लाइव, महिला सुरक्षा की मांग को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्राओं का प्रदर्शन

प्रदर्शन में मैत्रेयी कॉलेज, गार्गी कॉलेज, हंसराज कॉलेज और जीसस एंड मैरी कॉलेज समेत कई कॉलेजों की छात्राएं शामिल हुईं.

वीडियो छोड़ें और जारी रखें
  • प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया
  • रात में थाने के बाहर बैठे पत्रकार
  • तोशिसुके कनाज़ावा
  • नुसरत भरूचा
  • modi captain smit talk
  • कैप्टन स्मित जिन्हें सब बता रहे हीरो
  • दोनों पत्थरों की तस्वीर

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा, अरशद मिसाल

  1. एसआईआर के मुद्दे पर राहुल और प्रियंका धरने पर बैठे- LIVE

    एसआईआर के मुद्दे पर दिल्ली में विपक्षी सांसदों ने मंगलवार को मार्च निकाला, हालांकि उन्हें निर्वाचन आयोग नहीं पहुंचने दिया गया और बीच में ही रोक दिया गया था.

    इस बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बाकी नेताओं के साथ आकाशवाणी भवन के पास धरने पर बैठ गए हैं. आकाशवाणी भवन के पास अभी कैसा माहौल है, बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  2. महिला सुरक्षा की मांग को लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्राओं का प्रदर्शन, शुभ राणा, बीबीसी संवाददाता

    प्रदर्शन करतीं छात्राएं
    इमेज कैप्शन, प्रदर्शन में मैत्रेयी कॉलेज, गार्गी कॉलेज, हंसराज कॉलेज और जीसस एंड मैरी कॉलेज समेत कई कॉलेजों की छात्राएं शामिल हुईं.

    मंगलवार को दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्राओं ने महिला सुरक्षा की मांग को लेकर दिल्ली के दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस मेट्रो स्टेशन के पास प्रदर्शन किया.

    हाल ही में आस्था कुंज पार्क में गैंगरेप का मामला सामने आया था. इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया.

    इससे पहले भी लेडी श्रीराम कॉलेज, जीसस एंड मैरी कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज समेत दिल्ली के कई कॉलेजों के बाहर छात्र-छात्राएं यौन हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर प्रदर्शन कर चुके हैं.

    मंगलवार को साउथ कैंपस में भी विभिन्न कॉलेजों की छात्राएं एकजुट हुईं और सुरक्षित माहौल की मांग की.

    प्रदर्शन में मैत्रेयी कॉलेज, गार्गी कॉलेज, हंसराज कॉलेज और जीसस एंड मैरी कॉलेज समेत कई कॉलेजों की छात्राएं शामिल हुईं.

    प्रदर्शन में शामिल लोगों के मुताबिक, यह प्रदर्शन स्वतंत्र रूप से आयोजित किया गया था.

    हालांकि, इसमें छात्र संगठन आइसा, एसएफआई और केवाईएस से जुड़े छात्र भी शामिल हुए.

    देखें तस्वीरें-

    प्रदर्शन करतीं दिल्ली विश्वविद्यालय की लड़कियां
    प्रदर्शन करतीं दिल्ली विश्वविद्यालय की लड़कियां
    दिल्ली विश्वविद्यालय की लड़कियां
  3. कार्टून: गंभीर मामला

    आज का कार्टून
    इमेज कैप्शन, एसआईआर के मुद्दे को लेकर विपक्ष के मार्च पर आज का कार्टून
  4. ओमान तट पर कमर्शियल जहाज़ पर हुए हमले को लेकर भारत ने क्या कहा?

    ओमान तट
    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के मुताबिक, हमले में चालक दल के 12 सदस्य घायल हुए हैं, जिनमें 11 भारतीय शामिल हैं

    भारत ने ओमान के तट के पास पनामा के झंडे वाले कमर्शियल जहाज़ एमटी ऑन पीस पर हुए हमले की निंदा की है.

    यह हमला मंगलवार को उस समय हुआ जब जहाज़ होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहा था और एक प्रोजेक्टाइल की चपेट में आ गया.

    जहाज के कुल चालक दल के 19 सदस्यों में से 17 भारतीय नागरिक हैं.

    विदेश मंत्रालय के प्रेस रिलीज़ के मुताबिक, हमले में चालक दल के 12 सदस्य घायल हुए हैं, जिनमें 11 भारतीय शामिल हैं.

    भारत सरकार ने बताया कि ओमानी अधिकारियों की मदद से चालक दल के घायल सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और उनका इलाज ओमान के खासाब शहर में चल रहा है.

    भारत ने सहायता के लिए ओमान सरकार का आभार व्यक्त किया है.

    भारत ने कहा कि क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले गहरी चिंता का विषय बने हुए हैं. भारत ने शांति और क्षेत्रीय स्थिरता के हित में ऐसे हमलों को तत्काल रोकने की अपनी मांग दोहराई है.

    बयान में कहा गया है कि कमर्शियल जहाजों, नाविकों और सिविलियन इंफ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाना बंद होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्तों में नौवहन और व्यापारिक गतिविधियों को जल्द से जल्द सामान्य किया जाना चाहिए.

  5. दिल्ली कैपिटल्स के नए हेड कोच होंगे सौरव गांगुली, अपनी नियुक्ति पर क्या कहा?

    सौरव गांगुली
    इमेज कैप्शन, गांगुली ने कहा, "मैं आईपीएल में हेड कोच की भूमिका निभाने को लेकर उत्साहित हूं"

    दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को अपना हेड कोच नियुक्त किया है.

    दिल्ली कैपिटल्स ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी. डीसी ने लिखा, "दिल्ली, अब दादागिरी का वक्त है."

    गांगुली ने अपनी नियुक्ति पर कहा, "मैं आईपीएल में हेड कोच की भूमिका निभाने को लेकर उत्साहित हूं. दिल्ली कैपिटल्स मेरे दिल के बेहद करीब रही है और वर्षों से इस फ्रेंचाइजी के साथ मेरा मज़बूत रिश्ता रहा है. मैंने मालिकों, प्रबंधन, सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों के साथ करीब से काम किया है, जिससे यह ज़िम्मेदारी मेरे लिए और भी रोमांचक बन जाती है."

    आईपीएल 2026 के दौरान हेमंग बदानी दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के हेड कोच थे.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, फ्रांसिस हेलज़ेन को मिला फिज़िक्स का नोबेल पुरस्कार 2026

    फ्रांसिस हेलज़ेन
    इमेज कैप्शन, नोबेल प्राइज़ विजेता फ्रांसिस हेलज़ेन

    रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ़ साइंसेज ने 2026 के फिज़िक्स (भौतिकी) के नोबेल पुरस्कार के लिए फ्रांसिस हेलज़ेन को चुने जाने की घोषणा की है.

    उन्हें आइसक्यूब न्यूट्रिनो ऑब्ज़र्वेटरी में निर्णायक योगदान देने और खगोलीय स्रोतों से आने वाले उच्च-ऊर्जा न्यूट्रिनो की खोज के लिए यह सम्मान दिया गया है.

    नोबेल समिति के अध्यक्ष मार्क पीयर्स ने फ्रांसिस हेलज़ेन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने रिसर्चर्स और इंजीनियरों की एक अंतरराष्ट्रीय टीम का नेतृत्व किया, जिसने वैज्ञानिकों को एक शानदार उपकरण उपलब्ध कराया.

    पीयर्स के अनुसार, हेलज़ेन की दृढ़ता और वैज्ञानिक नज़रिये ने खगोल विज्ञान के एक नए युग की नींव रखी है.

  7. ओवैसी बोले, "मैं इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं, फिर उनके मार्च में क्यों जाऊं?"

    असदुद्दीन ओवैसी
    इमेज कैप्शन, एसआईआर का विरोध करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "यह एसआईआर ग़लत है"

    दिल्ली में निर्वाचन आयोग (ईसीआई) तक इंडिया ब्लॉक के सांसदों के विरोध मार्च पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "मैं वहां नहीं गया क्योंकि मैं गठबंधन का हिस्सा नहीं हूं. बेगानी शादी में मेरा क्या काम?"

    उन्होंने कहा, "मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन की प्रक्रिया ग़लत है. यह पूरी तरह कार्यपालिका के पक्ष में है. इस प्रक्रिया को बदलने की ज़रूरत है. मुख्य चुनाव आयुक्त का चयन सबसे बड़ी समस्या है. यह ग़लत है और इसमें सुधार होना चाहिए."

    ओवैसी ने कहा, "बिहार में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान भी मैंने अपनी बात रखी थी. मैं मांग करता हूं कि मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन से संबंधित कानून में बदलाव किया जाए. चयन की प्रक्रिया में भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई), प्रधानमंत्री और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (एलओपी) शामिल हों."

    उन्होंने एसआईआर का विरोध करते हुए कहा, "यह एसआईआर ग़लत है. मेरा मानना है कि यह पिछले दरवाजे से एनआरसी लागू करने जैसा है."

  8. अमेरिकी सेना ने 60 साल बाद किसी सैनिक को गोली मारकर मौत की सज़ा देने का एलान किया

    निदाल मलिक हसन
    इमेज कैप्शन, निदाल मलिक हसन ने साल 2009 में टेक्सस स्थित फोर्ट हूड सैन्य अड्डे पर 13 निहत्थे अमेरिकी सैनिकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी

    अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) ने सेना के पूर्व मेजर निदाल मलिक हसन को गोली मारकर मौत की सज़ा देने की घोषणा की है.

    पिछले 60 वर्षों से ज़्यादा समय बाद अमेरिकी सेना किसी सैनिक को गोली मारकर मौत की सज़ा देगी.

    निदाल मलिक हसन ने साल 2009 में टेक्सस स्थित फोर्ट हूड सैन्य अड्डे पर 13 निहत्थे अमेरिकी सैनिकों की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि 32 अन्य लोग घायल हुए थे.

    पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल ने सोमवार को सोशल मीडिया पर बताया कि रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने इस सज़ा को लागू करने की सिफ़ारिश की थी, जिसे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंज़ूरी दे दी है.

    पार्नेल ने कहा कि सेना के सचिव मौत की सज़ा की तारीख और स्थान तय करेंगे. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "हसन के लिए आखिरकार न्याय का दिन आ गया है."

    वर्जीनिया के रहने वाले हसन अमेरिकी सेना में साइकेट्रिस्ट थे. 2013 में हुई सैन्य अदालत की सुनवाई के दौरान उन्होंने स्वीकार किया था कि वही हमलावर थे.

  9. मायावती ने भतीजे आकाश आनंद को लेकर अब क्या कहा?

    मायावती
    इमेज कैप्शन, बसपा प्रमुख मयावती (फ़ाइल फ़ोटो)

    बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने कहा कि अब ऐसी स्थिति नहीं बनेगी जिसकी वजह से उन्हें अपने भतीजे आकाश आनंद फिर से पार्टी से अलग करना पड़े.

    मायावती ने सोमवार को ही आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक (नेशनल कोऑर्डिनेटर) नियुक्त किया था.

    इसके बाद मायावती ने मंगलवार को एक्स पर लिखा, "आकाश आनंद में सुधार लाने के ख़ास उद्देश्य से इनको पार्टी से कई बार निकालना भी पड़ा है और ग़लती का एहसास होने के बाद फिर इनको वापस भी लेना पड़ा है."

    "लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि अशोक सिद्धार्थ के संन्यास लेने के बाद से अब ऐसी कोई भी स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए कि पार्टी को फिर से इनको अलग करना पड़े."

    मायावती ने लिखा, "अशोक सिद्धार्थ के संन्यास लेने के बाद तो कोई सवाल ही पैदा नहीं होता है कि इनको अब आगे कभी भी पार्टी से निकालने की ज़रूरत पड़ेगी और अब वे राजनीति में आगे ही बढ़ेंगे, ऐसी सभी को पूरी-पूरी उम्मीद भी है."

    गौरतलब मायावती ने आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ पर पार्टी के मिशन से ज़्यादा निजी और पारिवारिक स्वार्थों को महत्व देने का आरोप लगाया था.

    मायावती के आरोपों के बाद अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति छोड़ने का एलान कर दिया था.

  10. अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  11. चुनाव का बहिष्कार करने के सवाल पर क्या बोले अखिलेश यादव?

    अखिलेश यादव
    इमेज कैप्शन, समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर 'बेईमानी' करने के आरोप लगाए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत कई दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर मार्च कर रहे हैं.

    इस दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर 'बेईमानी' करने के आरोप लगाए हैं.

    अखिलेश यादव ने कहा, "चुनाव आयोग ने 2017, 2019, 2022 और 2024 में बेईमानी की. बंगाल में उसने पूरी तरह खुले तौर पर खेल खेला. बीजेपी को अपना कार्यालय चुनाव आयोग में बना लेना चाहिए."

    मार्च के दौरान अखिलेश यादव को पुलिस ने अपनी वैन में बिठा लिया, इस दौरान भी उन्होंने मीडिया से बातचीत कर चुनाव आयुक्त पर निशाना साधा.

    अखिलेश ने चुनाव बहिष्कार के सवाल पर कहा, "चुनाव का बहिष्कार नहीं होगा. इन लोगों को वोट से हराएंगे, चुनाव आयुक्त भी हटेंगे और बीजेपी भी हटेगी."

    दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने विपक्ष के मार्च पर निशाना साधते हुए इसे 'सत्ता परिवर्तन की प्रायोजित कोशिश' करार दिया.

    बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, "विपक्षी दलों, ख़ासकर कांग्रेस की तरफ़ से एक प्रायोजित कोशिश की जा रही है कि देश में सत्ता कैसे बदली जाए और राहुल गांधी को सत्ता में कैसे बिठाया जाए."

  12. स्वतंत्र भारद्वाज को मिली नियमित जमानत, सीजेपी प्रदर्शनकारी के पिता से मारपीट का आरोप

    स्वतंत्र भारद्वाज
    इमेज कैप्शन, स्वतंत्र भारद्वाज (फ़ाइल फ़ोटो)

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) कार्यकर्ता के पिता के साथ कथित मारपीट के मामले में दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को स्वतंत्र भारद्वाज को नियमित जमानत दे दी.

    पटियाला हाउस कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सौरभ प्रताप सिंह लालर ने मंगलवार को भारद्वाज की जमानत याचिका पर यह आदेश पारित किया.

    मामले में विस्तृत आदेश अभी जारी होना बाकी है.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, अदालत इससे पहले उन्हें तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत दे चुकी थी.

    अंतरिम जमानत देते समय अदालत ने कहा था कि नियमित जमानत पर फैसला लेने से पहले वह भारद्वाज के आचरण पर विचार करेगी.

    बार एंड बेंच के अनुसार, स्वतंत्र भारद्वाज को 5 सितंबर को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था. उन पर जुलाई में जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान एक दलित छात्रा के पिता के साथ कथित तौर पर मारपीट करने का आरोप है.

    मामले में भारद्वाज के खिलाफ मारपीट से संबंधित धाराओं के अलावा एससी-एसटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया था.

    इसके अलावा, उनके खिलाफ पॉक्सो अधिनियम की धाराओं के तहत एक अलग एफआईआर भी दर्ज है.

  13. संबित पात्रा बोले- राहुल गांधी को सत्ता में बैठाने की प्रायोजित कोशिश हो रही

    संबित पात्रा
    इमेज कैप्शन, बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा कि कई कोशिशों के बावजूद राहुल गांधी लॉन्च नहीं हो पाए

    भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को सत्ता में बैठाने के लिए देश में सत्ता परिवर्तन की एक प्रायोजित कोशिश की जा रही है.

    संबित पात्रा का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर मार्च कर रहे हैं.

    संबित पात्रा ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "विपक्षी दलों, ख़ासकर कांग्रेस की तरफ़ से एक प्रायोजित कोशिश की जा रही है कि देश में सत्ता कैसे बदली जाए और राहुल गांधी को सत्ता में कैसे बिठाया जाए. इसके लिए भारत के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं पर प्रायोजित तरीक़े से हमले किए जा रहे हैं. यह कुछ महीने पहले शुरू नहीं हुआ, बल्कि यह सालों से चल रहा है."

    उन्होंने कहा, "शुरू से ही कांग्रेस राहुल गांधी को किसी तरह लॉन्च और री-लॉन्च करने की कोशिश करती रही है. कई कोशिशों के बावजूद जब राहुल गांधी लॉन्च नहीं हो पाए, तो आख़िरकार कांग्रेस और उसके कुछ सहयोगियों ने तय किया कि भले ही उन्हें भारत के लोकतंत्र पर हमला करना पड़े और भारत में अराजकता फैलानी पड़े."

    दूसरी ओर, कांग्रेस ने सोमवार को अपनी तीन मांगें सामने रखी हैं.

    पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ख़ड़गे ने एक्स पर लिखा था, "कांग्रेस पार्टी की 3 मांगें नॉन-नेगोशिएबल हैं. पहली, ज्ञानेश कुमार का इस्तीफ़ा. दूसरी, एसआईआर को रद्द करना. तीसरी, बैलट पेपर पर चुनाव कराना.

  14. कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल निकाल रहे मार्च, तस्वीरों में देखें कैसा है माहौल

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, यह मार्च पार्लियामेंट हाउस से लेकर चुनाव आयोग के मुख्यालय तक होना है

    कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर मार्च कर रहे हैं.

    यह मार्च पार्लियामेंट हाउस से लेकर चुनाव आयोग के मुख्यालय तक होना है.

    कांग्रेस ने सोमवार को ही अपनी तीन मांगें सामने रखी हैं.

    पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ख़ड़गे ने एक्स पर लिखा था, "कांग्रेस पार्टी की 3 मांगें नॉन-नेगोशिएबल हैं. पहली, ज्ञानेश कुमार का इस्तीफ़ा. दूसरी, एसआईआर को रद्द करना. तीसरी, बैलट पेपर पर चुनाव कराना.

    कांग्रेस के मार्च के दौरान की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें पुलिस की तैनाती भी देखी जा सकती है.

    मार्च
    सुरक्षा बल
    मार्च
    मार्च
  15. हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी छोड़ी, कहा- अपनी इच्छाओं को पीछे रखना पड़ा

    हरमनप्रीत कौर

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर ने क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट्स से कप्तानी छोड़ दी है.

    उन्होंने 6 अक्तूबर 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए इस फ़ैसले की आधिकारिक घोषणा की.

    हरमनप्रीत कौर ने अपने पोस्ट में लिखा, "आज, मैं सभी फ़ॉर्मेट्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ रही हूं. यह फ़ैसला आसान नहीं है. इसमें बरसों की यादें, भावनाएं, त्याग और ऐसे पल शामिल हैं जो ज़िन्दगी भर मेरे साथ रहेंगे."

    उन्होंने लिखा, "मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट के लिए अपना सब कुछ दिया है- अपना ख़ून, पसीना, समय और कई बार अपने खेल और निजी सपनों का एक हिस्सा भी. ऐसे भी मौक़े आए जब मुझे अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, अपनी तरक़्क़ी और अपनी इच्छाओं को पीछे रखना पड़ा, क्योंकि मेरा मानना था कि टीम सबसे पहले होनी चाहिए."

    "कप्तान के तौर पर मुझे कई मुश्किल फ़ैसले लेने पड़े. ऐसे फ़ैसले जिन्हें हमेशा समझा नहीं गया, जो हमेशा आसान नहीं थे और कई बार जिनकी क़ीमत मुझे खुद चुकानी पड़ी. लेकिन मैंने हर फ़ैसला सिर्फ़ एक मक़सद से लिया- इस टीम को बेहतर बनाने और दूसरी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, खुद पर भरोसा करने और अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन करने का मौक़ा देने के लिए."

    हरमनप्रीत ने लिखा, "मैंने सब कुछ देखा है. मैंने सबसे बुरे दौर, हार्टब्रेक, आलोचना, सवालों और उन दिनों को देखा है जब ऐसा लगता था कि कुछ भी हमारे पक्ष में नहीं जा रहा. मैंने सबसे शानदार पल भी देखे हैं- जीत, जश्न, अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का गर्व और ऐसे पल जिन्होंने हर त्याग को सही साबित किया."

    हरमनप्रीत ने कहा कि भले वो कप्तानी छोड़ रही हैं, लेकिन उन्हें इस बात का सुकून है कि टीम अच्छी स्थिति में है.

  16. पश्चिम बंगाल उपचुनाव: रेजीनगर में वोटिंग के बीच हुमायूं कबीर को पुलिस ने हिरासत में लिया

    हुमायूं कबीर
    इमेज कैप्शन, आम जनता उन्नयन पार्टी (एयूजेपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर (फ़ाइल फ़ोटो)

    पश्चिम बंगाल के रेज़ीनगर में विधानसभा उपचुनाव के दौरान मंगलवार को आम जनता उन्नयन पार्टी (एयूजेपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पार्टी कार्यालय में पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस के बाद यह कार्रवाई की गई.

    हुमायूं कबीर सुबह से ही अपने आवास और मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा बलों की तैनाती को लेकर पुलिस पर सवाल उठा रहे थे.

    परिवार के साथ मतदान करने के कुछ देर बाद ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.

    गौरतलब है कि रेजीनगर विधानसभा सीट पर बीजेपी, कांग्रेस, एजेयूपी और तृणमूल कांग्रेस के दो गुट चुनाव मैदान में हैं.

    इस सीट से एजेयूपी के प्रमुख हुमायूं कबीर ने इस्तीफ़ा दे दिया था.

  17. आम आदमी पार्टी का दावा- 10 अक्तूबर से पहले इस्तीफ़ा दे सकते हैं ज्ञानेश कुमार

    सौरभ भारद्वाज
    इमेज कैप्शन, आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने इस दावे के समर्थन में कोई ठोस प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफ़ा दे सकते हैं.

    सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पेलटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मेरे सोर्स कहते हैं कि ज्ञानेश कुमार 10 अक्तूबर से पहले इस्तीफ़ा दे सकते हैं."

    हालांकि, सौरभ भारद्वाज ने इस दावे के समर्थन में कोई ठोस प्रमाण सार्वजनिक नहीं किया है.

    वहीं, कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल चुनाव आयोग की भूमिका पर उठते हुए सवालों के बीच संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च करेंगे.

    कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश के अनुसार, यह शांतिपूर्ण मार्च सुबह 11 बजे शुरू होना है.

    हालांकि, इस मार्च में आम आदमी पार्टी और डीएमके भाग नहीं ले रहे हैं.

  18. यमन में संघर्ष में तेज: सरकारी बलों ने अहम इलाक़े पर नियंत्रण का किया एलान

    हूती
    इमेज कैप्शन, हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के भीतर कई ठिकानों को निशाना बनाकर नए हमले करने का दावा किया

    सऊदी अरब समर्थित यमनी सरकारी बलों ने ताइज़ प्रांत में बढ़त बनाने का दावा करते हुए मोचा शहर पर अपना कंट्रोल होने की घोषणा की.

    सुरक्षा बलों के मुताबिक़, बाब अल-मंदब स्ट्रेट के पास भी कई अहम ठिकानों पर क़ब्ज़ा कर लिया गया है.

    इस बीच, हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के भीतर कई ठिकानों को निशाना बनाकर नए हमले करने का दावा किया है.

    बीबीसी न्यूज़ अरबी के अनुसार, यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब सऊदी के नेतृत्व वाला गठबंधन हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर हवाई हमले तेज़ कर रहा है.

    यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने हाल ही में ‘यमन डॉन’ नाम से बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया है. इस अभियान का मक़सद सरकारी संस्थानों को फिर से स्थापित करना, हूतियों के हाल में क़ब्ज़े में लिए गए इलाक़ों को वापस लेना और हूती विद्रोह को समाप्त करना है.

    सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने भी इस सैन्य अभियान में शामिल होने की घोषणा की है. गठबंधन ने सोमवार को हूती ठिकानों पर हवाई हमले किए. गठबंधन के प्रवक्ता के अनुसार, इन हमलों में क़रीब 100 लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया और हूतियों के 324 ठिकानों को निशाना बनाया गया.

    ताइज़ प्रांत और उसके आसपास जारी संघर्ष में पिछले 24 घंटों के दौरान 70 से अधिक लोगों के मारे जाने की ख़बर है. संघर्ष में शामिल दोनों पक्षों के स्रोतों ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की है.

  19. नंदीग्राम समेत पांच विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी

    पुदुचेरी में मतदान
    इमेज कैप्शन, वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू हुई थी, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी

    देश के तीन राज्यों में आज पांच विधानसभा सीटों और असम की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार कोमतदान हो रहा है.

    पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेज़ीनगर, तमिलनाडु की धारापुरम और मदुरंतकम और पुदुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर आज उपचुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं. इसके साथ ही असम की नागांव लोकसभा सीट पर भी मतदान हो रहा है.

    वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू हुई थी, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी. सभी सीटों के चुनावी नतीजे 9 अक्तूबर को घोषित किए जाएंगे.

    पश्चिम बंगाल पर सबकी नज़रें

    पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेज़ीनगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं.

    नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव की ज़रूरत इसलिए पड़ी, क्योंकि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस साल की शुरुआत में हुए राज्य चुनाव में दो सीटों पर जीत दर्ज करने के बाद इनमें से एक सीट छोड़ने का फ़ैसला किया था.

    वहीं, रेजीनगर विधानसभा सीट पर बीजेपी, कांग्रेस, एजेयूपी और तृणमूल कांग्रेस के दो गुट चुनाव मैदान में हैं. इस सीट से एजेयूपी के प्रमुख हुमायूं कबीर ने इस्तीफ़ा दे दिया था.

  20. चुनाव आयोग के ख़िलाफ़ कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल आज निकालेंगे मार्च

    राहुल गांधी
    इमेज कैप्शन, चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों के बीच स्पेशल इंटेन्सिव रिवीज़न (एसआईआर) के विरोध में विपक्ष यह मार्च निकालेगा (फ़ाइल फ़ोटो: राहुल गांधी)

    कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के सांसद मंगलवार सुबह 11 बजे से पार्लियामेंट हाउस से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च करेंगे.

    चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों के बीच स्पेशल इंटेन्सिव रिवीज़न (एसआईआर) के विरोध में विपक्ष यह मार्च निकालेगा.

    कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दलों को साढ़े 10 बजे मकर द्वार पहुंचने का टाइम दिया है.

    जयराम रमेश ने स्पष्ट किया कि यह एक शांतिपूर्ण मार्च है, जिसमें सभी विपक्षी दलों के सांसद शामिल होंगे.

    इससे पहले, सोमवार को कांग्रेस के स्टूडेंट संगठन एनएसयूआई ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.

    एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने आरोप लगाया था कि दिल्ली पुलिस ने उन पर और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज भी किया.