कोविड के दौरान अमेरिका के चीफ़ मेडिकल एडवाइजर रहे फाउची ने संसद में सवालों पर साधी चुप्पी

इमेज स्रोत, Getty Images
कोविड महामारी के दौरान अमेरिका के चीफ़ मेडिकल एडवाइजर रहे एंथनी फाउची ने अमेरिकी सीनेट की एक सुनवाई में सवालों के जवाब देने से इनकार कर दिया.
उन्होंने कहा कि उन्हें डर है कि रिपब्लिकन उनके बयान का इस्तेमाल उनके ख़िलाफ़ झूठी गवाही देने के आरोप में मुक़दमा चलाने के लिए कर सकते हैं.
फाउची ने अमेरिकी संविधान के पांचवें संशोधन का 100 से अधिक बार हवाला दिया.
इसमें कहा गया है कि किसी भी व्यक्ति को किसी आपराधिक मामले में अपने ख़िलाफ़ गवाही देने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता.
फाउची ने कहा कि वह कोविड और उसके स्रोत को लेकर पहले ही कांग्रेस की कई सुनवाइयों में गवाही दे चुके हैं.
रिपब्लिकन लंबे समय से फाउची पर आरोप लगाते रहे हैं कि उन्होंने महामारी से जुड़ी जानकारी जनता से छिपाई और इसके ख़तरों के बारे में झूठ बोला.
फाउची ने इन आरोपों को ख़ारिज किया है.
अमेरिकी संविधान के पांचवें संशोधन का इस्तेमाल करना अपराध स्वीकार करना नहीं है.
हालांकि पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन ने फाउची को पहले ही माफ़ी दे दी थी, जिससे 2014 से 2025 के बीच उनके किए गए कामों के लिए उन्हें संघीय स्तर पर मुक़दमे से सुरक्षा मिल गई.
लेकिन इसके बाद की किसी कार्रवाई को लेकर उन पर आरोप लगाए जा सकते हैं.




