लाइव, इन्फ़ोसिस समेत इन टेक्नोलॉजी कंपनियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई के बचाव में क्या बोले जेडी वेंस

अमेरिकी लेबर डिपार्टमेंट ने इन कंपनियों को परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम से बाहर कर दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. इन्फ़ोसिस समेत इन टेक्नोलॉजी कंपनियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई के बचाव में क्या बोले जेडी वेंस

    वेंस
    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति जेडी वेंस गुरुवार को टेक्नोलॉजी कंपनियों के ख़िलाफ़ लिए गए फ़ैसले का बचाव करते हुए

    अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने आठ टेक्नोलॉजी कंपनियों को ग्रीन कार्ड अमेरिका के परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन कार्यक्रम ( ग्रीन कार्ड की एक अहम प्रक्रिया) से बाहर करने के फ़ैसले का बचाव किया है.

    उन्होंने आलोचकों पर आरोप लगाया कि वे कंपनियों को सस्ते विदेशी श्रमिकों की लगातार उपलब्धता बनाए रखने में मदद करना चाहते हैं.

    डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद प्रमिला जयपाल की ओर से इस फ़ैसले पर सवाल उठाए जाने के बाद वेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, ''लगता है कि ‘समाजवाद’ का मतलब बड़ी-बड़ी कंपनियों को सस्ते श्रमिकों की कभी ख़त्म न होने वाली सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताक़त से लड़ना है.''

    इस बयान के बाद आठ टेक्नोलॉजी कंपनियों को निलंबित करने के फ़ैसले पर राजनीतिक विवाद और तेज़ हो गया है. इन कंपनियों में माइक्रोसॉफ्ट, एडोबी, कॉग्निज़ेंट, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (टीसीएस), विप्रो, एचसीएल और कैपजेमिनी शामिल हैं.

    अमेरिकी लेबर डिपार्टमेंट ने इन कंपनियों को परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम से बाहर कर दिया है. विभाग ने इस कार्रवाई के पीछे कई संघीय जांचों के जारी होने का हवाला दिया है.

  2. मैक्सिको की जेल में दंगा, दस लोगों की मौत 16 घायल

    मेक्सिको
    इमेज कैप्शन, मैक्सिको की एक जेल में कैदियों से मिलने का इंतज़ार करते हुए उनके रिश्तेदार (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    मैक्सिको के सिनालोआ राज्य की एक जेल में गुरुवार को हुए दंगे में दस लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए.

    सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, मरने वालों में एक व्यक्ति जेल में मिलने आया था, जबकि बाकी नौ कैदी थे.

    हिंसा पर काबू पाने के लिए नेशनल गार्ड को तैनात किया गया, जिसके बाद अब स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.

    अभी यह साफ़ नहीं है कि दंगा किस वजह से हुआ.

    सिनालोआ को मैक्सिको के सबसे ख़तरनाक राज्यों में गिना जाता है. यह कुख्यात सिनालोआ ड्रग कार्टेल का गढ़ भी है.

  3. सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर हूती विद्रोहियों के हमले, भारतीय दूतावास ने जारी की ये एडवाइज़री

    हूती विद्रोहियों
    इमेज कैप्शन, सऊदी अरब समर्थित यमनी लड़ाकों के ख़िलाफ़ हूती विद्रोहियों का हमला

    हूती विद्रोहियों के सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर हमलों के बीच भारत ने एक एडवाइज़री जारी कर अपने नागरिकों से सतर्क रहने और ज़रूरत के मुताबिक़ घरों के अंदर रहने को कहा है.

    रियाद स्थित भारतीय दूतावास की ओर से जारी एडवाइज़री में कहा गया, ‘’मौजूदा स्थिति को देखते हुए, सऊदी अरब में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, ज़रूरत पड़ने पर घरों के अंदर रहने और स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जाती है.’’

    एडवाइज़री में भारतीय नागरिकों को मौजूदा घटनाक्रम से जुड़ा कोई भी वीडियो या ख़बर प्रसारित करने या री-पोस्ट करने से सख़्ती से बचने की सलाह दी गई है.

    दूतावास ने कहा कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दाह स्थित वाणिज्य दूतावास के साथ-साथ वीएफ़एस कंपनी के ज़रिए दी जाने वाली सेवाएं भी सामान्य रूप से जारी हैं. ज़रूरत पड़ने पर आगे की जानकारी और एडवाइज़री जारी की जाएंगी.

    दूतावास ने यह भी बताया कि प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र (पीबीएसके) की 24 घंटे उपलब्ध हेल्पलाइन चालू है. इसका स्थानीय टोल-फ़्री नंबर 8002471234 है.

    इससे पहले एयर इंडिया ने सऊदी अरब के रियाद के लिए अपनी सभी फ़्लाइट्स 10 अक्तूबर तक के लिए रद्द कर दी हैं. रियाद में भारतीय दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट के ज़रिए इस ख़बर की पुष्टि की है.

  4. ट्रंप ने कहा, ''ईरान के साथ बातचीत सकारात्मक दिशा में लेकिन 3 नवंबर से पहले हमला नहीं करेंगे

    ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनका देश ईरान के साथ सकारात्मक दिशा में बातचीत आगे बढ़ा रहा है. हालांकि ईरान पर 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले कोई हमला नहीं किया जाएगा.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘’इस्लामी गणराज्य ईरान के साथ हमारी बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है. मैं सभी को ये साफ़ कर देना चाहता हूं कि ईरान आर्थिक और सैन्य, दोनों ही मोर्चों पर बेहद बुरी हालत में है. इसके बावजूद नाकेबंदी पूरी तरह लागू रहेगी. होर्मुज़ स्ट्रेट से रिकॉर्ड मात्रा में तेल गुजर रहा है. सिर्फ़ कल रात ही 2.2 करोड़ बैरल तेल वहां से गुजरा और इसमें एक भी बैरल न तो ईरान से आया और न ही ईरान गया!''

    उन्होंने कहा, ''हम अमेरिका में 3 नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले किसी भी समय ईरान पर हमला नहीं करेंगे. ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होगा!''

    अमेरिका ने इसराइल के साथ मिलकर इस साल 28 फ़रवरी को 'ऑपेरशन फ़्यूरी' के तहत ईरान पर हमला किया था.

  5. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    एलन मस्क बोले- क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं, टकराव की ये है वजह

    ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन, 42 पूर्व जज बोले- चुनाव आयोग को बदनाम करने की कोशिश

    नाना पाटेकर ने कहा था, 'अगर ये लोग मेरी ज़िंदगी में नहीं आए होते, तो शायद मैं अंडरवर्ल्ड में होता'

    'एक भी संतरा बाज़ार नहीं पहुंचा, पूरे बाग़ सूख गए': महाराष्ट्र के सैकड़ों किसानों का दर्द