लाइव, 'मैं उनसे कोहिनूर लौटाने को कहता': जब ममदानी ने किंग चार्ल्स के बारे में ये कहा

न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी का एक बयान भारत में चर्चा में है. उनका यह बयान कोहिनूर हीरे से जुड़ा है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. 'मैं उनसे कोहिनूर लौटाने को कहता': जब ममदानी ने किंग चार्ल्स के बारे में ये कहा

    ज़ोहरान ममदानी

    इमेज स्रोत, Michael M. Santiago/Getty Images

    न्यूयॉर्क के मेयर ज़ोहरान ममदानी का एक बयान भारत में चर्चा में है. उनका यह बयान कोहिनूर हीरे से जुड़ा है.

    ममदानी ने कहा कि अगर ब्रिटेन के किंग चार्ल्स से उनकी अलग से बात होती, तो वह उन्हें 'कोहिनूर लौटाने के लिए कहते'.

    ममदानी से सवाल किया गया था कि 'जब आप किंग चार्ल्स से मिलेंगे तो क्या आप उनसे महज़ औपचारिक मुलाक़ात करेंगे या उनसे कुछ सवाल भी करेंगे?'

    इस पर उन्होंने कहा, "आज मैं अन्य निर्वाचित अधिकारियों के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होऊंगा. इसका उद्देश्य 9/11 के भयानक हमलों में मारे गए 3000 से अधिक न्यूयॉर्क के लोगों को श्रद्धांजलि देना है."

    उन्होंने कहा, "अगर मेरी इससे इतर किंग से बात होती, तो मैं शायद उन्हें कोहिनूर हीरा वापस करने के लिए प्रोत्साहित करता."

    हालांकि, किंग चार्ल्स और ममदानी की मुलाक़ात हो चुकी है, लेकिन उनके बीच कोहिनूर को लेकर बातें हुईं या नहीं, इसकी जानकारी अब तक सामने नहीं आई है.

  2. ट्रंप और पुतिन के बीच ईरान युद्ध पर क्या बातें हुईं?

    डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि पुतिन ईरान में युद्ध ख़त्म कराने में मदद करना चाहते हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से उनकी यूक्रेन और ईरान युद्ध को लेकर चर्चा हुई है.

    उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ईरान में युद्ध ख़त्म कराने के प्रयासों में मदद करना चाहते हैं.

    बुधवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा, "हमने यूक्रेन युद्ध के बारे में ज़्यादा बात की, लेकिन वह मदद करना चाहते हैं. लेकिन मैंने कहा कि मेरी मदद करने से पहले मैं आपकी जंग ख़त्म करना चाहता हूं."

    एक अन्य सवाल के जवाब में अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि पुतिन ईरान में एनरिचमेंट में शामिल होना चाहते हैं.

    ट्रंप ने कहा, "उन्होंने मुझसे कहा कि अगर वह हमें इसे (समझौता) हासिल करने में मदद करते हैं, तो वह एनरिचमेंट में शामिल होना चाहेंगे. मैंने कहा कि मैं इससे कहीं ज़्यादा चाहूंगा कि आप यूक्रेन की जंग ख़त्म कराने में शामिल हों."

    उन्होंने कहा, "हम ईरान को परमाणु हथियार नहीं रखने दे सकते... उनके पास परमाणु हथियार नहीं होगा, वो यह जानते हैं. हमने इसके बारे में भी थोड़ी बात की. वह (पुतिन) नहीं चाहते कि उनके पास परमाणु हथियार हो."

  3. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.