लाइव, एसआईआर पर सवाल उठाने वाली अमेरिकी सांसद को भारत ने दिया ये जवाब

भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) प्रक्रिया पर सवाल उठाया था, जिसके बाद भारत की प्रतिक्रिया सामने आई है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. एसआईआर पर सवाल उठाने वाली अमेरिकी सांसद को भारत ने दिया ये जवाब

    प्रमिला जयपाल
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) प्रक्रिया पर सवाल उठाया था, जिसके बाद भारत की प्रतिक्रिया सामने आई है.

    अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने गुरुवार को कहा कि भारत की चुनावी और राजनीतिक प्रक्रियाओं पर टिप्पणी करना आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप है, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "भारत की चुनावी और राजनीतिक प्रक्रियाओं पर प्रमिला जयपाल की टिप्पणियां देश के आंतरिक मामलों में अनुचित हस्तक्षेप हैं, जिन्हें स्वीकार नहीं किया जा सकता."

    उन्होंने लिखा, "भारत एक मजबूत लोकतंत्र है, जहां स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाएं हैं और लंबे समय से स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने का रिकॉर्ड रहा है. उनकी ग़लतफ़हमियों को दूर करने के लिए हम रचनात्मक बातचीत करने के लिए हमेशा तैयार हैं."

    दरअसल, प्रमिला जयपाल ने भारत में एसआईआर को लोकतंत्र-विरोधी प्रयास बताया था.

    उन्होंने लिखा था, "यह वैसा ही लगता है, जैसा ट्रंप प्रशासन मतदान के अधिकार को कमज़ोर करने के लिए अमेरिका में कर रहा है."

  2. एनएसयूआई के विनोद जाखड़ और यूथ कांग्रेस के उदय भानु चिब समेत कई नेता हिरासत में लिए गए

    विनोद जाखड़ और उदय भानु चिब
    इमेज कैप्शन, एनएसयूआई महिला कार्यकर्ताओं से कथित मारपीट के मामले में एफ़आईआर दर्ज करने की मांग को लेकर धरना दे रहे थे

    दिल्ली में संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर रहे नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, कांग्रेस सेवा दल से जुड़े बीवी श्रीनिवास और इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया है.

    कुछ कार्यकर्ताओं को गुरुवार देर रात और कुछ को शुक्रवार अलसुबह हिरासत में लिया गया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, कांग्रेस से जुड़े छात्र संगठन एनएसयूआई ने कहा है कि वो संगठन की महिला कार्यकर्ताओं से कथित मारपीट के मामले में एफ़आईआर दर्ज करने की मांग को लेकर धरना दे रहे थे.

    एनएसयूआई का आरोप है कि दिल्ली पुलिस की एक महिला अधिकारी ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की. संगठन ने दावा किया कि इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अब तक एफ़आईआर दर्ज नहीं की गई है.

    विनोद जाखड़ ने कहा, "हमने बुधवार को एडिशनल डीसीपी से भी मुलाक़ात की थी, लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई."

    एनएसयूआई ने चेतावनी दी कि यदि मामले में एफ़आईआर दर्ज नहीं की गई, तो संगठन अपना आंदोलन और तेज़ करेगा. संगठन ने कहा कि उसके नेताओं को हिरासत में लेने से न्याय की मांग को लेकर उसका विरोध प्रदर्शन नहीं रुकेगा.

    एनएसयूआई के आरोपों पर दिल्ली पुलिस ने अभी तक प्रतिक्रिया नहीं दी है.

  3. अमेरिका के प्राइमरी स्कूल में गोलीबारी, तीन बच्चों और टीचर की मौत

    ओरेगन
    इमेज कैप्शन, टना के लिए ज़िम्मेदार बताया जा रहा 16 वर्षीय संदिग्ध भी मारा गया है

    अमेरिका के ओरेगन राज्य में गुरुवार को एक प्राइमरी स्कूल में गोलीबारी की घटना में चार लोगों की मौत हो गई.

    स्थानीय पुलिस के मुताबिक़, मृतकों में तीन बच्चे और एक टीचर शामिल हैं. बीबीसी के अमेरिकी पार्टनर सीबीएस न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के लिए ज़िम्मेदार बताया जा रहा 16 वर्षीय संदिग्ध भी मारा गया है.

    गोलीबारी में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं. इनमें 7 साल का एक बच्चा और एक अन्य शिक्षक शामिल हैं. दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

    पुलिस के मुताबिक़, गुरुवार दोपहर ओरेगन के बेंड स्थित सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल में गोलीबारी की सूचना मिली थी.

    बताया गया कि एक अज्ञात संदिग्ध ने पहले एक कार पर गोली चलाई और फिर स्कूल परिसर में दाख़िल हो गया.

    बेंड पुलिस प्रमुख माइक क्रैंट्ज़ ने बताया, "संदिग्ध को एक स्थानीय नागरिक ने गोली मारी थी. उस व्यक्ति ने संदिग्ध को स्कूल में प्रवेश करते देखा और उसका पीछा करते हुए इमारत के अंदर पहुंच गया, जहां दोनों के बीच मुठभेड़ हुई. इसी में संदिग्ध मारा गया."

  4. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें.