पाकिस्तान: मानवाधिकार वकील ईमान मज़ारी और उनके पति को 10 साल की जेल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईमान मज़ारी और उनके पति हादी अली चट्ठा मानवाधिकार के प्रमुख वकील हैं. वे सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और हाशिए पर रहने वाले समुदायों के लोगों की पैरवी करते रहे हैं
पाकिस्तान की एक आतंकवाद विरोधी अदालत ने मानवाधिकार वकील ईमान मज़ारी और उनके पति हादी अली चट्ठा को 10 साल जेल की सज़ा सुनाई है.
साथ ही अदालत ने दोनों पर दो-दो लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना भी लगाया है.
यह मामला 2024 में पाकिस्तान के क्रिकेट दौरे के दौरान कथित तौर पर सुरक्षा व्यवस्था में बाधा डालने से जुड़ा है.
इस दंपति पर इस्लामाबाद में सड़क पर लगे बैरियर हटाने और पुलिस अधिकारियों के काम में बाधा डालने का आरोप था. दोनों ने इन आरोपों से इनकार किया है.
इससे पहले, सेना की आलोचना करने वाले सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में ईमान मज़ारी और हादी अली चट्ठा को 17 साल तक की जेल की सज़ा सुनाई गई थी.
पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने अगस्त में उन सजाओं पर रोक लगा दी थी, लेकिन रिहा होने से पहले ही पुलिस ने दोनों को फिर से गिरफ़्तार कर लिया.
वे पिछले कई महीनों से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं.
ताज़ा मामला 25 अक्टूबर 2024 की एक घटना से जुड़ा है, जब इंग्लैंड की क्रिकेट टीम पाकिस्तान के दौरे पर थी.
अभियोजन पक्ष ने आरोप लगाया कि ईमान मज़ारी और हादी अली चट्ठा ने टीम के सुरक्षा काफ़िले के लिए तय सड़क पर लगे बैरियर हटा दिए थे.
साथ ही, उन्होंने इस्लामाबाद के एक प्रमुख चौराहे ज़ीरो पॉइंट पर पुलिस अधिकारियों के काम में बाधा डाली थी.
अमित शाह ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को एसआईआर पर संसद में बहस की चुनौती दी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में आयोजित बीजेपी की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित किया
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को संसद में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर चर्चा करने की चुनौती दी.
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) इस मुद्दे पर बहस के लिए तैयार है और उसके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है.
लखनऊ में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, "राहुल बाबा, मैं आपको और अखिलेश यादव को यहीं और अभी चुनौती देता हूं कि भारतीय जनता पार्टी संसद में इस मुद्दे (मुख्य चुनाव आयुक्त और एसआईआर विवाद) पर चर्चा करने के लिए पूरी तरह तैयार है. हमारे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है."
"आइए, संसद का विशेष सत्र बुलाते हैं, लेकिन उनकी संसद में बोलने की कोई मंशा नहीं है. वे संसद को चलने नहीं देते, बल्कि हंगामा करते हैं."
इसके अलावा, अमित शाह ने राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के अन्य नेताओं पर चुनावी हार स्वीकार करने के बजाय वोट चोरी के आरोप लगाने का आरोप लगाया. इसके लिए उन्होंने कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बीजेपी की हालिया चुनावी जीत का ज़िक्र किया.
उन्होंने कहा, “हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने सबसे ज़्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाई. महाराष्ट्र में एनडीए ने सबसे ज़्यादा सीटों के साथ सरकार बनाई. बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री बना. दिल्ली में बीजेपी ने तीन दशक बाद सरकार बनाई."
"पुडुचेरी में बीजेपी ने एक बार फिर सरकार बनाई. असम में 100 सीटें जीतकर हमने हैट्रिक लगाई और बंगाल में हमने ममता दीदी का पूरी तरह सफ़ाया कर दिया. बंगाल की घटनाओं के बाद उन्हें एहसास हो गया है कि वे चुनाव जीत ही नहीं सकते."
ओमान की नौसेना ने होर्मुज़ स्ट्रेट के पास जलते जहाज़ से 25 लोगों को बचाया
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने बताया है कि देश की नौसेना ने पनामा के झंडे वाले एक व्यापारिक जहाज़ पर हुए हमले के बाद उसमें लगी आग के बीच सवार 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है.
रॉयटर्स के मुताबिक, ओमान के मुसंदम तट से 1.6 नॉटिकल मील दूर इस जहाज़ को निशाना बनाया गया था.
ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने शुक्रवार को बताया कि उसके साथ मिलकर नौसेना ने जहाज़ के चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाला और उन्हें ज़रूरी चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई.
समुद्री सुरक्षा केंद्र ने हमले के तरीक़े, इसके संभावित ज़िम्मेदारों या जहाज़ की मौजूदा स्थिति के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी है.
युवराज सिंह ने अभिषेक, ईशान और वैभव को वनडे में मौका नहीं देने पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, Carlos Alvarez/Getty Images for Laureus
इमेज कैप्शन, पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह का मानना है कि अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को वनडे टीम में नियमित रूप से जगह नहीं देना उनकी प्रतिभा के साथ नाइंसाफ़ी करने जैसा है.
मुंबई में लॉन्च इवेंट के दौरान समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए युवराज ने कहा, "सच कहूं तो मैं अभिषेक शर्मा को वनडे में खेलते देखना चाहूंगा. मैंने पहले भी कहा है कि अगर हम ईशान किशन, अभिषेक और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को 50 ओवर के क्रिकेट में नहीं चुन रहे हैं, तो कहीं न कहीं हम उनकी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं."
उन्होंने आगे कहा, "मैं समझता हूं कि हमारे पास कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उनके लिए टीम में जगह बनाना मुश्किल है. लेकिन जिस तरह से ये खिलाड़ी प्रदर्शन कर रहे हैं, उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही टीम में जगह मिलनी चाहिए."
उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने जो कुछ हासिल किया है, वह अपनी मेहनत से किया है और इसका श्रेय उन्हें ही जाता है.
अमेरिका: ज़हरीले इंजेक्शन के बावजूद ज़िंदा बचीं क्रिस्टा पाइक ने बयां किया अपना दर्द, क्या कहा?
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, अमेरिका के टेनेसी राज्य में मौत की सज़ा झेल रहीं क़ैदी क्रिस्टा पाइक को दो घातक इंजेक्शन दिए गए थे लेकिन वो ज़िंदा बच गई थीं
अमेरिकी की क्रिस्टा पाइक ने सितंबर में उनकी मौत की सज़ा की कोशिश नाकाम रहने के बाद पहली बार सार्वजनिक बयान जारी किया है.
शुक्रवार को उनकी कानूनी टीम ने सोशल मीडिया पर उनका बयान जारी किया. इसमें पाइक ने कहा, "उस रात के बाद से ऐसा एक भी पल नहीं गुज़रा, जब मुझे दर्द न हुआ हो."
उन्होंने कहा, "मेरे शरीर में दर्द है. मेरी बांहों में दर्द है. मेरे हाथों और गले में दर्द है. मुझे अब भी बोलने में परेशानी होती है. यह दर्द सिर्फ़ शारीरिक नहीं है. मेरे मन और आत्मा में भी दर्द है."
50 वर्षीय पाइक को पिछले महीने के आख़िर में अस्पताल से छुट्टी मिली थी.
सितंबर में पेंटोबार्बिटल दवा के दो इंजेक्शन देकर उन्हें मौत की सज़ा देने की कोशिश की गई थी, लेकिन यह कोशिश नाकाम रही. इसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी. हालांकि, वह इस प्रक्रिया में बच गईं.
बाइनेंस पर अब तक का सबसे बड़ा साइबर हमला, करीब 59 हज़ार करोड़ की क्रिप्टोकरेंसी चोरी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज बाइनेंस पर इतिहास का सबसे बड़ा साइबर हमला हुआ है. इस हमले में करीब 6.3 अरब डॉलर (59 हज़ार करोड़ रुपये) की क्रिप्टोकरेंसी चोरी होने की बात सामने आई है.
कंपनी ने कहा है कि वह नुकसान की भरपाई कंपनी के फंड से करने की सार्वजनिक रूप से प्रतिबद्धता जता चुकी है.
साथ ही बाइनेंस ने कहा है कि चोरी हुई कुछ रकम को वापस हासिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
बाइनेंस के सह-सीईओ रिचर्ड टेंग के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि कंपनी के एक इंजीनियर के लैपटॉप से छेड़छाड़ की गई थी. इसके ज़रिए हैकरों को सिस्टम तक पहुंच मिली.
कंपनी ने बाद में एक बयान जारी कर कहा कि जांच में सेंधमारी के कुछ और संभावित रास्तों का भी पता चला है.
क्रिप्टोकरेंसी की चोरी भले ही कम समय में हुई हो, लेकिन चोरी की गई डिजिटल संपत्ति को वापस हासिल करने की कोशिश में लंबा समय लग सकता है.
पिछले कुछ वर्षों में क्रिप्टोकरेंसी उद्योग साइबर हमलों के कारण अरबों डॉलर का नुकसान झेल चुका है. इन हमलों के पीछे अक्सर उत्तर कोरिया से जुड़े हैकरों का हाथ होने की आशंका जताई जाती रही है.
ब्लॉकचेन इंटेलिजेंस कंपनी टीआरएम लैब्स के मुताबिक, बाइनेंस पर हुए हमले के कई पहलू उत्तर कोरिया से जुड़े पहले के साइबर हमलों से मिलते-जुलते हैं. इनमें पिछले साल क्रिप्टो एक्सचेंज बायबिट पर हुआ 1.5 अरब डॉलर का हमला भी शामिल है.
हालांकि, इस हमले के पीछे किसका हाथ है, इसकी जांच अभी जारी है.
सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले पर क्या बोले विधायक अनंत सिंह?
इमेज स्रोत, ANI
सुप्रीम कोर्ट ने दुलारचंद हत्या मामले में विधायक अनंत सिंह की बेल कैंसिल कर दी है. कोर्ट ने उन्हें एक दिसंबर तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है.
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “मैं सरेंडर कर दूंगा, मुझे कोर्ट पर भरोसा है. जो कोर्ट ने सरेंडर की तारीख दी है, उस दिन मैं कोर्ट में रहूंगा.“
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट ने बिहार पुलिस को दुलारचंद यादव हत्याकांड की जांच चार महीने के भीतर पूरी करने का भी निर्देश दिया.
बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में दुलारचंद की हत्या 30 अक्तूबर 2025 को हुई थी, जिसके बाद पूरे इलाक़े में तनाव फैला गया था. उस समय बिहार में विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव प्रचार चल रहा था.
इस हत्या के ख़िलाफ़ घोसवरी थाने में अनंत सिंह समेत पांच लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कराई गई थी.
इस घटना के बाद अनंत सिंह को गिरफ़्तार भी किया गया था.
कार्टून : हम कहेंगे...
इमेज कैप्शन, नसीरुद्दीन शाह के ‘मैं दिमाग़ी नक्सल हूं’ वाले बयान पर आज का कार्टून
चौथे टी20 मैच में न्यूज़ीलैंड के हाथों हार पर क्या बोले कप्तान श्रेयस अय्यर
इमेज स्रोत, Getty Images
ऑकलैंड में खेले गए चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में न्यूज़ीलैंड ने भारत को 87 रनों से हरा दिया.
259 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवरो में नौ विकेट के नुक़सान पर 172 रन ही बना सकी.
भारत की ओर से सबसे ज़्यादा 35 रन तिलक वर्मा ने बनाए. वहीं, न्यूज़ीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने 49 गेंदों में 107 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 10 छक्के और छह चौके लगाए.
हार के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, "हमारी गेंदबाज़ी अच्छी नहीं रही. पावरप्ले में, ख़ासकर तीसरे ओवर में, उन्होंने मैच में अपनी पकड़ बना ली. ग्लेन ने कुछ असाधारण शॉट खेले. उनके कुछ शॉट वाकई शानदार थे और उन्हें देखकर बहुत अच्छा लगा."
उन्होंने कहा, "यह ज़रूरी है कि हम पीछे मुड़कर अपनी गलतियों को देखें और समझें कि वापसी कैसे करनी है. मुझे लगता है कि हम फिर से अपनी रणनीति पर काम कर सकते हैं और उस पर सही तरीके से अमल कर सकते हैं."
उन्होंने आगे कहा, "हमारी बातचीत में यह बात थी कि हमें पता था कि मैदान के डायमेंशन ऐसे ही होंगे. कुछ खिलाड़ियों के लिए यहां खेलना पहली बार था. ऐसे हालात के मुताबिक़ ख़ुद को ढालना आसान नहीं होता. पहले तीन मैचों में जिस तरह उन्होंने अपनी योजनाओं को अमली जामा पहनाया, वह शानदार था. यह सीखने का एक अच्छा अनुभव रहा."
हालांकि, पांच मैचों की इस सिरीज़ में भारत पहले ही 3-1 की अजेय बढ़त बना चुका है.
बद्रीनाथ से देहरादून आ रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत छह लोग थे सवार, आसिफ़ अली, देहरादून से बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
उत्तराखंड के चमोली ज़िले में बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा आ रहा ट्रांस भारत एविएशन का एक हेलीकॉप्टर उड़ान के दौरान लापता हो गया है.
इसमें पायलट समेत छह लोग सवार थे.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है"
"ज़िला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ़ की ओर से संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि वह पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं."
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) की 30 अक्तूबर 2026 की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1 बजकर 14 मिनट पर बद्रीनाथ से उड़ान भरी थी. इसके बाद जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान उसका संपर्क टूट गया.
फिलहाल चमोली ज़िला प्रशासन और एसडीआरएफ़ की टीमें खोज और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं.
इससे पहले सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से दी गई जानकारी में बताया गया था कि जोशीमठ के एसडीएम से दोपहर 2 बजकर 21 मिनट पर हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग की सूचना मिली थी.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट करके बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.
हालांकि, यूकाडा की विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति में हेलीकॉप्टर को उड़ान के दौरान लापता बताया गया है. उसमें यह भी कहा गया है कि हेलीकॉप्टर की मौजूदा लोकेशन का पता नहीं चल पाया है. इसलिए अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग हुई है या उसके साथ कोई अन्य घटना हुई है.
राहुल ने आईडीबीआई में हिस्सेदारी बेचने पर सरकार को घेरा, निर्मला सीतारमण ने दिया ये जवाब
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने आईडीबीआई की हिस्सेदारी बेचने के मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा है (फ़ाइल फ़ोटो)
केंद्र सरकार की ओर से आईडीबीआई बैंक में अपनी और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की हिस्सेदारी बेचने की मंज़ूरी के बाद राहुल गांधी ने आईडीबीआई के कर्मचारियों के नाम एक खुला पत्र लिखा है.
इसमें राहुल गांधी ने लिखा, "पिछले साल मार्च में आपमें से कुछ लोग संसद भवन में मुझसे मिलने आए थे. आपने मुझसे एक सीधा सवाल पूछा था कि जिस बैंक को आपने मुनाफ़े में पहुंचाया है, सरकार उसे क्यों बेच रही है?"
"मैंने यह सवाल लोकसभा में उठाया. मैंने पूछा कि एक मुनाफ़े में चल रहे सरकारी बैंक को क्यों बेचा जा रहा है. सरकार ने इसका कोई कारण नहीं बताया. अब उसने आईडीबीआई बैंक को कनाडा की कंपनी फ़ेयरफ़ैक्स को बेचने का फ़ैसला किया है."
राहुल गांधी ने इस चिट्ठी में लिखा है कि फ़िलहाल सरकार और एलआईसी के पास इस बैंक की 95 फ़ीसदी हिस्सेदारी है. बिक्री के बाद यह हिस्सेदारी घटकर 34 फ़ीसदी रह जाएगी.
राहुल गांधी ने लिखा, "आईडीबीआई के निजी हाथों में जाने के बाद एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आरक्षण की व्यवस्था ख़त्म हो जाएगी. आपकी सेवा शर्तें पहले ही कमज़ोर हो चुकी हैं और अब उनका आखिरी सुरक्षा कवच भी ख़त्म हो जाएगा."
सोशल मीडिया एक्स पर इस मामले में राहुल गांधी की पोस्ट को शेयर करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आरोप लगाया, "हम सभी जानते हैं कि कांग्रेस ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों का इस्तेमाल अपनी निजी संस्थाओं की तरह किया है."
"और बैंक कर्मचारियों पर अपनी मर्जी से कर्ज देने का दबाव बनाया है. इस दौरान कर्ज देने से जुड़े ज़रूरी नियमों और मानकों को भी दरकिनार किया गया है."
आईडीबीआई बैंक अधिकारियों के संगठन ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी का धन्यवाद किया है.
संगठन ने एक्स पर लिखा, "भारत के औद्योगीकरण को वित्तपोषित करने के लिए नेहरू जी ने इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बैंक ऑफ़ इंडिया की स्थापना की थी, आज उसी संस्थान को धोखे से बेचा जा रहा है."
"राहुल गांधी जी, आपका सहयोग मिलने से हमारी लड़ने की ताकत दोगुनी हो चुकी है और आखरी साँस तक हम देश की ऐतिहासिक संस्था आईडीबीआई को बचाने के लिए लड़ाई करेंगे."
यूपी में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनी तो लागू करेंगे यूसीसी: अमित शाह, प्रेरणा, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, केंद्रीय मंत्री अमित शाह बोले, "कई राज्यों में यूसीसी लागू हो चुका है और यूपी में भी लागू होगा"
उत्तर प्रदेश में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनने पर राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए यह घोषणा की है.
उन्होंने कहा कि कई राज्यों में यूसीसी लागू हो चुका है और उत्तर प्रदेश में भी बीजेपी की सरकार बनने पर इसे लागू किया जाएगा.
अमित शाह 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी संगठन की रणनीति पर मंथन के लिए लखनऊ पहुंचे हैं. वह बीजेपी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए.
इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं.
अपने संबोधन में अमित शाह ने बीजेपी के पुराने चुनावी प्रदर्शन का भी जिक्र किया है. उन्होंने कहा कि एक समय पार्टी के उत्तर प्रदेश में केवल 44 विधायक थे, लेकिन संगठन मजबूत होने के बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 41 फीसदी वोट के साथ 73 सीटें जीतीं.
वहीं, नोटबंदी के बावजूद 2017 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को करीब 40 फ़ीसदी वोट और 312 सीटें मिली थीं.
अमित शाह के इस बयान पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी. इस बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, "बड़ी देर कर दी मेहरबाँ आते-आते."
अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं -
भूटान: बादल फटने के बाद पश्चिम बंगाल और असम के कई इलाक़ों में हाई अलर्ट
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल में हज़ारों लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया है
भूटान की शिंटाफू झील में ग्लेशियल लेक के फटने के बाद संकोश नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए पश्चिम बंगाल और असम के कुछ इलाक़ों में हाई अलर्ट जारी किया गया है.
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने कहा, "कूच बिहार, तूफानगंज और बुसीरहाट के चाय बागानों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को संकोश और ब्रह्मपुत्र नदियों में संभावित बाढ़ के ख़तरे को देखते हुए तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाना चाहिए."
सेंट्रल वाटर कमीशन ने भूटान की शिंटाफू झील में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड यानी हिमनद झील के फटने से आई बाढ़ की ख़बरों के बाद पश्चिम बंगाल और असम के लिए अलर्ट जारी किया है.
संकोश नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका है. इससे अगले 6 से 8 घंटों के भीतर पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार और असम के धुबरी जिले प्रभावित हो सकते हैं.
पश्चिम बंगाल और असम में संकोश नदी के किनारे स्थित इन दोनों ज़िलों के स्थानीय अधिकारियों को सतर्क रहने, स्थिति पर लगातार नज़र रखने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गई है.
समाचार एजेंसी पीटीआई की ओर से शेयर किए गए वीडिओ में पश्चिम बंगाल में ख़तरे की आशंका वाले इलाक़ों में सिविल डिफ़ेस के लोग लाउडस्पीकर से लोगों को अलर्ट करते हुए नज़र आ रहे हैं.
इसमें कहा जा रहा है, "भूटान में बादल फटने के कारण इलाक़े में बाढ़ आने की संभावना है, इसलिए हर कोई सावधानी बरते."
भूटान की शिंटाफू झील में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड के संभावित असर से निपटने की तैयारियों पर अलीपुरद्वार के एसपी अमित कुमार शॉ ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात की.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, असम के धुबरी में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है
उन्होंने कहा, "सबसे पहले मैं ज़िले के लोगों को बताना चाहता हूं कि घबराने की बिल्कुल ज़रूरत नहीं है. फ़िलहाल स्थिति नियंत्रण में है. हमलोग भूटान के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं. हमारी पुलिस टीम, ज़िला मजिस्ट्रेट, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर और उनकी टीमें, सभी संबंधित एजेंसियां और अन्य पक्ष आपसी तालमेल के साथ काम कर रहे हैं."
एसपी ने बताया, "हमने स्कूलों को राहत केंद्र बनाकर क़रीब 4,000 से 5,000 लोगों को सुरक्षित ठिकानों में पहुंचाया है. इसके अलावा छह हज़ार से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है."
वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "हम धुबरी और कोकराझार के सभी संवेदनशील राजस्व सर्किलों में भूटान में ग्लेशियल झील के फटने से पड़ने वाले संभावित असर पर लगातार नज़र रख रहे हैं."
दरभंगा एमएलसी सीट पर कांटे की टक्कर में आरजेडी के अनिल कुमार झा जीते, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता, पटना
इमेज स्रोत, RJD
इमेज कैप्शन, अनिल कुमार झा के साथ आरजेडी नेता तेजस्वी यादव
बिहार के दरभंगा स्नातक विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव में राजद के अनिल कुमार झा ने बेहद दिलचस्प मुक़ाबले में बीजेपी उम्मीदवार सर्वेश कुमार को हरा दिया है.
चुनाव आयोग ने इस जीत की आधिकारिक घोषणा कर दी है.
इस चुनाव में अनिल कुमार झा को 25406 वोट मिले, जबकि सर्वेश कुमार को 21396 वोट और तीसरे नंबर पर रहे जनसुराज के मोहम्मद इम्तियाज को 12,823 वोट मिले.
इस तरह राजद ने 4,000 से ज़्यादा मतों से इस सीट पर जीत हासिल की है.
ये चुनाव दिलीप कुमार ने भी निर्दलीय लड़ा था. दिलीप बिहार में नौकरी के लिए होने वाले छात्र आंदोलनों का प्रमुख चेहरा है. उन्हें 7143 वोट मिले.
इस सीट पर लगभग 60 घंटे कांउटिंग चली जिसके बाद 29 अक्तूबर को नतीजे आए.
इस नतीजे की आधिकारिक घोषणा चुनाव आयोग ने 30 अक्तूबर यानी आज की. इस सीट से 40 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था जो बिहार विधानपरिषद के आठ सीट पर हुए चुनाव में सबसे ज़्यादा थे.
सर्वेश कुमार बीते चुनाव में इस सीट से निर्दलीय जीते थे लेकिन इस बार उन्होनें बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा.
अनिल कुमार झा की जीत के बाद सर्वेश कुमार ने उन्हें गले लगा कर बधाई दी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
दुलारचंद यादव हत्या मामला: सुप्रीम कोर्ट ने अनंत सिंह को 1 दिसंबर तक सरेंडर करने को कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अनंत सिंह की छवि बाहुबली वाली है और वह कई मामलों के अभियुक्त रहे हैं
सुप्रीम कोर्ट ने दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में जनता दल यूनाइटेड के निष्कासित विधायक अनंत सिंह की ज़मानत रद्द करते हुए उन्हें 1 दिसंबर तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ सुप्रीम कोर्ट ने बिहार पुलिस को दुलारचंद यादव हत्याकांड की जांच चार महीने के भीतर पूरी करने का भी निर्देश दिया.
बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में दुलारचंद की हत्या 30 अक्तूबर 2025 को हुई थी, जिसके बाद पूरे इलाक़े में तनाव फैला हुआ था. उस समय बिहार में विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव प्रचार चल रहा था.
इस हत्या के ख़िलाफ़ घोसवरी थाने में अनंत सिंह समेत पांच लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कराई गई थी.
इस घटना के बाद अनंत सिंह को गिरफ़्तार भी किया गया था.
उस वक़्त मीडिया से बात करते हए पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा था, "सोची-समझी साजिश के तहत दुलारचंद की हत्या की गई है. मर्डर के समय अनंत सिंह भी मौके़ पर मौजूद थे.
आईपीएल: मुंबई इंडियंस ने रॉबिन उथप्पा को बनाया बैटिंग कोच
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रॉबिन उथप्पा मुंबई इंडियंस के लिए खेल चुके हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
मुंबई इंडियंस ने भारतीय पुरुष टीम के बल्लेबाज़ रहे रॉबिन उथप्पा को आईपीएल के लिए बैटिंग कोच की ज़िम्मेदारी दी है.
"उनकी कम्युनिकेशन स्किल अच्छी है और उनमें युवा खिलाड़ियों को सही दिशा देने की क्षमता है. पलटन में आपका फिर से स्वागत है, रॉबिन. आप हमारे नए बैटिंग कोच हैं."
इसके साथ ही टीम ने न्यूज़ीलैंड के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ मिचेल मैक्लेनघन को बॉलिंग कोच बनाया है. वह मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल भी खेल चुके हैं.
मुंबई इंडियंस ने एक्स पर लिखा, "वह फैंस के पसंदीदा खिलाड़ियों में से एक रहे हैं, जिन्होंने हमेशा टीम के प्रति अपना समर्पण दिखाया और मुंबई इंडियंस की भावना को अपने खेल में उतारा. मिचेल मैक्लेनघन, घर वापसी पर आपका स्वागत है."
चुनाव आयोग ने इन राज्यों में एसआईआर की तारीख़ों में किया बदलाव
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग विपक्षी दलों के निशाने पर है
चुनाव आयोग ने कई राज्यों के वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी स्पेशल इंटेसिव रिवीज़न (एसआईआर) प्रक्रिया के कार्यक्रम में बदलाव किया है.
इनमें दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और नगालैंड शामिल हैं.
नए कार्यक्रम के मुताबिक़ दिल्ली में अब वोटर अपने दावे और आपत्ति 25 नवंबर तक फ़ाइल कर सकते हैं, जबकि इनके निपटारे के लिए 15 दिसंबर को अंतिम तारीख़ तय की गई है.
यहां संशोधित वोटर लिस्ट 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी.
हरियाणा में अब तक फ़ाइल किए गए दावों का निपटारा 20 नवंबर तक तक किया जाएगा और अंतिम वोटर लिस्ट 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी.
महाराष्ट्र में अब वोटर 13 नवंबर तक अपने दावे और आपत्ति दर्ज करा सकते हैं और इनका निपटारा 25 नवंबर तक किया जाएगा.