लाइव, सीज़फ़ायर के लिए बैठक के बीच इसराइल पर लेबनान से दागे गए रॉकेट

इसराइली सेना ने कहा है कि उसकी वायुसेना ने लेबनान से दागे गए कई प्रोजेक्टाइल को इंटरसेप्ट किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. सीज़फ़ायर के लिए बैठक के बीच इसराइल पर लेबनान से दागे गए रॉकेट

    इसराइली सैनिक

    इमेज स्रोत, Nedal Eshtayah/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, वेस्ट बैंक में तैनात एक इसराइल सैनिक (23 अप्रैल की तस्वीर)

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसकी वायुसेना ने लेबनान से दागे गए कई प्रोजेक्टाइल को इंटरसेप्ट किया है.

    इन हमलों की वजह से श्टूला क्षेत्र में सायरन बजाए गए.

    वहीं, हिज़्बुल्लाह ने टेलीग्राम पर कहा कि उसने रॉकेट हमले में इस क्षेत्र को निशाना बनाया.

    लेबनान के नेशनल मीडिया के अनुसार, ये सब उस समय हुआ जब लेबनान और इसराइल के बीच अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी में बातचीत जारी थी.

    इसराइली सेना ने बाद में कहा कि उसने उस लॉन्चर पर हमला किया जिससे श्टूला पर रॉकेट दागे गए थे.

  2. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर परमाणु हथियार के इस्तेमाल के बारे में क्या कहा

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Will Oliver/EPA/Bloomberg via Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने कहा कि वह ईरान के ख़िलाफ़ परमाणु हथियार का इस्तेमाल नहीं करेंगे

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ख़िलाफ़ परमाणु हथियार के इस्तेमाल से जुड़े एक सवाल को 'मूर्खतापूर्ण' बताया है.

    उनका कहना है कि वह ईरान के ख़िलाफ़ परमाणु हथियार का इस्तेमाल नहीं करेंगे और ऐसे 'मूर्खतापूर्ण' सवाल नहीं पूछे जाने चाहिए.

    ओवल ऑफ़िस में मीडिया से बातचीत के दौरान एक पत्रकार ने उसने पूछा, 'क्या आप ईरान के ख़िलाफ़ परमाणु हथियार का इस्तेमाल करेंगे?'

    इस पर ट्रंप ने कहा, "नहीं. ऐसा बेवकूफ़ी भरा सवाल क्यों पूछा जा रहा?"

    उन्होंने कहा, "मैं परमाणु हथियार का इस्तेमाल क्यों करूंगा, जब हमने बिना इसके ही ईरान को पूरी तरह तबाह कर दिया है?"

    ट्रंप ने यह भी कहा कि 'परमाणु हथियार का इस्तेमाल करने की अनुमति किसी को भी कभी भी नहीं दी जानी चाहिए'.

  3. भारतीय दूतावास ने 'ईरान की यात्रा नहीं करने' की 'सख़्त सलाह' क्यों दी

    ईरान

    इमेज स्रोत, ATTA KENARE / AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल की जंग शुरू होने के बाद से ईरान में हालात तनावपूर्ण हैं

    भारत और ईरान के बीच फ़्लाइट फिर शुरू होने की ख़बरों के बीच ईरान में भारतीय दूतावास ने भारतीयों के लिए ट्रैवल एडवाइज़री जारी की है.

    भारतीय दूतावास ने भारतीयों को 'ईरान की यात्रा न करने' की 'सख़्त सलाह' दी है.

    दूतावास ने एडवाइज़री में कहा, "ईरान और भारत के बीच कुछ उड़ानों के शुरू होने की ख़बरों को देखते हुए और पहले जारी एडवाइज़री के क्रम में भारतीय नागरिकों को सख़्ती से सलाह दी जाती है कि वे ईरान की यात्रा न करें, चाहे वह हवाई मार्ग से हो या ज़मीनी रास्ते से."

    दूतावास ने कहा, "क्षेत्रीय तनाव के कारण हवाई क्षेत्र पर पाबंदियां और परिचालन से जुड़ी अनिश्चितताएं अब भी ईरान आने-जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को प्रभावित कर रही हैं."

    इसके अलावा भारतीय दूतावास ने फिर से दोहराया है कि जो भारतीय इस समय ईरान में मौजूद हैं, वे दूतावास के साथ सख़्त समन्वय बनाए रखें और तय किए गए ज़मीनी रास्तों के ज़रिए ईरान छोड़ें.

  4. डोनाल्ड ट्रंप का एलान, इसराइल-लेबनान सीज़फ़ायर तीन हफ़्तों के लिए बढ़ाया गया

    ट्रंप, वेंस और रुबियो

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने ओवल ऑफ़िस में मीडिया से बात की

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि इसराइल और लेबनान के बीच सीज़फ़ायर को तीन हफ़्तों के लिए बढ़ा दिया गया है.

    ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि यह फ़ैसला ओवल ऑफ़िस में इसराइली और लेबनानी अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया.

    ट्रंप ने कहा कि यह बैठक "बहुत अच्छी" रही. इसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी मौजूद थे.

    उन्होंने लिखा, "अमेरिका लेबनान के साथ मिलकर काम करेगा, जिससे वह हिज़्बुल्लाह से ख़ुद की रक्षा कर सके."

    इसके अलावा उन्होंने आने वाले समय में इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ़ औन की मेज़बानी करने की बात कही.

    इसके कुछ देर बाद ओवल ऑफ़िस में ट्रंप ने मीडिया से बात की. इस दौरान ट्रंप के साथ वेंस और रुबियो के अलावा लेबनान और इसराइल में अमेरिका के राजदूत, और अमेरिका में इन दोनों देशों के राजदूत भी मौजूद थे.

    ट्रंप ने अपनी सोशल मीडिया वाली बात फिर दोहराते हुए कहा कि लेबनानी राष्ट्रपति और इसराइली प्रधानमंत्री आने वाले हफ़्तों में व्हाइट हाउस आएंगे.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.