दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी यूपी में तूफ़ानी हवाएं और बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने और क्या बताया
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज़ हवाएं और बारिश होने की संभावना जताई है.
आईएमडी ने मंगलवार को जानकारी दी है कि दो जून से छह जून तक यहां 40 से 50 किमी प्रति घंटा गति की तूफ़ानी हवाएं चलने के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना है. हालांकि बिहार में इसी दौरान लू चलने का पूर्वानुमान है.
मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के लगभग चार जून को केरल पहुंचने की संभावना है. जिसकी वजह से केरल और तमिलनाडु में अगले छह-सात दिनों के अंदर भारी बारिश होगी.
देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तूफ़ानी हवाएं चलने का पूर्वानुमान लगाया गया है.
मध्य प्रदेश में 2 से 4 जून के बीच और छत्तीसगढ़ में 4 और 6 जून के दौरान गरज के साथ आंधी चलने की संभावना जताई गई है.
आईएमडी के मुताबिक़, हवाओं की रफ़्तार 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा से लेकर 70 किमी प्रति घंटा तक रहेगी.
दूसरी ओर, बिहार में स्थिति उलट रहेगी. यहां चार से छह जून के बीच लू चलने का पूर्वानुमान लगाया गया है.
यही स्थिति पश्चिम बंगाल के हिमालयी इलाक़ों और पूर्वोत्तर में भी रहने का पूर्वानुमान है.