता को सुनवाई का अवसर देने के बाद रिमिशन पर नए सिरे से विचार करने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है.
पीठ ने कहा, "बिहार सरकार ने अप्रैल 2023 में रिमिशन नीति में जो संशोधन किया, उसके पीछे कोई स्पष्ट उद्देश्य या उचित आधार नहीं था."
कोर्ट ने इसे अचानक लिया गया फ़ैसला बताते हुए कहा कि राज्य सरकार संशोधन के समर्थन में कोई तार्किक और वैध सार्वजनिक उद्देश्य साबित करने में विफल रही.
इसी आधार पर सुप्रीम कोर्ट ने संशोधन को संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन मानते हुए निरस्त कर दिया.
गौरतलब है कि आनंद मोहन को 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन डीएम जी कृष्णैया की हत्या के मामले में उम्रक़ैद की सज़ा सुनाई गई थी. आरोप था कि आनंद मोहन के नेतृत्व वाली भीड़ ने अधिकारी पर हमला किया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी.
आनंद मोहन ने क़रीब 14 साल जेल में बिताए थे. इसके बाद बिहार सरकार की ओर से दी गई सज़ा में छूट के आधार पर वह 24 अप्रैल 2023 को जेल से बाहर आ गए थे.